Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 12 अगस्त 2022

तिरंगा अभियान की जागरूकता के लिए महारैली आयोजित

श्री कुलस्ते ने स्टेडियम में दिलाई शपथ, कलेक्टर-एसपी ने की अगवानी

 

मण्डला 12 अगस्त 2022

                आजादी के 75वे वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 11 से 17 अगस्त तक स्वतंत्रता सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही 13 से 15 अगस्त तक ’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत सभी शासकीय, अशासकीय, निजी संस्थानों, व्यापारी प्रतिष्ठानों तथा प्रत्येक घरों में तिरंगा झंडा लगाया जाएगा या फहराया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं अभियान में प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 12 अगस्त को प्रातः 9:30 बजे महारैली का आयोजन किया गया। इस महारैली में पुलिस, वन, सीआरपीएफ के जवान, शासकीय एवं अशासकीय स्कूल तथा कॉलेज के विद्यार्थी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, एनजीओ, रोटरी क्लब, शासकीय अधिकारी एवं कर्मचारी, व्यापारी संघ, महिलाएं एवं बड़ी संख्या में आमजन शामिल हुए।

महारैली कलेक्टर हर्षिका सिंह एवं एसपी यशपाल सिंह राजपूत की अगुवाई में प्रातः 9:30 बजे कलेक्ट्रेट परिसर से प्रारंभ होकर भारत माता की जय एवं देशभक्ति के नारों के साथ जिला मुख्यालय के प्रमुख मार्गों एवं चौराहों से गुजरी। महारैली में शामिल हुए सभी लोगों ने हाथ में तिरंगा झंडा लेकर जिलेवासियों को ’हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने का संदेश दिया। महारैली में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, वरिष्ठ वन अधिकारी सहित जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। महारैली लगभग 10:30 बजे स्टेडियम ग्राउंड में समाप्त हुई।

 

केन्द्रीय मंत्री श्री कुलस्ते ने दिलाई शपथ

 

महारैली जिला मुख्यालय के बैगाबैगी चौक, लालीपुर चौराहा सहित प्रमुख रास्तों से गुजरते हुए स्टेडियम ग्राउंड पहुंची। स्टेडियम ग्राउंड में केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते भी शामिल हुए। उन्होंने महारैली में शामिल सभी व्यक्तियों को ’हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान की शपथ दिलाई। श्री कुलस्ते ने ’हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रियता से जुड़कर भाग लेने वाले स्कूल, कॉलेज के विद्यार्थियों, समाजसेवियों, प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, एनजीओ को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत उत्सव के तहत होने वाले आयोजन तथा ’हर घर तिरंगा’ अभियान हर सभी के लिए और विशेषकर नई पीढ़ी के लिए विशेष महत्व रखता है।

 

 

 

 

 

आजादी की लड़ाई में मंडला का अविस्मरणीय योगदान – श्री कुलस्ते

राजा शंकरशाह-रघुनाथशाह की जन्मस्थली पर आयोजित हुआ कार्यक्रम

 

मण्डला 12 अगस्त 2022

                ’हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते की अध्यक्षता में राजा शंकरशाह-रघुनाथशाह की जन्मस्थली में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री कुलस्ते ने कहा कि आजादी की लड़ाई में मंडला का अविस्मरणीय योगदान है। उन्होंने आजादी के 75वे वर्षगांठ की जानकारी देते हुए कहा कि हम सभी को स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन से सबक लेने की आवश्यकता है। कार्यक्रम में उन्होंने मंडला जिले के स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को मंच से सम्मानित किया। राज्यमंत्री श्री कुलस्ते ने ’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत सभी जिलेवासियों को 13 से 15 अगस्त के बीच अपने घरों में तिरंगा झंडा लगाने की अपील भी की।

किला परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सांसद संपतिया उईके, कलेक्टर हर्षिका सिंह, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, स्वतंत्रता सेनानी तथा दिव्यांग बच्चे भी शामिल हुए। किला परिसर में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने ’हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत जिलेभर में आयोजित हो रहे जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी दी तथा कार्यक्रम के आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया।

 

 

 

 

 

 

 

 

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मुख्यमंत्री कोविड-19 बालसेवा योजना के लाभान्वित बाल हितग्राहियों को किया संबोधित

 

मण्डला 12 अगस्त 2022

                मुख्यमंत्री कोविड-19 बाल सेवा के बाल हितग्राहियों के उत्साहवर्धन के लिए मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने सम्बोधित किया। मंडला जिले के बाल हितग्राहियों को एनआईसी कक्ष में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम के मुख्य अतिथ्यि में मुख्यमंत्री द्वारा बच्चों को संबोधित किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम को बच्चों द्वारा राखी बांधी गई। उन्होंने बच्चों को उपहार वितरित किए तथा बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गई। इस अवसर पर सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास रोहित बढ़कुल, परियोजना अधिकारी अनूप नामदेव तथा अन्य विभागीय कर्मचारी उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

हर घर तक कराएं झंडों का वितरण – मुख्यमंत्री श्री चौहान

वीसी में निर्देश

 

मण्डला 12 अगस्त 2022

                मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने ’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत प्रदेश के सभी कलेक्टर्स की वीसी के माध्यम से बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि ’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत हर घर तक झंडों की उपलब्धता एवं वितरण का काम पूरा करें। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत आयोजित किए जा रहे ’हर घर तिरंगा’ अभियान की जानकारी प्रत्येक घर तक पहुँचे। अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं सफलता के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करें। अभियान की जागरूकता गतिविधियों में समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। श्री चौहान ने कहा कि ’हर घर तिरंगा’ अभियान में जनसामान्य की भागीदारी भी ज्यादा से ज्यादा सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से देशभक्ति का भाव जागृत होता है।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने वीसी के माध्यम से मंडला जिले में ’हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत झंडों की उपलब्धता, वितरण कार्यक्रम, जागरूकता कार्यक्रम एवं गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मैदानी अमले द्वारा घर-घर तक झंडे का वितरण किया जा रहा है। साथ ही आमजनों को ध्वजसंहिता के संबंध में भी जानकारी प्रदान की जा रही है। वीसी में एसपी श्री राजपूत, जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड एवं संबंधित उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

सभी ब्लॉक एवं जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में झंडे उपलब्ध

20”x30 आकार के झंडे के लिए 22 रूपए शुल्क निर्धारित

 

मण्डला 12 अगस्त 2022

                जिला प्रशासन द्वारा ’हर घर तिरंगा’ अभियान में प्रत्येक घर तक राष्ट्रीय झंडे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सभी ब्लॉक स्तर तथा जिला स्तर पर झंडा विक्रय केन्द्र खोले गए हैं। जिला मुख्यालय के कलेक्ट्रेट रोड स्थित जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में झंडा विक्रय केन्द्र प्रारंभ किया गया है। आम नागरिक इन झंडा विक्रय केन्द्रों से झंडा खरीदकर ’हर घर तिरंगा’ अभियान के दौरान अपने घरों में लगा सकते हैं। जिला प्रशासन द्वारा 20”x30” के आकार के राष्ट्रीय झंडे को क्रय करने के लिए 22 रूपए शुल्क निर्धारित कर दिया गया है।

 

 

 

 

 

स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन 14 को

 

मण्डला 12 अगस्त 2022

                अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी ने बताया कि 14 अगस्त 2022 दिन रविवार को प्रातः 8 बजे ’हर घर तिरंगा’ अभियान के लिए राष्ट्रीय ध्वज के बारे में जागरूकता एवं देशभक्ति की भावना जागृत करने के लिए स्वतंत्रता दौड़ का स्टेडियम ग्राउंड मंडला से आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को अनुविभागीय अधिकारी मंडला, स्पोर्ट्स ऑफीसर, परियोजना प्रशासक जिला शहरी विकास अभिकरण, विभिन्न प्राचार्यों तथा संगठन के अध्यक्षों एवं अधिकारियों, कर्मचारियों के सहयोग से संपादित किया जाएगा।

स्वतंत्रता दौड़ स्टेडियम ग्राउंड से प्रारंभ होकर रेडक्रॉस चौराहा, चिलमन चौक, बस स्टैंड, लालीपुर चौक, स्टेट बैंक के सामने से होते हुए बैगा-बैगी चौक से कलेक्ट्रेट होते हुए वापिस स्टेडियम ग्राउंड में समापन होगा।

 

 

 

 

 

 

 

आपके द्वार आयुष्मान 4.0 अंतर्गत आयुष्मान कार्ड बनाने शिविर का आयोजन

 

मण्डला 12 अगस्त 2022

                मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि आयुष्मान भारत निरामयम योजना के अंतर्गत वर्ष 2011 की जनगणना संबल योजना, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा पर्ची धारक ही चिन्हित योजना के पात्र हितग्राहियों होंगे। आयुष्मान कार्ड के तहत प्रतिवर्ष, प्रति परिवार 5 लाख रूपये का निःशुल्क उपचार शासकीय एवं निजी चिकित्सालयों को योजना अंतर्गत कराया जा सकता है। आयुष्मान भारत निरामयम योजना अंतर्गत जिले में 5 लाख पात्र हितग्राहियों का आयुष्मान कार्ड बनाया जाना है। आयुष्मान कार्ड बनाये जाने के लिए 15 अगस्त 2022 से 31 अक्टूबर 2022 तक पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित किया जाना है। जिले के समस्त कॉमन सर्विस सेंटर, रोजगार सहायक, लोक सेवा केन्द्र को सूचित किया जाता है कि जिला स्तर, विकासखंड स्तर, ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित शिविर में उपस्थिति होकर आयुष्मान कार्ड बनाना सुनिश्चित करें।

आयुष्मान भारत निरामयम म.प्र. योजनान्तर्गत पात्र हितग्राहियों की अद्यतन स्थिति अनुसार 4.70 करोड़ लक्ष्य के विरूद्ध 2.80 करोड़ लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाये जा चुके हैं। मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन द्वारा प्राप्त निर्देशानुसार शेष 1.90 करोड़ पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाये जाने के लिए 15 अगस्त 2022 से 31 अक्टूबर 2022 तक संपूर्ण प्रदेश में विशेष अभियान आपके द्वार आयुष्मान 4.0 का आयोजन किया जाना है। आयुष्मान भारत निरामयम म.प्र. योजनान्तर्गत पात्र हितग्राहियों की ग्रामवार एवं वार्डवार सूची मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत, कार्यालय में उपलब्ध करा दी गई है। उक्त सूची से ऐसे हितग्राहियों की पहचान की जा सकेगी जो योजनांतर्गत पात्र हैं, लेकिन उनके कार्ड आज दिनांक तक नही बन सके हैं। उक्त अभियान में ऐसे समस्त पात्र हितग्राहियों के शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाये जाना सुनिश्चित किया जाना है। उक्त अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु जिले के ग्रामीण अंचलों हेतु नोडल अधिकारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत होगें, शहरी क्षेत्रों हेतु नोडल अधिकारी आयुक्त नगर निगम सी.एम.ओ. नगर पालिका होगें।

 

 

 

 

 

 

 

आधार नंबर के संग्रहण के लिए निर्देश जारी

 

मण्डला 12 अगस्त 2022

                कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने आधार नंबर का संग्रहण के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, सभी कार्यालय प्रमुख, परियोजना अधिकारी जिला शहरी विकास अभिकरण, प्रभारी अधिकारी वित्त शाखा कार्यालय कलेक्टर एवं अधीक्षक भू-अभिलेख मंडला को निर्देशित किया है। जारी निर्देश में कहा गया है कि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश की गूगल मीट 10 अगस्त 2022 में जिले की प्रगति संतोषप्रद न होने पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए उक्त कार्य शत प्रतिशत पूर्ण कराने के निर्देश दिये गये हैं तथा किये गये कार्य की साप्ताहिक प्रगति से निर्धारित यू.आर.एल. के माध्यम से अवगत कराने हेतु निर्देशित किया गया है।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश के संदर्भित पत्र 8 अगस्त 2022 के माध्यम से आधार डाटा संग्रहण के संबंध में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को जनपद पंचायतवार समीक्षा कर कार्य की प्रगति जिला निर्वाचन कार्यालय को भेजने के निर्देश दिये गये हैं। परियोजना अधिकारी जिला शहरी विकास अभिकरण मण्डला जिले के सभी निकायों में कार्यरत शत प्रतिशत कार्मिकों एवं उनके परिवार के सदस्यों के वोटर आईडी से आधार नंबर को जोड़ने का कार्य पूर्ण कराकर संकलित जानकारी जिला निर्वाचन कार्यालय मण्डला को उपलब्ध करायेंगे। उक्त कार्य 25 अगस्त 2022 तक पूर्ण कराया जाना है। सभी इस कार्य को प्राथमिकता देते हुए आपके अधीनस्थ कार्यरत सभी कार्मिकों एवं उनके परिवार के सभी सदस्यों के वोटर आईडी से उनके आधार नंबर को जोड़ने का कार्य निर्धारित समय-सीमा के अंदर पूर्ण कराकर जानकारी इस कार्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उक्त कार्य की समीक्षा साप्ताहिक टी.एल. बैठक में भी की जायेगी।

उक्त कार्य वोटर हेल्पलाईन मोबाईल ऐप्प के माध्यम से बहुत आसानी से किया जा सकता है। इसके लिए एंड्राइड मोबाईल फोन से गूगल प्ले स्टोर से वोटर हेल्पलाईन ऐप्प डाउनलोड करें। उसके डिसक्लेमर को एग्री करें। फिर भाषा का चयन करें। फिर उसके वोटर रजिस्ट्रेशन ऑप्शन में जायें। उसके बाद Electoral Authentication Form (Form 6B) ऑपशन पर जायें। फिर My name is Voter Mitra के अंत में प्रदर्शित Let’s Start ऑपशन को क्लिक करें। मोबाईल नंबर के ऑप्शन में आपका मोबाईल नंबर जिस पर ओटीपी प्राप्त होगी डालें। ओटीपी डालने के बाद दो ऑप्शन प्राप्त होंगे जिसमें प्रथम आप्शन Yes I have Voter ID number का चयन करें। इसके बाद Please enter your Voter ID Number का ऑप्श्न पर अपना वोटर आईडी नंबर डालें एवं उसके नीचे Select State के कोने में प्रदर्शित आई कोन को खोलकर Madhya Pradesh डालकर Fetch details ऑप्श्न को क्लिक कर अपनी जानकारी खोजें। उसके बाद ऐप्प पर we have Found this record for your enter Voter ID. Please click on Proceed button लिखा हुआ प्रदर्शित होगा। इसके नीचे प्रदर्शित Proceed ऑपशन को क्लिक करने पर आपके वोटर आईडी का विवरण प्रदर्शित होगा। इसको NEXT करने पर पुनरू विवरण प्रदर्शित होगा, जिसमें में आधार जानकारी के कॉलम में आधार संख्या डालकर आगे बढ़ने पर मोबाईल नंबर के कॉलम में संबंधित व्यक्ति का मोबाइल नंबर डालें एवं उसके नीचे Place of Application के ऑप्शन में संबंधित के Place का नाम डाल कर Done करें। आपकी कार्यवाही पूर्ण होने का form 6B Preview पाँच मिनट के लिए प्रदर्शित होगा। उक्त जानकारी CONFIRM करने पर आपका आधार नंबर वोटर आईडी से लिंक होने का रिफरेंस आईडी नंबर प्राप्त हो जायेगा। एक मोबाईल से विभिन्न व्यक्तियों के आधार नंबरों को उनके वोटर आईडी से जोड़ा जा सकता है। कार्य में किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या आने पर जिला निर्वाचन कार्यालय के ऑपरेटरों, संतोष बरमैया मो.नं. 6261835040, दीपमणी कछवाहा मो.नं. 8889206757, आदित्य सिंधिया मो.नं. 9685772144 से संपर्क किया जा सकता है या कर्मचारियों की सूची जिसमें कर्मचारी एवं उसके वोटर आईडी धारक परिवार के सदस्यों के नाम, सभी के वोटर आईडी नंबर, आधार नंबर एवं मोबाईल नंबर हों सहित इस कार्यालय में उपस्थित होकर कार्य कराया जा सकता है। इसके अतिरिक्त संबंधित मतदान केन्द्र के बीएलओ के माध्यम से भी उक्त कार्य कराया जा सकता है। उपरोक्त कार्य को प्राथमिकता दें, टी.एल. बैठक में कार्य के प्रति लापरवाही पाये जाने की स्थिति में आप व्यक्तिगत रूप से उत्तरदायी रहेंगे।

 

 

 

 

 

 

 

जिले की औसत वर्षा की जानकारी

 

मण्डला 12 अगस्त 2022

                जिले में इस वर्ष एक जून से 12 अगस्त के दौरान 702.8 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 605.6 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 97.2 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 अगस्त को मंडला में 7.6 मि.मी., नैनपुर में 39 मि.मी., बिछिया में 27 मि.मी., निवास में 58 मि.मी. तथा घुघरी में 4 मि.मी. एवं नारायणगंज में 25.3 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 12 अगस्त को 26.9 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

 

 

 

 

3 कोरोना मरीज डिस्चार्ज हुए

 

मण्डला 12 अगस्त 2022

                जिले के कोविड संक्रमित मरीजों के द्वारा कोरोना को हराकर स्वस्थ होने एवं घर जाने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में 11 अगस्त की शाम 3 बजे से 12 अगस्त की शाम 3 बजे तक जिले में 3 कोरोना मरीज ने कोरोना को हराकर अपने घर लौटे हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वस्थ हुए मरीजों को कोरोना से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की समझाईश दी गई है।

 

 

 

 

 

 

 

 

शासकीय भवनों एवं सार्वजनिक इमारतों पर प्रकाश व्यवस्था के निर्देश

 

मण्डला 12 अगस्त 2022

                अपर कलेक्टर ने सभी कार्यालय प्रमुखों को निर्देशित किया है कि 15 अगस्त 2022 को स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर जिले के प्रमुख शासकीय भवनों एवं सार्वजनिक इमारतों पर 14 एवं 15 अगस्त 2022 की रात्रि को प्रकाश की व्यवस्था करें।

 

 

 

 

स्वतंत्रता दिवस पर देशी-विदेशी कम्पोजिट दुकानें एवं रिसॉर्ट बार रहेंगे बंद

 

मण्डला 12 अगस्त 2022

            कलेक्टर हर्षिका सिंह ने मध्यप्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2022-23 की अवधि के लिए देशी मदिरा एवं विदेशी मदिरा की फुटकर बिक्री की दुकानों के निष्पादन व्यवस्था हेतु मध्यप्रदेश राजपत्र क्रमांक-41 21 जनवरी 2022 की कंडिका-32 के अनुसार घोषित शुष्क दिवसों में से 15 अगस्त 2022 दिन सोमवार को जिले की समस्त देशी मदिरा एवं विदेशी मदिरा कम्पोजिट दुकानें एवं रिसोर्ट बार बन्द रखी जाएं।

            आबकारी विभाग एवं पुलिस विभाग यह सुनिश्चित करें कि 15 अगस्त 2022 में घोषित शुष्क दिवस पर जिले में अवैध रूप से मदिरा का आयात, परिवहन, विनिर्माण, संग्रहण, कब्जा, विक्रय इत्यादि न होने पाए।

 

 

 

 

 

 

 

Related posts

रोजगार मेला में 105 आवेदकों का प्रारंभिक चयन

Reva India News

आजीविका मिशन के तहत् बिछिया में आयोजित हुआ रोजगार कैम्प 11 नवम्बर तक होंगे शिविर आयोजित

Reva India News

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने जनसुनवाई में 107 आवेदन पत्रों की सुनवाई की

Reva India News

Leave a Comment