आजादी के पर्व का हुआ गरिमामय आयोजन
प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह ने किया ध्वजारोहण
मंडला हुआ पहला पूर्ण कार्यात्मक आदिवासी साक्षर जिला घोषित
मण्डला 15 अगस्त 2022
15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस को देशभक्ति और गरिमा के साथ जिला मुख्यालय के महात्मागांधी स्टेडियम में धूमधाम से मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस के समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके पश्चात् तिरंगे को सलामी दी गई एवं राष्ट्रगान गाया गया। मध्यप्रदेश गान के पश्चात् मुख्य अतिथि ने केसरिया, सफेद और हरे रंग के गुब्बारे आसमान में छोड़े। प्रभारी मंत्री ने समारोह में शामिल सभी दलों के परेड का निरीक्षण किया। हर्ष फायर के पश्चात् अपने सधे कदमों से सभी दलों ने शानदार मार्च पास्ट का प्रदर्शन किया। मंच के सामने गुजरते हुए इन दलों ने राष्ट्रभक्ति, एकता और अनुशासन का संदेश दिया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि श्री बिसाहूलाल सिंह ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया। प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने इस अवसर पर मंडला जिले को देश का पहला पूर्ण कार्यात्मक साक्षर जिला बनने की घोषणा की और शपथ दिलाई।
स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में आदिवासी लोक संस्कृति, पीटी परेड तथा स्कूली विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन हुआ। इस अवसर पर पूर्व राज्यसभा सांसद सम्पतिया उईके, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, कलेक्टर हर्षिका सिंह, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, डीएफओ, नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्य, नगरपालिका अध्यक्ष पूर्णिमा शुक्ला, नगरपालिका उपाध्यक्ष गिरीश चंदानी, स्वतंत्रता सेनानियों के परिवार, भीष्म द्विवेदी, जनपद सदस्य, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री सिंह ने जिला प्रशासन, पुलिस तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों को उनकी उत्कृष्ट सेवा के लिए सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन, रश्मि वाजपेयी, अखिलेश उपाध्याय, अभिलाष तिवारी, राजेश जायस्वाल तथा प्रीति दुबे ने किया।

लोकतंत्र सेनानियों का हुआ सम्मान
आजादी पर्व के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा जिले के लोकतंत्र सेनानियों एवं उनके परिजनों को उनके आवास पर सम्मानित किया गया। प्रभारी मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह ने मंच से लोकतंत्र सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कलेक्ट्रेट में किया ध्वजारोहण
मण्डला 15 अगस्त 2022
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी हर्षिका सिंह ने 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण किया। इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई तथा राष्ट्रगान गाया गया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभी विभागों के प्रमुख, कर्मचारी तथा संबंधित उपस्थित थे।

कलेक्टर आवास में ध्वजारोहण
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कलेक्टर आवास में ध्वजारोहण किया। इस दौरान अपर कलेक्टर मीना मसराम सहित कलेक्टर परिसर एवं आवास के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान गाया गया।

जिले की औसत वर्षा की जानकारी
मण्डला 15 अगस्त 2022
जिले में इस वर्ष एक जून से 15 अगस्त के दौरान 878.2 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 605.6 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 272.6 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 15 अगस्त को मंडला में 124.6 मि.मी., नैनपुर में 94.9 मि.मी., बिछिया में 74.4 मि.मी., निवास में 110 मि.मी. तथा घुघरी में 28.7 मि.मी. एवं नारायणगंज में 85.8 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 15 अगस्त को 86.4 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

खुर्सीपार विद्यालय में आयोजित हुआ विशेष भोज कार्यक्रम
मण्डला 15 अगस्त 2022
प्रदेश के साथ-साथ जिले भर के सभी शासकीय विद्यालयों में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मध्यान्ह भोजन का कार्यक्रम संपन्न हुआ। स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य अतिथि खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह शासकीय विद्यालय खुर्सीपार में आयोजित विशेष भोज कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर पूर्व राज्यसभा सांसद संपतिया उईके, कलेक्टर हर्षिका सिंह, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, अपर कलेक्टर मीना मसराम, नगरपालिका उपाध्यक्ष गिरीश चंदानी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामवासी शामिल हुए।

