Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 6 मार्च 2023

पेयजल की समस्या के निराकरण को दें सर्वोच्च प्राथमिकता – हर्षिका सिंह

समय-सीमा बैठक संपन्न

मण्डला 6 मार्च 2023

योजना भवन में नियमित समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जल-जीवन मिशन की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मिशन के कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूरा करें। आगामी ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए वाटर सोर्स, पेयजल समस्या सहित अन्य तकनीकि विषयों का परीक्षण करें तथा समस्याओं को सर्वोच्च प्राथमिकता से दूर करें। उन्होंने जिलाधिकारियों से जल-जीवन मिशन के निरीक्षण के दौरान पाई जाने वाली कमियों पर विस्तार से रिपोर्ट ली तथा ईईपीएचई सहित विभागीय अमले को उक्त कमियों के निराकरण के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने कहा कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले कॉन्ट्रेक्टर्स को ब्लेक लिस्टेड किया जाए। उन्होंने मिशन के कार्यों से संबंधित अन्य विभागों को भी आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने नगरीय निकायों में भी पेयजल व्यवस्था के संबंध में नगरपालिका अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने सभी सीईओ जनपदों को निर्देशित किया कि जिन क्षेत्रों में अतिरिक्त कुओं की आवश्यकता है इसकी जानकारी तत्काल जिला प्रशासन को दें। बैठक में एडीएम मीना मसराम, जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड सहित सभी एसडीएम, एसीईओ श्री मरावी सहित जिलाधिकारी एवं संबंधित उपस्थित थे।

निम्न संतुष्टि प्रतिशत वाले विभागों पर सख्ती

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने समय-सीमा बैठक में सीएम हेल्पलाईन की समीक्षा की। उन्होंने लम्बित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए लगातार निम्न प्रदर्शन करने वाले विभागों को प्रदर्शन सुधारने के सख्त निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने ’डी श्रेणी’ के विभागों के अधिकारियों से जवाब मांगे। उन्होंने उद्योग विभाग, वन, ओबीसी सहित डी श्रेणी के विभागों पर नाराजगी जाहिर की। कलेक्टर ने कहा कि शिकायत निवारण में संतुष्टि का कम प्रतिशत रैंकिंग को प्रभावित करता है, ऐसे में सभी जिलाधिकारी संतुष्टि के साथ शिकायत निवारण को प्राथमिकता दें तथा रैंकिंग को बेहतर करें।

नजूल नवीनीकरण कार्य 31 तक

 

कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि नजूल नवीनीकरण का कार्य 31 मार्च तक करें। उन्होंने जिलेवासियों से भी आग्रह किया है कि कलेक्ट्रेट नजूल शाखा में संपर्क करते हुए नजूल नवीनीकरण से संबंधित कार्यों को पूरा करें। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वामित्व योजना का कार्य भी 31 मार्च तक पूरा करें। उन्होंने योजना के तहत सर्वे, ग्राउंड ट्रूथिंग, प्रकाशन सहित अन्य विषयों की जानकारी लेते हुए जरूरी निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि आगामी पर्व-त्यौहारों के मद्देनजर राजस्व अधिकारियों को अवकाश न दें। साथ ही अपने क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था को बनाए रखने प्रभावी समन्वय रखें। कलेक्टर ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की पंचायतों में योजनाओं के लाभ देने के लिए विभागवार कार्ययोजना पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग अपने-अपने विभागों से जुड़े हितग्राही एवं कार्य चिन्हित करें।

फोर्टिफाईड चावल स्वास्थ्य के लिए लाभदायक

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिला खाद्य अधिकारी से बैठक में पीडीएस वितरण के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अन्न उत्सव के दौरान अधिक से अधिक राशन वितरण सुनिश्चित कराएं। कलेक्टर ने डीएसओ को निर्देशित किया कि फोर्टिफाईड चावल के गुणों के बारे में अपने मैदानी अमले के माध्यम से लोगों को जानकारी दें। उन्होंने बताया कि सीएमएचओ एवं डीएसओ संयुक्त रूप से फोर्टिफाईड चावल के गुणों के बारे में मैदानी अमले के माध्यम से प्रचार-प्रसार सुनिश्चित कराएं। साथ ही जेएसओ भी मैदानी भ्रमण के दौरान लोगों को फोर्टिफाईड चावल के बारे में बताते हुए उनकी भ्रांतियां दूर करें। बैठक में सीएम राईज स्कूल, प्रधानमंत्री आवास, जनसुनवाई शिकायतों के निराकरण सहित अन्य विषयों की समीक्षा की गई।

लाड़ली बहना योजना के कार्य प्रभावी रूप से करें

 

श्रीमती सिंह ने बैठक के अंत में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत आयोजित की जा रही कार्यशालाओं, सेमीनार की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मैदानी अमले को योजना से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारियां सटीक रूप से प्रदान करें। सभी एसडीएम, सीईओ जनपद एवं सीएमओ नगरपालिका अपने क्षेत्रों के मैदानी अमले को सक्रिय करें तथा योजना के अंतर्गत फॉर्म भरवाने की कार्यवाही प्रारंभ करें। उन्होंने पात्र महिलाओं के आधार अपडेशन, समग्र आईडी तथा बैंक खातों को आवश्यक रूप से लिंक कराने के संबंध में चर्चा करते हुए जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने योजना के बारे में मैदानी स्तर पर लगातार प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए।

ज्ञानदान के तहत दान की गई किताबें

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशानुसार गरीब एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को किताबें उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ज्ञानदान अभियान प्रारंभ किया गया है। समय-सीमा बैठक में उपस्थित हुए सभी अधिकारियों ने योजना भवन के बाहर रखे ड्रॉपबॉक्स में किताबें दान की। इस दौरान अधिकारियों ने अलग-अलग विषयों की किताबें, प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए उपयोगी किताबें दान की। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिलेवासियों से भी अपील की है कि ज्ञानदान अभियान के तहत जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद के लिए किताबें एवं अन्य अध्ययन सामग्री दान करने आगे आएं।

 

 

 

 

 

 

अब महिलाएं स्वेच्छा से अपनी जिंदगी की दिशा तय कर रही हैं – हर्षिका सिंह

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का हुआ आयोजन

मण्डला 6 मार्च 2023

योजना भवन में आगामी अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के संबंध में आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर हर्षिका सिंह, एडीएम मीना मसराम, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास श्वेता तड़वे सहित जिला प्रशासन की महिला अधिकारी, कर्मचारी तथा अन्य महिलाएं उपस्थित थीं। कलेक्टर ने 8 मार्च अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मद्देनजर केक काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।    इस अवसर पर कलेक्टर हर्षिका सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करते हुए नित नए आयाम स्थापित कर रहीं हैं। अब ऐसा कोई भी क्षेत्र नहीं है जिसमें महिलाओं ने अपना परचम न फहराया हो। अपने अनुभव साझा करते हुए श्रीमती सिंह ने कहा कि समय के साथ सोच बदल रही है और अब महिलाएं अपनी स्वेच्छा से अपनी जिंदगी की दिशा तय कर रही हैं। परिवारजनों से भी समुचित सहयोग प्राप्त होता है। प्रत्येक महिला को बेहतर शिक्षा हासिल कर आत्मनिर्भर बनना चाहिए। प्रत्येक महिला की जिम्मेदारी है कि वे अन्य महिलाओं को भी आगे बढ़ने में सहयोग करें। उन्होंने जिले में महिला अधिकारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

कलेक्टर ने आग्रह किया कि सभी महिलाएं अपने स्वास्थ्य के प्रति गंभीर रहते हुए परिवार के अन्य महिला सदस्यों को भी अच्छे स्वास्थ्य के लिए सजग बनाएं। महिलाएं स्वयं के लिए समय निकालकर अपने पसंद का काम करें। श्रीमती सिंह ने अपने संबोधन में महिला ज्ञानालय की उपलब्धि की भी चर्चा की। कलेक्टर ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी लोग सकारात्मक रहते हुए अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर निर्वहन करें। उन्होंने अपने संबोधन में व्यक्तिगत तथा प्रशासनिक अनुभव भी साझा किए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर मीना मसराम ने महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाएं अब सभी तरह की चुनौतियों को स्वीकार करने के लिए सक्षम हैं। उन्होंने महिलाओं से अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का आव्हान किया। इस दौरान कार्यक्रम में उपस्थित अन्य महिलाओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं तथा अक्षरमित्रों का सम्मान किया गया। इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों के उत्पादों के स्टॉल भी लगाए गए। अंत में होली मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें सभी ने एक-दूसरे को तिलक लगाकर होलिकोत्सव की शुभकामनाएं दीं।

 

 

 

 

 

 

 

 

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना: ब्लॉक स्तरीय कार्यशालाएं आयोजित

 

मण्डला 6 मार्च 2023

प्रदेश में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का शुभारंभ 5 मार्च को किया गया। जिला प्रशासन द्वारा योजना के प्रचार-प्रसार एवं योजना का लाभ देने, आवश्यक जानकारी प्रदान करने के लिए ब्लॉक स्तर पर लाड़ली बहना कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में सोमवार को बीजाडांडी, निवास, घुघरी सहित सभी विकासखंडों में कार्यशालाएं आयोजित की गई। कार्यशालाओं में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत पात्रता-अपात्रता, आवश्यक दस्तावेज, फॉर्म भरने की प्रक्रिया, योजना के उद्देश्य सहित अनेक बिन्दुओं पर अधिकारियों ने जानकारी दी। साथ ही उपस्थित अमले की शंकाओं का समाधान भी किया गया। योजना के प्रचार-प्रसार के लिए ग्राम स्तर पर दीवार लेखन, रंगोली प्रतियोगिताएं एवं अलग-अलग गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं।

 

 

 

 

 

 

एम.पी. ट्रांस्को में मनाया गया राष्ट्रीय लाइनमैन दिवस

लाइनमैन किये गये सम्मानित

मण्डला 6 मार्च 2023

प्रत्येक मौसम की विषम से विषम परिस्थितियों और दुर्गम भौगोलिक क्षेत्रों में मध्यप्रदेश की 40 हजार सर्किट कि.मी. से अधिक की अति उच्च दाब ट्रांसमिशन लाइनों एवं 414 अति उच्च्दाब सबस्टेशनों से भरोसेमंद विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित रखने वाले एम.पी. ट्रांस्को की महत्वपूर्ण कड़ी लाइनमैन के योगदान को मान्यता देकर आदर-भावना प्रकट करने एम.पी. ट्रांस्को (मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी) में राष्ट्रीय लाइनमैन एवं राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस मनाया गया। इसके तहत मंडला सहित एम.पी. ट्रांस्को  के 41 ट्रांसमिशन लाइन मेंनटेनेंस कार्यालयों में कार्यक्रम आयोजित कर प्रदेश के कुल 822 लाइनमैनों को सम्मानित किया गया एवं सभी ने जीरो हार्म थीम पर सुरक्षा शपथ ली।

एम.पी. ट्रांस्को के मुख्यालय जबलपुर से विशेष तौर पर नियुक्त कार्यपालन अभियंता  डॉ हिमांशु श्रीवास्तव की उपस्थिति में मोतीनाला मंडला स्थित ट्रांसमिशन लाइन मैनटेनेंस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में लाइनमैनों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एमपी ट्रांसको के प्रबंध संचालक इंजीनियर सुनील तिवारी का संदेश वाचन भी किया गया।

 

 

 

 

 

 

होली पर्व के परिप्रेक्ष्य में शुष्क दिवस घोषित

 

मण्डला 6 मार्च 2023

कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी हर्षिका सिंह ने होली पर्व के परिप्रेक्ष्य में जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था की दृष्टि से 7 मार्च 2023 की रात्रि 11:30 बजे से 8 मार्च 2023 दिन बुधवार (धुरेड़ी) को सायं 5 बजे तक के लिए शुष्क दिवस घोषित किया है। उक्त अवधि में मण्डला जिले की समस्त देशी/विदेशी कम्पोजिट मदिरा दुकानें एवं देशी मदिरा भण्डागार बन्द रहेंगे। आदेश में कहा गया है कि आबकारी विभाग एवं पुलिस विभाग यह सुनिश्चित करें कि उपरोक्त घोषित शुष्क दिवस के अवसर पर जिले में अवैध रूप से मंदिरा के आयात, निर्यात, परिवहन, विनिर्माण, संग्रहण, कब्जा एवं विक्रय इत्यादि न होने पाए।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण

 

मंडला 6 मार्च 2023

मिलावट से मुक्ति अभियान के अंतर्गत दूध एवं दूध से बने खाद्य पदार्थाे की जांच के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन के द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है जिसमें अधिकारियों के दल के द्वारा मिलावट की रोकथाम हेतु विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया जा रहा हैं एवं नमूने संग्रहित कर जांच हेतु खाद्य प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। साथ ही मैजिक बॉक्स से दुग्ध उत्पादों की जांच की जा रही है। इस दौरान मंडला शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों से विभिन्न दुग्ध पदार्थ जैसे दूध, खोवा, घी, पनीर, खोवे के पेडे, कलाकंद, कुंदा पेडा, खोवे की बर्फी जांच हेतु लिये गये हैं। कार्यवाही सतत की जा रही हैं।

 

 

 

 

 

 

 

आर्थिक सहायता स्वीकृत

 

मंडला 6 मार्च 2023

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक छुन्नू लाल, ग्राम सिमरिया निवासी की पानी में डूबने से मृत्यु होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मंडला द्वारा मृतक के निकटतम वारसान को कुल 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। मृतक के निकटतम वारसान आवेदक सरस्वती बाई को कुल 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

अचल संपत्ति के बाजारमूल्य संबंधी अनंतिम मूल्यों का प्रदर्शन

 

मण्डला 6 मार्च 2023

शासन के निर्देशानुसार जिला मण्डला में स्थित अचल संपत्ति का बाजारमूल्य निश्चित करने संबंधी गाईडलाईन वर्ष 2023-24 के अंनतिम मूल्यों का अवलोकन जिला पंजीयक, संयोजक जिला मूल्यांकन समिति मण्डला के समक्ष 10 मार्च 2023 तक किया जा सकता है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

मुख्यमंत्री पशुपालन विकास योजना

विशेष पिछड़ी जनजाति को दुधारू पशु प्रदाय कार्यक्रम

 

मण्डला 6 मार्च 2023

उपसंचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार मुख्यमंत्री पशुपालन विकास योजना अंतर्गत जिले के विशेष पिछड़े जनजाति (बैगा) हितग्राहियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने एवं कुपोषण से मुक्ति पाने हेतु जिले के 116 बैगा परिवारों को दो-दो दूधारू पशु (गाय/भैंस बछड़े सहित) उपलब्ध किया जाएगा।

 

योजना का उद्देश्य

 

दुग्ध उत्पादन में वृद्धि, हितग्राहियों की आर्थिक स्थिति में सुधार लाना, पशुओं की दुग्ध उत्पादन क्षमता में वृद्धि, रोजगार के अवसर प्रदाय करना तथा कुपोषण दूर करना, उच्च उत्पादक क्षमता के दुधारू पशुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना।

 

कार्यक्रम विवरण

 

दुधारू पशुओं में वर्णित दुधारू देशी नस्ल की दो-दो गाय, भैंस जिले के विशेष पिछड़ी जनजाति (बैगा) हितग्राहियों को प्रदाय किया जाएगा। योजना 90 प्रतिशत अनुदान एवं 10 प्रतिशत हितग्राही अंशदान पर संचालित हैं। क्रय किये गये समस्त पशुओं का बीमा कराया जाएगा। एम.पी.सी.डी.एफ के मिल्क रूट पर प्राथमिकता के आधार पर हितग्राहियों का चयन किया जाएगा। पशुपालकों को डेयरी से संबंधित प्रशिक्षण पशु प्रदाय के पूर्व दिया जायेगा।

 

योजना की इकाई लागत

 

दुधारू गाय पालन- इकाई की कुल लागत 189250, 90 प्रतिशत अनुदान 170325, 10 प्रतिशत हितग्राही अंशदान 18925, दुधारू भैंस पालन- इकाई की कुल लागत 243000, 90 प्रतिशत अनुदान 218700, 10 प्रतिशत हितग्राही अंशदान 24300 जिले के बैगा हितग्राही मिल्क रूट के आधार पर निकटतम पशु चिकित्सा संस्था में जाकर आवेदन एवं अंशदान राशि जमा कर इस योजना का अधिक से अधिक लाभ ले सकते हैं।

 

Related posts

कृष्णमय होगा सम्पूर्ण मध्यप्रदेश, 500 से अधिक कलाकार श्रीकृष्ण जन्म, जीवन लीलायें, भक्ति-भजन गायन की देंगे प्रस्तुतियां, जन्माष्टमी पर ‘’श्रीकृष्ण पर्व’’ का होगा आयोजन संस्कृति विभाग द्वारा सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन, भगवान श्रीकृष्ण से सम्बन्धित स्थल एवं प्रदेश के प्रमुख मंदिरों व स्थानों के ऐतिहासिक-सांस्कृतिक महत्व को दर्शाने का प्रयास  

Reva India News

लेखा प्रशिक्षण सत्र 1 दिसम्बर 2021 से 15 फरवरी 2022 तक

Reva India News

एकलव्य विद्यालय पिपरिया के सर्दी, सिरदर्द एवं बुखार से पीड़ित बच्चों को कराया गया भर्ती बीमार बच्चों को देखने जिला अस्पताल पहुंचे कलेक्टर  

Reva India News

Leave a Comment