स्वतंत्रता दिवस की फाईनल रिहर्सल सम्पन्न
मण्डला 13 अगस्त 2022
15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह का आयोजन जिला मुख्यालय के महात्मा गांधी स्टेडियम ग्राऊंड में किया जाएगा। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह की तैयारियों की फाईनल रिहर्सल का जायजा लिया। इस दौरान मुख्य कार्यक्रम की सभी गतिविधियों जैसे- ध्वजारोहण, परेड, सलामी सहित अन्य गतिविधियों की फाईनल रिहर्सल की गई। इस दौरान अपर कलेक्टर मीना मसराम, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड एवं संबंधित उपस्थित रहे। स्वतंत्रता दिवस समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली एवं रिहर्सल के पश्चात संबंधित अधिकारियों को उनके दायित्व से संबंधित जरूरी निर्देश दिए। 15 अगस्त के मुख्य कार्यक्रम में खाद्य आपूर्ति, उपभोक्ता संरक्षण एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह मुख्य अतिथि होंगे।

’हर घर तिरंगा’ अभियान के पहले दिन उत्साह से लगाया गया तिरंगा झंडा
मण्डला 13 अगस्त 2022
13 से 15 अगस्त तक ’हर घर तिरंगा’ अभियान आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत सभी शासकीय, अशासकीय, निजी संस्थानों, प्रतिष्ठानों एवं घरों में तिरंगा झंडा फहराया एवं लगाया जा रहा है। ’हर घर तिरंगा’ अभियान के पहले दिन 13 अगस्त को जिले में पंचायत स्तर से लेकर जनपद एवं जिला स्तर तक प्रत्येक वर्ग ने उत्साह के साथ अपने घरों पर झंडा लगाया। इसी प्रकार पंचायत स्तर से लेकर जिला स्तर तक के कार्यालयों में भी झंडा फहराया गया।
कलेक्टर ने आवास में फहराया झंडा
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने अपने शासकीय आवास पर तिरंगा झंडा फहराया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट कार्यालय के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। कलेक्ट्रेट कार्यालय एवं जिला पंचायत में भी ’हर घर तिरंगा’ अभियान के पहले दिन तिरंगा झंडा फहराया गया। जिला मुख्यालय के सभी कार्यालयों में भी तिरंगा फहराया गया।

आज रात्रि 11 से 12 बजे तक आयोजित होगी स्वतंत्रता प्रकाश रैली
कलेक्टर ने की जिलेवासियों से शामिल होने की अपील
मण्डला 13 अगस्त 2022
जिला प्रशासन द्वारा ’हर घर तिरंगा’ अभियान एवं आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत अनेक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। 14 अगस्त की रात्रि 11 से 12 बजे के बीच जिला प्रशासन द्वारा स्वतंत्रता प्रकाश रैली का आयोजन किया जाएगा। यह रैली कलेक्ट्रेट से होकर प्रमुख चौराहों से गुजरती हुई रपटाघाट तक निकाली जाएगी। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने सभी जिलेवासियों से आग्रह किया है कि रात्रि 11 से 12 के बीच आयोजित की जा रही स्वतंत्रता प्रकाश रैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों। उन्होंने व्यापारी वर्ग, एनजीओ, समाजसेवियों, मीडिया प्रतिनिधि, रोटरी क्लब, जनप्रतिनिधि तथा सभी से स्वतंत्रता प्रकाश रैली में शामिल होने की अपील की है। जिला प्रशासन द्वारा रात्रि 12 बजे रपटाघाट मंडला में आकर्षक आतिशबाजी का भी आयोजन किया गया है।

प्रभारी मंत्री का दौरा कार्यक्रम
मण्डला 13 अगस्त 2022
खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह का 14 अगस्त को मंडला आगमन हो रहा है। जारी कार्यक्रम के अनुसार श्री सिंह 14 अगस्त को शाम 7 बजे सर्किटहाउस पहुंचेंगे एवं रात्रि विश्राम करेंगे। प्रभारी मंत्री 15 अगस्त को प्रातः 8:30 बजे 75वे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण करेंगे तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे। श्री सिंह दोपहर 3 बजे मंडला से भोपाल के लिए रवाना होंगे।

शासकीय भवनों एवं सार्वजनिक इमारतों पर प्रकाश व्यवस्था के निर्देश
मण्डला 13 अगस्त 2022
अपर कलेक्टर ने सभी कार्यालय प्रमुखों को निर्देशित किया है कि 15 अगस्त 2022 को स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर जिले के प्रमुख शासकीय भवनों एवं सार्वजनिक इमारतों पर 14 एवं 15 अगस्त 2022 की रात्रि को प्रकाश की व्यवस्था करें।

स्वतंत्रता दिवस पर देशी-विदेशी कम्पोजिट दुकानें एवं रिसॉर्ट बार रहेंगे बंद
मण्डला 13 अगस्त 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने मध्यप्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2022-23 की अवधि के लिए देशी मदिरा एवं विदेशी मदिरा की फुटकर बिक्री की दुकानों के निष्पादन व्यवस्था हेतु मध्यप्रदेश राजपत्र क्रमांक-41 21 जनवरी 2022 की कंडिका-32 के अनुसार घोषित शुष्क दिवसों में से 15 अगस्त 2022 दिन सोमवार को जिले की समस्त देशी मदिरा एवं विदेशी मदिरा कम्पोजिट दुकानें एवं रिसोर्ट बार बन्द रखी जाएं।
आबकारी विभाग एवं पुलिस विभाग यह सुनिश्चित करें कि 15 अगस्त 2022 में घोषित शुष्क दिवस पर जिले में अवैध रूप से मदिरा का आयात, परिवहन, विनिर्माण, संग्रहण, कब्जा, विक्रय इत्यादि न होने पाए।

आज प्रातः 8 बजे से स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन
मण्डला 13 अगस्त 2022
अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी ने बताया कि 14 अगस्त 2022 दिन रविवार को प्रातः 8 बजे ’हर घर तिरंगा’ अभियान के लिए राष्ट्रीय ध्वज के बारे में जागरूकता एवं देशभक्ति की भावना जागृत करने के लिए स्वतंत्रता दौड़ का स्टेडियम ग्राउंड मंडला से आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को अनुविभागीय अधिकारी मंडला, स्पोर्ट्स ऑफीसर, परियोजना प्रशासक जिला शहरी विकास अभिकरण, विभिन्न प्राचार्यों तथा संगठन के अध्यक्षों एवं अधिकारियों, कर्मचारियों के सहयोग से संपादित किया जाएगा।
स्वतंत्रता दौड़ स्टेडियम ग्राउंड से प्रारंभ होकर रेडक्रॉस चौराहा, चिलमन चौक, बस स्टैंड, लालीपुर चौक, स्टेट बैंक के सामने से होते हुए बैगा-बैगी चौक से कलेक्ट्रेट होते हुए वापिस स्टेडियम ग्राउंड में समापन होगा।

जिले की औसत वर्षा की जानकारी
मण्डला 13 अगस्त 2022
जिले में इस वर्ष एक जून से 13 अगस्त के दौरान 756.5 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 605.6 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 150.9 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 13 अगस्त को मंडला में 66.4 मि.मी., नैनपुर में 4.2 मि.मी., बिछिया में 119.6 मि.मी., निवास में 53 मि.मी. तथा घुघरी में 68.6 मि.मी. एवं नारायणगंज में 10.8 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 13 अगस्त को 53.7 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

सभी ब्लॉक एवं जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में झंडे उपलब्ध
20”x30” आकार के झंडे के लिए 22 रूपए शुल्क निर्धारित
मण्डला 13 अगस्त 2022
जिला प्रशासन द्वारा ’हर घर तिरंगा’ अभियान में प्रत्येक घर तक राष्ट्रीय झंडे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सभी ब्लॉक स्तर तथा जिला स्तर पर झंडा विक्रय केन्द्र खोले गए हैं। जिला मुख्यालय के कलेक्ट्रेट रोड स्थित जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में झंडा विक्रय केन्द्र प्रारंभ किया गया है। आम नागरिक इन झंडा विक्रय केन्द्रों से झंडा खरीदकर ’हर घर तिरंगा’ अभियान के दौरान अपने घरों में लगा सकते हैं। जिला प्रशासन द्वारा 20”x30” के आकार के राष्ट्रीय झंडे को क्रय करने के लिए 22 रूपए शुल्क निर्धारित कर दिया गया है।

