Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला 4 नवम्बर 2022

केंद्रीय मंत्री एवं मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियों का जायजा

 

मंडला 4 नवम्बर 2022

                कलेक्टर हर्षिका सिंह ने 7 नवम्बर को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रस्तावित मंडला कार्यक्रम के मद्देनज़र तैयारियों का जायज़ा लिया। उन्होंने पुलिस लाइन ग्राउंड पहुंचकर कार्यक्रम के बारे में चर्चा करते हुए तैयारियां देखी। श्रीमती सिंह ने कार्यक्रम में बैठक व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर संबंधित अधिकारियों से ज़रूरी जानकारी ली तथा आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि सभी तैयारियां समय पूर्व पूर्ण करें। इस दौरान एडीएम मीना मसराम, ईईपीआईयू श्री पटले, पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी एवं संबंधित उपस्थित थे।

 

 

 

 

बड़ी खैरी में उर्वरक भंडारण का हुआ औचक निरीक्षण

 

मंडला 4 नवम्बर 2022

                कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बड़ी खैरी स्थित वेयरहाउस का औचक निरीक्षण करते हुए वहाँ भंडारित किए जा रहे फर्टिलाइजर्स का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से वेयरहाउस में भंडारित उर्वरकों की जानकारी ली। उन्होंने किसानों को भंडारण वितरण की व्यवस्था के बारे में जानकारी लेते हुए सख्त निर्देश दिए कि प्रत्येक किसान की पात्रता के अनुसार उसे उर्वरक वितरण किया जाए। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि खाद के वितरण के समय पूरी पारदर्शिता बरती जाए। उन्होने वेयरहाउस के व्यवस्थित रख-रखाव के भी ज़रूरी निर्देश दिए। उन्होंने खाद वितरण की व्यवस्था के संबंध में दस्तावेजों की पड़ताल भी की। इस दौरान एडीएम मीना मसराम सहित संबंधित उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

बीएलओ सक्रिय रहें, निर्वाचक नामावली को गंभीरता से तैयार करें – राज्य निर्वाचन आयोग

 

मंडला 4 नवम्बर 2022

                राज्य निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी कलेक्टर एवं कमिश्नर्स की बैठक ली। बैठक में उन्होने कहा कि सभी बीएलओ सक्रिय रहें तथा अपने निर्धारित समय पर उपस्थित रहे। सभी बीएलओ निर्वाचक नामावली की समस्त प्रक्रियाओं को उसी दिन गरूड़ ऐप पर अपलोड करें। उन्होने कहा कि निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 5 जनवरी को किया जाएगा, इसके पहले पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े। आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों ने निर्देशित किया कि सभी ज़िलों में लिंगानुपात एवं मतदाता अनुपात का मिलान सुनिश्चित किया जाए। इसी प्रकार महिला मतदाताओं का नाम जोड़ने के लिए विशेष प्रयास करें। एनआईस कक्ष में कलेक्टर हर्षिका सिंह, एडीएम मीना मसराम एवं संबंधित उपस्थित थे।

राज्य निर्वाचन आयोग ने बैठक में निर्देश दिए कि मतदाताओं के ब्लैक एंड व्हाइट फ़ोटो की जगह कलर फ़ोटो लगाने के बारे में जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार करें। उन्होंने बताया कि यह समस्त प्रक्रिया निःशुल्क है। आयोग ने सभी कलेक्टर्स को निर्देशित किया कि राजनैतिक दलों एवं मीडिया के साथ बैठक कर निर्वाचक नामावली के अंतर्गत सम्पन्न की जा रही विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी दें। उन्होने कहा कि हर मतदान केंद्रों पर भी ड्राफ्ट रोल का वाचन किया जाए, मतदाताओं की परेशानी सुने तथा उसका निराकरण सुनिश्चित करें।

 

9 तारीख को होगा रैली का कार्यक्रम

 

आयोग ने सभी कलेक्टर्स को निर्देशित किया कि मतदाता जागरूकता एवं विभिन्न प्रक्रियाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए 9 नवम्बर को साईकिल रैली या पैदल रैली का आयोजन करें। उन्होंने सभी कलेक्टर्स को निर्देशित किया कि इस रैली में स्थानीय क्षेत्र के विख्यात व्यक्ति, कैंपस एंबेसडर, नए मतदाता, यूथ आईकन, स्कूल, कॉलेज, पॉलीटेक्निक के बच्चे आदि की सहभागिता भी सुनिश्चित किया जाए।

 

 

 

 

 

 

ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण

 

मण्डला 4 नवंबर 2022

                कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने पॉलिटेक्निक कॉलेज मंडला परिसर स्थित नवीन ईवीएम एवं वीवीपेट वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाऊस की सुरक्षा संबंधी एवं सफाई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से वेयरहाऊस के निरीक्षण के दौरान आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी मीना मसराम संबंधित उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

 

विधिक सेवा प्राधिकरण मण्डला द्वारा अनेक गतिविधियां आयोजित की गई

 

मंडला 4 नवम्बर 2022

                राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर तथा माननीय आर.एस. शर्मा, प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष महोदय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंडला के आदेशानुसार एवं श्री डी0आर0 कुमरे सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंडला के मार्गदर्शन में ’एंपावरमेंट ऑफ सिटीजन थ्रो लीगल अवेयरनेस एंड आउटरीच’ एवं हक हमारा भी है 75 अभियान के अंतर्गत विधि विद्यार्थियों की टीम गठित की गई। 4 नवम्बर को निम्नानुसार स्थानों पर गठित टीमों द्वारा विधिक जागरूकता शिविर आयोजित कर ग्रामवासियों को मौलिक अधिकार एवं मौलिक कर्तव्य, निःशुल्क विधिक सहायता योजना की जानकारी दी तथा योजनाओं से संबंधित पम्पलेट्स वितरित किये।

टीम ब- विधि विद्यार्थीगण सलिल सिंह, करीना चौरसिया, मुस्कान सौदागर द्वारा ग्राम सेमरखापा, बनियातारा, पेहजवारा, पहड-कटंगी में उक्त कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार कर पम्पलेट्स वितरित किये गये। इसी प्रकार टीम स- विधि विद्यार्थीगण धीरेन्द्र उपाध्याय, साक्षी दुबे, हरसला द्वारा बकौरी, जंतीपुर, टिकरिया में, टीम द- विधि विद्यार्थीगण हिमांशु झारिया, कुमकुम, आकांक्षा द्वारा ग्राम तिंदनी, गाजीपुर में तथा टीम ई- विधि विद्यार्थीगण शालिनी तिवारी, सेजल कछवाहा एवं भूपेन्द्र द्वारा ग्राम बिनैका में उक्त कार्यकम का प्रचार-प्रसार कर पम्पलेट्स वितरित किये गये।

 

 

 

 

 

 

स्ट्रीट फूड वेंडर्स का प्रशिक्षण संपन्न

 

मंडला 4 नवम्बर 2022

                कलेक्टर हर्षिका सिंह के आदेशानुसार चाट फुल्की एवं स्ट्रीट फूट वेडर्स के लिये खाद्य सुरक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं नगरपालिका की संयुक्त टीम के द्वारा मंडला जिले के विभिन्न विकासखंडों एवं ग्राम पंचायत स्तर पर प्राशिक्षण कार्य एवं खाद्य रजिस्ट्रेशन, लायसेंस केम्प का आयोजन किया गया। जिसमें चाट फुल्की एवं स्ट्रीट फूड वेंडर्स (फेरी खाद्य विक्रेता) जैसे- चाट फुल्की, आलूबडा, समोसा, मंगोडी, गन्ना रस, जलेबी, फास्ट फूड जैसे चाउमीन, नूडल्स, मोमोस इत्यादि विक्रेताओं को कार्यशाला में प्राशिक्षित कर उनके खाद्य रजिस्ट्रेशन बनवाये गये। प्रशिक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा प्रशासन मंडला के द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने हेतु निर्देशित किया गया। प्राशिक्षण में स्ट्रीट फूड वेंडर्स को स्वास्थ्य, स्वच्छता, खाद्य हैंडलिंग, गाड़ी की स्वच्छता, कीट नियंत्रण, कचरा निपटान के बारे में प्राशिक्षण दिया गया। एक सप्ताह तक चले प्रशिक्षण कार्यक्रम में संयुक्त टीम के द्वारा मंडला, बम्हनी, नैनपुर, निवास, नारायणगंज, बीजाडांडी, बिछिया, मवई, घुघरी, मोहगांव, चाबी जाकर स्ट्रीट फूड वेंडर्स को प्रशिक्षण दिया गया।

 

 

 

 

 

 

डाइट में 11 बजे गौरव दिवस के संबंध में बैठक आज

गौरव दिवस के लिए बनाए गए लोगो एवं ग्राफिक्स का होगा अनावरण

 

मंडला 4 नवम्बर 2022

                जिला प्रशासन द्वारा 14 एवं 15 नवंबर को मंडला ज़िले का गौरव दिवस मनाया जा रहा है। इन 2 दिवसीय कार्यक्रम में सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों का आयोजन होगा। साथ ही प्रसिद्ध लोक कलाकारों की आकर्षक प्रस्तुति की भी होगी। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बताया कि 5 नवंबर को प्रातः 11 बजे डाइट मंडला के सभागार में जनप्रतिनिधियों तथा समाजसेवियों के साथ बैठक होगी। बैठक में गौरव दिवस के संबंध में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही इस बैठक में गौरव दिवस के लिए बनाए गए ग्राफिक्स एवं लोगों का अनावरण भी किया जाएगा। कलेक्टर ने ज़िलेवासियों से आग्रह किया है कि गौरव दिवस के आयोजन के संबंध में यदि किसी भी व्यक्ति के पास अच्छे सुझाव हो तो इस बैठक में उपस्थित होकर अपने सुझाव दे सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

एमपी फॉर्मगेट ऐप’’ डाऊनलोड कर इंस्टॉल करें किसान

 

मंडला 4 नवम्बर 2022

                सचिव कृषि उपज मंडी समिति बिछिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश के कृषकों की कृषि उपज उनके खलिहान, घर से ही विक्रय हो सके और उनको उनकी उपज के सही मूल्य और तुरन्त भुगतान सुनिश्चित हो सके इस हेतु मध्यप्रदेश शासन की मंशा अनुसार मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड द्वारा म0प्र0 फॉर्म गेट ऐप बनाया गया है। कृषक ऐप पर अपनी फसल के ऑफर दे सकते हैं। जो इस मण्डी के सारे व्यापारियों को उनके लॉगिन पर उपलब्ध होगा। व्यापारी इस ऑफर पर अपना रेट दे सकते हैं और कृषक द्वारा मंजूर होने पर सौदा पत्रक बना सकते हैं। कृषक लॉगिन पर ऐप द्वारा सौदा एवं भुगतान पत्रक की सुविधा प्रदान की गई है। ऐप पर बनाये गये सौदा एवं भुगतान पत्रक के विवरण उपलब्ध रहेगा। ऐप के माध्यम से होने वाला विक्रय संव्यवहार पर विकेता कृषक को कृषि उपज मण्डी अधिनियम 1972 के प्रावधान की वैधानिक सुरक्षा प्राप्त होगी तथा किसी विवाद की स्थिति में संबंधित मण्डी समिति मध्यस्थता कर सकेगी। इस सुविधा का लाभ लेने हेतु कृषक अपने एण्ड्रॉयड मोबाईल पर प्ले स्टोर पे जाकर एमपी फॉर्मगेट ऐप डाउनलोड कर इन्स्टॉल करेंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

राज्य एवं जिला स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह 7 को

 

मंडला 4 नवम्बर 2022

                राज्य शासन के निर्देशानुसार 7 नवंबर 2022 को सायं 6:30 बजे राज्य स्तरीय पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन रविन्द्र भवन भोपाल में किया जाएगा। उक्त कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यपाल होंगे। इस कार्यक्रम का लाइव वेबकास्ट किया जाएगा। रविन्द्र भवन में आयोजित कार्यक्रम हेतु डीआईएएस प्लान एवं मिनिट-टू-मिनिट कार्यक्रम सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा सक्षम अनुमोदन पश्चात् तैयार किया जाएगा। रविन्द्र भवन में मंच व्यवस्था, मंच संचालन एवं ब्रांडिंग की व्यवस्था मध्यप्रदेश माध्यम द्वारा की जाएगी। प्रत्येक जिले में जिला स्तरीय पुरस्कार वितरण कार्यक्रम 7 नवंबर 2022 को सायं 6 बजे से प्रारंभ किया जाए। उक्त कार्यक्रम के लिए मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का निर्धारण जिला कलेक्टर द्वारा प्रभारी मंत्री के परामर्श से किया जाएगा। सर्वप्रथम सायं 6 बजे से 6:30 बजे के बीच भाषण व उदबोधन होगा। प्रत्येक जिला सायं 6:30 बजे से राज्य स्तरीय कार्यक्रम का प्रसारण सुनिश्चित करेंगे। राज्य स्तरीय कार्यक्रम समाप्त होने पर प्रत्येक जिला डीलिंक होकर जिला स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह सम्पन्न करायेंगे। 7 नवंबर 2022 को पूर्व निर्धारित मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के अंतर्गत जारी स्वीकृति पत्र व अन्य लाभ के वितरण से संबंधित समारोह आयोजित नहीं किया जाएगा एवं इस संबंध में पृथक से सूचित किया जाएगा।

 

 

 

 

 

 

 

जिले के इतिहास और संस्कृति पर आधारित है गौरव दिवस – हर्षिका सिंह

 

मंडला 4 नवम्बर 2022

                14 एवं 15 नवंबर को आयोजित होने वाले गौरव दिवस के संबंध में आयोजित खण्ड शिक्षा अधिकारी, शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों के प्राचार्य, बीआरसी एवं जनशिक्षकों की बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि यह आयोजन जिले के गौरवशाली इतिहास और संस्कृति पर आधारित है। जिले का प्रत्येक नागरिक इस आयोजन में पूरे उत्साह के साथ सहभागिता करें। उन्होंने आव्हान किया कि शैक्षणिक गतिविधियों में शामिल प्रत्येक अधिकारी, कर्मचारियों से आव्हान किया कि वे शाला में पढ़ने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को गौरव दिवस की जानकारी प्रदान करें तथा आयोजन में विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके पालकों की भी भागीदारी सुनिश्चित करें। धार्मिक, सामाजिक सहित अन्य संगठनों को भी कार्यक्रमों में शामिल करें।

कलेक्टर ने कहा कि गौरव दिवस के तहत 14 एवं 15 नवंबर को अनेक पारंपरिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में जिले तथा आसपास के लोक कलाकारों की आकर्षक प्रस्तुतियाँ होंगी। 14 नवंबर को रैली, योगाभ्यास, क्विज, गौंड़ी पैंटिंग, फुड फेस्टिवल, रंगोली, प्रदर्शनी आदि का आयोजन किया जाएगा। इसी दिन रपटाघाट में 51 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे तथा आतिशबाजी की जाएगी। इसी प्रकार 15 नवंबर को कलश यात्रा, चुनरी यात्रा, लेजर-शो आदि के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 15 नवंबर का मुख्य कार्यक्रम पुलिस लाईन ग्राउंड मंे आयोजित होगा जिसमें ख्यातिलब्ध कलाकारों द्वारा मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि सभी आयोजन थीम आधारित होंगे। जिले की प्रतिभाओं का सम्मान किया जाएगा। मंडला जिले का लोगो तैयार किया गया है जिससे सभी लोग अपने डीपी में लगाएं।

 

 

 

 

 

 

कलेक्टर ने की नक्सल प्रभावित ग्रामों में किए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा

 

मंडला 4 नवम्बर 2022

                कलेक्टर हर्षिका सिंह ने नक्सल प्रभावित ग्रामों में किए जा रहे विकास कार्यों के संबंध में संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने निर्देशित किया कि आमजन से जुड़े विषयों को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान करें। हितग्राहियों को पात्रतानुसार शासन की योजनाओं से लाभान्वित करें। क्षेत्र में रोजगारमूलक कार्य पर्याप्त मात्रा में संचालित करें। बैठक में पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, समस्त वन मंडलाधिकारी सहित संबंधित उपस्थित रहे।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि सभी विभागीय अधिकारी क्षेत्र का भ्रमण कर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन  करें। शाला भवन, आंगनवाड़ी भवन, उचित मूल्य दुकान, स्वास्थ्य केन्द्र आदि भवनों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। पूर्व से बने भवनों में आवश्यकतानुसार सुधार कराएं। बैठक में मवई भीमडोंगरी में पुलिस ट्रेनिंग सेंटर, टटमा से मालुमझोला मार्ग, इंद्री से सरईटोला मार्ग, सरईटोला से करोंदी मार्ग, मंगली मुख्य मार्ग से बैगाटोला, करोंदाटोला से सरईटोला, माध्यमिक शाला भवन रहटोखेरो, प्राथमिक शाला भवन सठिया आदि प्रस्तावित निर्माण कार्यों पर भी चर्चा के दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह ने इन निर्माण कार्यों के प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए।

 

 

 

 

 

 

 

जिला स्तरीय रोजगार दिवस एवं एक जिला उत्पाद कार्यक्रम संपन्न

 

मंडला 4 नवम्बर 2022

                म.प्र. स्थापना दिवस पर कार्यक्रमों की श्रृंखला में आज डाईट परिसर मंडला में ’एक जिला उत्पाद’ कार्यशाला के साथ ही रोजगार दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमलेश तेकाम, जीएमडीआईसी श्री वास्कले, सहायक संचालक उद्यान एनएल शरणागत एवं रोजगार के इच्छुक व्यक्ति उपस्थित थे। कार्यक्रम में रोजगार दिवस एवं एक जिला एक उत्पाद के तहत आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम ने कहा कि सरकार द्वारा लगातार रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं का आव्हान किया कि वे स्वयं का रोजगार स्थापित कर अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर तैयार करें।

नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा ने कहा कि सरकार प्रत्येक व्यक्ति को रोजगार प्रदान करने के लिए संकल्पित है। कृषि, उद्यानिकी आदि क्षेत्रों में भी रोजगार के पर्याप्त अवसर हैं। ’एक जिला एक उत्पाद’ के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिल रहा है। उन्होंने युवाओं का आव्हान किया कि वे शासन द्वारा प्रदान किए जाने वाले रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षणों में सम्मिलित होकर लाभ उठाएं। इससे पूर्व कार्यक्रम का प्रारंभ कन्यापूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। कार्यक्रम के अंत में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमलेश तेकाम द्वारा ’एक जिला एक उत्पाद’ के अंतर्गत जिला व्यापार एवं उद्योग, उद्यानिकी, कृषि, लघु वनोपज, रेशम, एनआरएलएम, कोदो-कुटकी, गौंड़ी पैंटिंग के स्टॉलों का निरीक्षण किया गया। मंच से हितग्राहियों को ऑफर लेटर भी वितरित किए गए।

 

 

 

 

 

जिले में किया गया खाद, बीज, दवाई दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण

 

मंडला 4 नवम्बर 2022

                आज जिले में खाद, बीज एवं दवाई दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इसी क्रम में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बिछिया सुलेखा सुदेश उइके एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी मुकेश कुलस्ते ने खाद, बीज, दवाई दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। टीम द्वारा डबल लॉक केंद्र भुआ बिछिया सद्गुरु ट्रेडिंग कंपनी भुआ बिछिया एवं मां अंबिका कृषि सेवा केंद्र बिछिया का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में पाया गया कि सद्गुरु ट्रेडिंग कंपनी भुआ बिछिया प्रोपराइटर अंशुल अग्रवाल के द्वारा स्कंध पंजीकरण संधारण नहीं किया गया है और इसी के साथ गोदाम में भी अनियमितता पाई गई। उर्वरक के साथ महुआ एवं गेहूं बीज भी रखा पाया गया जो कि आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 का सीधा उल्लंघन है। इस स्थिति को देखते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बिछिया द्वारा सद्गुरु ट्रेडिंग कंपनी के लायसेंस निलंबन हेतु प्रस्तावित किया गया है।

Related posts

कलेक्टर ने ली केंद्रीय विद्यालय समिति की बैठक

Reva India News

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला, 23 फरवरी 2026

Reva India News

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, केबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उइके का दौरा कार्यक्रम

Reva India News

Leave a Comment