Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला 6 दिसम्बर 2022

जनहित से संबंधित आवेदनों का सर्वोच्च प्राथमिकता से करें निराकरण – हर्षिका सिंह

जनसुनवाई में प्राप्त हुए 54 आवेदन

 

मंडला 6 दिसम्बर 2022

जिला योजना भवन में सम्पन्न हुई जनसुनवाई में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने आवेदकों की समस्याएं सुनते हुये उनके समुचित निराकरण की पहल की। कलेक्टर ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देषित किया कि जनहित से संबंधित आवेदनों का सर्वोच्च प्राथमिकता से निराकरण करें। हितग्राहियों को पात्रतानुसार शासन की योजनाओं का लाभ दिलायें।  जनसुनवाई में 54 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किये। इस अवसर पर अपर कलेक्टर मीना मसराम, एसीईओ जिला पंचायत एसएस मरावी सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई के आवेदनों का गंभीरतापूर्वक निराकरण करें। पात्र हितग्राही को योजनाओं का लाभ समय पर मिले। मांझीपुर बिछिया निवासी महिमा, मनीषा एवं ज्योति सैयाम के आवेदन पर कलेक्टर हर्षिका सिंह ने उन्हें बाल आर्शिवाद, संबल आदि योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि विभिन्न निर्माण कार्यों में कार्यरत श्रमिकों तथा सामग्री प्रदाय करने वाले व्यक्तियों के भुगतान समय पर करें। भुगतान में विलंब होने की दशा में संबंधितों पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। खजरी घुघरी के ग्रामवासियों द्वारा दिए गए आवेदन पर कलेक्टर हर्षिका सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन स्कूलों में शिक्षक की पदस्थापना हो जाती है वहां से संबंधित विषय के अतिथि शिक्षक को कार्यमुक्त करें। जनसुनवाई में आवेदकों द्वारा प्रधानमंत्री आवास, गरीबी रेखा में नाम जोड़ने, पात्रतापर्ची, पेंशन, उपार्जन हेतु स्लॉट बुकिंग, बंटवारा आदि से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए गए।

 

दिलीप जैन को मौके पर दिए गए श्रवण यंत्र

 

जनसुनवाई में पिण्डरई निवासी दिलीप कुमार जैन ने श्रवण यंत्र दिलाने से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया। दिलीप जैन 45 प्रतिशत दिव्यांग हैं जिसे सुनाई नहीं देता था। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने पात्रता का परीक्षण कराते हुए मौके पर ही सामाजिक न्याय विभाग की ओर से 2 सेट श्रवण यंत्र प्रदान किए। श्रवण यंत्र पाकर दिलीप जैन बहुत खुश हैं। अब उसे सबकुछ सुनाई दे रहा है। श्रवण यंत्र लगाकर उसने कलेक्टर हर्षिका सिंह से बात की तथा समस्या के त्वरित निराकरण के लिए जिला प्रशासन के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

 

समय पर हो स्वत्वों का भुगतान

 

जनसुनवाई में सेवानिवृत भृत्य सत्यभान पटैल ने आवेदन देते हुए पेंशन, ग्रेज्युटी राशि, अवकाश नगदीकरण तथा एरीयर्स दिलाए जाने की मांग की। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने सहायक आयुक्त आदिवासी विकास को निर्देशित किया कि एक सप्ताह में पात्रतानुसार भुगतान की कार्यवाही सुनिश्चित कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। श्रीमती सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को उनके स्वत्वों का भुगतान समय पर करें। सेवानिवृत्ति दिनांक को ही पीपीओ आदि का वितरण करें। कलेक्टर ने सहायक आयुक्त जनजाति कार्य विभाग को विभाग के तहत सेवानिवृत्त अधिकारी, कर्मचारियों के स्वत्वों के भुगतान संबंधी विस्तृत रिपोर्ट समय सीमा बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

 

सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी प्रदाय करें

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कृषि कार्य के लिए नहरों से पर्याप्त पानी प्रदाय करें। पानी की कमी के कारण कृषि कार्य प्रभावित नहीं होना चाहिए। उन्होंने इस संबंध में बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि सभी किसानों को समान रूप से पानी मिले। नहरों से अतिरिक्त पानी प्राप्त करने के लिए लगाए जाने वाले पंप, मोटर आदि को जब्त करने की कार्यवाही करें।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

सीएम हेल्पलाईन पोर्टल के संबंध में प्रशिक्षण संपन्न

 

मंडला 6 दिसम्बर 2022

सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों के निराकरण तथा उनकी ऑनलाईन एंट्री के संबंध में जिला योजना भवन में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में प्रबंधक लोकसेवा कविता गुप्ता ने उपस्थित अधिकारी, कर्मचारियों को सीएम हेल्पलाईन पोर्टल में लॉगिन करने की प्रक्रिया से लेकर जवाब प्रस्तुत करने तक की कार्यवाही के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

लोकसेवा प्रबंधक कविता गुप्ता ने उपस्थित प्रशिक्षणार्थियों को बताया कि विभाग से संबंधित शिकायत प्राप्त होते ही वह पोर्टल के डेशबोर्ड पर प्रदर्शित होने लगती है। सभी अधिकारियों को प्रतिदिन सीएम हेल्पलाईन पोर्टल का अवलोकन करना चाहिए तथा शिकायत प्राप्त होते ही उसके निराकरण की पहल करनी चाहिए। आवेदकों से बात करते हुए शिकायत का संतुष्टिपूर्वक निराकरण का प्रयास करें। प्रकरणों पर की गई कार्यवाही से भी आवेदक को अवगत कराएं। प्रकरण पर निर्धारित समयावधि में जवाब प्रस्तुत न होने पर वह अगले स्तर पर चली जाती है जिससे संबंधित विभाग और जिले की ग्रेडिंग प्रभावित होती है। निराकरण में भविष्यात्मक शब्दों का प्रयोग नहीं होना चाहिए। लोकसेवा प्रबंधक ने निराकरण की समय-सीमा, ग्रेडिंग में सुधार आदि के संबंध में जानकारी दी तथा प्रशिक्षणार्थियों की शंकाओं का समाधान किया। प्रशिक्षण में विभिन्न विभागों के जिलाधिकारी, नोडल अधिकारी, कम्प्यूटर ऑपरेटर तथा कॉल सेंटर के कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

होमगार्ड तथा नागरिक सुरक्षा संगठन ने मनाया स्थापना दिवस

 

मंडला 6 दिसम्बर 2022

होमगार्ड कार्यालय में होमगार्ड तथा नागरिक सुरक्षा संगठन का 76 वां स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नगरपालिका परिषद मण्डला के अध्यक्ष विनोद कुमार कछवाहा, उपाध्यक्ष अखिलेश कछवाहा एवं सेवानिवृत्त डिस्ट्रिक्ट कमांडेन्ट एम.एस. मरावी आदि उपस्थित रहे। इस अवसर पर होमगार्ड बल द्वारा सलामी दी गई तथा मार्च पास्ट किया गया। परेड का नेतृत्व प्लाटून कमाण्डर प्रभात तिवारी द्वारा किया गया जिसमें ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों का भी 1 प्लाटून शामिल किया गया।

समारोह में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृह मंत्री भारत शासन तथा डायरेक्टर जनरल होमगार्ड के संदेशों का वाचन किया गया। इस अवसर पर पार्षदगण, रक्षित निरीक्षक कमलेश परस्ते, सेवानिवृत्त एन.सी.सी. ऑफीसर श्री मिश्रा, अध्यापक राजेश क्षत्री, ग्राम सुरक्षा समिति जिला कमाडेंड ऑफीसर कैलाश यादव एवं समस्त होमगार्ड स्टॉफ उपस्थित रहे। आभार प्रदर्शन डिस्ट्रिक्ट कमांडेन्ट नरेश कुमार साहू ने किया।

 

 

 

 

 

 

 

 

पानी टंकी के लिए भूमि आवंटन पर दावा, आपत्ति 19 तक प्रस्तुत कर सकते हैं

 

मंडला 6 दिसम्बर 2022

पानी टंकी के निर्माण के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा ग्राम कौरगांव, खड़देवरी, खलवारा, तिलईपानी, छपरी सिलपुरी, पटपरा माल, टिकरा बेरपानी एवं उमरिया में भूमि आवंटन की मांग की गई है जिसकी कार्यवाही न्यायालय तहसीलदार मंडला में प्रचलन में है। उक्त आवंटन के संबंध में सर्वसाधारण को किसी प्रकार की आपत्ति, दावा हो तो वह स्वयं या अपने अधिवक्ता के माध्यम से आगामी पेशी 19 दिसंबर 2022 तक तहसील न्यायालय मंडला में पेश कर सकते हैं। नियत तिथि के उपरांत प्रस्तुत दावा आपत्ति विचार योग्य नहीं होंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

अधिसूचित फसलों का बीमा 31 दिसम्बर तक कराएं

 

मंडला 6 दिसम्बर 2022

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत मौसम रबी 2022-23 की फसलों का ऋणी व अऋणी कृषक संबंधित वित्तीय संस्थाओं (व्यवसायिक, ग्रामीण, शहरी बैंक) व कॉमन सर्विस सेंटर के द्वारा अधिसूचित फसलों का बीमा 31 दिसम्बर तक अपनी फसल का बीमा करवाकर योजना में सम्मलित हो सकते हैं। प्रति हेक्टर प्रीमियम दरें जैसे- गेहूं सिंचित के लिए 480 रूपए, गेहूं असिंचित 360 रूपए, चना 435 रूपए, राई सरसों 225 रूपए, अलसी 225 रूपए, मसूर 307.5 रूपए है।

इस संबंध में जिले के कृषकों से प्रभारी उप संचालक कृषि मधुअली ने समस्त कृषक बंधुओं से अपील की है कि अधिक से अधिक फसलों का बीमा कराएं ताकि प्राकृतिक आपदा से होने वाले फसल नुकसान की भरपाई की जा सके। प्रधामंत्री फसल बीमा योजनांतर्गत मौसम रबी 2022 के लिए अधिकृत पटवारी हल्का अतंर्गत किसानों की फसलों की बीमा करवाने के लिए बैंकों द्वारा प्रीमियम जमा किये जाने की अंतिम तिथि 31 दिसम्बर निर्धारित है। फसल बीमा के लिए आवश्यक दस्तावेज जैसे- भू-ऋण अधिकार पुस्तिका, बी-1 की छायाप्रति, बैंक खाते की पासबुक की छायाप्रति, आधार कार्ड की छायाप्रति, पटवारी द्वारा जारी फसल बुआई का प्रमाण पत्र एवं प्रीमियम राशि की आवश्यकता होगी।

 

 

 

 

 

 

 

 

आर्थिक सहायता स्वीकृत

 

मण्डला 6 दिसम्बर 2022

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सनकुही निवासी बृद्धोबाई की पानी में डूबने से मृत्यु होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मंडला द्वारा मृतक के निकटतम वारसान को कुल 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। मृतक के निकटतम वारसान आवेदक समारूलाल पट्टा को कुल 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

किसानों से स्लॉट बुकिंग कराने की अपील

 

मंडला 6 दिसम्बर 2022

खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन हेतु मण्डला जिले में अब तक 11595 किसानों ने स्लॉट बुक कराया है। जिले के सभी 67 खरीदी केन्द्र क्रियाशील है, जिनमें अभी तक 995 किसानों ने 69099 क्विंटल धान विक्रय किया गया है। जिला आपूर्ति अधिकारी ने किसानों से अनुरोध किया है कि स्लॉट बुकिंग के अंतिम तिथि 6 जनवरी 2022 के पूर्व अपनी सुविधा अनुसार उपार्जन केन्द्र का चयन कर स्लॉट बुकिंग करा लें।

 

 

 

 

 

डॉली ने ’निरक्षरता से आज़ादी अभियान’ पर बनाया चित्र

कलेक्टर को सौंपी पेंटिंग

 

मंडला 6 दिसम्बर 2022

मंडला जिले में नवाचार के रूप में संचालित ’निरक्षरता से आजादी अभियान’ से प्रेरित होकर छात्रा डॉली बंजारा ने प्रेरक तस्वीर बनाकर कलेक्टर हर्षिका सिंह को भेंट की है। डॉली निरक्षरता से आजादी अभियान के तहत जिले में किए गए कार्यों से बहुत प्रभावित है। अभियान के लीडर के रूप में कलेक्टर हर्षिका सिंह को भी उसने अपनी पेंटिंग में स्थान दिया है। डॉली बंजारा कन्या हायरसेकेंडरी स्कूल बम्हनी बंजर की कक्षा 11 में अध्ययनरत है।

डॉली बंजारा ने बताया कि उसे बचपन से ही चित्रकला का शौक है। वह अपनी पढ़ाई के साथ-साथ चित्रकला के क्षेत्र में कैरियर बनाना चाहती है। उसे मंडला जिले में संचालित निरक्षरता से आजादी अभियान के बारे में जानकारी मिली तो उसने एक प्रेरक तस्वीर बनाते हुए इस श्रेष्ठ कार्य में सहभागिता दी। डॉली ने 2 दर्जन से अधिक मनमोहक तस्वीरें बनाई है जिसका एलबम उसने कलेक्टर हर्षिका सिंह को दिखाते हुए जिले में शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। कलेक्टर ने डॉली द्वारा बनाए गए इस पेंटिंग एलबम की प्रशंसा करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दी।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

2 से 6 दिसंबर तक चलाया गया “मलासूर अभियान”

 

मंडला 6 दिसम्बर 2022

स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 के अंतर्गत ओडीएफ प्रोटोकॉल के अनुसार सार्वजनिक शौचालयों का संचालन हर तीन साल में सेप्टिक टैंक की डिस्लजिंग के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन और इस हेतु नगरीय निकायों में शिकायत समाधान सिस्टम की जानकारी नागरिकों को होना अनिवार्य है। इस उद्देश्य से नगरपालिका परिषद मंडला क्षेत्रांतर्गत 2 दिसंबर से 6 दिसंबर 2022 तक “मलासूर अभियान” का संचालन किया गया। इस अभियान अंतर्गत नागरिकों के बीच सुरक्षित डिस्लजिंग प्रोटोकॉल एवं प्रत्येक तीन वर्ष में अधिकृत ऑपरेटर या निकाय के माध्यम से सेप्टिक टैंक की साफ-सफाई कराने की जानकारी दी गई। साथ ही मैनुअल स्केवेंजिंग रोकने, असुरक्षित डिस्लजिंग की शिकायत और डिस्लजिंग के बाद मल को खुले में डाले जाने पर नागरिकों के अधिकार व शिकायत हेतु टोल फ्री नंबर 14420 पर हेल्पलाइन सेवा प्राप्त करने का तरीका, कानूनी प्रावधान और ध्यान में रखने योग्य बातों का प्रचार-प्रसार की जानकारी दी गई।

 

 

 

Related posts

*“ऑपरेशन मुस्कान” अभियान के तहत मंडला पुलिस द्वारा विभिन्न थाना क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Reva India News

एक दिसंबर को जनपद पंचायत घुघरी में लगेगा अल्पविराम परिचय कार्यशाला जिले में 22 दिसंबर तक लगेंगे अल्पविराम परिचय कार्यशाला

Reva India News

मंडला पुलिस द्वारा मैरिज गार्डन एवं डीजे संचालकों की बैठक यातायात, सुरक्षा एवं ध्वनि नियमन पर दिए आवश्यक निर्देश

Reva India News

Leave a Comment