1 से 8वी के बच्चों के समग्र आईडी के मैपिंग का कार्य शतप्रतिशत पूरा करें – हर्षिका सिंह
बैठक में कलेक्टर के निर्देश
मण्डला 24 अगस्त 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने डीपीसी एवं संबंधित विभागों की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने कक्षा पहली से आठवीं तक के बच्चों के आधार एवं समग्र आइडी के मैपिंग के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी बच्चों की समग्र आईडी मैपिंग का कार्य शतप्रतिशत पूरा करें। उन्होने विगत वर्षों में की गई समग्र आइडी की तुलनात्मक समीक्षा की। श्रीमती सिंह ने डीपीसी को निर्देशित किया कि प्राइवेट स्कूल के संचालकों की बैठक लें। आगामी दो दिनों में निजी स्कूलों के बच्चों के समग्र आईडी के मैपिंग का कार्य पूरा कराएं। साथ ही 31 अगस्त तक ज़िले के सभी बच्चों की समग्र आईडी के मैपिंग का कार्य पूरा करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि समग्र मैपिंग का कार्य पूरा नहीं होने पर बीआरसी की सैलरी रोकें। उन्होने ब्लॉकवार मैपिंग की स्थिति की भी समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि डीपीसी संबंध प्रतिदिन रिव्यू करें। उन्होंने दिव्यांग बच्चों के रजिस्ट्रेशन की जानकारी ली। उन्होंने दिव्यांग बच्चों के चिन्हांकन, उनके अध्यापन एवं स्कूल तक पहुँच के बारे में पूछा। उन्होंने कहा कि दिव्यांगों के लिए नियमित रूप से कैंप आयोजित करें। इसी प्रकार उन्हें आवश्यक सर्टिफ़िकेट भी समय-समय पर प्राप्त होते रहें। श्रीमती सिंह ने कहा कि ऐसे दिव्यांग बच्चे जो स्कूल तक नहीं पहुँच सके हैं, उनके अध्यापन का कार्य घर-घर शुरू करें। इस संबंध में एमआरसी को निर्देशित करें। उन्होंने कहा कि एमआरसी का भी समय-समय पर प्रशिक्षण भी आयोजित करें। एमआरसी के अध्यापन के बाद दिव्यांग बच्चों के लिए नियमित टेस्ट आयोजित करें तथा उनकी श्रेणी सुधार की प्रक्रिया सुनिश्चित करें।
बैठक में उन्होने दिव्यांगों को दी जा रही विभिन्न सहायता के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि समय-समय पर ब्रेल प्रशिक्षण का कार्य भी करें। साथ ही दिव्यांगों के कार्यक्रमों का प्रचार-प्रसार भी सुनिश्चित करें। बैठक में उन्होने प्रौढ़ शिक्षा के कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए डोर टू डोर सर्वे के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्राइमरी एजुकेशन में नियमित रूप से टेस्ट कराएं, हर शनिवार को टेस्ट लें। श्रीमती सिंह ने डाइट स्कूल के विद्यार्थियों को भी ऐसे बच्चों को सौंपते हुए उनके शैक्षणिक स्तर के निरीक्षण का दायित्व सौपें। उन्होंने कहा कि ज़िले के गणित और अंग्रेज़ी के शिक्षकों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया जाए। बैठक में उन्होंने प्राथमिक शाला भवनों की स्थिति, मरम्मत, सुधार, विद्युतीकरण, शौचालय आदि की भी जानकारी ली। उन्होंने पुस्तक वितरण के संबंध में भी ज़रूरी निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने कहा कि बारिश के बाद स्कूलों में आवश्यक पेंटिंग एवं रंगरोगन का कार्य सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने प्रत्येक प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं में रीडिंग कॉर्नर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनचेतना केन्द्रों में सप्ताह में कम से कम 3 दिवस अध्यापन कार्य सुनिश्चित कराएं तथा शेष निरीक्षरों को भी साक्षर बनाने का कार्य जारी रखें।

ओबीसी होस्टल में करियर काउंसलिंग की व्यवस्था करें
कलेक्टर ने किया निरीक्षण
मण्डला 24 अगस्त 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने आरडी कॉलेज के समीप स्थित ओबीसी हॉस्टल का औचक निरीक्षण किया। उन्होने हॉस्टल में रहने वाले विद्यार्थियों से हॉस्टल की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने सहायक संचालक ओबीसी होमेन्द्र पटले को निर्देशित किया कि हॉस्टल में पानी, बिजली और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था करें। इसी प्रकार मैग्जिन, न्यूज़पेपर तथा समय-समय पर कैरियर काउंसिलिंग भी आयोजित करें। कलेक्टर ने छात्रावास में प्रवेश प्रक्रिया के संबंध में जानकारी ली तथा वर्तमान में रिक्त स्थानों के बारे में पूछा। इस दौरान निरीक्षक प्रीति गठरे सहित संबंधित उपस्थित थे।

शिक्षण प्रक्रिया में इंटरनेट का अधिक से अधिक उपयोग करें
कलेक्टर ने डाइट में विद्यार्थियों से की चर्चा
मण्डला 24 अगस्त 2022
ज़िला मुख्यालय के डाइट प्रशिक्षण संस्थान में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों के साथ चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि शैक्षणिक पाठ्यक्रम के साथ-साथ शिक्षण प्रक्रिया को बेहतर करने तकनीक का अधिक से अधिक उपयोग करें। इंटरनेट के उपयोग के माध्यम से प्रशिक्षण की नई तकनीकों की जानकारी प्राप्त करें तथा भविष्य में बेहतर शिक्षक बनें। कलेक्टर ने कहा कि डाइट प्रशिक्षण संस्थान में प्रशिक्षु शिक्षकों के लिए नियमित रूप से अख़बार एवं मैगज़ीन आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करें। इसी प्रकार प्रशिक्षुओं को ज्यादा से ज्यादा फ़ील्ड विज़िट कराएं तथा व्यवहारिक कठिनाइयों के बारे में जानकारी दें। उन्होंने प्रशिक्षुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ख़ुद को अधिक से अधिक विकसित करें तथा अच्छे शिक्षक बनें। उन्होंने प्राचार्य डाइट रश्मि वाजपेयी को निर्देशित किया कि प्रशिक्षु शिक्षकों के लिए आगामी दिनों में प्राथमिक शालाओं को आवंटित करें। प्रशिक्षु शिक्षक प्राथमिक शालाओं का भ्रमण करेंगें तथा वहाँ वर्तमान में उपलब्ध शैक्षणिक स्तर तथा उससे बेहतर बनाने के लिए सुझावों की रिपोर्ट देंगे।

मधुपुरी सीनियर कन्या छात्रावास का हुआ औचक निरीक्षण
मण्डला 24 अगस्त 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने ग्राम पंचायत मधुपुरी के सीनियर कन्या बालिका छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होने छात्रावास में पानी, बिजली तथा साफ-सफ़ाई की व्यवस्था का जायज़ा लिया। उन्होंने कहा कि छात्रावास परिसर में पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्त करें। उन्होने छात्रावास की बालिकाओं से चर्चा करते हुए उनके कैरियर के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें कैरियर मार्गदर्शन भी दिया। श्रीमती सिंह ने छात्रावास में राशन आदि से संबंधित जानकारी ली। उन्होंने कहा कि छात्रावास परिसर में पोषण वाटिका विकसित करें। इसके लिए उद्यानिकी विभाग समन्वय कर पौधे प्राप्त करें।

आधार लिंक के कार्य को प्राथमिकता से पूर्ण करें
नोडल अधिकारियों को कलेक्टर के निर्देश
मण्डला 24 अगस्त 2022
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया है कि संबंधित अधिकारी वोटर आईडी से आधार नंबर को लिंक कराने के कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समयसीमा में पूर्ण करना सुनिश्चित करें। कलेक्टर श्रीमती सिंह ने संबंधित अधिकारियों को पुनः निर्देशित किया है कि प्राथमिकता के आधार पर अपने क्षेत्र में स्थित सभी कार्यालयों से समन्वय कर उनमें कार्यरत अधिकारी, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों के आधार नंबर जोड़ने का कार्य पूर्ण कराएं तथा 47 प्रतिशत से कम संख्या में आधार नंबर लिंक वाले मतदान केन्द्रों का चिन्हांकन कर उनके बी.एल.ओ., सुपरवाईजर की मीटिंग तथा ग्राम पंचायत स्तर पर कैंप का आयोजन कर कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। आगामी दो दिवस में आधार सीडिंग कार्य की समीक्षा की जायेगी जिसमें आपके क्षेत्र अंतर्गत अपेक्षित प्रगति परिलक्षित नहीं होने की स्थिति में संबंधित नोडल अधिकारी व्यक्तिगत रूप से उत्तरदायी रहेंगे।

रोजगार मेले में 129 का प्रारंभिक चयन
मण्डला 24 अगस्त 2022
जिला रोजगार कार्यालय मण्डला द्वारा जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार अवसर उपलब्ध कराने के लिये 24 अगस्त 2022 को नगरपालिका मण्डला के टाउन हॉल में रोजगार मेला का आयोजन किया गया जिसमें विभिन्न शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यता के कुल 177 युवाओं ने ऑन लाइन एवं ऑफ लाइन पंजीयन कराया जिसमें कुल 7 निजी क्षेत्र की कम्पनियों द्वारा साक्षात्कार लेते हुए 129 आवेदकों का प्रारंभिक चयन किया गया। रोजगार मेले के आयोजन को सफल बनाने में श्री वास्कले महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र मण्डला, प्राचार्य आईटीआई मण्डला आर.एस.बरकड़े, आनंद मरावी, प्रशिक्षण अधिकारी, आईटीआई मण्डला, नीलेश दुबे आजीविका मिशन, शरद कोकड़िया आईंटीआई नैनपुर डी.के. साहू, जिला रोजगार कार्यालय एवं आदेश चौरसिया जिला व्यापार उद्योग केंद्र मण्डला को मेले को सफल बनाने में सराहनीय योगदान रहा।

जिले की औसत वर्षा की जानकारी
मण्डला 24 अगस्त 2022
जिले में इस वर्ष एक जून से 24 अगस्त के दौरान 1084.6 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 683.1 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 401.5 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 अगस्त को नारायणगंज में 2.1 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है। इस प्रकार जिले में 24 अगस्त को 0.3 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

3 कोरोना मरीज डिस्चार्ज हुए
मण्डला 24 अगस्त 2022
जिले के कोविड संक्रमित मरीजों के द्वारा कोरोना को हराकर स्वस्थ होने एवं घर जाने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में 23 अगस्त की शाम 3 बजे से 24 अगस्त की शाम 3 बजे तक जिले में 3 कोरोना मरीज ने कोरोना को हराकर अपने घर लौटे हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वस्थ हुए मरीजों को कोरोना से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की समझाईश दी गई है।

1 कोरोना केस मिला
मण्डला 24 अगस्त 2022
23 अगस्त 2022 की शाम 3 बजे से 24 अगस्त 2022 की शाम 3 बजे तक जिले में 1 नया कोरोना पॉजिटिव केस मिला है। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बूढीमाई वार्ड महाराजपुर निवासी 42 वर्षीय पुरूष की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई है। संक्रमित को आईसोलेशन में रखा गया है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जनसामान्य से मॉस्क लगाने तथा सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने का आव्हान किया है।

