मुख्यमंत्री का मंडला दौरा कार्यक्रम
मण्डला 6 नवम्बर 2022
प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का 7 नवंबर 2022 को मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री चौहान प्रातः 10:45 को डुमना एयरपोर्ट जबलपुर से मंडला के लिए प्रस्थान करेंगे एवं 11:10 बजे मंडला हेलीपेड पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री मंडला पहुंचकर पुलिस लाईन मंडला में आयोजित राजमार्गों के शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके पश्चात दोपहर 12:45 बजे मंडला से जबलपुर के लिए रवाना होंगे।

आज 1261 करोड़ की लागत की 5 सड़क परियोजनाओं का होगा शिलान्यास
केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री एवं मुख्यमंत्री होंगे शामिल
मंडला 6 नवम्बर 2022
केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी 7 नवंबर को जबलपुर, मंडला एवं डिंडौरी जिले के अंतर्गत 329 किलोमीटर लंबाई तथा 1261 करोड़ रूपए की लागत की स्वीकृत 5 सड़क परियोजनाओं का भूमिपूजन करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव उपस्थित रहेंगे।
इन परियोजनाओं का होगा शिलान्यास
पुलिस लाईन मंडला में आयोजित कार्यक्रम में जबलपुर एवं डिंडौरी जिले की 36 किलोमीटर की 146 करोड़ रूपए की लागत से कुंडम से शहपुरा राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 45 का 2-लेन मय पेव्हड शोल्डर में निर्माण कार्य का भूमिपूजन, डिंडौरी जिले के अंतर्गत 73 किलोमीटर की 241 करोड़ लागत से शहपुरा से डिंडौरी राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 45 का 2-लेन मय पेव्हड शोल्डर में निर्माण कार्य जो शहपुरा, शाहपुर एवं डिंडौरी बायपास सहित है कार्य का भूमिपूजन, डिंडौरी जिले के अंतर्गत 86 किलोमीटर की 329 करोड़ की लागत से डिंडौरी से सागरटोला राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 45 का 2-लेन मय पेव्हड शोल्डर में निर्माण कार्य जो गाड़ासरई, माधोपुर, रूसा एवं बरनई बायपास सहित है का भूमिपूजन, मंडला एवं डिंडौरी जिले के अंतर्गत 101 किलोमीटर की 492 करोड़ रूपए की लागत से डिंडौरी से मंडला राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 543 का 2-लेन मय पेव्हड शोल्डर में निर्माण कार्य जो चाबी, लिंगामाल, इन्द्रमाल एवं खमरिया बायपास सहित है का भूमिपूजन तथा डिंडौरी जिले के अंतर्गत 33 किलोमीटर की 53 करोड़ रूपए की लागत से समनापुर से बजाग मार्ग के उन्नयन कार्य का भूमिपूजन किया जाएगा।
सड़क परियोजनाओं के उद्देश्य –
मंडला, डिंडौरी एवं जबलपुर तीनों जिलों के सड़क विस्तारीकरण के उद्देश्यों के अंतर्गत मार्गों का 2 लेन पेव्हड शोल्डर सहित में उन्नयन कार्य, परियोजनाओं अंतर्गत मेजर ब्रिज, माईनर ब्रिज एवं कल्वर्ट का निर्माण, रहवासी क्षेत्र में नाली निर्माण, बस-ले-बाय, ट्रक-ले-बाय तथा जंक्शन के उन्नयन का कार्य, रहवासी क्षेत्र में स्ट्रीट लाईटिंग का कार्य, सड़क सुरक्षा की दृष्टि से क्रेश बेरियर, रोड मार्किंग, साईनेज, बोर्ड एवं अन्य कार्य शामिल हैं।
परियोजनाओं से ये होंगे लाभ –
मंडला, जबलपुर एवं डिंडौरी के राजमार्गों के शिलान्यास के पश्चात इन परियोजनाओं से अनेक लाभ होंगे जिसके अंतर्गत सड़क के ज्यामितीय सुधार से यात्रा सुगम एवं सुरक्षित होने के साथ-साथ यात्रा समय में कमी होगी। पर्यटन एवं धार्मिक स्थल, विश्व प्रसिद्ध भेड़ाघाट, अमरकंटक, कान्हा नेशनल पार्क जाने में सुविधा होगी। परियोजना से छत्तीसगढ़ में मध्यप्रदेश तक चावल एवं स्टील के ट्रकों का आवागमन सुगम तथा यात्रा समय में कमी से ईंधन की बचत होगी। औद्योगिक विकास, कृषि एवं पर्यटन को बढ़ावा एवं रोजगार बढ़ेगा।

केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री का मंडला आगमन आज
मंडला 6 नवम्बर 2022
अपर कलेक्टर से प्राप्त जानकारी के अनुसार केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री भारत सरकार नितिन गडकरी का 7 नवंबर 2022 को मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी का 7 नवंबर को प्रातः 11:10 बजे महाराजपुर संगमघाट हेलीपेड में आगमन होगा तथा 11:15 बजे हेलीपेड से पुलिस ग्राउंड मंडला के लिए प्रस्थान करेंगे। इसके बाद वे प्रातः 11:30 बजे नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट का शिलान्यास करेंगे। इसके पश्चात दोपहर 12:30 बजे पुलिस ग्राउंड से हेलीपेड महाराजपुर संगमघाट के लिए रवाना होकर हेलीकॉप्टर द्वारा जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

लोक निर्माण, कुटीर एवं ग्रामोद्योग मंत्री का दौरा कार्यक्रम
मण्डला 6 नवंबर 2022
लोक निर्माण, कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग मंत्री गोपाल भार्गव का 7 नवंबर 2022 को जिला मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री भार्गव 7 नवंबर को प्रातः 11:10 बजे हेलीकॉप्टर से मंडला पहुंचेंगे एवं पुलिस ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। लोक निर्माण विभाग मंत्री गोपाल भार्गव दोपहर 12:45 बजे मंडला से हेलीकॉप्टर से जबलपुर के लिए रवाना होंगे।

मध्यप्रदेश स्थापना आयोजन: ऊर्जा संरक्षण पर कार्यशाला आयोजित
मण्डला 6 नवम्बर 2022
मध्यप्रदेश राज्य स्थापना के उपलक्ष्य में 1 से 7 नवंबर 2022 तक प्रदेश के साथ-साथ जिलेभर में अनेक गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में 6 नवंबर को जिला योजना भवन में ऊर्जा विभाग एवं जल संसाधन विभाग के संयुक्त तत्वाधान में ऊर्जा संरक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्कूल, कॉलेज एवं पॉलीटेक्निक विद्यार्थियों को ऊर्जा संरक्षण के महत्व, जागरूकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही ऊर्जा संरक्षण के लिए व्यक्तिगत स्तर पर किए जाने वाले प्रयासों के बारे में भी बताया। बैठक में ऊर्जा एवं जल संसाधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित उपस्थित थे।

फोटो निर्वाचक नामावली के अंतर्गत स्वीप गतिविधियाँ
मंडला 6 नवम्बर 2022
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह से प्राप्त जानकारी के अनुसार भारत निर्वाचन आयोग के फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2023 के अंतर्गत प्रारूप नामावली का प्रकाशन 9 नवंबर 2022 को स्वीप गतिविधियों के अंतर्गत गतिविधियाँ संचालित किये जाने के निर्देश प्रसारित किये गये हैं। निर्देश में कहा गया है कि जिला एवं प्रत्येक विधानसभा स्तर पर लगभग 500 मीटर से 1 किलोमीटर तक की दौड़, रैली का आयोजन। प्रत्येक मतदान केन्द्र पर चुनाव पाठशाला का आयोजन एवं बीएलओ द्वारा प्रारूप नामावली का वाचन। जिले के समस्त कैम्पस एम्बेसडर एवं इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब द्वारा विभिन्न गतिविधियों का संचालन। उपरोक्त निर्देशों के अनुपालन में जिला मुख्यालय में स्वीप गतिविधियों के अंतर्गत 9 नवंबर 2022 को प्रातः 8 बजे से नगरपालिका मण्डला के इंडोर ऑडीटोरियम के सामने से चिलमन चौक से प्राईवेट बस स्टैंड से ज्ञानदीप इंग्लिश मीडियम स्कूल से बैगा-बैगी चौक से कलेक्टर कार्यालय से इंडोर ऑडीटोरियम तक मतदाता जागरूकता के संबंध में रैली का आयोजन किया गया है, जिसमें जिले के सभी कार्यालय प्रमुख, उनका अधीनस्थ स्टॉफ, रानी दुर्गा.शास.महा. मण्डला, महिला महाविद्यालय मण्डला, पॉलीटेक्निक कॉलेज मण्डला, उत्कृष्ट विद्यालय मण्डला, शास.उ.मा.वि. क्रमांक-2 मण्डला, रानी अवंती बाई कन्या उ.मा.वि. मण्डला के विद्यार्थी, जिले के अन्य स्पोर्टमैन आदि भाग लेंगे। ऑडीटोरियम भवन के समक्ष मतदाता जागरूकता संबंधी शपथ के पश्चात् रैली समाप्त होगी।
उपरोक्त मतदाता जागरूकता रैली को सुचारू रूप से सम्पन्न कराने हेतु अनुविभागीय अधिकारी (रा.) मण्डला पुष्पेन्द्र अहाके को नोडल अधिकारी एवं उनके सहयोग हेतु जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी मण्डला रविन्द्र ठाकुर को नियुक्त किया गया है।
नियुक्त नोडल अधिकारी एवं उनके सहायक अधिकारी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास मण्डला से समन्वय कर उक्त रैली का आयोजन एवं समापन कराएंगे। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास मण्डला एवं सभी प्राचार्य रैली में विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करेंगे। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी बिछिया, निवास, मण्डला 9 नवंबर 2022 को प्रत्येक मतदान केन्द्र पर चुनाव पाठशाला का आयोजन एवं बीएलओ द्वारा प्रारूप नामावली का वाचन कराना सुनिश्चित करेंगे तथा निर्वाचक रजिस्ट्रकरण अधिकारी बिछिया एवं निवास भी 9 नवंबर 2022 को अपने मुख्यालय में रैली का आयोजन कर उसके फोटोग्राफ्स अनिवार्य रूप से शेयर करेंगे।

राज्य एवं जिला स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह आज
मंडला 6 नवम्बर 2022
राज्य शासन के निर्देशानुसार 7 नवंबर 2022 को सायं 6:30 बजे राज्य स्तरीय पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन रविन्द्र भवन भोपाल में किया जाएगा। उक्त कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यपाल होंगे। इस कार्यक्रम का लाइव वेबकास्ट किया जाएगा। प्रत्येक जिले में जिला स्तरीय पुरस्कार वितरण कार्यक्रम 7 नवंबर 2022 को सायं 6 बजे से प्रारंभ किया जाएगा। मंडला जिले का जिला स्तरीय कार्यक्रम सायं 5:30 बजे डाईट मंडला में आयोजित होगा। अपर कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को अपने पुरूस्कार वितरण एवं हितग्राहियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

सामान्य सभा की बैठक आज
मंडला 6 नवम्बर 2022
जिला पंचायत मण्डला सामान्य सभा की बैठक 7 नवम्बर 2022 दिन सोमवार को सायं 4 बजे से जिला पंचायत मण्डला के सभाकक्ष में आयोजित की गई है। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. संजय कुशराम करेंगे, जिसमें जिले में विभागों द्वारा संचालित शैक्षणिक गतिविधियों एवं अन्य गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही जिले में खेलकूद गतिविधियों के आयोजन पर विचार, विभागों द्वारा रोजगार उपलब्ध कराने, स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा, नशा मुक्ति अभियान के संचालन के सम्बन्ध में विचार, मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान, जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों की, उद्योग विभाग, रेशम विभाग, ग्रामोद्योग एवं हाथकरघा विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा, गौरव दिवस के संचालन के सम्बन्ध में चर्चा, विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों के भौतिक एवं वित्तीय लक्ष्य एवं पूर्ति की समीक्षा, जिले में विभाग द्वारा संचालित निर्माण कार्यों की समीक्षा, जिला पंचायत द्वारा संचालित योजनाओं व कार्यक्रमों एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा, जिला पंचायत भवन निर्माण जिला पंचायत निधि से कराये जाने विषयक विचार, पन्द्रहवा वित्त आयोग के अंतर्गत खण्ड स्तरीय बी0पी0-डी0पी0 के अनुमोदन बावद् विचार, जिला पंचायत कर्मचारियों की पदोन्नति, जिला पंचायत के भृत्य की अनुकम्पा नियुक्ति तथा अन्य विषयों की समीक्षा की जाएगी।

आर्थिक सहायता स्वीकृत
मण्डला 6 नवम्बर 2022
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम भंडारताल निवासी नरबदिया बाई की सर्पदंश से मृत्यु होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मंडला द्वारा मृतक के निकटतम वारसान को कुल 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। मृतक के निकटतम वारसान आवेदक सुखलाल यादव को कुल 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

बिछिया में वृहद विधिक जागरूकता एवं सहायता शिविर आयोजित
मण्डला 6 नवम्बर 2022
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के आदेशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मान. श्रीमान् आर0 एस0 शर्मा के निर्देशन में एवं श्री डी0आर0 कुमरे जिला न्यायाधीश व सचिव के मार्गदर्शन में आज 6 नवंबर 2022 को विधिक जागरूकता से नागरिकों का सशक्तिकरण अभियान के अंतर्गत नगर परिषद बिछिया के प्रांगण में वृहद विधिक जागरूकता एवं सहायता शिविर आयोजित किया गया।
शिविर का उद्देश्य बताते हुए मुख्य अतिथि जिला न्यायाधीश व सचिव श्री डी0आर0 कुमरे ने संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 39ए में समान न्याय तथा निःशुल्क विधिक सहायता का प्रावधान है समाज के गरीब से गरीब एवं उपेच्छित व्यक्ति को भी न्याय मिले तथा निःशुल्क रूप से न्याय मिले यह कर्तव्य राज्य का है राज्य ने उसी कर्तव्य के पालन में विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम पारित करते हुए विधिक सेवा प्राधिकरणों का गठन किया है जो समाज के अंतिम छोर पर खड़े निर्धन एवं उपेच्छित लोगों को निःशुल्क न्याय प्रदान करने की दिशा में कार्य कर रहा है। किन्तु अधिकांश लोगों को इसके संबंध में जानकारी नहीं है यही जानकारी देने के लिए दिनांक 31 अक्टूबर से 13 नवंबर तक विधिक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है उसी कढ़ी में आज बिछिया में विधिक जागरूकता एवं सहायता शिविर आयोजित किया गया है ताकि कानूनी जानकारी के अतिरिक्त शासन के अन्य विभागों की योजनाओं से परिचित कराया जाए एवं योजनाओं से उन्हें लाभांवित किया जाये।
उक्त शिविर में अध्यक्ष तहसील विधिक सेवा समिति व न्यायिक मजि0 प्रथम श्रेणी सुश्री श्वेता परते, अनुविभागीय अधिकारी श्रीमती सुलेखा उईके, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस खुमान सिंह धुर्वे, तहसीलदार बिछिया सुश्री शीतल चंद्रवंशी, कार्यपालन विद्युत विभाग श्री पी0के0 गूजर, पशुचिकित्सा विस्तार अधिकारी डॉ0 दिपाली परते, महिला बाल विकास विभाग से संध्या मरकाम, कृषि विभाग से श्री सौरभ उईके, वनपरिक्षेत्र अधिकारी श्री अविनाश जैन, जल संसाधन विभाग से श्री प्रदीप सिंह परते, स्वास्थ्य विभाग से सी0एम0 सिंह, मुख्य नगर पालिका अधिकारी तथा अन्य शासकीय अधिकारी, कर्मचारी शिविर में उपस्थित रहे। इन अधिकारियों के द्वारा उनके विभाग के माध्यम से संचालित शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी स्टॉल लगाकर दी गई।
कार्यक्रम में मौके पर ही विभिन्न हितग्राहियों को लाभांवित किया गया। जिसमें राजकुमार, डुमरा सिंह, सक्कोबाई, देवीप्रसाद, भीकम, धीरूसिंह, को स्वामित्व अधिकार पत्र प्रदान किये गये। पार्वती यादव, लक्ष्मी उईके, ललिता कुशराम, सोनम उईके, सीमा यादव, सोनल धुर्वे, रूबि यादव को लाडली लक्ष्मी योजना अंतर्गत आश्वासन कार्ड वितरित किये गये। इसी प्रकार उर्मिला यादव, रघुनाथ तेकाम, मनीषा पट्टा, मो0 इमरान मंसूरी, अंर्जुन यादव को खाद्ययान पर्ची वितरित की गई। इसी प्रकार भागवती मरावी, कौशल कुमरे, प्रभावती परते, श्यामवती धुर्वे को संबंल योजना के अंतर्गत कार्ड वितरित किये गये तथा सुहाना बाई, कमली बाई, और पहल सिंह को भवनसंनिर्माण कर्मकार मंडल के अंतर्गत लाभ दिलाया गया तथा सरस्वती बाई, धनियाबाई, अम्मोबाई, चोखेलाल साहू, टीकाराम, जमुनाबाई को समग्र सुरक्षा पेंशन स्वीकृत की गई। कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री विजय कुमार खोब्रागड़े द्वारा किया गया।
इस अभियान के अंतर्गत विधी छात्र छात्राएं मोक्षिमा, स्वाति, कुमकुम, सलिल सिंह करीना चौरसिया, मुस्कान, धीरेन्द्र उपाध्याय, स्वाति, हर्षल, हिमांशी झारिया, कुमकम कछवाहा, आकांक्षा जंघेला, शालिनी तिवारी, सेजल कछवाहा, कमलेश झारिया के द्वारा ग्राम रामबाग, सकवाह, सूरजकुंड, टिकरवारा, धाउगांव, बरबसपुर, नारा, लफरा, भटियाटोला, खड़देवरी, कुडवन, पुरवा, जेवनारा, घटेरी में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित कर डोर-टू-डोर कैम्पेन चलाकर जागरूक किया गया।

केन्द्रीय मंत्री श्री कुलस्ते एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री ने शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियों का लिया अंतिम जायजा
मण्डला 6 नवम्बर 2022
7 नवंबर को मंडला मुख्यालय के पुलिस ग्राउंड में मंडला, डिंडौरी तथा जबलपुर जिले के राजमार्ग विस्तारीकरण परियोजनाओं का शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित है। कार्यक्रम में केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल हो रहे हैं। 6 नवंबर की शाम को केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते एवं लोक निर्माण, कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग मंत्री मध्यप्रदेश शासन गोपाल भार्गव ने पुलिस लाईन ग्राउंड पहुंचकर शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियों का अंतिम रूप से जायजा लिया। केन्द्रीय मंत्री एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री ने कलेक्टर हर्षिका सिंह से कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी ली। साथ ही पुलिस लाईन ग्राउंड के कार्यक्रम के लिए तैयार किए गए मंच, पंडाल, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था आदि के बारे में विस्तार से जायजा लिया। इस दौरान विधायक मंडला देवसिंह सैयाम, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, पूर्व विधायक शिवराज शाह, भीष्म द्विवेदी, अनुराग चौरसिया, सुधीर कसार, राष्ट्रीय राजमार्ग विकास प्राधिकरण, जिला प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण एवं संबंधित उपस्थित थे।
सर्किटहाउस में लोक निर्माण मंत्री का हुआ स्वागत
शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने मंडला पहुंचे मध्यप्रदेश शासन के लोक निर्माण विभाग मंत्री गोपाल भार्गव 6 नवंबर की शाम को मंडला सर्किटहाउस पहुंचे। केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते सहित जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों एवं पदाधिकारियों ने श्री भार्गव का सर्किटहाउस में स्वागत किया।

