महिलाओं के आर्थिक आत्मनिर्भरता का आधार बनेगी ’मुख्यमंत्री लाड़ली बहना’ योजना
जिला योजना भवन में आयोजित हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम
मण्डला 5 मार्च 2023
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के शुभारंभ पर जिला स्तरीय कार्यक्रम जिला योजना भवन में आयोजित किया गया। इस अवसर पर पूर्व राज्यसभा सांसद संपतिया उईके, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, जिला पंचायत सदस्य शैलेष मिश्रा, सांसद प्रतिनिधि जयदत्त झा, कलेक्टर हर्षिका सिंह, सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, अपर कलेक्टर मीना मसराम, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास श्वेता तड़वे सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा योजना की हितग्राही महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान भोपाल के जम्बूरी मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व राज्यसभा सांसद संपतिया उईके ने कहा कि लाड़ली बहना योजना के शुभारंभ के रूप में आज का यह दिन महिलाओं के लिए स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। लाड़ली बहना योजना प्रदेश सरकार की सराहनीय पहल है जो महिलाओं के आर्थिक आत्मनिर्भरता का आधार बनेगी। पूर्व राज्यसभा सांसद ने कहा कि विभागीय अधिकारी सकारात्मक होकर योजना का क्रियान्वयन करें जिससे कोई भी पात्र महिला योजना के लाभ से वंचित नहीं रहे। इस अवसर पर अध्यक्ष नगर पालिका परिषद विनोद कछवाहा ने कहा कि वर्तमान सरकार ने महिलाओं के विकास को नई गति दी है। लाड़ली बहना योजना महिलाओं के जीवन स्तर में सुधार लाएगी। जिला पंचायत सदस्य शैलेष मिश्रा ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए संकल्पित है। महिलाओं के हित में सतत योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सांसद प्रतिनिधि जयदत्त झा ने कहा कि सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं की शिक्षा और स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हुए उन्हें मुख्यमंत्री लाड़ली योजना के द्वारा आर्थिक रूप से स्वावलम्बी बनाने का प्रयास कर रही है। इस अवसर पर मंचासीन अतिथियों द्वारा पात्र हितग्राहियों से फॉर्म भरवाने की कार्यवाही भी की गई। कार्यक्रम स्थल पर हितग्राही महिलाओं द्वारा आकर्षक रंगोली डाली गई तथा लाड़ली बहना योजना से संबंधित गीत प्रस्तुत किए गए।

महिला सशक्तिकरण की ओर प्रभावी कदम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना महिला सशक्तिकरण की ओर प्रदेश सरकार का प्रभावी कदम है। योजना से महिलाओं के आर्थिक स्वावलम्बन के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में भी सुधार होगा। कलेक्टर ने अपने संबोधन में योजना के उद्देश्य, हितग्राही की पात्रता एवं अपात्रता, आवश्यक दस्तावेज, योजना के तहत मिलने वाले लाभ तथा परिणामों के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समग्र के आधार पर जिले की 23 से 60 वर्ष उम्र की महिलाओं की सूची तैयार की गई है जिनमें से पात्र महिलाओं का चिन्हांकन किया जा रहा है। फॉर्म भरवाने के लिए विभिन्न स्तर पर कैम्प आयोजित किए जाएंगे। साथ ही आवश्यकतानुसार घर-घर संपर्क कर पात्र महिलाओं के फॉर्म भरवाने की कार्यवाही की जाएगी।

आज मनाया जाएगा महिला बाल दिवस
मण्डला 5 मार्च 2023
6 मार्च 2023 को महिला दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को पुरूस्कृत किया जाएगा। इस संबंध में अपर कलेक्टर ने सभी कार्यालयों को निर्देशित किया है कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले महिला कर्मचारियों की सूची कारण सहित कलेक्टर कार्यालय को भिजवाना सुनिश्चित करें। साथ ही नामित महिला कर्मचारियों को योजना भवन में 6 मार्च 2023 को दोपहर 3 बजे उपस्थित होने के लिए निर्देश देना सुनिश्चित करें।

लम्बित प्रकरणों के निराकरण हेतु पेंशन शिविर 13 से
मंडला 5 मार्च 2023
कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशानुसार कार्यालयों में लंबित पेंशन प्रकरणों के निराकरण के लिए 13 मार्च से 17 मार्च 2023 तक जिला पेंशन कार्यालय मण्डला में पेंशन शिविर का आयोजन किया गया है। शिविर में पेंशन प्रकरणों में लगाई गई पूर्व आपत्ति प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक लंबित पेंशन प्रकरण प्रस्तुत कर सकते हैं।

आर्थिक सहायता स्वीकृत
मंडला 5 मार्च 2023
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक चुन्नू लाल, ग्राम पिंडरईमाल निवासी की पानी में डूबने से मृत्यु होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मंडला द्वारा मृतक के निकटतम वारसान को कुल 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। मृतक के निकटतम वारसान आवेदक संतोष को कुल 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

मानव सेवा के लिए जाना और पहचाना जाता है केयर अस्पताल-विधायक
मण्डला में लगा नि:शुल्क चिकित्सा शिविर
मण्डला। रविवार को विशाल नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन बड़ी खैरी आकाशवाड़ी केन्द्र के सामने किया गया। यहां केयर अस्पताल नागपुर एवं सत्यम मेडिकेयर के तत्वाधान में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में मरीजों के पंजीयन करते हुए बीपी, शुगर, वजन, ईसीजी सहित अन्य जॉचे की गई। तदापरांत मरीजों का उपचार चिकित्सों द्वारा किया गया। नागपुर से आए चिकित्सों ने मरीजों को सलाह उपचार के साथ दवाईयां दी। वहीं शिविर में निवास विधायक डॉ अशोक मर्सकोले पहुंचे और उन्होंने चिकित्सों से परिचय लेते हुए मरीजों से संवाद किया उन्होंने कहा कि मण्डला आज भी चिकित्सा के क्षेत्र में काफी पिछड़ा है विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी बनीं है वहीं मरीजों के उपचार में उपयोग किए जाने वाले उपकरणों की भी कमी है उन्होंने इस शिविर की प्रशंसा की और कहा कि उनकी विधानसभा क्षेत्र में भी अगर केयर अस्पातल व सत्यम मेडीकेयर शिविर लगाते हैं तो उनकी सभी तरह से मदद की जाएगी। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा ने कहा कि मरीजों को ऐसे शिविरों से मार्गदर्शन मिलता है और उन्हें बड़े महानगरों में उपचार कराने में सहुलियत होती है। उन्होंने कहा कि केयर हॉस्पीटल नागपुर का नामचीन हॉस्पीटल है। यहां पर हर तरह की बीमारियों का ईलाज होता है उन्होंने डॉक्टरों से परिचय लेते हुए शिविर लगाने पर धन्यवाद दिया। वहीं शिविर के दौरान पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत भी पहुंचे और उन्होंने चिकित्सों से वर्तमान बीमारियों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि अच्छे खानपान के साथ स्वास्थ्य पर ध्यान देना समय की मांग है इस तरह के शिविर से आम जनमानस को लाभ मिलता है वहीं आगामी समय लगने वाले शिविर में पुलिस कर्मचारियों की भी जॉच कराई जाएगी। यहां पर लगभग 300 मरीजों ने अपना पंजीयन कराया था जिनका उपचार व मार्गदर्शन किया गया। वहीं मुख्य अतिथियों का स्वागत डॉक्टर मोहित साहू, डॉ जिज्ञासा साहू एवं पत्रकार परिषद के जिला अध्यक्ष नीरज अग्रवाल ने किया।

