नगरीय निकाय निर्वाचन के लिए वार्डों का आरक्षण आज
मण्डला 9 अगस्त 2022
नगरीय निकायों के आम निर्वाचन के लिए वार्डों के आरक्षण की कार्यवाही 10 अगस्त को 11 बजे से जिला मुख्यालय के निर्धारित स्थानों में संपन्न की जाएगी। इस संबंध में जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार नगरपालिका परिषद मंडला के वार्डों के आरक्षण की कार्यवाही जिला योजना भवन मंडला में की जाएगी। नगरपालिका परिषद नैनपुर के लिए वार्डों के आरक्षण की कार्यवाही झंकार भवन मंडला में की जाएगी। नगर परिषद बम्हनी बंजर एवं निवास के लिए वार्डों के आरक्षण की कार्यवाही जिला पंचायत मंडला सभाकक्ष में की जाएगी। इसी प्रकार बिछिया नगर परिषद के लिए वार्डों के आरक्षण की कार्यवाही नगरपालिका टाऊनहॉल मंडला में की जाएगी।

आरक्षण की कार्यवाही के दौरान
कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने अधिकारी नियुक्त
मण्डला 9 अगस्त 2022
नगरीय निकायों के आम निर्वाचन हेतु वार्डों के आरक्षण की कार्यवाही 10 अगस्त को पूर्वान्ह 11 बजे से जिला मुख्यालय के निर्धारित स्थानों में संपन्न की जाएगी। कार्यवाही के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह द्वारा स्थलवार कार्यपालिक दंडाधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
जारी आदेश के अनुसार जिला योजना भवन के लिए देवीप्रसाद चक्रवर्ती प्रभारी तहसीलदार मंडला, झंकार भवन के लिए वंदना कुशराम प्रभारी तहसीलदार नैनपुर, जिला पंचायत सभाकक्ष मंडला के लिए अजेन्द्र प्रजापति नायब तहसीलदार बम्हनी, जिला पंचायत सभाकक्ष के लिए सुन्नू सिंह ठाकुर नायब तहसीलदार बीजाडांडी तथा नगरपालिका टाऊनहॉल के लिए शीतल चंद्रवंशी नायब तहसीलदार बिछिया की ड्यूटी लगाई गई है।

जिले की औसत वर्षा की जानकारी
मण्डला 9 अगस्त 2022
जिले में इस वर्ष एक जून से 9 अगस्त के दौरान 634.2 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 593.3 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 40.9 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 9 अगस्त को मंडला में 14 मि.मी., नैनपुर में 16.1 मि.मी., बिछिया में 15.2 मि.मी., निवास में 9 मि.मी. तथा घुघरी में 7.7 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 9 अगस्त को 10.3 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

5 कोरोना मरीज डिस्चार्ज हुए
मण्डला 9 अगस्त 2022
जिले के कोविड संक्रमित मरीजों के द्वारा कोरोना को हराकर स्वस्थ होने एवं घर जाने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में 8 अगस्त की शाम 3 बजे से 9 अगस्त की शाम 3 बजे तक जिले में 5 कोरोना मरीज ने कोरोना को हराकर अपने घर लौटे हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वस्थ हुए मरीजों को कोरोना से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की समझाईश दी गई है।

1 कोरोना केस मिला
मण्डला 9 अगस्त 2022
8 अगस्त 2022 की शाम 3 बजे से 9 अगस्त 2022 की शाम 3 बजे तक जिले में 1 नया कोरोना पॉजिटिव केस मिला है। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार बूढ़ीमाई वार्ड महाराजपुर मंडला निवासी 32 वर्षीय महिला की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई है। संक्रमित को आईसोलेशन में रखा गया है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जनसामान्य से मॉस्क लगाने तथा सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने का आव्हान किया है।

बरसात में संक्रामक बीमारियों से बचने एडवाईजरी
मण्डला 9 अगस्त 2022
कोविड-19 कोरोना महामारी के अलावा वर्तमान समय में बरसात के समय में जलजनित बीमारी होने की संभावना हो सकती है। बरसात में अक्सर दस्त, उल्टी, बुखार, आव, पेट दर्द, पेचिस, पीलिया, टाइफाईड, डायरिया जैसी बीमारियां होती हैं। बीमारी से बचने के लिए सावधान रहें, बीमार न हों इसके उपाय करें एवं स्वास्थ्य रहें।
बीमारी से कैसे बचें – उल्टी, दस्त, पेचिस, आव, संक्रामक बीमारी से बचने के लिए ताजा भोजन का सेवन करें। शुद्ध पानी पीएं, कुऐं, नदी, नाला का पानी न पीयें, पानी क्लोरीनेशन कर के पीएं, सड़ी-गली सब्जी, फल, बासा खाना न खायें, मांस का उपयोग बरसात के दिनों में सेवन न करें। व्यक्तिगत स्वच्छता अपनायें, खाने के चीजों को छूने से पहले साबुन से अच्छी तरह हाथ धोएं, संक्रमित चीजों को छूने के बाद साबुन से अच्छी तरह हाथ धोएं, भोजन खाने के पहले या शौच के बाद हाथों को अच्छी तरह साबुन से धोएं, स्वच्छ शौचालय का उपयोग करें।
उपचार – डॉ. के परामर्श से उल्टी, दस्त के लिए टेबलेट फ्यूराजोलाडिन, मेट्रोजिन डायक्लोमिन, मेट्रोक्लोरापामाईड, जिंक, ओ.आर.एस. का घोल, खीरा, दही, सिकंजी, चावल का पानी तथा तरल पदार्थ का अधिक मात्रा में सेवन करें।
सुझाव – दस्त से संबंधित संक्रामक बीमारी होने पर नजदीकी अस्पताल जायें, ग्राम स्तर में आशा कार्यकर्ता डीपो होल्डर के माध्यम से जीवन रक्षक दवाइयाँ प्राप्त करें।
बरसात के दिनों में वेक्टर जनित रोग जैसे मलेरिया, डेंगु, चिकुनगुनिया, फायलेरिया जैसे गंभीर बीमारी होती है। गंदा पानी, नाली, गडढों में पानी एकत्रित होने से मच्छर के लारवा से अंडे पनपते हैं।
मलेरिया – मादा एनाफिलिस मच्छर के काटने से मलेरिया होता है। डेंगू – डेंगू का लारवा साफ पानी में पैदा होता है जैसे- कूलर, टूटे हुए टायर, टंकी में एडीज मच्छर के लारवा पनपते है। एडीज मच्छर के काटने से डेंगू होता है। चिकुनगुनिया – इसका वायरस सीधे हड्डी पर अटैक करता है जिसे असहनीय दर्द होता है। मलेरिया, डेंगू, चिकुनगुनिया, फायलेरिया कैसे बचें – घर के आस-पास की सफाई रखें, पानी इकटठा न होने दें, गड्ढों को भरे जायें, टायर, कबाड़ सामान ढंक्कर रखें। इनमें पानी इकट्ठा नहीं होने दें, कूलर व टंकी का पानी को एक सप्ताह में खाली करें, नीम का धुआँ करें, शाम के समय खिड़की दरवाजा बंद रखें, रात्रि में सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें। पूरी आस्तीन के कपडे़ पहनें।
मच्छर भगाने वाले साधन जैसे- क्रीम, क्वाइल, रिपेलेन्ट इत्यादि का उपयोग करें। टायर, कबाड़ सामान ढंक्कर रखें। इनमें पानी इकट्ठा नहीं होने दें। बुखार आने पर तत्काल स्वास्थ्य केन्द्र में जांच करायें। सुझाव – बुखार आने पर नजदीकी अस्पताल जाकर खून की जांच कारायें एवं ग्रामीण क्षेत्र में आशा कार्यकर्ता के पास जाकर खून की जाँच कराएं और दवाएं प्राप्त करें।

