हर घर-हर परिवार का व्यक्ति गौरव दिवस के आयोजन से जुड़े
जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में ’गौरव दिवस लोगो’ एवं ’ग्राफिक्स’ का हुआ अनावरण
मंडला 5 नवम्बर 2022
डाइट मंडला में आगामी एवं 14 एवं 15 नवंबर को मंडला ज़िले के गौरव दिवस के आयोजन के संबंध में जनप्रतिनिधि, समाजसेवियों पदाधिकारी तथा जिला प्रशासन की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने उपस्थितजनों को जानकारी दी कि आगामी 14 एवं 15 नवंबर को मंडला ज़िले का गौरव दिवस मनाया जाएगा। उन्होंने आग्रह किया कि इस आयोजन में ज़िले का हर घर, हर परिवार का व्यक्ति शामिल हो। यह आयोजन जिला प्रशासन का आयोजन न होकर ज़िले के प्रत्येक निवासी का आयोजन है। अनावरण कार्यक्रम में मंडला विधायक देवसिंह सैयाम, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमलेश तेकाम, नगरपालिका उपाध्यक्ष अखिलेश कछवाहा, सांसद प्रतिनिधि जयदत्त झा एवं प्रफुल्ल मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड़, अपर कलेक्टर मीना मसराम, एएसपी गजेंद्र कवर, पूर्व नगरपालिका उपाध्यक्ष गिरीश चंदानी, समाजसेवी, जनप्रतिनिधिगण, पदाधिकारीगण सहित संबंधित अधिकारी तथा स्थानीयजन उपस्थित थे।
जिला प्रशासन द्वारा जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में गौरव दिवस का “लोगो” एवं ग्राफिक्स (फ्लेक्स) लॉन्च किए गए। साथ ही 14 एवं 15 नवम्बर को मंडला गौरव दिवस के आयोजन के लिए मशाल जलाकर सभी तहसीलों के लिए रवाना की गई। यह मशाल सभी तहसीलों में पहुंचकर गौरव दिवस के आयोजन का संदेश देगी तथा स्थानीय लोगों को आयोजन में शामिल होने प्रेरित करेगी। मशाल जलाकर एसडीएम नैनपुर को मशाल सौपी गई। इसके पश्चात् विधायक मंडला देवसिंह सैयाम ने प्रतीकात्मक रूप से मशाल को नैनपुर तहसील के लिए रवाना किया। बैठक में उपस्थितजनों ने गौरव दिवस के आयोजन के संबंध में सुझाव भी दिए।
14 को ये रहेंगे कार्यक्रम, मुख्य आकर्षण ’फुड फेस्टिवल’
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने डाईट सभागार में बताया कि गौरव दिवस के आयोजन के पहले दिन अर्थात 14 नवंबर को प्रातः 7 बजे जिला मुख्यालय के सभी वार्डों से प्रभातफेरी निकलेगी। इसके पश्चात नर्मदा तट पर स्थित कुंभस्थल पर योगाभ्यास किया जाएगा। योगाभ्यास के साथ ही गौरव दिवस कार्यक्रम का आधिकारिक शुभारंभ होगा। 14 नवंबर को दोपहर 1 बजे ’’आओ जानें मंडला’’ की थीम पर बच्चों एवं आमजनों के साथ पैंटिंग, प्रश्नोत्तरी, रंगोली एवं अलग-अलग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 3 बजे होमगार्ड एवं स्थानीय मछुआ साथियों के द्वारा नर्मदा तट पर संयुक्त रूप से नौका प्रदर्शन किया जाएगा। शाम 4 बजे कलेक्ट्रेट से लेकर बैगा-बैगी चौक तक के मार्ग पर फुड फेस्टिवल आयोजित होगा जिसमें स्थानीय व्यंजन जैसे- मंडला थाली, जनजातीय पेज एवं पौष्टिक आहार परोसे जाएंगे। इस दौरान संगीत का आयोजन भी किया जाएगा। शाम 7ः30 बजे माँ नर्मदा तट पर महाआरती का आयोजन होगा एवं 51 हजार दीप जलाए जाएंगे। रात 8 बजे छोटे रपटा पुल पर आतिशबाजी का आयोजन होगा।
15 नवंबर के आयोजन, मुख्य आकर्षण लेजर शो
गौरव दिवस के दूसरे दिन 15 नवंबर को प्रातः 7 बजे जिला मुख्यालय के सभी वार्डों से स्थानीय निवासियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों तथा स्कूली बच्चों के साथ रैली निकालकर स्टेडियम ग्राउंड मंडला जिले का नक्शा बनाया जाएगा। स्टेडियम ग्राउंड में जुम्बा डांस का आयोजन होगा। 15 नवंबर को 11 से 1 बजे तक राजराजेश्वरी मंदिर से आंगनवाड़ी एवं स्व-सहायता समूह की महिलाओं, दीदियों एवं स्थानीय महिलाओं के द्वारा भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा एवं समस्त नगरवासियों तथा समाजिक संगठनों की उपस्थिति में माँ नर्मदा में चुनरी अर्पण का कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसी के साथ शहर के मुख्य चौराहों एवं रास्तों पर सांस्कृतिक गतिविधियों के अंतर्गत लोकनृत्य, संगीत, रंगोली आदि का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
शाम 4 बजे से पुलिस लाईन में मुख्य कार्यक्रम
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बताया कि गौरव दिवस के द्वितीय दिवस 15 नवंबर की शाम 4 बजे से पुलिस लाईन ग्राउंड मंडला में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं जनजातीय मेले का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम में अलग-अलग विभागों के स्टॉल्स लगेंगे। साथ ही जनजातीय संस्कृति का परिचय देते आयोजन भी होंगे। मुख्य कार्यक्रम में मंडला जिले के विख्यात कलाकारों के साथ-साथ अन्य राज्यों के प्रतिष्ठित कलाकार भी शामिल होंगे। लेजर शो 15 नवंबर की शाम का मुख्य आकर्षण होगा। लेजर शो के माध्यम से माँ नर्मदा की यात्रा, जिले का इतिहास तथा जिले की पहचान वन्यजीवों के बारे में बताया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम में मंडला जिले को गौरवान्वित करने वाले अलग-अलग क्षेत्रों की हस्तियों को आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा।
आयोजन को उत्सव के रूप में मनाने की अपील
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने ’गौरव दिवस’ के आयोजन के संबंध में डाईट मंडला में आयोजित बैठक में कहा कि सभी जिलेवासी 14 एवं 15 नवंबर के आयोजन को एक उत्सव के रूप में मनाएं तथा सक्रिय रूप से सहभागी भी बनें। प्रत्येक व्यक्ति 2 दिवस के आयोजन के दौरान होने वाली गतिविधियों में जरूर भाग लें। उन्होंने मुख्यालयवासियों से अपील की है कि दिवाली के दौरान होने वाली घरों की साज-सज्जा एवं लाईटिंग आदि को गौरव दिवस के आयोजन के दौरान भी सुनिश्चित करें।
’गौरव दिवस लोगो’ को अपनी व्हाट्सऐप डीपी बनाएं
गौरव दिवस के आयोजन के लिए जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में ’लोगो’ एवं ग्राफिक्स (फ्लैक्स) का अनावरण किया गया। ’लोगो’ में मंडला जिले की पहचान रामनगर किला, माँ नर्मदा तथा वन्यजीव हैं। गौरव दिवस का स्लोगन ’हमर मंडला’ समस्त जिलेवासियों को इस आयोजन से जुड़ने का आव्हान करता है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं स्थानीयजनों से आग्रह किया है कि गौरव दिवस ’लोगो’ को गौरव दिवस आयोजन तक अपने व्हाट्सऐप की डीपी बनाएं। साथ ही अपने परिजनों, मित्रों को फेसबुक सहित अन्य सोशलमीडिया प्लेटफॉर्म पर भी लगाकर व्यक्तिगत स्तर पर भी इस आयोजन के प्रचार-प्रसार में सहयोग करें।

विधिक सेवा प्राधिकरण मण्डला द्वारा अनेक गतिविधियां आयोजित
मंडला 5 नवम्बर 2022
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर तथा माननीय आर.एस. शर्मा, प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष महोदय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंडला के आदेशानुसार एवं श्री डी0आर0 कुमरे सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंडला के मार्गदर्शन में 31 अक्टूबर 2022 से 13 नवम्बर 2022 तक चलाये जा रहे ’एंपावरमेंट ऑफ सिटीजन थ्रो लीगल अवेयरनेस एंड आउटरीच’ के अंतर्गत 5 नवम्बर 2022 को विधि विद्यार्थियों तथा पैरालीगल वालेंटियर्स के द्वारा ग्राम अंजनिया, पौंड़ी, मोहनटोला, प्रेमपुर, भर्वदा, केहरपुर, पेटेगांव, नांदिया, थांडा, जिलारी, फूलसागर, पौंड़ी महाराजपुर, बाजा, बोरिया, ढेको, सकवाह में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित कर तथा डोर-टू-डोर कैंपेन कर निःशुल्क विधिक सहायता एवं सलाह योजना की जानकारी दी। साथ ही मौलिक अधिकार, मौलिक कर्तव्य, घरेलू हिंसा के संबंध में भी जागरूक किया। इस अभियान में मोक्षिमा रघुवंशी, स्वाती विश्वकर्मा, कुमकुम तेकाम, धारेन्द्र उपाध्याय, साक्षी दुबे, हरसला सिंधिया, सलील सिंह, करीना चौरसिया, मुस्कान सौदागर, शालिनी तिवारी, सेजल कछवाहा, कुमकुम कछवाहा तथा पी०एल०व्ही0 गणेश प्रसाद पटैल एवं चन्द्रलता कछवाहा ने भाग लिया।

केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री का मंडला आगमन 7 नवंबर को
मंडला 5 नवम्बर 2022
अपर कलेक्टर से प्राप्त जानकारी के अनुसार केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री भारत सरकार नितिन गडकरी का 7 नवंबर 2022 को मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी का 7 नवंबर को प्रातः 11:10 बजे महाराजपुर संगमघाट हेलीपेड में आगमन होगा तथा 11:15 बजे हेलीपेड से पुलिस ग्राउंड मंडला के लिए प्रस्थान करेंगे। इसके बाद वे प्रातः 11:30 बजे नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट का शिलान्यास करेंगे। इसके पश्चात दोपहर 12:30 बजे पुलिस ग्राउंड से हेलीपेड महाराजपुर संगमघाट के लिए रवाना होकर हेलीकॉप्टर द्वारा जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

लोक निर्माण, कुटीर एवं ग्रामोद्योग मंत्री का दौरा कार्यक्रम
मण्डला 5 नवंबर 2022
लोक निर्माण, कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग मंत्री गोपाल भार्गव का 7 नवंबर 2022 को जिला मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री भार्गव 7 नवंबर को प्रातः 11:10 बजे हेलीकॉप्टर से मंडला पहुंचेंगे एवं पुलिस ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। लोक निर्माण विभाग मंत्री गोपाल भार्गव दोपहर 12:45 बजे मंडला से हेलीकॉप्टर से जबलपुर के लिए रवाना होंगे।

खाद्य सामग्रियों के गबन पर एफआईआर दर्ज
मंडला 5 नवम्बर 2022
जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि विकासखण्ड नारायणगंज अन्तर्गत आदिम जाति सेवा सहकारी संस्था नारायणगंज के द्वारा संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान माड़ोगढ़ के विरूद्ध पुलिस थाना टिकरिया में आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत अनियमितता का प्रकरण दर्ज कराया गया है। विक्रेता राजेन्द्र शर्मा द्वारा 8 लाख 71 हजार 151.58 रूपए का गेहूं, चावल, शक्कर, मूंग एवं केरोसीन का गबन किये जाने पर एफआईआर दर्ज कराई गई है।

फोटो निर्वाचक नामावली की विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण बैठक 9 को
मंडला 5 नवम्बर 2022
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश भोपाल द्वारा भारत निर्वाचन आयोग के दिये निर्देशानुसार फोटो निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2023 का कार्यक्रम जारी किया गया है। जारी कार्यक्रम के तहत एकजाई प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशन 9 नवंबर 2022 को किया जाकर दावे आपत्ति दर्ज करने की अवधि 8 दिसम्बर 2022 निर्धारित की गई है के साथ ही 12 नवंबर 2022, 13 नवंबर 2022, 19 नवंबर 2022 एवं 20 नवंबर 2022 को प्रत्येक मतदान केन्द्र में विशेष कैम्प भी आयोजित किये जायेंगे।
फोटो निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण वर्ष 2023 के संबंध में 9 नवंबर 2022 को कैम्पस एम्बेसडर एवं नोडल अधिकारी की बैठक का आयोजन दोपहर 12 बजे से जिला योजना के सभाकक्ष मण्डला में किया गया है। सभी नोडल अधिकारी, कैम्पस एम्बेसडर को बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

सरकारी कर्मचारियों की मौजूदगी में वितरित होगा उर्वरक
मंडला 5 नवम्बर 2022
उपसंचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास ने बताया कि डबललॉक, सहकारी समितियों एवं निजी दुकानों पर सरकारी कर्मचारियों की निगरानी में यूरिया का वितरण होगा। किसानों के लिए उर्वरक की शासकीय दर अंतर्गत यूरिया 266.50, डी.ए.पी. 1350, एस.एस.पी.425, पोटाश 1700, एन.पी.के. 1470 प्रति बैग निर्धारित की गई है। सरकारी सोसायटी, डबललॉक एवं निजी दुकानों पर किसानों को इसी दर में विक्रय किया जाएगा। किसानों को निर्धारित दर पर उर्वरक विक्रय करवाने हेतु शासकीय कर्मचारी व अधिकारी की डयूटी लगाने की कार्यवाही कर दी गई है।
उप संचालक कृषि ने बताया कि अगर दुकानदार किसानों को अधिक दाम में यूरिया बेच रहे हैं तो उनके विरूद्ध जांच के बाद उचित कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशानुसार निजी दुकानों पर उर्वरकों का विक्रय सरकारी कर्मचारियों की मौजूदगी में किया जाएगा। पूरे जिले में राजस्व एवं कृषि विभाग के द्वारा निजी उर्वरक विक्रेताओं की दुकानों का निरीक्षण किया गया।

स्वीप कार्ययोजना के लिए मिनी सिंह आईकॉन नियुक्त
मंडला 5 नवम्बर 2022
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह द्वारा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2023 के संबंध में स्वीप कार्ययोजना के सुचारू संचालन के लिए मिनी सिंह माध्यमिक शिक्षक, कन्या शिक्षा परिसर चटुआमार, विकासखण्ड मण्डला को जिला आईकॉन नियुक्त किया गया है।

म.प्र. स्थापना दिवस आयोजन: व्यंजन एवं रंगोली प्रतियोगिता आयोजित
मंडला 5 नवम्बर 2022
रेड क्रॉस भवन में परियोजना मण्डला के द्वारा मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के तारतम्य में मिलेट्स (मोटे अनाज) आधारित व्यंजन प्रतियोगिता एवं मध्यप्रदेश स्थापना दिवस थीम आधारित रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। व्यंजन प्रतियोगिता में महिला एवं बाल विकास परियोजना मण्डला की कार्यकर्ता सहायिका एवं किशोरी बालिकाएं प्रतिभागी रहीं, इनके द्वारा 6 माह से 1 वर्ष, 1 से 6 वर्ष के बच्चे, गर्भवती एवं धात्री माताएं एवं किशोरी बालिकाओं के लिये व्यंजन तैयार किये जिनमें कैलोरी, प्रोटीन, आयरन एवं फाईबर आदि प्रचूर मात्रा में सम्मिलित थे। सभी प्रतिभागियों ने कोदो कुटकी, मक्का, ज्वारबाजरा एवं स्थानीय सब्जियों का प्रयोग कर व्यंजन तैयार किये। उक्त कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी श्वेता तड़वे, सहायक संचालक रोहित बड़कुल, बाल कल्याण समिति सदस्य योगेश पाराशर, आशीष मिश्रा, किरण ठाकुर निर्णायक की भूमिका रही। निर्णायक मण्डल द्वारा व्यंजनों को चखकर एवं पोषक तत्वों की प्रचुरता के आधार पर सरिता पटैल प्रथम, संध्या बरमैया द्वितीय स्थान, रजनी गौतम को तृतीय स्थान दिया गया। इसी क्रम में रंगोली प्रतियोगिता में शिवि विश्वकर्मा ने प्रथम, उन्नति चंदेल ने द्वितीय एवं महजवीन बेगम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को स्मृति चिन्ह अतिथियों के द्वारा प्रदान किये गये। उक्त कार्यक्रम में परियोजना अधिकारी अनूप कुमार नामदेव, संरक्षण अधिकारी सौरभ पटवा, समस्त पर्यवेक्षक, कार्यकर्ता एवं वन स्टाप सेंटर के कर्मचारी उपस्थित रहे।

’’प्रदेश के विकास में सहभागी बनें विद्यार्थी‘‘ – डॉ. व्ही.के. चौरसिया
‘‘एक जिला एक उत्पाद‘‘ पर आयोजित हुआ कार्यक्रम
मंडला 5 नवम्बर 2022
मध्यप्रदेश को भारत का हृदयप्रदेश कहा जाता है, देश दिल कहा जाता है। अतः इसके विकास में युवा विद्यार्थियों को आगे आकर सहभागी बनना चाहिए। उक्त प्रेरणास्पद विचार मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के चौथे दिन रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मण्डला में ’’एक जिला एक उत्पाद’’ विषय पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में कही गई। 1 से 7 नवंबर तक विविध रचनात्मक गतिविधियां महाविद्यालय में आयोजित हो रहीं हैं। यहां आप अपने कौशल प्रदर्शन से प्रदेश के विकास हेतु विचार रखें और तदानुरुप कार्य करें। डॉ. रमा गुप्ता ने प्रदेश के विकास में मण्डला जिले की संभावित योगदान एवं उभरते विविध पक्षों से अवगत कराते हुए कहा कि मण्डला जिला कृषि वन मानव खनिज औषधी पर्यटन इत्यादि की दृष्टि से समृद्ध है। स्वाद की दृष्टि से यहां का गुड़ श्रेष्ठ हैं। आवश्यकता है इन क्षेत्रों में समर्पित होकर कार्य करने की। संयोजक डॉ. अनिता झारिया ने कार्यक्रम की रुपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से अपने वैचारिक पक्ष द्वारा प्रदेश के विकास में सहभागी बनने का विद्यार्थियों के लिए एक सुनहरा अवसर है। प्राचार्य डॉ. राजेश चौरसिया के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में भाषण निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। निबंध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान निकिता बंजारा, द्वितीय शिफा खान एवं दीक्षा कछवाहा, तृतीय काजल झारिया ने प्राप्त किया। भाषण में निक्की चौबे प्रथम, अंकित पटेल द्वितीय एवं शालीनि पटेल ने तृतीय तथा पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान संध्या राजपूत, द्वितीय मोहनीश धुर्वे, प्रिया उसराठे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

भू-सर्वेक्षण के लिए अधिसूचना जारी
मंडला 5 नवम्बर 2022
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार भू-सर्वेक्षण के लिए ग्रामीण क्षेत्र अधिसूचित किए गए कलेक्टर ने जारी की अधिसूचना मध्यप्रदेश भू-राजस्व संहिता नियम, 2020 के नियम-14 में अंतरविष्ट उपबंधों के अनुशरण में कलेक्टर एवं जिला सर्वेक्षण अधिकारी हर्षिका सिंह ने घोषित किया है, कि आयुक्त भू-अभिलेख मध्यप्रदेश द्वारा जारी अधिसूचना क्रमांक एफ-15-03-2022-सात-7, 22 जुलाई 2022 जो कि राजपत्र में प्रकाशित की गई है जिसमें वर्णित क्षेत्र भू-सर्वेक्षण के अधीन अधिसूचित किये गये हैं। बिछिया तहसील के पटवारी हल्का नबंर 39 का ग्राम बोतलबहरा (मानेगांव), पटवारी हल्का नबंर 132 का ग्राम इंद्रा, पटवारी हल्का नबंर 163 का ग्राम चीमागुंदी एवं ग्राम टटमा, पटवारी हल्का नबंर 155 का ग्राम खक्साटांड, पटवारी हल्का नबंर 153 का ग्राम नवनादर जो नगरीय निकाय के अंतर्गत नही है एवं ग्रामीण क्षेत्र में है जारी अधिसूचना के अनुसार भू-सर्वेक्षण के दौरान नवीन अधिकार अभिलेख तैयार किया जायेगा। जिसमें समस्त खातेदारों के नाम, उनके अंश, दायित्व तथा सुखाचार अधिकार अभिलिखित किये जायेंगे तथा ग्रामों के लिए निस्तार पत्रक तथा वाजिव-उल-अर्ज भी तैयार किया जायेगा। उन सभी व्यक्तियों से जो कि प्रभावित हो सकते है यह अपेक्षा की जाती है, कि वे उक्त सर्वेक्षण संक्रियाओं के दौरान अपने क्षेत्र में उपस्थित रहे तथा अभिनियोजित कर्मचारियों को सहयोग करें, तथा भूमि पर उनके स्वत्व, सीमा, अंशों, दायित्वों और अधिकारों को उपलब्ध कराये कृषक हित के इस कार्य के लिए जनसहयोग अपेक्षित है।

आवारा पशु के बाहर घूमने पर अर्थदंड
मंडला 5 नवम्बर 2022
प्राप्त जानकारी के अनुसार मवेशियों अथवा अन्य पशुओं को सार्वजनिक सड़कों अथवा स्थानों पर खुला छोड़ना अथवा बांधना जो कोई भी जानबूझकर अथवा उपेक्षापूर्वक किसी मवेशी अथवा अन्य पशु को सार्वजनिक सड़क अथवा स्थान पर खुला छोड़ता है अथवा बांधता है, जिसके कारण किसी व्यक्ति को क्षति होती है या संपत्ति को नुकसान होता है या लोक यातायात को बाधा पहुंचती है या संकटापन्न होता है या लोक न्यूसेंस कारित होता है, तो वह, राज्य सरकार द्वारा विहित जुर्माने से, जो एक हजार रुपये से अधिक का नहीं होगा, दंडनीय होगा।

जिला वन अधिकार समिति की बैठक संपन्न
मंडला 5 नवम्बर 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह की अध्यक्षता में जिला वन अधिकार समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में शासन के दिशा-निर्देशानुसार वनग्रामों को राजस्व ग्रामों में परिवर्तन के उपखंड स्तरीय वन समिति से प्राप्त वनग्राम प्रस्तावों का परीक्षण किया गया। बैठक में कुल प्रस्तावित 79 वन ग्रामों के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। उपखंड बिछिया के चार वनग्राम राजस्व ग्राम में पूर्व में 22 जुलाई 2022 के गजट नोटिफिकेशन अनुसार परिवर्तित हो चुके हैं जिसमें पनारीखेड़ा (नवनादर), टटमा (बंदरवाडी), किकरामाल (खिकसाटाड), इंद्रा शामिल है। 73 वन ग्रामों के प्राप्त दावों को जिला स्तरीय वन अधिकार समिति द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई।

