आज स्वतंत्रता दिवस का होगा विशेष आयोजन
जिले के प्रभारी मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह करेंगे ध्वजारोहण
मंडला पहला पूर्ण कार्यात्मक साक्षर जिला होगा घोषित
मण्डला 14 अगस्त 2022
आजादी के पर्व को महात्मागांधी स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में धूमधाम से मनाया जायेगा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण करेंगे। मुख्य समारोह में ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के पश्चात परेड रिपोर्टिंग एवं परेड का निरीक्षण किया जायेगा। प्रातः 9 बजकर 15 मिनट पर मुख्य अतिथि द्वारा मुख्यमंत्री जी का संदेश वाचन किया जायेगा। इसके पश्चात 9:35 से हर्ष फायर, 9:40 से मार्च पास्ट एवं परेड की सलामी, 10 बजे से मध्यप्रदेश गान, 10:15 से स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं लोकतंत्र सेनानियों के परिवार का सम्मान, 10:25 से पीटी एवं कार्यात्मक साक्षर मंडला की घोषणा तथा 10:50 से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। पुरूस्कार वितरण समारोह के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।

15 अगस्त को घोषित होगा मंडला पहला पूर्ण कार्यात्मक साक्षर जिला
कलेक्टर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी जानकारी
जिले में हुआ सामाजिक परिवर्तन का सफल प्रयोग
मण्डला 14 अगस्त 2022
जिला प्रशासन द्वारा महिला साक्षरता एवं संपूर्ण साक्षरता के लिए विगत 2 वर्षों से महिला ज्ञानालय तथा निरक्षरता से आजादी अभियान संचालित किया गया। इन दोनों अभियानों के फलस्वरूप मंडला जिला 15 अगस्त को देश का पहला पूर्ण कार्यात्मक साक्षर जिला घोषित किया जाएगा। उक्त जानकारी कलेक्टर हर्षिका सिंह ने योजना भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। उन्होंने बताया कि अगस्त 2020 में महिलाओं को साक्षर बनाने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिला ज्ञानालय कार्यक्रम शुरू किया गया जिसमें गाँव की पढ़ी-लिखी महिलाओं द्वारा अपने आसपास की निरक्षर महिलाओं को अक्षरज्ञान, गिनती तथा सामान्य बैंकिंग व्यवहार से संबंधित जानकारी प्रदान की गई। प्रौढ़ साक्षरता के अंतर्गत राज्य शिक्षा केन्द्र तथा स्कूल शिक्षा विभाग के समन्वय से निरक्षरता से आजादी अभियान प्रारंभ किया गया। इस अभियान के अंतर्गत ज्ञानदान करने के इच्छुक अक्षरसाथियों एवं समाजसेवियों का भी सहयोग लिया गया, फलस्वरूप अब मंडला जिला कार्यात्मक रूप से पूर्ण साक्षर जिला बन गया है। जिले में सामाजिक परिवर्तन का यह अनूठा एवं सफल प्रयोग है।
कलेक्टर ने बताया कि 15 अगस्त को जिले के प्रभारी मंत्री द्वारा मुख्य समारोह में मंडला को पहले पूर्ण कार्यात्मक साक्षर जिले के रूप में घोषित किया जाएगा। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा के दौरान बताया कि राज्य सरकार तथा केन्द्र सरकार तक भी जिले की पूर्ण कार्यात्मक साक्षरता से संबंधित आवश्यक दस्तावेजीकरण भी जल्द कराया जा रहा है। श्रीमती सिंह ने बताया कि इस मुहिम में स्थानीय समाजसेवियों तथा अक्षरसाथियों का विशेष योगदान प्राप्त हुआ। सभी ने मनरेगा कार्यस्थलों, रात्रिकालीन कक्षाएं, प्रातःकालीन कक्षाएं तथा घर-घर जाकर भी निरक्षर लोगों को साक्षर बनाने के कार्य में सहयोग दिया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, एडीएम मीना मसराम, एसीईओ श्री मरावी तथा जिले के इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

कलेक्टर ने स्वतंत्रता दौड़ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान की दिलाई शपथ
मण्डला 14 अगस्त 2022
14 अगस्त को जिला प्रशासन द्वारा स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन किया गया। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने स्वतंत्रता दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह दौड़ शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए स्टेडियम ग्राउंड में समाप्त हुई। कलेक्टर ने दौड़ में शामिल हुए लोगों को ’हर घर तिरंगा’ अभियान और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान की शपथ दिलाई। इस अवसर पर एसपी यशपाल सिंह राजपूत, एडीएम मीना मसराम सहित संबंधित अधिकारी, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि, रोटरी क्लब के सदस्य, व्यापारी संघों के सदस्य एवं आमजन उपस्थित थे।

कलेक्टर ने जिलेवासियों को दी आजादी के पर्व की शुभकामनाएँ
मण्डला 14 अगस्त 2022
जिला कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिलेवासियों को 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुभकामनाएं दी है। उन्होंने अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि 75वे आजादी के महोत्सव के अवसर पर जिलेवासी जिले के विकास के लिए संकल्प लें एवं अपना योगदान दें। उन्होंने कहा है कि हम सभी को आजादी के मूल्यों को समझते हुए जिले, प्रदेश एवं देश के विकास के लिए कार्य करना है।

स्वतंत्रता दिवस पर देशी-विदेशी कम्पोजिट दुकानें एवं रिसॉर्ट बार रहेंगे बंद
मण्डला 14 अगस्त 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने मध्यप्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2022-23 की अवधि के लिए देशी मदिरा एवं विदेशी मदिरा की फुटकर बिक्री की दुकानों के निष्पादन व्यवस्था हेतु मध्यप्रदेश राजपत्र क्रमांक-41 21 जनवरी 2022 की कंडिका-32 के अनुसार घोषित शुष्क दिवसों में से 15 अगस्त 2022 दिन सोमवार को जिले की समस्त देशी मदिरा एवं विदेशी मदिरा कम्पोजिट दुकानें एवं रिसोर्ट बार बन्द रखी जाएं।
आबकारी विभाग एवं पुलिस विभाग यह सुनिश्चित करें कि 15 अगस्त 2022 में घोषित शुष्क दिवस पर जिले में अवैध रूप से मदिरा का आयात, परिवहन, विनिर्माण, संग्रहण, कब्जा, विक्रय इत्यादि न होने पाए।

जिले की औसत वर्षा की जानकारी
मण्डला 14 अगस्त 2022
जिले में इस वर्ष एक जून से 14 अगस्त के दौरान 791.8 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 605.6 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 186.2 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 14 अगस्त को मंडला में 37.4 मि.मी., नैनपुर में 19.2 मि.मी., बिछिया में 20.6 मि.मी., निवास में 70 मि.मी. तथा घुघरी में 7.6 मि.मी. एवं नारायणगंज में 57.3 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 14 अगस्त को 35.3 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

2 कोरोना मरीज डिस्चार्ज हुए
मण्डला 14 अगस्त 2022
जिले के कोविड संक्रमित मरीजों के द्वारा कोरोना को हराकर स्वस्थ होने एवं घर जाने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में 13 अगस्त की शाम 3 बजे से 14 अगस्त की शाम 3 बजे तक जिले में 2 कोरोना मरीज ने कोरोना को हराकर अपने घर लौटे हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वस्थ हुए मरीजों को कोरोना से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की समझाईश दी गई है।
सभी ब्लॉक एवं जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में झंडे उपलब्ध
20”x30” आकार के झंडे के लिए 22 रूपए शुल्क निर्धारित
मण्डला 14 अगस्त 2022
जिला प्रशासन द्वारा ’हर घर तिरंगा’ अभियान में प्रत्येक घर तक राष्ट्रीय झंडे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सभी ब्लॉक स्तर तथा जिला स्तर पर झंडा विक्रय केन्द्र खोले गए हैं। जिला मुख्यालय के कलेक्ट्रेट रोड स्थित जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में झंडा विक्रय केन्द्र प्रारंभ किया गया है। आम नागरिक इन झंडा विक्रय केन्द्रों से झंडा खरीदकर ’हर घर तिरंगा’ अभियान के दौरान अपने घरों में लगा सकते हैं। जिला प्रशासन द्वारा 20”x30” के आकार के राष्ट्रीय झंडे को क्रय करने के लिए 22 रूपए शुल्क निर्धारित कर दिया गया है।

जिले के प्रभारी मंत्री का हुआ मंडला आगमन
श्री सिंह ने दी जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ
मण्डला 14 अगस्त 2022
प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह का 14 अगस्त की शाम को मंडला आगमन हो गया है। श्री सिंह का मंडला पहुंचने पर कलेक्टर हर्षिका सिंह एवं पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत ने सर्किट हाउस में स्वागत किया। इसके पश्चात् प्रभारी मंत्री ने जनप्रतिनिधियों एवं जनसामान्य से औपचारिक भेंट की। उन्होंने कलेक्टर हर्षिका सिंह से स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों एवं कार्यक्रमों की जानकारी भी ली। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, एडीएम मीना मसराम, जनप्रतिनिधिगण तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर प्रभारी मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह ने मंडला जिले के सभी नागरिकों को राष्ट्रीय पर्व की शुभकामनाएं दी। श्री सिंह 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे तथा ध्वजारोहण करेंगे। इसके पश्चात् दोपहर 3 बजे प्रस्थान करेंगे।

आजादी के पर्व की पूर्व संध्या पर स्वतंत्रता प्रकाश रैली का हुआ आयोजन
रपटाघाट में हुई आतिशबाजी
मण्डला 14 अगस्त 2022
आजादी की 75वी वर्षगांठ के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा 14 अगस्त को शाम 7ः30 बजे स्वतंत्रता प्रकाश रैली का आयोजन किया गया। यह रैली माँ नर्मदा पर बने बड़े रपटा पुल पर आयोजित की गई। स्वतंत्रता प्रकाश रैली महाराजपुर की ओर से मंडला मुख्यालय की ओर निकाली गई। इस प्रकाश रैली में सभी व्यक्ति ’हर घर तिरंगा’ अभियान और आजादी की 75वी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में अपने हाथों में मोबाईल टॉर्च लेकर शामिल हुए। रैली में प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह, कलेक्टर हर्षिका सिंह, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, एडीएम मीना मसराम, जनप्रतिनिधिगण, समाजसेवी, विभिन्न संघों के पदाधिकारी, स्कूली बच्चे, अभिभावक तथा आमजन उपस्थित थे।
स्वतंत्रता प्रकाश रैली के अवसर पर बड़े रपटा पुल पर आतिशबाजी का आयोजन किया गया। आकर्षक और रंग-बिरंगे पटाखे, फुलझड़ियों तथा लड़ियों से अद्भुत दृश्य दिखाई दिया। इस दौरान उपस्थित जनमानस ने देशभक्ति के नारे लगाकर आजादी के पर्व और ’हर घर तिरंगा’ अभियान का संदेश दिया।

