Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला 2 दिसम्बर 2022

कलेक्टर ने की मतदाता सूची के पुनरीक्षण की समीक्षा

एक शिक्षक, 2 पटवारी, 3 सचिव तथा 2 रोजगार सहायकों पर अनुशासनात्मक कार्यवाही करने के निर्देश

 

मंडला 2 दिसम्बर 2022

फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के संक्षिप्त पुनरीक्षण के संबंध में आयोजित बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाईजर की बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी, कर्मचारी निर्वाचन से संबंधित कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता से संपादित करें। समय-सीमा में कार्य पूर्ण नहीं करने वाले लोकसेवकों पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कार्य में लापरवाही बरतने पर एक शिक्षक, 2 पटवारी, 3 सचिव तथा 2 रोजगार सहायकों पर अनुशासनात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि सभी बीएलओ अपने क्षेत्रांतर्गत व्यापक संपर्क करें तथा पात्रतानुसार नए मतदाताओं का नाम जोड़ने, बाहर गए या मृत व्यक्तियों के नाम हटाने तथा आवश्यकतानुसार मतदाताओं के नाम स्थानांतरित करने की कार्यवाही पूर्ण करें। बीएलओ सुपरवाईजर पुनरीक्षण कार्य की सघन मॉनीटरिंग करें। कलेक्टर ने कहा कि सभी हायरसेकेंडरी स्कूलों में कक्षा 11वी एवं 12वी में पढ़ने वाले पात्र विद्यार्थियों से फॉर्म-6 भरवाएं तथा उनकी गरूड़ पोर्टल पर एंट्री करें। इसी प्रकार आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से जानकारी प्राप्त कर यदि किसी परिवार में बहू आई है तो उसका नाम भी मतदाता सूची में जोड़ने की कार्यवाही करें। क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पेंशनर्स एवं दिव्यांगजनों की सूची का भी मिलान करें जिनके नाम छूटे हैं उन्हें भी जोड़ने की कार्यवाही करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले व्यक्तियों का फॉर्म-8 भरवाते हुए उन्हें दिव्यांग वोटर के नाम पर उनकी एंट्री करें। इसी प्रकार प्रत्येक बैगा परिवार तक पहुंच सुनिश्चित करें तथा पात्रतानुसार प्रत्येक व्यक्ति का नाम जोड़ना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कहा कि सभी बीएलओ इस आशय का प्रमाण पत्र लिया जाए कि उनके क्षेत्र में किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में जोड़ा जाना शेष नहीं है।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही बरतने पर बुडला में पदस्थ शिक्षक ज्ञानचंद्र धुर्वे, बैठक में अनुपस्थित रहने वाले पटवारी मोहित कुशवाहा एवं योगेश तिवारी, पुनरीक्षण कार्य में संतोषजनक प्रगति नहीं होने पर बहरमुंडा, बोरी पीपरडाही तथा सुरखी के सचिवों तथा बरवानी एवं नाहरवेली के रोजगार सहायक पर अनुशासनात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। जिन बीएलओ 5 या उससे कम फॉर्म भरवाएं हैं उनके विरूद्ध भी कार्यवाही की जाएगी।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

बोर्ड परीक्षाओं में शतप्रतिशत परिणाम के लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित करें – हर्षिका सिंह

जगन्नाथ उत्कृष्ट विद्यालय मंडला की विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक में कलेक्टर के निर्देश

 

मंडला 2 दिसम्बर 2022

शासकीय जगन्नाथ उत्कृष्ट विद्यालय मंडला की विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि विद्यालय के शैक्षणिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाएं। अध्यापन कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। पाठ्यक्रम समय पर पूर्ण कराएं। बोर्ड परीक्षा परिणामों की समीक्षा के दौरान उन्होंने शतप्रतिशत परिणाम के लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय में प्रत्येक शनिवार विद्यार्थियों के शारीरिक स्वास्थ्य एवं मानसिक संतुलन के लिए हैप्पीनेस कक्षाएं प्रारंभ संचालित करें।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने प्रोजेक्ट नई उड़ान अंतर्गत जेईई, नीट लैपटॉप योजना, आकांक्षा योजना एवं कैरियर मार्गदर्शन संबंधी गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन विद्यार्थियों को लैपटॉप के लिए राशि प्रदान की गई है उनसे फीडबैक प्राप्त करें। श्रीमती सिंह ने विद्यालय में पोषक वाटिका निर्माण एवं रस अंकुर अभियान तथा विद्यालय में पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि स्मार्ट क्लास स्थापना कार्य शीघ्र पूर्ण करें, विद्यालय में महिला एवं पुरुष पीटीआई की पद पूर्ति हेतु विभाग को मांगपत्र भेजें। कम्प्यूटर लैब को प्रभावी बनाएं। कलेक्टर ने विद्यालय में साइकिल स्टैंड मरम्मत, सड़क, नाली सुधार एवं क्षतिग्रस्त अधोसंरचना में सुधार आदि कार्य के लिए संबंधित अधिकारियों को प्राक्कलन तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने कहा कि 100 कलाम छात्रावासों में उत्कृष्ट विद्यालय के विद्यार्थियों को प्रवेश में प्राथमिकता प्रदान करें। सांस्कृतिक मंच निर्माण एवं सभागृह हेतु स्थान चयनित कर प्राक्कलन तैयार करें। बैठक में स्थानीय परीक्षा एवं शाला विकास निधि में आंशिक वृद्धि की स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में सहायक संचालक डीएस उद्दे, सीएमओ नगरपालिका मण्डला गजानंद नाफड़े, व्याख्याता मुक्ता खाका, अखिलेश उपाध्याय, राजेश छत्री सहित प्रबंध समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक संपन्न

 

मंडला 2 दिसम्बर 2022

जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक कलेक्टर हर्षिका सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई जिसमें समेकित बाल संरक्षण योजना, किशोर न्याय बोर्ड, बाल कल्याण समिति, शिशु गृह, बाल गृह, संप्रेक्षण गृह, पश्चात्वर्ती गृह पर चर्चा की गई। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा किशोर न्याय अधिनियम के अंतर्गत बालकों के देखरेख एवं संरक्षण के बेहतर क्रियान्वन हेतु आयोजित बैठक में फोस्टर केयर, स्पॉन्सरशिप, दत्तक ग्रहण, पीएम केयर फॉर चिल्ड्रन, मुख्यमंत्री कोविड बाल सेवा योजना, मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना के अंतर्गत लाभान्वित प्रकरणों की समीक्षा की गई।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने संवेदनशीलता से योजना का लाभ बच्चों को प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दें। समय-समय पर उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराएं। चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 का व्यापक प्रचार प्रसार करें। पंचायत भवन सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर वॉलपेंटिंग कराएं। क्षेत्र में मिलने वाले निराश्रित बच्चों की जानकारी इस नंबर पर भेजने के संबंध में सरपंच सहित नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को पत्र लिखें। कलेक्टर ने बाल गृह में निवासरत बच्चों को ठंड से बचाने हेतु पर्याप्त गरम कपड़ों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने बालगृह में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता के संबंध में भी जानकारी ली। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास विभाग श्वेता तड़वे, जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता बर्वे, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष प्रीति पटेल, सदस्य योगेश पाराशर, रितेश बघेल, बाल संरक्षण अधिकारी सौरभ पटवा, सचिव विधिक सेवा प्राधिकरण अकील अहमद सहित संबंधित उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

प्रत्येक पात्र विद्यार्थी का निर्वाचक नामावली में नाम जुड़वाना संबंधित संस्था प्रभारी की जिम्मेदारी

समीक्षा बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देश

 

मंडला 2 दिसम्बर 2022

प्राईवेट हायरसेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्यों की बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि प्रत्येक पात्र विद्यार्थी का नाम निर्वाचक नामावली में जुड़वाना संबंधित संस्था प्रभारी की जिम्मेदारी है। संबंधित संस्थाएं इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान करते हुए उन सभी छात्र-छात्राओं के फॉर्म-6 भरवाकर जमा करना सुनिश्चित करें जो 1 अक्टूबर 2023 में 18 वर्ष की आयु पूर्ण करेंगे।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि सभी विद्यालय संस्था में उपलब्ध अभिलेखों के अनुसार विश्लेषण करें तथा पात्र विद्यार्थियों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए आवश्यक कार्यवाही करें। विद्यार्थियों को आधार कार्ड, फोटो तथा परिवार के एक सदस्य की वोटर आईडी लेकर विद्यालय बुलाएं तथा शिक्षकों के सहयोग से फॉर्म-6 भरवाने की कार्यवाही पूर्ण करें। श्रीमती सिंह ने निर्देशित किया कि सभी पात्र विद्यार्थियों के फॉर्म अगले 3 दिवस में जिला निर्वाचन कार्यालय में जमा कराना सुनिश्चित करें। संस्थावार समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र विद्यार्थी का नाम मतदाता सूची से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने संस्था प्रमुखों से इस संबंध में प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर मीना मसराम, जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता बर्वे सहित संबंधित उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण

 

मण्डला 2 दिसंबर 2022

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने पॉलिटेक्निक कॉलेज मंडला परिसर स्थित ईवीएम एवं वीवीपेट वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाऊस की सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से वेयर हाऊस के निरीक्षण के दौरान आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी मीना मसराम, निर्वाचन अधीक्षक अरूण कुशवाहा, लिपिक सीके तिवारी सहित संबंधित उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

कलेक्टर ने समझाईश: पात्र विद्यार्थी मतदाता सूची में नाम जुड़वाएं

 

मंडला 2 दिसम्बर 2022

गत दिवस कलेक्टर हर्षिका सिंह ने माधोपुर एवं अंजनिया के हायर सेकेंडरी स्कूलों के भ्रमण के दौरान कक्षा 11वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं को जिला प्रशासन द्वारा मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए चलाए जा रहे अभियान की जानकारी दी तथा विद्यार्थियों को लोकतंत्र में मतदान का महत्व बतलाया। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जिन्होंने 18 वर्ष पूर्ण कर लिए हैं या 1 अक्टूबर 2023 में 18 वर्ष के होने वाले हैं वे फार्म-6 भरकर उसे जरूरी दस्तावेजों के साथ अपने स्कूल एवं संस्थाओं में ही जमा करें। उन्होंने विद्यार्थियों का आव्हान किया कि वे मतदाता सूची में नाम जोड़ने के संबंध में अपने घर, परिवार एवं गांव में भी लोगों को जागरूक करें।

 

 

 

 

 

 

 

रंगोली बनाकर छात्राओं ने दिया नशामुक्ति पर संदेश

 

मंडला 2 दिसम्बर 2022

म.प्र. शासन द्वारा चलाए जा रहे नशामुक्ति अभियान के अंतर्गत रानी फूलकुंवर पॉलीटेक्निक महाविद्यालय मण्डला में कैलेण्डर अनुसार नशामुक्ति अभियान चलाकर छात्राओं को जागरूक किया गया। सर्वप्रथम नशामुक्ति पर विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान का आयोजन किया गया। संस्था प्राचार्य आर0के0 परोहा ने नशे का दुस्प्रभाव बताते हुए कहा कि नशे में लिप्त व्यक्ति परिवार एवं समाज से दूर होता जाता है तथा शारीरिक एवं मानसिक रूप से कमजोर होकर अनेक बीमारियों का शिकार हो जाता है। व्याख्याता जुरिया सिंघानी ने छात्राओं से कहा कि नशा एक अपराध है। नशे में पकड़े जाने पर कानूनी कार्यवाही होती है और उसे सजा भी होती है। वरिष्ठ व्याख्याता अरविन्द कुमार गुप्ता ने बताया कि नशा करने वाला व्यक्ति समाज में सदैव अपमानित होता है। उसके परिवार की सामाजिक, आर्थिक स्थिति दयनीय हो जाती है। ओ.पी. साहू ने छात्राओं को बताया कि नशे का आदी व्यक्ति का शैक्षणिक एवं बौद्धिक विकास रूक जाता है। वह अपना भविष्य में उन्नति करने में असमर्थ होकर उसका परिवार हमेशा त्रस्त रहता है। नशा सभी बुराईयों का जड़ है। संस्था में छात्राओं को जागरूक करने के लिए निबंध, पोस्टर निर्माण, नारे लेखन एवं रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। निबंध प्रतियोगिता में नशे की रोकथाम एवं दुष्परिणाम विषय में सोनाली ठाकुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। पूजा बरकड़े, सुलेखा एवं ज्योति सोयाम ने द्वितीय तथा इंदिया मरावी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला एवं पोस्टर निर्माण में शिवानी नागेश्वर, अर्चना उइके एवं संजना धुर्वे ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी क्रम में नारे लेखन में गंगोत्री बरकड़े, शिवानी चंद्रौल एवं प्रीति मर्सकोले ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रही। साथ ही संस्था प्रांगड़ में नशामुक्ति पर जाग्र्रति रैली निकालकर लोगों को नशा छोड़ने पर संदेश दिया। छात्राओं ने रंगोेली बनाकर नशामुक्त जिला बनाने का संकल्प लिया। इस प्रतियोगिता में रितु मरावी एवं कीर्ति उलारी एवं साथी तथा हेमवती उइके एवं उनके सहयोगियों ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। उपरोक्त सभी प्रतियोगिताओं ने छात्राओं ने उत्साहपूर्वक बढ़-चढ़कर भाग लिया।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

जिला चिकित्सालय में लगेंगे दिव्यांग शिविर

 

मंडला 2 दिसम्बर 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशानुसार जिला चिकित्सालय मंडला में समग्र सेकेण्डरी एजुकेशन अंतर्गत कक्षा 9 से 12 में अध्यनरत विशेष आवश्यकता वाले दिव्यांग विद्यार्थियों हेतु 3 दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया है। शिविर में 9 विकासखंडों के कक्षा 9वीं से 12वीं तक अध्ययनरत् विशेष आवश्यकता वाले निःशक्त छात्रों की आवश्यकता का आंकलन कर उन्हें आवश्यक सुविधा प्रदान करने हेतु जिला स्तर पर जिला चिकित्सालय मण्डला में 7 दिसंबर 2022 को विकासखंड बिछिया, नारायणगंज, बीजाड़ांड़ी के विद्यालय तथा 8 दिसंबर 2022 को विकासखंड नैनपुर, घुघरी, मोहगांव के विद्यालय एवं 9 दिसंबर 2022 को विकासखण्ड मंडला, मवई, निवास के विद्यालयों के लिये प्रातः 10 बजे से शिविर का आयोजन किया गया है। शिविर में निःशक्त विद्यार्थियों के मेडिकल जांच उपरांत मेडिकल प्रमाणपत्र बनाये जायेंगे साथ ही 3 वर्ष पूर्व बने मेडिकल प्रमाण पत्रों का नवीनीकरण किया जाएगा।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

पेसा एक्ट की जानकारी देने ग्रामसभाओं का आयोजन

 

मण्डला 2 दिसम्बर 2022

पेसा एक्ट के प्रावधानों से ग्रामीणजनों को अवगत कराने के उद्देश्य से 20 नवंबर से 3 दिसंबर तक चरणबद्ध रूप से विशेष ग्रामसभाओं का आयोजन किया जा रहा है। ग्रामसभाओं के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार पेसा एक्ट के प्रावधानों से अवगत कराने के लिए 3 दिसंबर को बिछिया विकासखंड के लौहटा, जैलवारा, भीमपुरी रैयत, राजो रैयत एवं झांगुल वनग्राम में तथा घुघरी विकासखंड के पीपरदौन, सैंदवारा एवं मांगा में ग्रामसभा आयोजित की जाएंगी।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

आज और कल लगेंगे मतदान केन्द्रों में विशेष कैम्प

 

मण्डला 2 दिसंबर 2022

अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2023 का कार्य प्रारंभ है, जिसके अंतर्गत 8 दिसंबर 2022 तक दावे-आपत्तियाँ प्राप्त करने का कार्य किया जाएगा।

भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश द्वारा दिये गये निर्देशों के परिप्रेक्ष्य में जन सामान्य की सुविधा हेतु 3 दिसम्बर 2022 (शनिवार) एवं 4 दिसम्बर 2022 (रविवार) को प्रत्येक मतदान केन्द्र में विशेष कैम्प का आयोजन किया गया है। कैम्प में सभी बीएलओ अपने मतदान केन्द्र के घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करेंगे तथा पात्र व्यक्तियों के प्रारूप-6, नाम विलोपित करने हेतु प्रारूप-7 में आवेदन, नाम, पते अथवा किसी प्रविष्टि में सुधार हेतु प्रारूप-8 में आवेदन प्राप्त करने का कार्य करेंगे। उक्त सभी फार्म बीएलओ के पास उपलब्ध हैं, जो निःशुल्क उपलब्ध कराये जाएंगे। संबंधित बीएलओ के पास प्रारूप निर्वाचक नामावली भी उपलब्ध रहेगी, जिसका अवलोकन आमजन कर सकते हैं। अपर कलेक्टर ने जिलेवासियों से बीएलओ के माध्यम से निर्वाचक नामावली में नाम दर्ज कराने, विलोपन, अथवा किसी त्रुटिपूर्ण प्रविष्टि के संशोधन का कार्य कराने की अपील की है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

एक सप्ताह में कार्य प्रारंभ न करने वाले हितग्राहियों के प्रधानमंत्री आवास होंगे निरस्त

समीक्षा बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने दिए निर्देश

 

मंडला 2 दिसम्बर 2022

नगरीय निकायों में स्वीकृत प्रधानमंत्री आवासों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि स्वीकृत किए गए प्रधानमंत्री आवासों के निर्माण कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराएं। जिन हितग्राहियों ने अब तक कार्य प्रारंभ नहीं किया है उन्हें एक सप्ताह में कार्य प्रारंभ करने संबंधी नोटिस जारी करें। जो हितग्राही एक सप्ताह में कार्य प्रारंभ नहीं करते उनकी स्वीकृति निरस्त कर प्रदाय की गई राशि वसूल करने की कार्यवाही करें।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निकायवार समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि जिन हितग्राहियों के कार्य अपूर्ण हैं संबंधित सीएमओ हितग्राहीवार समीक्षा कर कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण कराएं अन्यथा की स्थिति में इनके आवासों की स्वीकृति भी निरस्त करने की कार्यवाही करें। इसी प्रकार जिन आवासों में छत पूर्ण स्तर तक कार्य हो चुका है उन्हें अगले 10 दिवस में पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। बैठक में कलेक्टर ने नवीन स्वीकृत प्रधानमंत्री आवासों को पूर्ण कराने के लिए भी समय-सीमा निर्धारित की। उन्होंने नए डीपीआर के तहत स्वीकृत निर्माण कार्यों के भूमिपूजन के संबंध में भी तिथि निर्धारित करने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने कहा कि विभागीय अमला प्रत्येक कार्यों की सघन मॉनीटरिंग कर दैनिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। कलेक्टर ने राशि जारी करने तथा जियो टैगिंग के संबंध में भी जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

 

सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों पर तथ्यात्मक जवाब दर्ज करें

 

बैठक में सीएम हेल्पलाईन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का गंभीरतापूर्वक अध्ययन करते हुए उनका समयसीमा में सकारात्मक निराकरण सुनिश्चित करें। प्रकरणों के निराकरण पर भविष्यात्मक शब्दों का उपयोग न करें। जवाब तथ्यात्मक होने चाहिए। श्रीमती सिंह ने कहा कि स्वनिधि योजना के तहत लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित करें। योजना के तहत ऋण स्वीकृति एवं वितरण के लिए सीएमओ बैंकर्स से समन्वय करें। बैठक में कलेक्टर ने निर्माण कार्य, पेयजल की उपलब्धता, फायर ब्रिगेड की स्थिति आदि के संबंध में भी जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

विश्व विकलांग दिवस पर होंगे विविध आयोजन

 

मंडला 2 दिसम्बर 2022

विश्व विकलांग दिवस के अवसर पर 3 दिसंबर को दिव्यांगजनों की खेलकूद प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार 3 दिसंबर को प्रातः 10 बजे से 11:30 बजे तक स्टेडियम ग्राउंड में खेलकूद एवं वॉलपेंटिंग की जाएगी। 12:30 बजे निःशक्त पुर्नवास केन्द्र का उद्घाटन किया जाएगा तथा दिव्यांग छात्र-छात्राओं के कौशल विकास हेतु रोजगारोन्मुखी कार्यशाला आयोजित होगी। दोपहर 12:45 बजे डॉ. रामनरेश पटेल एवं डॉ. श्रद्धा तिवारी द्वारा कैरियर काउंसलिंग के संबंध में उद्बोधन होगा। दोपहर 2:30 से 3:15 बजे तक जिला निःशक्त पुर्नवास केन्द्र में सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। अपरान्ह 3:15 बजे पारितोषिक एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए जाएंगे।

 

Related posts

अब बलराम तालाब के आवेदन होंगे ऑनलाईन

Reva India News

नगरीय निकायों में आज भी लगेंगे वसूली शिविर

Reva India News

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने कलेक्ट्रेट में राष्ट्रीय ध्वज फहराया  

Reva India News

Leave a Comment