Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला 5 दिसम्बर 2022

 

सभी अधिकारी विभागीय लक्ष्य की उपलब्धि सुनिश्चित करें – हर्षिका सिंह

समय-सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक संपन्न

 

मंडला 5 दिसम्बर 2022

समय-सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी विभागीय लक्ष्य की भौतिक उपलब्धि सुनिश्चित करें। लक्ष्य पूर्ति न होने की दशा में हर स्तर पर जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी। अधिकारी लगातार क्षेत्र का भ्रमण करें तथा योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करें। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, समस्त एसडीएम सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का निराकरण सर्वाेच्च प्राथमिकता के साथ करें। प्रकरणों को संतुष्टिपूर्वक बंद कराएं। नवंबर माह में प्राप्त होने वाले शिकायतों का अगले 2 दिवस में संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित करें। निराकरण में भविष्यात्मक शब्दों का उपयोग न करें। उन्होंने राजस्व विभाग तथा वन विभाग के अंतर्गत अधिक लंबित प्रकरणों पर नाराजगी जाहिर की। इसी प्रकार उन्होंने जीएम डीआईसी को सीएम हेल्पलाइन में कमजोर प्रगति के लिए कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन की डेली मॉनिटरिंग करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि प्रसूति सहायता के प्रकरणों का निराकरण सर्वाेच्च प्राथमिकता के साथ करें। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास को अतिथि शिक्षकों की नियुक्तियों के संबंध में जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। कलेक्टर ने नैनपुर क्षेत्र में सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता पर जल संसाधन विभाग से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर पानी मिले। पानी के कारण कृषि कार्य प्रभावित न हो। श्रीमती सिंह ने पेसा एक्ट के प्रभावी क्रियान्वयन कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बैठक में उपार्जन, परिवहन, पीडीएस वितरण, जननी सुरक्षा, लाड़ली लक्ष्मी योजना, स्वामित्व योजना, स्वरोजगार योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास आदि की भी समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

 

शाला प्रबंधन समितियों को सशक्त करें

 

बैठक में कलेक्टर हर्षिका ने निर्देशित किया कि सभी प्राथमिक, माध्यमिक, हाईस्कूल तथा हायरसेकेंडरी स्कूलों में गठित शाला प्रबंधन समितियों का उन्मुखीकरण करें। उन्होंने कहा कि जनशिक्षा स्तर पर शाला प्रबंधन समितियों की बैठक आयोजित करें। बैठकों में जिला स्तर के अधिकारी भी सहभागिता करेंगे। उन्मुखीकरण की योजना डाईट द्वारा तैयार की जाए। कलेक्टर ने कहा कि जिलाधिकारी भ्रमण के दौरान शालाओं तथा आंगनवाड़ियों का निरीक्षण करें। निरीक्षण के दौरान पेयजल तथा शौचालय के संबंध में अनिवार्य रूप से जानकारी प्राप्त करें। कलेक्टर ने कहा कि शालाओं में बनाए गए शौचालय बंद पाए जाने की स्थिति में संबंधित संस्था प्रभारी की 2 वेतनवृद्धि रोकने की कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने स्कूल तथा आंगनवाड़ी केंद्रों के विद्युतीकरण की भी समीक्षा की तथा कहा कि 31 दिसंबर तक शत प्रतिशत विद्युतीकरण का कार्य पूर्ण करें।

 

शनिवार को जाति प्रमाण-पत्र वितरण का कार्यक्रम आयोजित करें

 

जाति प्रमाण-पत्रों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि सभी पात्र छात्र-छात्राओं के जाति प्रमाण-पत्र बनवाने की कार्यवाही समय पर पूर्ण करें तथा शनिवार को शाला स्तर पर शिविर का आयोजन कर जाति प्रमाण-पत्रों का वितरण करें। डीपीसी सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र विद्यार्थी जाति प्रमाण-पत्र से वंचित न रहे। बीईओ, बीआरसी फॉर्म एकत्र कर लोकसेवा केन्द्रों में जमा करें। शाला स्तर पर शिविरों के आयोजनों की जिम्मेदारी सहायक आयुक्त जनजातीय तथा जिला परियोजना समन्वयक की होगी। कलेक्टर ने बैठक में आयुष्मान पंजीयन की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिले में 31 दिसंबर तक सभी पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान पंजीयन शत-प्रतिशत रूप से बनाया जाना सुनिश्चित करें।

 

हाथियों के नुकसान की ली जानकारी

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बैठक में संबंधित विभागों से जंगली हाथियों के नुकसान के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि हाथियों के नुकसान पर पीड़ितों को तत्काल नियमानुसार सहायता दें। संबंधित क्षेत्र के एसडीएम कार्यवाही को पूर्ण करें। इसी प्रकार फसल नुकसान होने पर फसल बीमा का लाभ भी दिलाएं। कलेक्टर ने बैठक में मुख्यमंत्री भू-अधिकार योजना के अंतर्गत जारी किए गए पट्टों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता के साथ काम करें, आवश्यक होने पर पुनः जांच करें। कलेक्टर ने स्वामित्व योजना के अंतर्गत ड्रोन सर्वे नक्शे के प्रकाशन से संबंधित भी जानकारी ली।

 

निर्वाचन कार्य में लापरवाही पर होगी कड़ी कार्यवाही

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बैठक में मतदाता सूची के संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सहायक आयुक्त आदिवासी विकास एवं महिला बाल विकास विभाग को सक्रिय होने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में लापरवाही पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी। श्रीमती सिंह ने मतदाता सूची के कार्यों में धीमी प्रगति पर संबंधित क्षेत्र के परियोजना अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैगा पंचायतों में कोई भी पात्र बैगा महिला एवं पुरुष मतदाता सूची में दर्ज होने से वंचित न रहे। पंचायत, ग्राम एवं टोला तक लगातार जाकर अभियान की जानकारी दें। बैगा परिवारों के पात्र सदस्यों के नाम जोड़ने के लिए शिक्षकों का भी सहयोग लें। इसी प्रकार 1 अक्टूबर 2023 में 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी छात्र-छात्राओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाएं।

 

 

 

 

 

 

 

 

बिछिया के वनग्राम भानपुर खेड़ा में करमा महोत्सव आयोजित

कलेक्टर ने लिया कोदो-भात का स्वाद

 

मंडला 5 दिसम्बर 2022

बिछिया अनुविभाग के अंतर्गत वनग्राम भानपुर खेड़ा में करमा महोत्सव के रूप में बैगा जनजाति के इस पारंपरिक एवं प्रमुख लोकनृत्य का भव्य रुप से आयोजन किया गया। इस आयोजन में कलेक्टर हर्षिका सिंह शामिल हुई। उन्होंने करमा महोत्सव में जनजातियों के प्रमुख खाद्य कोदो-भात, चकौड़ा एवं चैंच भाजी का स्वाद भी लिया। कलेक्टर ने करमा महोत्सव को संबोधित करते हुए कहा कि मैं सौभाग्यशाली हूं कि मुझे बैगा समुदाय के लिए एवं समुदाय के साथ काम करने का मौका मिला। बैगा जनजाति की जिंदगी प्रकृति प्रेमी, सुंदर एवं निश्छल है। इनसे सीखने के अवसर प्राप्त होते हैं। बैगा जनजाति को देखकर लगता है कि मानवता आज भी जीवित है। उन्होंने बैगा जनजाति को हैबिटेट राइट्स की जानकारी दी तथा अधिकारों के कारण जनजाति जीवन में आने वाले बदलाव के बारे में बताया। करमा महोत्सव में मंडला के अतिरिक्त बालाघाट, डिंडौरी एवं अनूपपुर जिले के बैगा नृतक दलों ने सहभागिता की। इस दौरान तहसीलदार बिछिया शीतल रघुवंशी, बैगा समुदाय के नारायण भारतीया, दिनेश भारतीया, सोनशाय बैगा एवं सरस्वती चंदरनिया आदि उपस्थित रहे।

 

कान्हा गेट पर बनेगा बैगा कल्चरल हब

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने करमा महोत्सव के दौरान अपने संबोधन में बताया कि विश्व प्रसिद्ध कान्हा नेशनल पार्क के मोचा गेट पर बैगा कल्चरल हब बनेगा। प्रदेश सरकार द्वारा इसके लिए 5 करोड़ की स्वीकृति प्राप्त हुई है। यह सेंटर जनजातीय संस्कृति को संरक्षित करेगा, साथ ही बैगा जनजाति के जीवन के विभिन्न पहलुओं की देश एवं दुनिया को जानकारी देगा। उन्होंने बैगा जनजाति के बारे में चर्चा करते हुए कहा कि कोरोना काल के दौरान वेक्सिनेशन के समय बैगा समुदाय ने अन्य लोगों के लिए भी उदाहरण रखा। कलेक्टर ने बताया कि बैगा बसाहटों का सर्वे कराया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों का चिन्हांकन करते हुए लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

 

मतदाता सूची में जोड़े नाम

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बैगा समुदाय से आग्रह किया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने का कार्यक्रम जारी है। उन्होंने 17 वर्ष पूर्ण कर चुके एवं आगामी अक्टूबर 2023 में 18 वर्ष पूर्ण करने वाले युवाओं, महिला एवं पुरुषों से कहा कि मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जोडे़। उन्होंने संबंधित तहसीलदार को इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

जिला योजना भवन में होगी जनसुनवाई

 

मंडला 5 दिसम्बर 2022

मंगलवार को होने वाली जनसुनवाई पूर्वानुसार जिला योजना भवन में आयोजित की जाएगी। जनसुनवाई के लिए प्रातः 11 से 1 बजे तक का समय नियत् है।

 

 

 

 

 

 

 

 

मड़ई-मेले में खाद्य सुरक्षा अधिनियम का पालन करने के दिए गए निर्देश

 

मंडला 5 दिसम्बर 2022

आम उपभोक्ताओं को स्वास्थ्यप्रद एवं गुणवक्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो इसके लिये कलेक्टर के आदेशानुसार खाद्य सुरक्षा प्रशासन एवं जिला प्रशासन की टीम के साथ खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम हेतु विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूने लिए जा रहे हैं। मंडला जिले में विभिन्न स्थलों पर आयोजित होने वाले मेले-मढ़ई में लगने वाले मिठाईयों, चाट-फुल्की, समोसा, मंगोड़ी व अन्य खाद्य पदार्थों की दुकानों का भी निरीक्षण किया गया। टीम के द्वारा सतबहनी मडई में जाकर वहां लगने वाले मिठाई दुकानों एवं चाट-फुलकी आदि की दुकानों का निरीक्षण किया गया तथा अमानक एवं बासी मिठाइयों का विनष्टिकरण भी कराया गया। निरीक्षण में खाद्य पदार्थों में गुणवत्ता बनाये रखने, साफ-सफाई का ध्यान रखने, स्वास्थ्यकर परिस्थितियों में खाद्य पदार्थ निर्मित करने, खाद्य पदार्थों को ढक्कर रखने व खाद्य सुरक्षा अधिनियम का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये हैं।

 

 

 

 

 

 

 

67 केन्द्रों में होगा धान का उपार्जन

 

मंडला 5 दिसम्बर 2022

मध्यप्रदेश शासन खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग भोपाल के अनुसार खरीफ विपणन मौसम 2022-23 में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन हेतु जिले में 67 धान उपार्जन केन्द्रों के स्थल का निर्धारण जिला स्तरीय उपार्जन समिति के द्वारा किया गया है। समर्थन मूल्य पर औसत अच्छी गुणवत्ता धान उपार्जन के लिए 67 उपार्जन केन्द्रों की स्थापना की जा चुकी है। 28 नवम्बर 2022 से धान खरीदी प्रारंभ है, जिसमें धान उपार्जन कार्य हेतु संलग्न संस्थाऐं उपार्जन केन्द्र पर आवश्यक मानव एवं भौतिक संसाधन की व्यवस्थाऐं सुनिश्चित करते हुए धान उपार्जन का कार्य संपादित करेंगे। समर्थन मूल्य पर धान विक्रय हेतु 27 नवंबर 2022 तक 1640 किसानों के द्वारा समर्थन मूल्य पर धान विक्रय हेतु स्लॉट की बुकिंग की गई है। किसानों से अपील है कि सुविधा अनुसार निर्धारित उपार्जन केन्द्रों में धान विक्रय हेतु स्लॉट बुकिंग कराएं। स्लॉट बुकिंग के आधार ही समर्थन मूल्य पर धान का विक्रय किया जा सकेगा। जिन किसानों ने पूर्व में 28 नवंबर 2022 को अपनी उपज बेचने हेतु स्लॉट बुक कराया है वे अपनी उपज अपने निर्धारित स्टॉल बुकिंग उपार्जन केन्द्रों पर जाकर अपनी धान का विक्रय कर सकते हैं।

धान न्यूनतम समर्थन मूल्य 2040 रूपये प्रति क्विंटल शासन द्वारा नियत किया गया है। जिले के सभी समर्थन मूल्य खरीदी केन्द्रों पर खरीदी हेतु पूर्ण तैयारी की गई है। उपार्जन केन्द्रों के सभी केन्द्रों पर कृषि एवं सहकारिता विभाग के नोडल अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जा रही है, जो प्रतिदिन जाकर निर्धारित केन्द्र पर जाकर अपनी निगरानी में खरीदी कार्य कराएंगे। जिले में इस वर्ष 20 खरीदी केन्द्र गोदाम स्तरीय बनाये गए हैं। जहां पर नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा नियुक्त किये गए सर्वेयर उपस्थित रहकर धान की जांच करेंगे। शेष स्थानों पर समिति स्वयं अपने सर्वेयर से कार्य करायेंगे। 26 नवंबर को जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित मण्डला में सभी उपार्जन केन्द्रों के प्रबंधकों, प्रभारियों, ऑपरेटर्स को उपार्जन का प्रशिक्षण दिया गया है। नवीन सेन्टरों के प्रभारियों को विशेष सतर्कता बरतने हेतु समझाईश दी गई है।

उपार्जन का कार्य 28 नवंबर 2022 से 16 जनवरी 2023 तक शासन द्वारा नियत किया गया है। सोमवार से शुक्रवार तक होगी। शेष दिनों में परिवहन एवं अन्य कार्य समितियां करेंगे। इस वर्ष जिले में कुल किसान पंजीयन 37285 सत्यापन उपरांत शेष हैं जो कि अपने उपज का विक्रय करेंगे। खरीदी का लक्ष्य 1 लाख 95 हजार मी टन अनुमानित है। नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा सभी खरीदी केन्द्रों के लिए नियत प्रारूप के बैनर, पोस्टर, खरीदी केन्द्रों पर प्रदर्शित करने हेतु प्रदाय किये गए हैं। बारदाना भी उपार्जन केन्द्रों पर पहुंचाया गया है।

 

 

 

 

 

 

 

किसान समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन के लिए जल्द कराएं स्लॉट बुकिंग

 

मंडला 5 दिसम्बर 2022

जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन हेतु जिले में 5 दिसंबर 2022 तक 9461 किसानों ने स्लॉट बुक कराया है। जिले के सभी 67 खरीदी केन्द्र क्रियाशील हैं, जिनमें अभी तक 176 किसानों ने 14169 क्विंटल धान विक्रय किया है। जिले में किसानों द्वारा स्लॉट बुकिंग धीमी गति से किया जा रहा है। किसानों से अनुरोध है कि अंतिम तिथि 6 जनवरी 2022 के पूर्व अपनी सुविधा अनुसार उपार्जन केन्द्र का चयन कर स्लॉट बुकिंग करा लें ताकि असुविधा से बच सकें। प्रशासन द्वारा किसानों से अच्छी औसत किस्म (एफ.ए.क्यू.) क्वालिटी का धान उपार्जन केन्द्र पर विक्रय हेतु ले जाने का अनुरोध किया गया है।

 

Related posts

साइबर फ्रॉड में जागरूकता अभियान का आयोजन

Reva India News

सुजुकी मोटर गुजरात प्लांट के लिए हुआ 12 अभ्यर्थियों का चयन

Reva India News

निवास के मझगांव जलाशय से 50 किलो मछली जाल जप्त

Reva India News

Leave a Comment