Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

Reva India News मण्डला 7 नवम्बर 2022

किसान अन्नदाता के साथ-साथ अब ऊर्जादाता भी बने – केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री गडकरी

प्रदेश सरकार सड़कों का जाल बिछाने के लिए लगातार प्रयासरत – मुख्यमंत्री श्री चौहान

1261 करोड़ लागत की 5 सड़क परियोजनाओं का हुआ शिलान्यास

 

मण्डला 7 नवम्बर 2022

      7 नवंबर को मंडला, डिंडोरी एवं जबलपुर जिले की सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास करने के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी मंडला पहुंचे। पुलिस लाइन ग्राउंड में आयोजित मुख्य कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री गडकरी ने कहा कि मंडला में प्रकृति का निवास है, यह रानी दुर्गावती की भूमि है तथा यहाँ कान्हा जैसा विश्व प्रसिद्ध राष्ट्रीय उद्यान है। अतः आदिवासीजनों के विकास की सर्वोच्च जिम्मेदारी राज्य एवं केंद्र सरकार की है और इस विकास के लिए सड़कें अत्यंत जरूरी हैं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आगामी 2 वर्षों में केंद्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों से प्राप्त सड़क विकास के प्रस्तावों पर विस्तृत अध्ययन करते हुए योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की जाएगी। श्री गडकरी ने प्रदेश सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुआ है। मुख्यमंत्री श्री चौहान के नेतृत्व में मध्यप्रदेश को अनेको बार कृषिकर्मण पुरूस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। साथ ही अब मध्यप्रदेश कृषि उत्पादों का निर्यात भी करने लगा है। नितिन गडकरी ने कहा कि किसान अन्नदाता के साथ-साथ अब ऊर्जादाता भी बने।

केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने देशभर में ऊर्जा के क्षेत्र में परिवहन मंत्रालय द्वारा प्रारंभ की गई नई परियोजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने मध्यप्रदेश में परिवहन के क्षेत्र में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की संभावनाओं पर बात की। उन्होंने कहा कि मंडला, डिंडौरी एवं अन्य जनजातीय क्षेत्रों में बांस के उत्पादन को बढ़ावा दिया जा सकता है, बांस से भविष्य में इथेनॉल का निर्माण होगा जिससे परिवहन एवं अन्य क्षेत्रों के लिए ऊर्जा पैदा की जा सकेगी। श्री गडकरी ने कान्हा-बालाघाट क्षेत्र में सड़क विकास के लिए नए प्रोजेक्ट को ’गति शक्ति योजना’ में शामिल करने की बात कही।

 

 

मंडला-जबलपुर हाईवे की गुणवत्ता से असंतुष्ट, क्षेत्रवासियों से मांगी माफी

 

केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने अपने संबोधन में मंडला-जबलपुर हाईवे के बारे में चर्चा की। उन्होंने हाईवे निर्माण में गुणवत्ता से असंतुष्टि जाहिर की एवं मंडला एवं आसपास के क्षेत्र की जनता को सड़क के कारण हुई परेशानी के लिए मंच से माफी मांगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजमार्ग के पुराने कार्य को रिपेयर करें तथा जल्द नया टेंडर जारी करें। श्री गडकरी ने आगामी वर्षों में अलग-अलग परियोजनाओं के माध्यम से सड़क एवं पुलों के विकास के बारे में चर्चा की।

नर्मदा एक्सप्रेस-वे पर अध्ययन जारी

 

केन्द्रीय मंत्री श्री गडकरी ने अपने संबोधन में कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा भारत के सभी धार्मिक स्थानों तक पहुंचने के लिए लगातार बारहमासी सड़कों का निर्माण जारी है। उन्होंने अमरकंटक से लेकर धार-झाबुआ तक नर्मदा एक्सप्रेस-वे के निर्माण के संबंध में कहा कि इस मार्ग के निर्माण के लिए मंत्रालय द्वारा अध्ययन कार्य जारी है। इस मार्ग के विकास से नर्मदा प्रदक्षिणा करने वाले श्रद्धालुओं को निश्चित रूप से लाभ होगा। श्री गडकरी ने मध्यप्रदेश में मेडिकल की पढ़ाई हिंदी भाषा में प्रारंभ करने पर प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को सभी विद्यार्थियों की ओर से शुभकामनाएं दी। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि गरीब एवं वंचित वर्गों तक विकास को पहुंचाना हमारा संकल्प है।

प्रदेश सरकार सड़कों का जाल बिछाने के लिए लगातार प्रयासरत – मुख्यमंत्री श्री चौहान

 

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पुलिस लाइन ग्राउंड कार्यक्रम में 5 सड़क परियोजनाओं के शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार चारों तरफ सड़कों के जाल बिछाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने मंडला, डिंडोरी एवं जबलपुर क्षेत्र के लिए केंद्र सरकार द्वारा दी गई नई 5 सड़क परियोजनाओं की स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को मंच से धन्यवाद दिया। श्री चौहान ने बताया कि वर्ष 2003 के बाद प्रदेश सरकार द्वारा अब तक 3 लाख किलोमीटर से अधिक की सड़कें बनाई जा चुकी हैं। उन्होंने नर्मदा उद्गम से लेकर धार-झाबुआ तक ’नर्मदा एक्सप्रेस-वे’ बनाए जाने पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि ’नर्मदा एक्सप्रेस-वे’ के दोनों ओर औद्योगिक क्षेत्र के विकास का प्रयास किया जाएगा, जहां स्थानीय उत्पादों पर आधारित उद्योग लगाए जाएंगे।

जनता की तस्वीर एवं तकदीर बदलने का महाप्रयास

 

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा सतत रूप से जनता की तस्वीर एवं तकदीर बदलने का महाप्रयास किया जा रहा है। सरकार विकास के कार्यों में कमी नहीं होने देगी। उन्होंने मंडला-डिंडोरी क्षेत्र में घर-घर पानी पहुंचाने के लिए किए जा रहे केंद्र एवं प्रदेश सरकार के कार्यों की जानकारी दी। इसी प्रकार उन्होंने अपने संबोधन में सीएम जनसेवा अभियान के तहत मंडला जिले प्राप्त आवेदनों तथा स्वीकृत आवेदनों की जानकारी देते हुए बताया गया कि अभियान के दौरान जिले में कुल 1 लाख 84 हजार 753 आवेदनों में से 1 लाख 56 हजार 944 आवेदनों को स्वीकृत किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पात्र हुए हितग्राहियों को अलग-अलग योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से कान्हा क्षेत्र को मुख्य सड़क मार्गों से जोड़ने तथा नर्मदा सौन्दर्यीकरण के विकास के लिए नए प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में मंडला जिले में नए सीएम राईज स्कूल के संचालन, विशेष कोचिंग के माध्यम से नीट परीक्षा में आदिवासी जिलों के विद्यार्थियों की सफलता तथा मध्यप्रदेश में मेडिकल की पढ़ाई हिंदी माध्यम में शुरू किए जाने की विस्तार से जानकारी दी।

15 नवंबर से लागू होगा ’पेसा एक्ट’

 

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि आगामी 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन प्रदेशभर में किया जाएगा। इस उपलक्ष्य में प्रदेश में पंचायत से लेकर जिला स्तर तक समारोहपूर्वक अनेकों कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। श्री चौहान ने कहा कि 15 नवंबर से ही संपूर्ण प्रदेश में सामाजिक समरसता के साथ ’पेसा एक्ट’ भी लागू किया जाएगा। उन्होंने मंडला में मेडिकल कॉलेज की भूमि पूजन के लिए जल्द आगमन की बात भी कही।

सड़क परियोजनाओं के शिलान्यास का कार्य महाकौशल क्षेत्र के लिए अत्यंत गौरव का पल – श्री कुलस्ते

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि पांच सड़क परियोजनाओं के शिलान्यास का कार्य महाकौशल क्षेत्र के लिए अत्यंत गौरव का पल है। उन्होंने सड़क परियोजनाओं की स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को मंडला एवं डिंडोरी की जनता तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों की ओर से अभिनंदन किया। केन्द्रीय मंत्री श्री कुलस्ते ने सड़क परिवहन मंत्री से जबलपुर-नैनपुर बाईपास, कान्हा क्षेत्र को प्रमुख मार्गों से जोड़ने, नैनपुर-सिवनी हाईवे, मंडला-लखनादौन के लिए नई परियोजनाओं की स्वीकृति का आग्रह किया।

श्री गडकरी विजनरी, दृष्टिवान तथा नवाचार के धनी – मंत्री गोपाल भार्गव

 

पांच सड़क परियोजनाओं के शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लोक निर्माण कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग मंत्री गोपाल भार्गव ने केंद्रीय सड़क परिवहन ग्रामीण विकास राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को नई सड़क परियोजनाओं की स्वीकृति के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने 2014 के बाद से मध्यप्रदेश में सड़क एवं अन्य बड़ी परियोजनाओं के विकास कार्यों की जानकारी दी। श्री भार्गव ने अपने संबोधन में सड़क, पुलिया एवं फ्लाईओवर निर्माण के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य करने वाले केंद्रीय सड़क मंत्री को विजनरी, दृष्टिवान एवं नवाचार का धनी बताया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मंडला जिले की परंपरा के अनुसार कलगी-साफा पहनाकर स्वागत किया। अतिथियों ने ई-लोकार्पण कर योजनाओं का शिलान्यास किया। कार्यक्रम में 5 सड़क परियोजनाओं पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया। अतिथियों ने कार्यक्रम के पूर्व सड़क परियोजनाओं पर आधारित फ्लैक्स प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। कार्यक्रम में स्वागत भाषण सचिव लोक निर्माण विभाग, म.प्र. शासन श्री मेहरा ने दिया तथा आभार क्षेत्रीय अधिकारी सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय पीके लाल ने व्यक्त किया।

इन परियोजनाओं का हुआ शिलान्यास

 

      पुलिस लाईन मंडला में आयोजित कार्यक्रम में मंडला, डिडौरी तथा जबलपुर जिले की 5 सड़क परियोजनाओं का ई-शिलान्यास हुआ जिसके अंतर्गत जबलपुर एवं डिंडौरी जिले की 36 किलोमीटर की 146 करोड़ रूपए की लागत से कुंडम से शहपुरा राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 45 का 2-लेन मय पेव्हड शोल्डर में निर्माण कार्य का भूमिपूजन, डिंडौरी जिले के अंतर्गत 73 किलोमीटर की 241 करोड़ लागत से शहपुरा से डिंडौरी राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 45 का 2-लेन मय पेव्हड शोल्डर में निर्माण कार्य जो शहपुरा, शाहपुर एवं डिंडौरी बायपास सहित है कार्य का भूमिपूजन, डिंडौरी जिले के अंतर्गत 86 किलोमीटर की 329 करोड़ की लागत से डिंडौरी से सागरटोला राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 45 का 2-लेन मय पेव्हड शोल्डर में निर्माण कार्य जो गाड़ासरई, माधोपुर, रूसा एवं बरनई बायपास सहित है का भूमिपूजन, मंडला एवं डिंडौरी जिले के अंतर्गत 101 किलोमीटर की 492 करोड़ रूपए की लागत से डिंडौरी से मंडला राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 543 का 2-लेन मय पेव्हड शोल्डर में निर्माण कार्य जो चाबी, लिंगामाल, इन्द्रमाल एवं खमरिया बायपास सहित है का भूमिपूजन तथा डिंडौरी जिले के अंतर्गत 33 किलोमीटर की 53 करोड़ रूपए की लागत से समनापुर से बजाग मार्ग के उन्नयन कार्य शामिल है।

शिलान्यास कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित

 

      पुलिसलाईन मंडला में आयोजित 5 सड़क परियोजनाओं के शिलान्यास कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सांसद संपतिया उईके, विधायक मंडला देवसिंह सैयाम, विधायक निवास डॉ. अशोक मर्सकोले, विधायक बिछिया नारायण पट्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमलेश तेकाम, नगरपालिका उपाध्यक्ष अखिलेश कछवाहा, कलेक्टर हर्षिका सिंह, एसपी यशपाल सिंह राजपूत, भीष्म द्विवेदी, नरेन्द्र सिंह राजपूत, एनएचएआई के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में जिलेवासी उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी एवं मुख्यमंत्री श्री चौहान का हेलीपेड पर स्वागत

 

मण्डला 7 नवम्बर 2022

                   केंद्रीय राजमार्ग एवं सड़क परिवहन मंत्री श्री नितिन गडकरी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का 7 नवंबर को मंडला आगमन हुआ। श्री गडकरी एवं श्री चौहान का महाराजपुर संगमघाट पर बनाए गए हेलीपेड पर केंद्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते एवं मध्यप्रदेश शासन के लोक निर्माण विभाग मंत्री गोपाल भार्गव ने स्वागत किया। इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक संजय कुमार, पुलिस उपमहानिरीक्षक अनुराग शर्मा, कलेक्टर हर्षिका सिंह, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, नेशनल हाईवे अथॉरिटी के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

कार्यक्रम के पश्चात केंद्रीय राजमार्ग एवं सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान तथा लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव मंडला से जबलपुर के लिए संगमघाट महाराजपुर हेलीपेड से रवाना हुए।

 

 

 

 

 

मंडला कलेक्टर को मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरूस्कार 2022

 

मण्डला 7 नवम्बर 2022

                मध्यप्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरूस्कार 2022 के अंतर्गत अलग-अलग श्रेणियों में पुरूस्कारों की घोषणा की गई। मंडला कलेक्टर हर्षिका सिंह को शिक्षा एवं मानव संसाधन विकास श्रेणी में मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार (नवाचार हेतु) 2022 प्राप्त हुआ है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने इस अवसर पर सभी शिक्षा साथी, अक्षरमित्रों एवं महिला व बाल विकास विभाग की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया है तथा सभी को इस उपलब्धि में सहयोग के लिए धन्यवाद दिया है।

 

 

 

 

 

 

 

मंडी कार्यालय के सभाकक्ष में प्रशिक्षण कार्यक्रम 10 को

 

मण्डला 7 नवम्बर 2022

                सचिव कृषि उपजमंडी समिति ने बताया कि कृषक अपनी कृषि उपज खलिहान व घर से ही विक्रय कर सकते हैं और सही मूल्य एवं भुगतान प्राप्त कर सकते हैं। व्यापारी भी सीधे कृषक के खलिहान व घर से उपज खरीद सकते हैं एवं भुगतान कर सकते हैं। इस हेतु मध्यप्रदेश शासन की मंशानुसार, मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड भोपाल द्वारा ’’म0प्र0 फार्मगेट ऐप’’ बनाया गया है। कृषक ऐप पर अपनी फसल का ऑफर दे सकते हैं, जो उस मण्डी के सारे व्यापारियों को उनके लॉगिन पर उपलब्ध होगा। व्यापारी उस ऑफर पर अपना रेट दे सकते हैं और कृषक द्वारा मंजूर होने पर सौदापत्रक बना सकते हैं। कृषक व्यापारी से सीधा सम्पर्क कर सहमति से भी पूर्व की तरह सौदा पत्रक बना सकते हैं। उक्त कार्यक्रम का प्रशिक्षण 10 नवंबर 2022 दिन गुरुवार को दोपहर 1 बजे मण्डी कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित किया गया है।

 

 

 

 

 

 

 

फोटो निर्वाचक नामावली की विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण बैठक 9 को

 

मंडला 7 नवम्बर 2022

                मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश भोपाल द्वारा भारत निर्वाचन आयोग के दिये निर्देशानुसार फोटो निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2023 का कार्यक्रम जारी किया गया है। जारी कार्यक्रम के तहत एकजाई प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशन 9 नवंबर 2022 को किया जाकर दावे आपत्ति दर्ज करने की अवधि 8 दिसम्बर 2022 निर्धारित की गई है के साथ ही 12 नवंबर 2022, 13 नवंबर 2022, 19 नवंबर 2022 एवं 20 नवंबर 2022 को प्रत्येक मतदान केन्द्र में विशेष कैम्प भी आयोजित किये जायेंगे।

फोटो निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण वर्ष 2023 के संबंध में 9 नवंबर 2022 को कैम्पस एम्बेसडर एवं नोडल अधिकारी की बैठक का आयोजन दोपहर 12 बजे से जिला योजना के सभाकक्ष मण्डला में किया गया है। सभी नोडल अधिकारी, कैम्पस एम्बेसडर को बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

9 को प्रेस कॉन्फ्रेंस

 

मण्डला 7 नवंबर 2022

                अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार फोटो निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण वर्ष 2023 के संबंध में 9 नवम्बर 2022 को दोपहर 12 बजे से जिला योजना के सभाकक्ष मण्डला में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई है। कॉन्फ्रेंस में सभी मीडिया प्रतिनिधियों को उपस्थित होने का आग्रह है।

 

 

 

 

 

 

स्टेडिंग कमेटी की बैठक 9 को

 

मण्डला 7 नवंबर 2022

                अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार 9 नवम्बर को दोपहर 12 बजे जिला योजना भवन के सभाकक्ष में स्टेडिंग कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया है। बैठक में सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों को उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

 

Related posts

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 4 अगस्त 2023

Reva India News

जिले में आज 1 कोरोना मरीज स्वस्थ हुआ

Reva India News

अर्हता तिथि 1 अक्टूबर के मान से निर्वाचक नामावली का प्रकाशन

Reva India News

Leave a Comment