Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 26 अगस्त 2022

मॉडरेट एवं सीवियर एनीमिया के सघन चिन्हांकन के लिए कैम्प आयोजित करें

जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में निर्देश

 

मण्डला 26 अगस्त 2022

योजना भवन में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित हुई। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए नियमित टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, एनआरसी, एनीमिया, जननी सुरक्षा योजना, मातृ मृत्यु दर सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने कहा कि मॉडरेट एवं सीवियर एनीमिया के चिन्हांकन का कार्य गंभीरता से एवं सतत रूप से जारी रखें। उन्होंने सभी बीएमओ को निर्देशित किया कि आगामी 15 दिनों में मॉडरेट एवं सीवियर एनीमिया के सघन रूप से चिन्हांकन के लिए कैम्प आयोजित करें। श्रीमती सिंह ने सीवियर एनीमिया की ब्लॉकवार समीक्षा करते हुए संबंधित बीएमओ से जानकारी ली। बैठक में सीएमएचओ डॉ. श्रीनाथ सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्वेता तड़वे सहित स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

कलेक्टर ने बैठक में मातृ स्वास्थ्य की ब्लॉकवार समीक्षा करते हुए बिछिया विकासखंड को प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने एएनसी रजिस्ट्रेशन तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की विस्तृत समीक्षा करते हुए लक्ष्य एवं उपलब्धि के बारे में जानकारी ली। श्रीमती सिंह ने कहा कि एएनसी रजिस्ट्रेशन की आरसीएच पोर्टल में व्यवस्थित एंट्री कराएं। उन्होंने मंडला शहरी क्षेत्र में कम एएनसी रजिस्ट्रेशन पर नाराजगी जाहिर की तथा निर्देशित किया कि कम प्रगति वाले क्षेत्रों में आशा एवं एएनएम की बैठकें आयोजित कर फॉलोअप कराएं। साथ ही डाटा एंट्री भी सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि कम एएनसी रजिस्ट्रेशन वाले बीएमओ एवं सीडीपीओ को नोटिस जारी करें। उन्होंने बॉटम-5 प्रगति वाली एएनएम को भी नोटिस देने के निर्देश दिए।

श्रीमती सिंह ने संस्थागत प्रसव की समीक्षा करते हुए कहा कि जननी सुरक्षा योजना से संबंधित भुगतान सुनिश्चित करें। उन्होंने जननी सुरक्षा योजना का भुगतान 95 प्रतिशत से कम नहीं रखने के निर्देश दिए। उन्होंने इस संबंध में बीएमओ नैनपुर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने मातृ मृत्यु दर की समीक्षा की। उन्होंने कम्यूनिटी डेथ, फेसिलिटी डेथ, डेथ ऑडिट की भी आंकड़ेवार जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी गर्भवती माताओं का एचआरपीडब्ल्यू जांच कराएं। पूर्ण टीकाकरण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि सभी वनग्राम एवं बैगा क्षेत्रों में टीकाकरण का कार्य मिशन मोड पर करें। कोई भी माता एवं शिशु जरूरी टीके से वंचित न रहे। कलेक्टर ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग आपसी समन्वय के साथ करें। प्रत्येक गंभीर कुपोषित बच्चे को अनिवार्य रूप से एनआरसी में भर्ती कराएं तथा उनका रेगुलर फालोअप भी करें। इसके साथ ही गंभीर एनीमिक बच्चों का अनिवार्य रूप से ब्लड ट्रांसफ्यूजन किया जाए।

बैठक में उन्होंने कोविड वैक्सीनेशन के साथ-साथ रेगुलर टीकाकरण अभियान की सतत रूप से निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही नवजात शिशु की गहन चिकित्सा की भी समीक्षा की गई। उन्होंने सभी बीएमओ को निर्देशित किया कि गंभीर रूप से अस्वस्थ बच्चों को समयपूर्व रिफर करें। उन्होंने कहा कि एसएनसीयू से निकलने वाले बच्चों के स्वास्थ्य की मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने इसके लिए पंचायतों में रजिस्ट्रेशन संधारित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने दस्तक अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि जिले को प्रदेशवार रैंकिंग में शीर्ष 10 में शामिल करें। उन्होंने सीएमएचओ को दस्तक अभियान को प्रभावशील बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान किए गए सर्वे एवं आवश्यक जानकारी की अनिवार्यतः डाटा एंट्री सुनिश्चित कराएं। बैठक में कलेक्टर ने कायाकल्प योजना के तहत जिला चिकित्सालय सहित शासकीय अस्पतालों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। कायाकल्प और एनक्वास के लिए चिन्हित संस्था प्रभारी प्रति सप्ताह रिपोर्ट टीएल बैठक में प्रस्तुत करें और सीएमएचओ इसकी निगरानी करें। एनसीडी की समीक्षा करते हुए कलेक्टर द्वारा 30 से अधिक उम्र के लोगों की कम रजिस्ट्रेशन और जांच पर गहन नाराजगी व्यक्त की गई। उन्होंने सीएमएचओ को नोडल अधिकारी सहित इस कार्य में संलग्न सभी अधिकारी और कर्मचारी के वेतन रोकने के निर्देश दिए। बैठक में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश भी दिए।

 

 

 

 

 

शिक्षा एम पोर्टल पर उपस्थिति दें शिक्षक, अन्यथा वेतन रोकें – हर्षिका सिंह

कलेक्टर ने शैक्षणिक गतिविधियों पर दिए निर्देश

 

मण्डला 26 अगस्त 2022

शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि शालाओं में बच्चों की शतप्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करें तथा उन्हें गुणवत्तायुक्त शिक्षा प्रदान करें। शालात्यागी तथा कम उपस्थिति वाले बच्चों की सूची तैयार करें। ऐसे बच्चों से संपर्क कर उन्हें शाला आने के लिए प्रेरित करें। पालकों को भी इस संबंध में आवश्यक समझाईश दें। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में सहायक आयुक्त जनजातीय कार्यविभाग विजय तेकाम, जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता बर्वे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीनाथ सिंह, डीपीसी बीपी ठाकुर सहित संबंधित उपस्थित रहे।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि सभी शिक्षक समयपूर्व शाला पहुंचे तथा शिक्षा एम पोर्टल के माध्यम से अपनी उपस्थिति लगाएं। जो शिक्षक पोर्टल में अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं करते हैं उनका वेतन रोकें। उन्होंने इस संबंध में संकुल प्राचार्य, बीईओ तथा बीआरसी को मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों की समग्र मैपिंग का कार्य एक सप्ताह में पूर्ण कर उसकी डाटा एंट्री पूर्ण करें। ऐसे स्कूल जिनकी विमर्श पोर्टल पर एंट्री बाकी है उसे तत्काल पूरा करें। पाठ्यपुस्तकों का शतप्रतिशत वितरण सुनिश्चित करें एवं पोर्टल पर एंट्री भी करें। ऊर्जा साक्षरता की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने इस संबंध में शिक्षकों की ब्रीफिंग करने तथा कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जिन स्कूलों में विद्युतीकरण का कार्य शेष है, अपूर्ण कार्य एक माह में पूर्ण कराएं। इसी प्रकार नवभारत साक्षर अभियान के तहत चिन्हित लोगों की सूची उपलब्ध कराते हुए डेटाएंट्री सुनिश्चित करें। बैठक में उन्होंने कहा कि जन चेतना केन्द्रों को सक्रिय करें। अभियान के तहत प्राचार्य, बीईओ, बीआरसी, बीएसी, जनशिक्षक तथा शिक्षक कम से कम 10-10 निरक्षरों को साक्षर करने की जिम्मेदारी स्वीकार करें। उन्होंने कहा कि सीएम राईज स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखें। विशेष शिविर लगाकर सभी बच्चों तथा उनके पालकों का आयुष्मान पंजीयन करें। बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बच्चों के टीकाकरण तथा राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए।

 

29 अगस्त से चलेगा घर-घर दस्तक अभियान

 

बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि शालात्यागी एवं अनियमित उपस्थिति वाले बच्चों की शालाओं में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 29 अगस्त से ’घर-घर दस्तक’ अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों का सहयोग प्राप्त करते हुए शालाओं में शतप्रतिशत उपस्थिति का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शालात्यागी एवं कम उपस्थिति वाले बच्चों की सूची जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने कहा कि सभी विभागों के जिलाधिकारियों को भी इस अभियान में जोड़ा जाएगा।

 

दिव्यांग बच्चों को प्रथम पंक्ति पर बैठाएं

 

श्रीमती सिंह ने निर्देशित किया कि जो दिव्यांग बच्चे स्कूलों में पढ़ सकते हैं उनका स्कूलों में नामांकन सुनिश्चित करें। दिव्यांग बच्चों की उपस्थिति एवं शिक्षा पर विशेष ध्यान दें। घर-घर जाकर उन्हें शिक्षा के लिए प्रेरित करें। कलेक्टर ने कहा कि दिव्यांग बच्चों को कक्षाओं की प्रथम पंक्ति में बैठाना सुनिश्चित करें।

 

अच्छे परिणाम पर प्रशंसा-पत्र, खराब पर नोटिस जारी करें

 

बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने हाईस्कूल एवं हायरसेकेंडरी बोर्ड परीक्षा परिणामों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अच्छे परिणाम देने वाले प्राचार्यों एवं शिक्षकों को प्रशंसा पत्र जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खराब परीक्षा परिणाम वाले संस्थाओं के प्राचार्यों तथा शिक्षकों को नोटिस जारी करें। निराशाजनक परीक्षा परिणाम पर कलेक्टर हर्षिका सिंह ने शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल क्रमांक-2 के प्राचार्य की वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने कहा कि सभी शिक्षक पूरी क्षमता से पढ़ाएं जिससे बेहतर परीक्षा परिणाम हासिल किया जा सके।

 

 

 

 

 

अमृत योजना 2.0 से संबंधित बैठक आयोजित

 

मण्डला 26 अगस्त 2022

कलेक्ट्रेट परिसर के गोलमेज़ सभाकक्ष में शहरी विकास से संबंधित अमृत योजना के द्वितीय चरण के सम्बंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में ज़िले के नगरीय निकायों में जल प्रदाय योजना, पार्क सौंदर्यीकरण, जल स्रोतों के उन्नयन एवं अन्य बिन्दुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह सहित नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि, नगरपालिका अधिकारी, तकनीकी अमला तथा संबंधित उपस्थित थे। कलेक्टर ने बैठक में मंडला नगरपालिका के अंतर्गत मंडला शहर के लिए अमृत योजना के द्वितीय चरण में प्रस्तावित जल प्रदाय योजना की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शहर में जल प्रदाय योजना का विकास समुचित ढंग से करें। साथ ही आगामी दिनों में होने वाले शहर के विस्तार एवं जनसंख्या वृद्धि को ध्यान में रखते हुए जल प्रदाय योजना की कार्ययोजना बनाए।

श्रीमती सिंह ने अमृत योजना के तहत शहरी विकास के अंतर्गत पार्क सौंदर्यीकरण, जल स्रोतों के उन्नयन तथा अन्य मुद्दों पर विस्तृत जानकारी ली एवं आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि ने कहा की रपटा घाट स्थित पार्क के उन्नयन पर विचार किया जाए तथा उसे आमजनों की सुविधा की दृष्टि से विकसित करें। बैठक में जल स्रोतों के उन्नयन पर चर्चा के दौरान महाराजपुर के तालाब विकास पर भी चर्चा हुई। बैठक में ज़िले की नैनपुर, बम्हनी बंजर, निवास तथा भुआ बिछिया नगरपालिका एवं परिसर में अमृत योजना के द्वितीय चरण के अंतर्गत पार्क सौंदर्यीकरण, तालाब जीर्णोद्धार, जल प्रदाय कार्यक्रम से संबंधित प्रस्तावों, लागत एवं कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

 

 

 

 

 

डीपीटी एवं टीडी अभियान अब 1 से 12 सितम्बर

 

मण्डला 26 अगस्त 2022

मिशन संचालक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने डीपीटी, टीडी अभियान की तिथि में परिवर्तन संबंधी निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने समस्त सीएमएचओ, जिला टीकाकरण अधिकारी एवं बीएमओ को निर्देशित किया है कि प्रदेश में डीपीटी, टीडी अभियान 16 से 31 अगस्त 2022 तक संचालित करने के लिए निर्देशित किया गया था। प्रदेश में लगातार बारिश होने के कारण अनेक जिलों में अभियान की नियत तिथियों में परिवर्तन किए जाने से समय-सीमा में लक्ष्य प्राप्ति बाधित हुई है।

प्रदेश में लगातार बारिश को दृष्टिगत रखते हुए डीपीटी, टीडी अभियान की तिथियाँ 1 से 12 सितम्बर 2022 तक बढ़ाई गई है। 4 सितम्बर एवं 11 सितम्बर अवकाश रहेगा तथा 7 सितम्बर को कोविड-19 टीकाकरण महाभियान संचालित होगा। नियमित टीकाकरण दिवसों 2, 6 एवं 9 सितम्बर को नियमित टीकाकरण सत्र के साथ-साथ शालात्यागी बच्चों का भी डीपीटी, टीडी टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए।

 

 

 

 

 

29 को आईटीआई में केम्पस प्लेसमेंट ट्राईव

 

मण्डला 26 अगस्त 2022

शासकीय आईटीआई मंडला में 29 अगस्त 2022 को प्रातः 10:30 से यशस्वी ग्रुप द्वारा प्रतिष्ठित कंपनियों के लिए केंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया जा रहा है। केंपस प्लेसमेंट ड्राइव में टर्नर, फिटर, मशीनिस्ट, इलेक्ट्रिशियन, मोटर मैकेनिक, वेल्डर, डीजल ट्रेड के पासआउट एवं फाईनल ईयर के प्रशिक्षणार्थी शामिल हो सकते हैं। प्लेसमेंट ड्राइव में शामिल होने के लिए लिंक https://forms.gle/4hsdZzBxmtFyoXPi9 पर अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं एवं उक्त दिनांक को अपने मूल दस्तावेज के साथ उपस्थित हो सकते है।। अधिक जानकारी के लिए टीपीओ आनंद मरावी के मोबाईल नंबर 7999651705 पर संपर्क कर सकते हैं।

 

 

 

 

न्यायाधीश द्वारा किया गया जिला जेल का निरीक्षण

 

मण्डला 26 अगस्त 2022

जिला जेल अधीक्षक ने बताया कि न्यायाधीश जे.बी.एस. राजपूत चतुर्थ अपर सत्र न्याया०, विशेष न्यायाधीश द्वारा 26 अगस्त को जिला जेल मण्डला का निरीक्षण किया गया। उन्होंने जेल के बैरिक में जाकर बंदियों से उनकी समस्याएं जानी। साथ ही भोजन, साफ-सफाई, परिजनों से मुलाकात, इनकमिंग टेलीफोन, वीडियो कॉन्फ्रेसिंग पेशी, बिस्तर, कपड़े, शौचालय, महिला बंदियों से भी चर्चा कर उनके अधिवक्ता पेशी होने संबंधी जानकारी प्राप्त की। श्री राजपूत ने जेल के कंट्रोल रूम में सी.सी.टी.व्ही. कैमरे तथा बंदियों के स्वास्थ्य की जानकारी, जेल अस्पताल में बंदियों का उपचार होने, जेल में साक्षर हो रहे बंदियों की जानकारी तथा उप अधीक्षक तथा जेल अधीक्षक के द्वारा प्रति रविवार बंदियों की समस्या जानने एवं निराकरण करने का कार्यक्रम होने तथा बंदियों को जेल में अनुशासन से रहने की प्रेरणा देने के लिए किये जा रहे कांउसलिंग की जानकारी प्राप्त की।

 

 

 

 

 

 

जिले की औसत वर्षा की जानकारी

 

मण्डला 26 अगस्त 2022

जिले में इस वर्ष एक जून से 26 अगस्त के दौरान 1084.7 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 687.1 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 397.6 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

 

1 कोरोना केस मिला

 

मण्डला 26 अगस्त 2022

25 अगस्त 2022 की शाम 3 बजे से 26 अगस्त 2022 की शाम 3 बजे तक जिले में 1 नया कोरोना पॉजिटिव केस मिला है। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बुंदेलीखोह निवासी 45 वर्षीय महिला की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई है। संक्रमित को आईसोलेशन में रखा गया है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जनसामान्य से मॉस्क लगाने तथा सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने का आव्हान किया है।

 

 

Related posts

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री कुलस्ते का दौरा कार्यक्रम

Reva India News

कलेक्टर ने किया दिव्यांग ई-लाईब्रेरी का निरीक्षण

Reva India News

पुरूष नसबंदी शिविर होंगे 28 नवम्बर से 4 दिसम्बर तक

Reva India News

Leave a Comment