Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 25 अगस्त 2022

कलेक्टर ने नए भर्ती शिक्षकों के इंडक्शन कोर्स को किया संबोधित

 

मण्डला 25 अगस्त 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह महर्षि विद्या मंदिर स्कूल में आयोजित किए गए नवीन शिक्षकों के इंडक्शन कोर्स में शामिल हुई। उन्होंने इंडक्शन कोर्स में शामिल हुए शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक समाज एवं देश का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि सभी शिक्षक अपनी प्रतिभा का उपयोग बच्चों के समग्र विकास में करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए आप सभी के ऊपर बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नए शिक्षक जो सरकारी तंत्र में शामिल हो रहे हैं, यह उनके जीवन का नया पड़ाव है। सभी अपने कोर्स मॉडल को समझें तथा इंडक्शन कोर्स में अपने डाउट को क्लियर करें। कलेक्टर ने कहा कि शिक्षक नई शिक्षा नीति एवं शिक्षा के विभिन्न आयामों को समझते हुए इसका उपयोग स्कूल एवं बच्चों के भविष्य निर्माण में करें। उन्होंने कहा कि उपलब्ध संसाधनों का सर्वोत्तम उपयोग करें।

श्रीमती सिंह ने कहा कि शिक्षक पढ़ाई में कमज़ोर बच्चों एवं दिव्यांग बच्चों के प्रति विशेष संवेदनशील रहें। उन्हें जीवन में आगे बढ़ने का हौसला दें तथा मोटीवेट करें। साथ ही उन्होंने कक्षा में दर्ज किंतु ड्रॉपआउट बच्चों की भी स्कूल तक पहुंच सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि आवश्यक हो तो शिक्षक अभिभावकों से भी संपर्क करें एवं बच्चों के समग्र विकास में अपना सर्वश्रेष्ठ दें। कलेक्टर ने कहा कि सभी बच्चों को उनकी प्रतिभा एवं योग्यतानुसार भविष्य के बारे में बताएं तथा उनके सपनों को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। इसके पूर्व कलेक्टर का प्रशिक्षण कार्यक्रम में स्वागत किया गया एवं वृक्षारोपण किया गया। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी सहित नवीन शिक्षक उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

जिले की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए एक्शन प्लान बनाएं

जिला कौशल विकास समिति की बैठक संपन्न

 

मण्डला 25 अगस्त 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह की अध्यक्षता में जिला कौशल विकास समिति की योजना भवन में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि, आजीविका, उद्यानिकी, शिक्षा, उद्योग एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में कृति सिंघवी ने जिले में कौशल विकास से संबंधित प्रजेंटेशन दिया। कलेक्टर ने बैठक में कहा कि कृषि सहित सभी विभाग समन्वय बनाते हुए ज़िलों में कौशल विकास के क्षेत्र में विशेष रूप से प्रभावी कार्य करें। उन्होंने कहा कि मंडला ज़िले की भौगोलिक एवं आर्थिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए एक्शन प्लान बनाएं तथा समन्वय के साथ इसे मूर्तरूप भी प्रदान करें। उन्होंने कहा कि एनआरएलएम बहुद्देशीय रोज़गार से जोड़ने के लिए प्रयास करें। साथ ही उद्योग विभाग भी स्वरोजगार एवं रोज़गार स्थापित करने के लिए कार्य करें।

श्रीमती सिंह ने ज़िले में वर्तमान में उपलब्ध रोज़गार के क्षेत्रों पर चर्चा करते हुए कहा कि स्थानीय लोगों को उनके क्षेत्र में ही रोज़गार देना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। हमारा यह प्रयास होना चाहिए कि प्रत्येक घर में आय का स्त्रोत हो तथा उन्हें स्थानीय स्तर पर ही काम मिल सके। बैठक में उन्होंने कहा कि सभी विभाग ज़िले में कौशल विकास के लिए समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने स्वरोजगार एवं रोज़गार तथा प्रशिक्षण के लिए विगत 2 वर्षों में किए गए कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने कहा कि ज़िले में आयुष हब विकसित करने की आवश्यकता है। उन्होंने ग्रामीण विकास के क्षेत्र में रोज़गार प्रदान करने किए जा रहे कार्यों की भी चर्चा की। उन्होंने बैठक में बताया कि ज़िले में मशरूम की खेती, कोदो-कुटकी, शहद, वनोपज आदि के माध्यम से भी स्थानीय स्तर पर रोज़गार प्रदान करने के कार्य किए जा रहे हैं।

 

दिव्यांगों को दें विशेष प्राथमिकता

 

कलेक्टर ने बैठक में कहा कि कौशल विकास कार्यक्रम के अंतर्गत सभी विभाग दिव्यांगों को अपने विभाग की योजनाओं का लाभ देने के लिए विशेष प्राथमिकता दें। उन्होंने सामाजिक न्याय विभाग, उद्योग विभाग, एनआरएलएम, एनयूएलएम विभागों को निर्देशित किया कि दिव्यांगजनों को उनकी योग्यता अनुसार तथा उनकी रुचि अनुसार लाभ दें। इसके लिए समय-समय पर वर्कशॉप आयोजित करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि दिव्यांगों को आवश्यक होने पर प्रशिक्षण दें। साथ ही उनसे संपर्क करते हुए उनकी रुचि के बारे में जानकारी प्राप्त करें। कलेक्टर ने पूर्व में ब्लॉक स्तर पर दिव्यांगों की सहायता के लिए बनाए गए कंट्रोल रूम एवं हेल्पडेस्क को पुनः सक्रिय करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला शिक्षा केन्द्र में भी उनके लिए हेल्पडेस्क तथा हेल्पलाइन नंबर जारी करने के निर्देश दिए।

 

 

 

 

 

सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों को पीपीओ वितरण

 

मण्डला 25 अगस्त 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जून एवं जुलाई माह में अलग-अलग कार्यालयों से सेवानिवृत हुए शासकीय सेवकों को पीपीओ वितरित किया। जिला पेंशन अधिकारी अखिलेश नेटी ने बताया कि विगत माह में 23 शासकीय सेवक अलग-अलग विभागों से सेवानिवृत्त हुए। कलेक्टर ने पीपीओ वितरण के साथ सेवानिवृत्त शासकीय कर्मचारियों को उनके भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं दी। पीपीओ वितरण के अवसर पर एडीएम मीना मसराम, सहायक पेंशन अधिकारी यशवंत डिके तथा राहुल चौरसिया, सहायक कोषालय अधिकारी श्री मर्सकोले, पेंशन कार्यालय से संबंधित एवं सेवानिवृत्त शासकीय कर्मचारियों के परिजन उपस्थित थे।

माह जून एवं जुलाई में सेवानिवृत्त होने वाले शासकीय कर्मचारियों में बीईओ मंडला कार्यालय से मीना श्रीवास्तव, अनिल कुमार अग्रवाल, चेतराम पटेल, दिनेश कुमार मिश्रा, रामनाथ मरावी, गीता ठाकुर तथा मीना पांडे, बीईओ बिछिया उपेन्द्र कुमार पटेल, बीईओ नैनपुर किशोर कुमार गुप्ता, विनोद कुमार साहू तथा रामगोपाल पटले, बीईओ बीजाडांडी छिद्दी लाल चौधरी, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान मंडला से कुंदर सिंह सूर्याम, वन मंडलाधिकारी पूर्वा सामान्य वनमंडल से हीरा दास तथा महेश कुमार जंघेला, वन मंडलाधिकारी पश्चिम सामान्य वनमंडल मंडला से अशोक कुमार नामदेव तथा तेजीलाल विश्वकर्मा, कान्हा टाईगर रिजर्व मंडला से छोटेलाल यादव, नर्मदा विकास संभाग-2 मंडला से राजेश कुमार दुबे, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंडला से भूरेलाल मार्को, सहायक भूमि संरक्षक अधिकारी से सीताराम ठाकुर तथा बसंत कुमार रजक, उपसंचालक कृषि मंडला से शमशेर सिंह मरावी शामिल हैं।

 

 

 

 

 

 

 

जिले के किसानों में प्राकृतिक खेती के लिए बढ़ रही समझ – हर्षिका सिंह

किसानों की कार्यशाला संपन्न

 

मण्डला 25 अगस्त 2022

आर्शीवाद होटल में आजीविका मिशन विभाग द्वारा द्वितीय चरण में प्राकृतिक खेती के संबंध में किसानों की कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में कलेक्टर हर्षिका सिंह, प्रगतिशील खेती के विशेषज्ञ, जिले के प्राकृतिक खेती से जुड़े किसान तथा संबंधित उपस्थित थे। कार्यशाला में कलेक्टर ने कहा कि जिले में प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में बेहतर कार्य किया जा रहा है। जिले के किसानों द्वारा प्राकृतिक खेती में रूचि दिखाई जा रही है। फलस्वरूप प्राकृतिक खेती का कार्य उत्तरोत्तर रूप से बढ़ रहा है। श्रीमती सिंह ने कहा कि जिले में प्राकृतिक खेती पूर्व में भी की जाती रही है, किन्तु धीरे-धीरे किसानों में प्राकृतिक खेती की समझ बढ़ रही है। उन्होंने सभी किसानों से कहा है कि भविष्य में प्राकृतिक खेती को अपनाएं, ज्यादा से ज्यादा क्षेत्र में प्राकृतिक खेती कर आय बढ़ाएं।

कार्यशाला में प्राकृतिक खेती करने वाले प्रगतिशील किसानों ने भी अपने अनुभव साझा किए। किसानों ने प्राकृतिक खेती के दौरान बीज, खाद, बोनी, फसल तथा मुनाफे के बारे में बताया। साथ ही बताया कि धीरे-धीरे रासायनिक उर्वरकों का प्रयोग भी कम से कम किया जा रहा है। कलेक्टर ने सभी प्रगतिशील किसानों को जिला प्रशासन की ओर से शुभकामनाएं दी।

 

 

 

 

 

 

 

जिला पेंशन फोरम की बैठक हुई आयोजित

 

मण्डला 25 अगस्त 2022

अपर कलेक्टर मीना मसराम की अध्यक्षता में जिला पेंशन फोरम की बैठक का आयोजन योजना भवन के सभाकक्ष में किया गया। बैठक में उन्होंने पेंशन से संबंधित समस्याओं के निराकरण हेतु निर्देश दिए। बैठक में जिला पेंशन अधिकारी अखिलेश नेटी द्वारा बैंक संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए सुझाव दिये गए। पेंशन एसोसिएशन अध्यक्ष द्वारा पेंशन से संबंधित लंबित समस्याओं के विषय में अवगत कराया गया तथा पेंशन एसोसिएशन के द्वारा किये गये कार्यों की जानकारी दी गई। जिला पेंशन फोरम की बैठक में सहायक पेंशन अधिकारी यशवंत आनंद डिके, सहायक पेंशन अधिकारी राहुल कुमार चौरसिया तथा सभी विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

 

जल-जीवन मिशन की बैठक संपन्न

 

मण्डला 25 अगस्त 2022

जिले में संचालित जल-जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा करने बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि जल-जीवन मिशन के कार्य में तेजी लाएं। उन्होंने बैठक में घरेलू नल कनेक्शन, पेयजल व्यवस्था, जल निगम के कार्य, रेटरो फिटिंग, स्कूल तथा आंगनवाड़ी केन्द्रों में नल एवं बिजली कनेक्शन आदि की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि 15 सितम्बर तक जिले के सभी स्कूल एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों में पेयजल कनेक्शन का कार्य पूर्ण करें। साथ ही सितम्बर माह के अंत तक बिजली कनेक्शन का कार्य शतप्रतिशत पूर्ण करें। उन्होंने सभी कॉन्ट्रेक्टर्स को निर्देशित किया कि वर्कऑर्डर की शर्तों एवं गुणवत्ता के अनुरूप कार्य करें। बैठक में ईईपीएचई श्री कुशरे सहित सहायक यंत्री, उपयंत्री तथा कॉन्ट्रेक्टर्स उपस्थित थे।

बैठक में कलेक्टर ने कहा कि स्कूल एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों में पेयजल तथा बिजली कनेक्शन के कार्य में गंभीरता बरतें। साथ ही कार्य में तेजी भी लाएं। उन्होंने विकासखंडवार पूर्ण तथा प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा की और निर्देशित किया कि शर्तों के अनुरूप कार्य नहीं करने वाले कॉन्ट्रेक्टर्स एवं सब इंजीनियर्स को नोटिस दें। गुणवत्तापूर्ण कार्य नहीं करने वाले कॉन्ट्रेक्टर्स को नोटिस देने के बाद ब्लेकलिस्टेड करने की कार्यवाही करें। श्रीमती सिंह ने बैठक में कहा कि जिन पंचायतों में नल कनेक्शन के लिए पानी के सोर्स चिन्हित नहीं किए गए हैं वहां अन्य विकल्प तलाशें तथा हर घर तक पानी पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने जारी वर्कऑर्डर तथा डीपीआर की भी समीक्षा की। साथ ही अलग-अलग स्तरों पर पूर्ण एवं अपूर्ण कार्यों की समीक्षा करते हुए अपूर्ण कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

 

 

 

 

 

 

 

लापरवाही बरतने पर छात्रावास अधीक्षक निलंबित

 

मंडला 25 अगस्त 2022

सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग मंडला ने आदिवासी सीनियर बालक छात्रावास अंजनिया अधीक्षक अनिल कुमार सैयाम के निलंबन के आदेश जारी कर दिए हैं। जारी आदेश में कहा गया है कि श्री सैयाम आकस्मिक निरीक्षण के दौरान संस्था में अनुपस्थित पाए गए। साथ ही छात्रावास में साफ-सफाई न होने से गंदगी एवं अव्यवस्था पाई गई। श्री सैयाम के द्वारा कार्य में अत्यधिक लापरवाही, उदासीनता बरतना कृत्य गंभीर कदाचरण है तथा म.प्र. सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3 के उपनियम एवं 7 के उल्लंघन की श्रेणी में आने से दण्डनीय कृत्य है। अतः शिकायत के आधार पर अनिल कुमार सैयाम अधीक्षक (प्राथमिक शिक्षक) आदिवासी सीनियर बालक छात्रावास अंजनिया विकासखण्ड बिछिया को म.प्र. सिविल सेवा (वर्गीकरण नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9(1) के अंतर्गत निहित शक्तियों का प्रयोग करते हुए श्री सैयाम अधीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन काल में उनका मुख्यालय कार्यालय विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी मवई निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

 

 

 

 

 

 

राज्यमंत्री श्री कुलस्ते का दौरा कार्यक्रम

 

मण्डला 25 अगस्त 2022

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते का 26 अगस्त 2022 को जिला मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री कुलस्ते 26 अगस्त 2022 को सायं 4 बजे डिंडौरी से सिझौरा जिला मंडला के लिए प्रस्थान करेंगे तथा सायं 5 बजे सिझौरा पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। श्री कुलस्ते शाम 6 बजे सिझौरा से मंडला के लिए रवाना होंगे तथा सायं 7 बजे मंडला पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। वे रात्रि 8 बजे मंडला से जेवरा के लिए प्रस्थान करेंगे एवं 9 बजे जेवरा पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे। केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते 27 अगस्त को प्रातः 8 बजे जेवरा से बालाघाट के लिए प्रस्थान करेंगे।

 

 

 

 

 

 

 

जिले की औसत वर्षा की जानकारी

 

मण्डला 25 अगस्त 2022

जिले में इस वर्ष एक जून से 25 अगस्त के दौरान 1084.7 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 686.4 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 398.3 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 25 अगस्त को नारायणगंज में 1.1 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है। इस प्रकार जिले में 25 अगस्त को 0.1 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

 

 

 

2 कोरोना मरीज डिस्चार्ज हुए

 

मण्डला 25 अगस्त 2022

जिले के कोविड संक्रमित मरीजों के द्वारा कोरोना को हराकर स्वस्थ होने एवं घर जाने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में 24 अगस्त की शाम 3 बजे से 25 अगस्त की शाम 3 बजे तक जिले में 2 कोरोना मरीज ने कोरोना को हराकर अपने घर लौटे हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वस्थ हुए मरीजों को कोरोना से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की समझाईश दी गई है।

 

 

 

 

अवैध शराब निर्माण एवं तश्करी के विरूद्ध 14 व्यक्तियों पर मामला दर्ज

 

मण्डला 25 अगस्त 2022

जिले में मदिरा के अवैध विनिर्माण, परिवहन व विक्रय के रोकथाम के लिए कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशानुसार एवं जिला आबकारी अधिकारी सीमा धुर्वे कश्यप के मार्गदर्शन में शहर के सिद्ध बाबा टेकरी स्थित ढाबा, प्रथम ढाबा, रानी अवंतीबाई वार्ड, शास्त्री वार्ड, कमानिया गेट पुत्री शाला स्कूल के सामने एवं मानादेही क्षेत्र अंतर्गत कार्यवाही करते हुए अवैध शराब विक्रय एवं निर्माण में संलिप्त व्यक्तियों के विरूद्ध छापामार कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान 41 पाव विदेशी मदिरा एमडी व्हिस्की, 25 पाव गोवा, 49 पाव देशी मदिरा प्लेन एवं 23 बोतल हंटर बीयर जब्त किये गए। इसके अतिरिक्त 65 लीटर हाथ से निर्मित महुआ शराब जब्त की गई। साथ ही महुआ शराब बनाने में प्रयुक्त किये जाने वाले 980 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त कर सेम्पल लेकर मौके पर नष्ट किया गया। इस अपराध में संलिप्त 14 व्यक्तियों के विरूद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क) एवं (च) के अन्तर्गत मामला दर्ज किया गया है।

 

Related posts

मतदान दलों के प्रशिक्षण में शराब के नशे में आने पर सहायक अध्यापक निलंबित

Reva India News

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला 6 अक्टूबर 2023

Reva India News

प्रत्येक मोहल्ले में जल प्रदाय का समय निर्धारित करें – कलेक्टर ग्राम पंचायत टाटरी में जल जीवन मिशन का निरीक्षण

Reva India News

Leave a Comment