’निर्झरणी महोत्सव’ 28 जनवरी को
इशिता विश्वकर्मा देंगी भक्ति गीतों की प्रस्तुति
मंडला 20 जनवरी 2023
पवित्र माँ नर्मदा के प्रति धन्यता के उत्सव के रूप में 28 जनवरी को निर्झरणी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम रपटाघाट मंडला में सायं 6:30 बजे से प्रारंभ होगा जिसमें विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जायेगी।
इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार निर्झरणी महोत्सव का आयोजन संस्कृति विभाग मध्यप्रदेश शासन व जिला प्रशासन द्वारा किया जा रहा है जिसमें इशिता विश्वकर्मा द्वारा भक्ति गीतों की प्रस्तुतियाँ दी जाएंगी। कार्यक्रम में सरस्वती धुर्वे एवं साथियों द्वारा बैगा जनजाति नृत्य, जयपाल मार्को एवं साथियों द्वारा रीना एवं सैला नृत्य तथा अशोक कुमार मार्को एवं साथियों द्वारा गोंड गुदुमबाजा नृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे।

उत्कृष्ट विद्यालय नारायणगंज में जल संरक्षण पर कार्यक्रम संपन्न
मंडला 20 जनवरी 2023
जिले के उत्कृष्ट शासकीय हायर सेकेंडरी एवं हाईस्कूल के छात्र-छात्राओं को जलसंरक्षण, जल बचाव, वर्षा जल का संग्रहण, जल की कमी से भविष्य में आने वाली समस्याएं, चुनौतियों के संबंध में जिले के सभी 9 विकासखंडों की दो-दो शालाओं इस प्रकार कुल 18 शालाओं के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं को उक्त विषय पर जागरूकता कार्यक्रम विभिन्न माध्यम-पर्यावरण चित्रखेल, जल संरक्षण पर भाषण एवं व्याख्यान आदि के द्वारा जल सरंक्षण संबंधी कार्यक्रम कराये जा रहे हैं। इसी क्रम में 20 जनवरी को विषय विशेषज्ञ उमेश कुमार सिंगरौरे जिला परियोजना अधिकारी जिला पंचायत मण्डला द्वारा वाटर कर्न्वजेन्स के संबंध में समस्त शाला प्रागंण की उपस्थिति में शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय नारायणगंज में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेकर उक्त कार्यक्रम को सफल बनाया गया। उक्त कार्यक्रम में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं एवं शाला परिवार द्वारा उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए कार्यक्रम की सराहना की गई।

बम्हनी बंजर महाविद्यालय में ‘‘खेलो इण्डिया थीम सांग, गतका एवं थांगता का प्रदर्शन
मंडला 20 जनवरी 2023
शासकीय कला महाविद्यालय बम्हनी बंजर में ‘‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स’’ 2022-23 के अंतर्गत थीम्स सांग का प्रदर्शन किया गया एवं ‘‘गतका’’-’’थांगता’’ के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य एस.पी. झारिया तथा संयोजक डॉ. विवेक कुमार जायसवाल द्वारा ‘‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स’’ के बारे में जानकारी दी गई। महाविद्यालय में 21 जनवरी 2023 को खेलो इंडिया थीम पर पोस्टर, निबंध एवं प्रश्नमंच प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा। साथ ही महाविद्यालय में पारम्परिक खेलों का भी आयोजन किया जायेगा। इस कार्यक्रम में डॉ. रियंका पटैल, डॉ. रंजीत कुमार भालेकर, के.पी. चन्द्रौल, मनीष कुमार लाजेवार, सुनैना सिंह श्याम, भानू प्रताप सिंह ठाकुर, सुरेन्द्र लाल पटैल, शरद कुमार रघुवंशी, दुखीलाल डागौर, ओमप्रकाश झारिया उपस्थित रहे।

माधोपुर में विधिक जागरुकता शिविर सम्पन्न
मंडला 20 जनवरी 2023
मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला न्यायाधीश आर0एस0 शर्मा के निर्देशन एवं डी0आर0 कुमरे जिला न्यायाधीश, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मण्डला द्वारा ग्राम पंचायत माधोपुर में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला न्यायाधीश, सचिव डी0आर0 कुमरे, जिला विधिक सहायता अधिकारी विजय कुमार खोब्रागड़े, पैरालीगल वॉलेंटियर रागिनी हरदहा, सरपंच ग्राम पंचायत माधोपुर एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
डी0आर0 कुमरे जिला न्यायाधीश, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने मौलिक अधिकार एवं कर्तव्यों, यातायात कानून, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम की जानकारी दी। साथ ही कहा कि हम अपने या अपने अधिकारों के प्रति एवं जो कानून हमारे देश में चल रहे हैं उनके बारे में जानकार बनिए सुरक्षित रहिये और अपना और अपने परिवार एवं अपने साथ रह रहे लोगों का विकास करिये। साथ ही विधिक सहायता एवं सलाह योजना एवं राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं म0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
विजय कुमार खोब्रागड़े जिला विधिक सहायता अधिकारी ने महिलाओं के अधिकार विषय पर जानकारी देते हुए बताया कि तमाम कानूनी प्रावधानों के बावजूद समाज में महिलाओं पर अत्याचार हो रहे हैं। महिलाओं के अधिकारों के संरक्षण के लिए समाज जागरुक बने तथा महिलाओं के अधिकारों के संबंध में बताया कि महिलाओं को भरण-पोषण का अधिकार, घरेलु हिंसा से संबंधित अधिकार, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न से संरक्षण का अधिकार, समान वेतन मजदूरी पाने का अधिकार, विधिक सहायता एवं सलाह योजना की विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए बताया कि प्रत्येक व्यक्ति को समान रूप से न्याय प्राप्त करने का अधिकार है, के संबंध में जानकारी दी। साथ ही राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं म0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में जल संरक्षण एवं जल संवर्धन पर व्याख्यान संपन्न
मंडला 20 जनवरी 2023
रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मंडला में प्राचार्य डॉ. वीके चौरसिया के निर्देशन एवं नेतृत्व में जल संरक्षण एवं जल संवर्धन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का प्रारंभ राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनीता झारिया ने किया। डॉ. झारिया ने जल के बहुआयामी प्रभाव एवं उसके महत्ता का वर्णन करते हुए कार्यक्रम को आगे बढ़ाया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना जिला संगठक डॉ. बीएल झारिया ने विद्यार्थियों को जल के उपयोग एवं उसका महत्व को बतलाया। साथ ही जल को किस प्रकार से संरक्षित किया जा सकता है इसके विविध उपाय भी उन्होंने अपने व्याख्यानमाला में बताया, साथ ही उन्होंने सभी विद्यार्थियों से अपील भी की कि वह सभी अपने ग्राम में नदियों पर छोटे-छोटे बांधों एवं तालाबों को बांधकर भू-जल स्तर को बढ़ाएं। वर्षा जल को भी एक स्थान पर एकत्रित कर उसको भी संरक्षित किया जा सकता है। इसके लिए उन्होंने घरों की छत के पानी को एकत्रित करें एवं पानी को एक जगह से निकालकर सोख्ता गड्ढा में उससे डालने की सलाह दी जिससे भूजल स्तर में काफी सुधार होता है। डॉ. वीके चौरसिया ने भूमिगत जल एवं जल संवर्धन के लिए वृक्षारोपण की महत्ता को बताया। उन्होंने यह भी बताया कि अधिक से अधिक पेड़ पौधों को लगाकर न केवल जल को संरक्षित एवं संवर्धित किया जा सकता है बल्कि मृदा को भी संरक्षित किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री उद्यमी योजना मेरे जीवन में आशा की किरण बनकर आई
प्रियेश ने शुरू किया इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स का व्यवसाय
मंडला 20 जनवरी 2023
मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना बेरोजगार लोगों के लिए लाभकारी सिद्ध हो रही है। मंडला जिले के ग्राम कटरा निवासी प्रियेश तिवारी को वर्ष 2021-22 में उद्यम क्रांति योजना के बारे में इंटरनेट के माध्यम से जानकारी मिली। प्रियेश जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र मण्डला में संपर्क कर योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन किया। सेंट्रल बैंक मण्डला के द्वारा इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक सामग्री विक्रय के लिए 6 लाख 39 हजार रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया। इसके बाद प्रियेश ने इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स सामग्री विक्रय का व्यवसाय शुरू किया और अपने व्यवसाय में दूसरों को रोजगार भी प्रदान किया।
प्रियेश तिवारी कहते हैं कि मेरी बहन का विवाह हो जाने के पश्चात मैं अपने माता-पिता को घर पर अकेला छोड़कर शहर से बाहर नौकरी के लिए नहीं जाना चाहता था। बीबीए करने के बाद स्वयं का व्यवसाय शुरू करना चाहता था, परंतु इसमें आर्थिक कठिनाई आ रही थी। ऐसे में मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना मेरे जीवन में आशा की किरण बनकर आई। अब मैं इस व्यवसाय से अच्छी आय प्राप्त कर रहा हूं। परिवार का भी पालन-पोषण बेहतर रूप से कर रहा हूँ। मैं मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना की सराहना करता हूं एवं मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान को धन्यवाद करता हूं।

मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना: सुमित ने शुरू किया मेडीकल स्टोर्स
मंडला 20 जनवरी 2023
जिले में उद्योग विभाग द्वारा मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है। योजना से लाभान्वित होकर युवा सफल उद्यमी बनकर उभर रहे हैं। मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना से लाभान्वित होने वाले बिछिया निवासी सुमित रजक बी. फार्मा की डिग्री प्राप्त करने के बाद शासकीय नौकरी की तलाश कर रहे थे। सुमित ने सोचा कि क्यों न स्वयं का व्यवसाय शुरू करना चाहिए।
सुमित कहते हैं कि मेरे पिताजी को स्टैट बैंक बिछिया से उद्यम क्रांति योजना के बारे में जानकारी मिली और उन्होंने मुझे घर आकर इस योजना के बारे में विस्तार से बताया। अगले ही दिन मैंने जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र मण्डला में जाकर सम्पर्क किया। विभाग से संपूर्ण जानकारी लेकर मैंने ऑनलाईन उद्यम क्रांति योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन किया। शीघ्र ही मेरा आवेदन स्वीकृत कर स्टैट बैंक माध्यम से मुझे 3 लाख रूपये का ऋण प्राप्त हुआ और मैं मेडिकल स्टोर्स का व्यवसाय शुरू किया। वर्तमान में मेरी दुकान अच्छी चल रही है और दूसरों को रोजगार भी दे रहा हूं। यह योजना नौकरी की तलाश में भटक रहे युवकों के लिए महत्वपूर्ण है। इसके लिए मैं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का धन्यवाद करता हूं।

निर्माण पीठा श्रमिक आश्रय योजना-2019
मंडला 20 जनवरी 2023
“निर्माण पीठा श्रमिक आश्रय (शेड) योजना संशोधित स्वरूप में वर्ष 2019 से लागू की गई है। इस योजना का उद्देश्य ऐसे निर्माण श्रमिक जो रोजगार प्राप्त करने हेतु शहरों में चौराहों तथा सड़क के किनारे खड़े होते हैं, उन्हें बरसात एवं धूप से बचाने हेतु विश्राम एवं छाया के लिये शेड, आश्रय का निर्माण करना है। शेड निर्माण हेतु रूपये 2.45 लाख तक की राशि मण्डल द्वारा अनुदान के रूप देने का प्रावधान है।
प्रथम किश्त के रूप मे 1 लाख, प्रथम किश्त का उपयोगिता प्रमाण-पत्र प्राप्त होने पर द्वितीय किश्त के रूप में राशि रूपये 1 लाख तथा शेड निर्माण पूर्ण होने पर पूर्णता संबंधी प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने पर अनुदान की शेष राशि अंतिम व तृतीय किश्त के रूप में रूपये 45 हजार देने का प्रावधान है।
योजना का विवरण
नगरीय क्षेत्रों में तथा ग्रामीण क्षेत्रों में संबंधित नगरीय निकाय, जनपद पंचायत द्वारा ऐसे स्थानों का चयन कर, जहां नियमित रूप से निर्माण पीठा श्रमिक कार्य की खोज में एकत्रित होते हैं, शेड निर्माण हेतु स्थान की उपयुक्तता, भूमि की उपलब्धता सहित विस्तृत प्रस्ताव जिला श्रम कार्यालय के माध्यम से मण्डल को प्रेषित किए जाएंगे। शेड के प्रस्ताव प्राप्त होने पर मण्डल के सचिव द्वारा परीक्षण कर वांछित अनुमति संबधित जिलों के श्रम विभागीय अधिकारी को प्रेषित की जाएगी। शेड के लिए भूमि के चयन तथा शेड निर्माण के पश्चात् भविष्य में समस्त संधारण कार्य सुनिश्चित करने का उत्तरदायित्व संबंधित नगरीय निकाय, ग्राम पंचायत का होगा तथा शेड निर्माण का पर्यवेक्षण संभागीय, जिला श्रम कार्यालय द्वारा किया जायेगा।
निर्माण एजेंसी- योजना के अंतर्गत निर्माण एजेंसी संबंधित नगरीय निकाय, ग्राम पंचायत होंगे। मंडल के सचिव से अनुमत प्रस्तावों पर शेड निर्माण संबंधी कार्यादेश संबंधित नगरीय निकाय, ग्राम पंचायत को संभागीय, जिला श्रम कार्यालयों द्वारा दिया जायेगा।

शासकीय जगन्नाथ उत्कृष्ट विद्यालय में कैरियर परामर्श एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम संपन्न
मंडला 20 जनवरी 2023
शासकीय जगन्नाथ उत्कृष्ट विद्यालय में केरियर मेले में ’’केरियर की बात आपके साथ’’ कैरियर परामर्श एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कॉर्पोरेट फील्ड के एक्सपर्ट राजुल ज्योतिषी द्वारा कैरियर के विभिन्न आयाम एवं कैरियर लक्ष्य चयन के विषय में रोचक मार्गदर्शन दिया गया। कार्यक्रम संयोजक जिला कैरियर काउंसलर अखिलेश उपाध्याय के द्वारा आईसीएस कैरियर जीपीएस ऐप व कैरियर काउंसलिंग की आवश्यकताओं पर प्रकाश डाला गया। संस्था के भूतपूर्व छात्र एवं समाजसेवी राजेश पाठक के द्वारा तनाव एवं समय प्रबंधन पर मार्गदर्शन दिया गया। सुनील पनरिया के द्वारा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कब और कैसे करें इस विषय में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों के मन की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। विद्यार्थियों को आईसीएस ऐप पर पंजीकृत कर केरियर रिपोर्ट प्रदान की गई। प्रभारी प्राचार्य मुक्ता खाखा द्वारा सभी मार्गदर्शकों का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर विद्यालय स्टॉफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।

6 फरवरी 2023 तक जमा होंगे मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के आवेदन
मंडला 20 जनवरी 2023
60 वर्ष या उससे अधिक आयु के व्यक्तियों (महिलाओं के लिए 2 वर्ष की छूट) जो आयकर दाता नहीं हैं, को तीर्थ स्थानों में से एक या युग्म तीर्थों की यात्रा मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत 14 फरवरी से 17 फरवरी 2023 तक यात्रा कराई जा रही है। तीर्थ यात्रा के अंतर्गत 14 फरवरी को मण्डला जिले हेतु काशी (वाराणसी) की यात्रा कराई जानी है। इस संबंध में संबंधित निकायों में 6 फरवरी 2023 तक आवेदन पत्र जमा किए जा सकते हैं।
यात्रा 14 फरवरी से 17 फरवरी 2023 तक कुल 4 दिवस की यात्रा होगी। तीर्थ यात्रियों के स्टेशन ले जाने एवं वापिस लाने के लिए प्रोटोकॉल द्वारा व्यवस्था की जाएगी। यात्री अपने साथ मौसम के अनुरूप व्यक्तिगत उपयोग की सामग्री आदि साथ में रखेगें। साथ ही विशिष्ट सुविधाओं का लाभ प्राप्त करता है तो वह स्वयं वहन करेगा। यात्रा के दौरान ट्रेन में यात्रीगण मॉस्क का उपयोग करेगें, सोशल डिस्टेसिंग का पालन करेंगे। यात्रीगणों को अपने साथ आधार कार्ड, परिचय पत्र एवं कोविड वेक्सीनेशन प्रमाण पत्र मूल में, छायाप्रति साथ में रखना आवश्यक होगा। आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेजों में आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड, कोविड वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट, राशन कार्ड, आय प्रमाण-पत्र, मूल निवास प्रमाण-पत्र, मोबाईल नंबर तथा दो फोटो आवश्यक होगा।

2 दिवसीय मिलेट किसान सम्मेलन तथा प्रदर्शनी आज से
मंडला 20 जनवरी 2023
खाद्य प्रसंस्करण उद्योग योजना के तहत् अपनाये गये ’एक जिला एक उत्पाद’ के तहत मण्डला को कोदो, कुटकी के लिए चयनित किया गया है। आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत पीएम योजना का उद्देश्य खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र के असंगठित क्षेत्र में व्यक्तिगत प्रतिस्पर्धात्मक को बढाना है। इस संबंध में खाद्य प्रसंस्करण मंत्रालय भारत सरकार तथा पीएचडी चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा दो द्विवसीय सम्मेलन तथा प्रदर्शनी का आयोजन मण्डला में कृषि विज्ञान केंद्र में 21 एवं 22 जनवरी 2023 को प्रातः 10 बजे किया जा रहा है जिसमें श्री प्रहलाद सिंह पटेल राज्य मंत्री खाद्य प्रसंस्करण मंत्रालय भारत सरकार तथा श्री फग्गन सिंह कुलस्ते राज्य मंत्री इस्पात एवं ग्रामीण विकास तथा सांसद मंडला उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिक, उद्योग के प्रतिनिधि स्टार्टअप स्वसहायता समूह एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी उन्नत किसान उत्पादक संगठन भाग लेंगे। कार्यक्रम में स्वसहायता समूह तथा खाद्य प्रसंस्करण से संबंधित कंपनी एवं मिलेट फूड फेस्टिवल भी आयोजित होगा।

केन्द्रीय खाद्य प्रसंस्करण, उद्योग एवं जल शक्ति राज्यमंत्री प्रहलाद सिंह पटेल का आगमन
मंडला 20 जनवरी 2023
श्री प्रहलाद सिंह पटेल केन्द्रीय राज्यमंत्री, खाद्य प्रसंस्करण, उद्योग एवं जल शक्ति मंत्रालय भारत सरकार का आज 20 जनवरी को मंडला आगमन हुआ। जानकारी के अनुसार श्री पटेल 21 जनवरी को कृषि विज्ञान केन्द्र में आयोजित 2 दिवसीय मिलेट किसान सम्मेलन तथा प्रदर्शनी के शुभारंभ कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।

कैरियर मार्गदर्शन एवं परामर्श कार्यक्रम आयोजित
मंडला 20 जनवरी 2023
सीएम राइज शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अंजनिया में कैरियर मार्गदर्शन एवं परामर्श कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था प्राचार्य हेमंत राणा, नायब तहसीलदार साक्षी शुक्ला, सरपंच नीतू मरकाम एवं अंजनिया कॉलेज के प्राचार्य हरदहा, थाना प्रभारी राजपूत द्वारा माँ सरस्वती के पूजन से किया गया। कैरियर काउंसलिंग एवं परामर्श के उद्देश्यों एवं महत्त्व से छात्र-छात्राओं को अवगत कराते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम के अगले चरण में नायब तहसीलदार अंजनिया साक्षी शुक्ला द्वारा काउंसलिंग में छात्र छात्राओं को विभिन्न प्रशासनिक सेवा में कैरियर के अवसरों की जानकारी प्रदान की गई। सरपंच द्वारा भी पढ़ाई के विषय में समझाईश दी गई। इसके पश्चात विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित रिसोर्स पर्सन तहसीलदार शासकीय महाविद्यालय अंजनिया के प्राचार्य एवं अंजनिया थाना प्रभारी श्री राजपूत ने छात्र-छात्राओं को कैरियर के विभिन्न अवसरों की जानकारी से अवगत कराया। इंजीनियरिंग के विषय में गजेश नामदेव तथा जीव विज्ञान नीट के विषय में अभय पटेल ने कैरियर के विषय में मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम में फॉरेस्ट विभाग से भी प्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न जानकारियां दी गई। छात्र-छात्राओं के साथ प्रेरक संवाद स्थापित करते हुए कैरियर हेतु मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र छात्राओं ने उत्सुकता पूर्वक प्रश्न पूछे जिनका समाधान प्राप्त कर सभी मार्गदर्शकों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया। कार्यक्रम में मांद हाई स्कूल से छात्र-छात्राओं ने भी अपनी उपस्थिति विद्यालय में दी। इसके अतिरिक्त खेलो इंडिया खेलो के तहत खेलो का आयोजन किया। समस्त खिलाड़ियों को पुरुस्कार वितरण किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक, शिक्षिकाएं, स्टॉफ एवं पालक उपस्थित रहे।

