Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला 1 दिसम्बर 2022

पेसा एक्ट प्रचार-प्रसार: नशामुक्ति के लिए ग्रामसभाएं लगा सकती हैं 1 हजार तक जुर्माना

घोंट में आयोजित ग्रामसभा में कलेक्टर ने दी जानकारी

 

मंडला 1 दिसम्बर 2022

15 नवंबर से लागू हुए ’पेसा अधिनियम’ के प्रचार-प्रसार के लिए जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक गांव में ग्राम सभाओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में बिछिया क्षेत्र के ग्राम घोंट में पेसा एक्ट अधिनियम की जानकारी देने ग्रामसभा आयोजित की गई। कलेक्टर हर्षिका सिंह, एडीएम मीना मसराम, जिला अधिकारी तथा क्षेत्र के अधिकारी एवं कर्मचारी ग्रामसभा में शामिल हुए। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणों को पेसा एक्ट के बारे में बताया गया। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने ग्रामीणों को पेसा एक्ट अधिनियम के अंतर्गत ग्राम सभाओं को दी गई शक्तियां, अधिनियम के प्रावधानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अधिनियम में बहुत सारे विभागों की शक्तियों को ग्रामसभा को प्रदान किया गया है। इस अधिनियम द्वारा ग्रामसभा का सशक्तिकरण होगा। साथ ही शक्ति के विकेंद्रीकरण के अंतर्गत स्थानीय लोगों को अपने संसाधनों के प्रबंधन का अधिकार भी प्राप्त होगा।

कलेक्टर ने ग्रामसभा को स्थानीय खनिज प्रबंधन, मत्स्यपालन, कृषि प्रबंधन, नशामुक्ति, विवाद निवारण समिति के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने ग्रामसभा में जानकारी देते हुए बताया कि ग्रामसभा को स्थानीय स्तर पर नशामुक्ति, शुष्क दिवस घोषित करने के संबंध में प्रस्ताव पारित करने का अधिकार दिया गया है। नशामुक्ति के विशेष अधिकार के अंतर्गत ग्रामसभाओं को 1 हजार रूपए तक का जुर्माना लगाने का भी अधिकार है। इस दौरान खनिज विभाग, जल संसाधन विभाग, आबकारी विभाग, महिला बाल विकास विभाग, कृषि विभाग, मत्स्य पालन विभाग के अधिकारियों ने पेसा एक्ट अधिनियम के अंतर्गत किए गए प्रावधानों की ग्रामीणों को जानकारी दी।

 

 

 

 

 

 

 

 

कलेक्टर ने माधोपुर एवं अंजनिया में ली अंग्रेजी और गणित की कक्षाएं

औरई में स्मार्ट क्लास एवं लैब का निरीक्षण

 

मंडला 1 दिसम्बर 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह गुरुवार को बिछिया क्षेत्र के दौरे पर थी। इस दौरान उन्होंने माधोपुर, अंजनिया एवं औरई के स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर ने माधोपुर एवं अंजनिया में कक्षाओं का निरीक्षण करते हुए गणित एवं अंग्रेजी के विषय पर आधारित कक्षाएं ली तथा विद्यार्थियों से विषय से संबंधित सवाल किए। उन्होंने संबंधित शिक्षकों को निर्देशित किया कि बच्चों को प्रेक्टिकल रूप से भी गणित एवं अंग्रेजी का ज्ञान दें। उन्होंने अर्थशास्त्र से जुड़े सवालों के बारे में विद्यार्थियों से चर्चा की। उन्होंने संबंधित शिक्षिका को निर्देशित किया कि बच्चों को अर्थशास्त्र के व्यवहारिक पहलुओं के बारे में बताएं। श्रीमती सिंह ने औरई हाईस्कूल तथा हायरसेकेंडरी स्कूल का निरीक्षण करते हुए स्कूल में संचालित स्मार्ट क्लास को देखा। इस दौरान उन्होंने उपस्थित बच्चों से चर्चा भी की। कलेक्टर ने औरई स्कूल के लैब का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

 

मतदाता सूची में नाम जोड़ने फार्म भरें

 

श्रीमती सिंह ने स्कूलों के भ्रमण के दौरान कक्षा 11वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं को जिला प्रशासन द्वारा मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए चलाए जा रहे अभियान की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जिन्होंने 18 वर्ष पूर्ण कर लिए हैं या अक्टूबर 2023 में 18 वर्ष के होने वाले हैं वे फार्म-6 भरकर उसे जरूरी दस्तावेजों के साथ अपने स्कूल एवं संस्थाओं में ही जमा करें। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने के संबंध में अपने घर, परिवार एवं गांव में भी लोगों को जागरूक करें।

 

माधोपुर दिव्यांग छात्रावास का निरीक्षण

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने माधोपुर में बन रहे दिव्यांग छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास में चल रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि दिव्यांगों के लिए छात्रावास में पलंग, बिस्तर, साफ-सफाई, बाथरूम, किचन एवं अन्य व्यवस्थाओं को पुख्ता रूप से पूर्ण करें। उन्होंने छात्रावास में बिजली, पानी एवं सुरक्षा के संबंध में संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेते हुए जरूरी निर्देश दिए।

 

 

 

 

 

 

 

उपार्जन की तैयारियों को पूर्ण करें – हर्षिका सिंह

 

मंडला 1 दिसम्बर 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बिछिया क्षेत्र के भ्रमण के दौरान माधोपुर एवं अंजनिया के उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने उपार्जन केंद्र की तैयारियों का जायजा लेते हुए बारदाने, तौल मशीन, स्टैंसिल आदि की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। उन्होंने उपार्जन के लिए पहुंचे किसानों से बातचीत करते हुए उनका फीडबैक लिया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से क्षेत्र में पंजीकृत किसानों की संख्या तथा उपार्जन के लिए प्रतिदिन किए जाने वाले एसएमएस के बारे में जानकारी ली।

 

आवारा पशुओं के मालिकों पर जुर्माना लगाएं ग्रामसभा

 

कलेक्टर से अंजनिया उपार्जन केन्द्र क्षेत्र के भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने स्थानीय क्षेत्र में आवारा पशुओं द्वारा फसल नुकसान की परेशानी को बताया। कलेक्टर ने क्षेत्र के सरपंच को निर्देशित किया कि स्थानीय पशुपालकों के साथ बैठक करें तथा उन्हें समझाएं। ग्रामसभा में पशुपालकों से आवश्यक सहमति का प्रस्ताव पारित करें तथा उल्लंघन की स्थिति में पशुपालकों पर 1000 रूपए तक का जुर्माना लगाएं। कलेक्टर ने इस दौरान पशुपालन विभाग को भी आवश्यक निर्देश दिए।

 

 

 

 

 

 

 

 

घोंट में ग्रामीणों ने बताई पानी की समस्या

कलेक्टर ने पीएचई को दिए एक सप्ताह में पानी उपलब्ध कराने के निर्देश

 

मंडला 1 दिसम्बर 2022

ग्राम घोंट में आयोजित ’पेसा एक्ट’ की ग्रामसभा के पश्चात स्थानीय ग्रामीणों ने कलेक्टर को पानी एवं अन्य समस्याओं के बारे में अवगत कराया। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने पीएचई विभाग को निर्देशित किया कि आगामी एक सप्ताह में क्षेत्र में पानी उपलब्धता सुनिश्चित करें। इस दौरान उन्होंने राशन वितरण, पेंशन प्रकरण, पात्रता पर्ची सहित विभिन्न प्रकार की समस्याओं को सुना तथा संबंधित अधिकारियों को निराकरण करने के निर्देश दिए।

 

 

 

 

 

 

 

नवसाक्षर अपने आसपास के लोगों को अक्षरज्ञान सीखने प्रेरित करें

 

मंडला 1 दिसम्बर 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह गुरुवार को बिछिया क्षेत्र के भ्रमण के दौरान ’निरक्षरता से आजादी अभियान’ के अंतर्गत सामाजिक चेतना केंद्र घोंट पहुंची। उन्होंने घोंट में निरक्षरों को अक्षरज्ञान प्रदान करने के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रम का अवलोकन किया। कलेक्टर ने सामाजिक चेतना केन्द्र में अक्षरज्ञान सीखने आने वाले बुजुर्ग महिला एवं पुरूषों से मुलाकात की। उन्होंने नवसाक्षर बनी महिलाओं से बात की तथा कहा कि आगे भी पढ़ना एवं लिखना जारी रखें तथा अपने आसपास के निरक्षर लोगों को भी पढ़ने-लिखने के लिए प्रेरित करें। इस दौरान नवसाक्षर हुए महिला एवं पुरूषों ने अपना नाम लिखकर भी दिखाया।

 

 

 

 

 

 

 

 

आईटीआई में मनाया गया विश्व एड्स दिवस

 

मण्डला 1 दिसंबर 2022

शासकीय आईटीआई मंडला में 1 दिसंबर 2022 को विश्व एड्स दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में जिला चिकित्सालय की टीम द्वारा संस्था के प्रशिक्षणार्थियों को एड्स, एचआईव्ही एवं टीबी बीमारी से सम्बंधित विस्तृत जानकारी दी गई तथा क्विज का आयोजन कर प्रशिक्षणार्थियों को पुरुस्कृत भी किया गया। एनजीओ सोसायटी फॉर प्रगति भारत एवं जाग्रति युवा मंच से उपस्थित प्रतिनिधियों ने भी एड्स से संबंधित जानकारी दी।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंडला से जिला न्यायाधीश एवं सचिव श्री डी.आर. कुमरे एवं जिला विधिक सहायता अधिकारी वी.के. खोबरागड़े इस कार्यक्रम में उपस्थित रहे एवं उन्होंने महिला उत्पीड़न सम्बंधित जानकारी प्रशिक्षणार्थियों से साझा की। कार्यक्रम में संस्था प्राचार्य आर.एस. वरकडे, प्रशिक्षण अधीक्षक डी.के. चंदेश्वर, प्रशिक्षण अधिकारी आनंद मरावी, वैशाली कामड़े, धनंजय चौकसे, रूपाली गुप्ता, ललित मरावी, प्रीती भुवने हर्षिता माधवी, सुभाष भारतीया एवं अन्य स्टॉफ उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, मिनी कार्यकर्ता एवं सहायिका की अनन्तिम चयन सूची जारी

 

मंडला 1 दिसम्बर 2022

महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी बीजाडंाडी से प्राप्त जानकारी के अनुसार परियोजना बीजाडांडी के लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका की अनन्तिम चयन सूची जारी की गई है। जारी अनन्तिम चयन सूची अनुसार आंगनबाड़ी केन्द्रों में रिक्त पदों के चयन हेतु 30 नवम्बर 2022 को अनुविभागीय अधिकारी बीजाडांडी की अध्यक्षता में आयोजित खंड स्तरीय चयन समिति की अनुशंसानुसार ग्राम बीजाडांडी के आंगनबाडी केन्द्र बीजाडंाडी में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता हेतु नेहा अहीर पति स्व. राजेश यादव, ग्राम तरवानी में आशा मरावी पिता बालसिंह का चयन किया गया है। मिनी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के लिए ग्राम लखनपुर में में दीक्षा बर्मन पति दिलीप कुमार कार्यकर्ता के पद के लिए अनन्तिम रूप से चयन किया गया है। इसी प्रकार सहायिका पद के लिए आंगनवाड़ी केन्द्र बैहर में लीलावती कुम्हरे, ज्ञानबहादुर, कटंगी में जानकी मरकाम का चयन किया गया है।

परियोजना अधिकारी ने बताया कि जारी अनन्तिम चयन के विरूद्ध दावा एवं आपत्ति कार्यालयीन कार्य दिवस में 1 दिसम्बर से 7 दिसम्बर 2022 तक कार्यालयीन समय 10:30 से शाम 05:30 बजे तक प्रस्तुत कर सकते हैं। परियोजना अधिकारी एकीकृत बाल विकास ने बताया कि निर्धारित अवधि के पश्चात् प्राप्त आपत्तियों पर कोई विचार नहीं किया जायेगा।

 

 

 

 

 

 

 

 

पेसा एक्ट की जानकारी देने ग्रामसभाओं का आयोजन

 

मण्डला 1 दिसम्बर 2022

पेसा एक्ट के प्रावधानों से ग्रामीणजनों को अवगत कराने के उद्देश्य से 20 नवंबर से 3 दिसंबर तक चरणबद्ध रूप से विशेष ग्रामसभाओं का आयोजन किया जा रहा है। ग्रामसभाओं के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार पेसा एक्ट के प्रावधानों से अवगत कराने के लिए 2 दिसंबर को बिछिया विकासखंड के फौंक, चटुआखार, इंदिरावनग्राम, अतरिया, मुहाड, राजोमाल, किसली रैयत एवं कटंगी में तथा घुघरी विकासखंड के गजराज, किसली, चलनी, पलकी एवं ददरगांव में ग्रामसभा आयोजित की जाएंगी।

 

3 दिसंबर को इन ग्रामों में होंगी ग्रामसभाएँ

 

पेसा एक्ट के प्रावधानों से अवगत कराने के लिए 3 दिसंबर को बिछिया विकासखंड के लौहटा, जैलवारा, भीमपुरी रैयत, राजो रैयत एवं झांगुल वनग्राम में तथा घुघरी विकासखंड के पीपरदौन, सैंदवारा एवं मांगा में ग्रामसभा आयोजित की जाएंगी।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री का दौरा कार्यक्रम

 

मण्डला 1 दिसंबर 2022

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री फग्गनसिंह कुलस्ते का 2 दिसंबर को मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री कुलस्ते प्रातः 8 बजे सिवनी से पिपरिया के लिए रवाना होंगे तथा प्रातः 11 बजे पिपरिया पहुंचकर स्टॉपडेम का भूमिपूजन करेंगे। वे दोपहर 12ः30 बजे पिपरिया से चौगान मंडिया के लिए प्रस्थान करेंगे तथा दोपहर 2 बजे चौगान मंडिया पहुंचकर क्रांतीकारी टंट्या मामा भील जनजातीय गौरव यात्रा का समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वे सायं 4 बजे चौगान मंडिया से रायपुर के लिए रवाना होंगे।

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री कुलस्ते 3 दिसंबर को दोपहर 12:30 बजे बजाग डिंडौरी से सिंगारपुर ब्लॉक मोहगांव, जिला मंडला के लिए रवाना होंगे तथा दोपहर 2 बजे सिंगारपुर पहुंचकर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का भूमिपूजन करेंगे। श्री कुलस्ते सायं 4:30 बजे सिंगारपुर से जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

3 एवं 4 को प्रत्येक मतदान केन्द्र में विशेष कैम्प

 

मण्डला 1 दिसंबर 2022

अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2023 का कार्य प्रारंभ है, जिसके अंतर्गत 8 दिसंबर 2022 तक दावे-आपत्तियाँ प्राप्त करने का कार्य किया जाएगा।

भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश द्वारा दिये गये निर्देशों के परिप्रेक्ष्य में जन सामान्य की सुविधा हेतु 3 दिसम्बर 2022 (शनिवार) एवं 4 दिसम्बर 2022 (रविवार) को प्रत्येक मतदान केन्द्र में विशेष कैम्प का आयोजन किया गया है। कैम्प में सभी बीएलओ अपने मतदान केन्द्र के घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करेंगे तथा पात्र व्यक्तियों के प्रारूप-6, नाम विलोपित करने हेतु प्रारूप-7 में आवेदन, नाम, पते अथवा किसी प्रविष्टि में सुधार हेतु प्रारूप-8 में आवेदन प्राप्त करने का कार्य करेंगे। उक्त सभी फार्म बीएलओ के पास उपलब्ध हैं, जो निःशुल्क उपलब्ध कराये जाएंगे। संबंधित बीएलओ के पास प्रारूप निर्वाचक नामावली भी उपलब्ध रहेगी, जिसका अवलोकन आमजन कर सकते हैं। अपर कलेक्टर ने जिलेवासियों से बीएलओ के माध्यम से निर्वाचक नामावली में नाम दर्ज कराने, विलोपन, अथवा किसी त्रुटिपूर्ण प्रविष्टि के संशोधन का कार्य कराने की अपील की है ।

 

 

 

 

 

मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान: 9 को छिंदवाड़ा में संभाग स्तरीय कार्यक्रम

सभी पंचायतों में होंगे हितलाभ वितरण

 

मंडला 1 दिसम्बर 2022

’मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान’ के अंतर्गत 9 दिसंबर को छिंदवाड़ा में संभाग स्तरीय कार्यक्रम है। कार्यक्रम की तैयारियों एवं हितलाभ वितरण के संबंध में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायतों में जनसेवा अभियान के अंतर्गत 9 दिसंबर को कार्यक्रम आयोजित कर पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति एवं हितलाभ वितरण भी सुनिश्चित किया जाएगा। कलेक्टर ने संबंधितों को निर्देशित किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों के स्वीकृति पत्रक एवं हितलाभ तैयार रखें तथा कार्यक्रम में वितरण कराएं।

श्रीमती सिंह ने कहा कि 9 दिसंबर के पूर्व सभी पंचायतों में जनसेवा अभियान के दौरान प्राप्त आवेदनों की स्वीकृतियों को भेजें तथा इन्हें पोर्टल पर दर्ज कराने की तैयारी भी पूर्ण करें। उन्होंने सामाजिक न्याय विभाग को कृत्रिम अंगों की उपलब्धता के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। इसी प्रकार श्रम विभाग, खाद्य विभाग, राजस्व प्रकरण, केसीसी, पथ विक्रेता योजना से जुड़ी स्वीकृतियों को तैयार कर वितरण कराने के निर्देश दिए।

 

आयुष्मान पंजीयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बैठक में सभी सीईओ जनपद एवं सीएमओ नगरपालिका को निर्देशित किया कि आयुष्मान पंजीयन में प्रगति लाएं। उन्होंने कहा कि पंजीयन के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नगरीय क्षेत्र में 15 दिसंबर तक पंजीयन का कार्य पूर्ण कराएं अन्यथा नगरपालिका अधिकारियों की वेतनवृद्धि रोकी जाएगी।

 

नए मतदाताओं के नाम जोड़ने में तेजी लाएं

 

श्रीमती सिंह ने सभी एसडीएम, बीईओ, एसी ट्राईबल, महिला बाल विकास विभाग को निर्देशित किया कि निर्वाचन कार्यालय द्वारा नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। सभी एसडीएम एवं एसी ट्राईबल अपने क्षेत्र के स्कूल, कॉलेज एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए जानकारी दें तथा पात्र नए मतदाताओं के फॉर्म भरवाएं। कक्षा 11 एवं 12 में अध्ययनरत विद्यार्थियों पर फोकस करें। उन्होंने महिला बाल विकास विभाग को निर्देशित किया कि पात्र नवसाक्षर एवं किशोरी बालिकाओं को भी मतदाता सूची में नाम जोड़ने के संबंध मंे जानकारी देते हुए फॉर्म भरवाएं।

 

 

 

 

 

 

स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में महिला सिलाई प्रशिक्षण आयोजित

 

मंडला 1 दिसम्बर 2022

प्राप्त जानकारी के अनुसार सेंट ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान मंडला में 1 दिसंबर को 30 दिवसीय महिला सिलाई प्रशिक्षण का समापन कार्यक्रम क्षेत्रीय प्रबंधक म.प्र. ग्रामीण बैंक आर.के. जैन की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली 50 महिला प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किया गया। आर.के. जैन ने अपने उद्बोधन मंे कहा कि महिलाएं स्वरोजगार स्थापित कर स्वावलम्बी बनें। यदि स्वरोजगार स्थापित करने हेतु पूंजी की आवश्यकता हो तो बैंक हरसंभव मदद के लिए तैयार हैं। ऋण प्राप्त करने हेतु बैंक से संपर्क कर सकते हैं।

Related posts

आरडी कॉलेज में रोजगार मेला 9 को

Reva India News

रबी वर्ष 2021-22 की बीजों की उपलब्धता एवं विक्रय दर निर्धारित

Reva India News

किसली और मोचा में परिवर्तन दिवस पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई

Reva India News

Leave a Comment