जिला प्रशासन के साथ रखें प्रभावी समन्वय – स्वतंत्र कुमार सिंह
मंडला 12 अप्रैल 2023
म.प्र. राज्य नीति एवं योजना आयोग के सदस्य, सचिव एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान तथा आयुक्त (प्रशासन), नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण स्वतंत्र कुमार सिंह (आईएएस) ने गोलमेज में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ जिला प्रशासन की बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण से जुड़े अधिकारी कलेक्टर, एसपी एवं जिला प्रशासन की टीम के साथ समन्वय करते हुए प्राधिकरण का काम पूरा करें। इसके पूर्व कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने श्री स्वतंत्र कुमार का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया एवं जिला प्रशासन की ओर से प्राधिकरण के दिए गए दायित्वों को पूरा करने की बात कही। बैठक में श्री कन्हैया समाधिया, श्री गौरव अग्रवाल, श्री गुंजन, चीफ इंजीनियर, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड एवं संबंधित उपस्थित थे।

स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ने का किया जाएगा विशेष प्रयास – स्वतंत्र कुमार सिंह
मंडला 12 अप्रैल 2023
मंडला जिले के आकांक्षी विकासखंडों की समीक्षा बैठकों के क्रम में 12 अप्रैल को म.प्र. राज्य नीति एवं योजना आयोग के सदस्य, सचिव एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान तथा आयुक्त (प्रशासन), नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण स्वतंत्र कुमार सिंह ने बिछिया जनपद के सभागार में बैठक की। बैठक में उन्होंने आकांक्षी विकासखंडों के लिए निर्धारित विकास संकेतकों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने इस दौरान स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, स्व-सहायता समूह की गतिविधियां, कृषि एवं सहयोगी संस्था, अधोसंरचनागत विकास, कौशल विकास एवं रोज़गार तथा सामाजिक एवं वित्तीय समावेशन पर विस्तार से समीक्षा की।
श्री स्वतंत्र कुमार ने कहा कि जिले में स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए उन्हें आजीविका गतिविधियों से जोड़ें। साथ ही आदिवासी महिलाओं को भी रोजगार से ज्यादा से ज्यादा जोड़ने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ने के लिए प्रयास किया जाएगा। उन्होंने ’एक जिला-एक उत्पाद’ के तहत कोदो-कुटकी, प्राकृतिक खेती तथा जैविक खेती के संबंध में भी जानकारी ली। इसी प्रकार अधोसंरचनागत विकास के अंतर्गत सड़कें, पेयजल के बारे में भी बात की तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सुझाव भी मांगे। बैठक में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना, जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, जनसेवा मित्र तथा संबंधित उपस्थित थे। कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने आकांक्षी विकासखंडों की बैठक में निर्धारित विकास सूचकों के आधार पर संक्षिप्त जानकारी दी। इसी प्रकार सीएम फैलो सुप्रिया पाठक ने आभार प्रदर्शन किया।
हालोन परियोजना को जल्द पूरा करें

म.प्र. राज्य नीति एवं योजना आयोग के सदस्य, सचिव एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान तथा आयुक्त (प्रशासन), नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण स्वतंत्र कुमार सिंह एवं सदस्यों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों के साथ हालोन परियोजना का भी निरीक्षण किया। श्री स्वतंत्र कुमार ने परियोजना के निर्माण कार्य का जायज़ा लेते हुए, जल स्तर, सिंचाई रकबे, परियोजना से लाभान्वित होने वाले लोगों की जानकारी ली। साथ ही परियोजना को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने किया ईवीएम वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण
मंडला 12 अप्रैल 2023
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना द्वारा पॉलिटेक्निक कॉलेज मंडला स्थित ईवीएम एवं वीवीपेट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाऊस की सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मवई परियोजना के अंतर्गत कार्यकर्ता एवं सहायिका के रिक्त पदों के लिए आवेदन आमंत्रित
मण्डला 12 अप्रैल 2023
महिला एवं बाल विकास परियोजना मवई के अंतर्गत आंगनवाड़ी केन्द्रों में कार्यकर्ता एवं सहायिका के रिक्त पदों के लिए पात्र महिला अभ्यर्थियों से 24 अप्रैल 2023 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार आंगनवाड़ी केंद्र घुटास क्रं. 2, दूबा, धनगांव रैयत एवं समनापुर में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के रिक्त पद के लिए तथा अंजनी ब्लॉक टोला, समनापुर नवाटोला, धनगांव माल, देवगांव, बिलाईखार, मैनपुरी बहेराटोला एवं बसनी क्रं. 1 में आंगनवाड़ी सहायिका के रिक्त पद के लिए पात्र महिला अभ्यर्थी के आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के लिए ग्राम की 18 वर्ष से 45 वर्ष की महिला अभ्यर्थी होनी चाहिए। कार्यकर्ता के लिए अनिवार्यतः हायर सेकंडरी बोर्ड अथवा ग्यारहवी बोर्ड उत्तीर्ण होना चाहिए। इसी प्रकार सहायिका के लिए अनिवार्यतः पाँचवी उत्तीर्ण आवेदिकाएं कार्यालयीन समय पर कार्यालय परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास परियोजना मवई कार्यालयीन समय में निर्धारित अवधि तक आवेदन जमा कर सकते हैं। जानकारी का विस्तृत अवलोकन ग्राम पंचायत, परियोजना कार्यालय, जनपद कार्यालय एवं तहसील कार्यालय में किया जा सकता है।

स्वास्थ्य संस्थाओं में मनाया गया ’सुरक्षित मातृत्व दिवस’
मंडला 12 अप्रैल 2023
11 अप्रैल को जिले की सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में सुरक्षित मातृत्व दिवस मनाया गया, मंगलवार को सुरक्षित मातृत्व दिवस के अवसर पर गर्भवती महिलाओं की जांच की गई जिसमें समस्त उपस्वास्थ्य केन्द्रों तथा हेल्थ एण्ड वेलनेस सेन्टर में आने वाली सभी गर्भवती माताओं की डिजीटल हीमोग्लोविनोमीटर द्वारा हीमोग्लोबिन की जांच की गई। ए.एन.एम., सी.एच.ओ. के द्वारा हाईरिक्स गर्भवती महिलाओं को उच्च संस्था में रेफर किया गया, जिसमें उनकी जांच स्त्री रोग विशेषज्ञ द्वारा की जा सके।
इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीनाथ सिंह ने बताया कि समस्त स्वास्थ्य संस्थाओं में सभी प्रकार की आवश्यक जांचे जैसे- एलब्यूमिन, सुगर, हेपाटाइटिस बी, हीमोग्लोविन, एच.आई.व्ही. इत्यादि की गई। मध्यम गंभीर एनीमिक महिलाओं को आयरन सुक्रोज लगाया जावेगा। साथ ही आयरन कैल्शियम की गोलियों का वितरण किया गया। स्वास्थ्य कार्यकर्ता द्वारा महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया गया। सुरक्षित मातृत्व दिवस मनाने का उद्देश्य महिलाओं में जागरूकता लाना है एवं स्वस्थ्य शिशु को माँ सुरक्षित प्रसव के माध्यम से जन्म दे सके। मातृ मृत्यु एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए मनाया जाता है। माताओं से अपील की गई कि जन्म के तुरन्त बाद शिशु को दूध पिलायें एवं परिवार कल्याण साधनों का उपयोग करें, पोषक तत्व हमेशा मां को लेने हेतु प्रोत्साहित किया गया।

’मिशन परिवार विकास’ पखवाड़े का आयोजन 25 अप्रैल तक
मंडला 12 अप्रैल 2023
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीनाथ सिंह ने जानकारी दी कि मिशन परिवार विकास पखवाड़े का आयोजन 11 अप्रैल से 25 अप्रैल 2023 के मध्य किया जाएगा। पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य परिवार कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत परिवार नियोजन सेवाओं के प्रति जागरूकता एवं स्वीकार्यता बढ़ाना है। जनसमुदाय में परिवार नियोजन के स्थाई एवं अस्थाई साधनों में जागरूकता लाई जा सके।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ० डी०के० मरकाम ने बताया कि जिले में जागरूकता लाने हेतु आशा, एएनएम दम्पतियों के साथ बैठक, सास-बहू सम्मेलन, पुरूष सहभागिता सम्मेलन, आशाओं के द्वारा मैदानी स्तर प्रत्येक ग्रामों में नारे लेखन कार्य तथा जनप्रतिनिधियों एवं स्वयंसेवी संघ के साथ समन्वय कर इसकी उद्देश्य एवं भूमिका निर्धारित करना है। उन्होंने बताया कि परिवार नियोजन के स्थाई साधन, जैसे- पुरूष नसबंदी, एन.एस.व्ही., बिना चीरा, बिना टांका पुरूष नसबंदी महिला के लिए एल.टी.टी. एवं सी.टी.टी. है। इसी तरह अस्थाई साधनों में पुरूषों के लिए कन्डोम का उपयोग, महिलाओं के लिए पी.पी.आई. यू.सी.डी., आई.यू.डी., गर्भाशय पर डाल दी जाती है। अंतरा इंजेक्शन को लगाया जाता है, ओरल पिल्स, छाया एमरजेंसी पिल्स मुंह के द्वारा ली जाती है। स्थाई साधन एवं अस्थाई साधन अपनाने वाले हितग्राही एवं प्रेरक को भारत सरकार के द्वारा प्रेरक एवं हितग्राही को प्रोत्साहन तथा क्षतिपूर्ति राशि दी जाती है। पुरुष नसबंदी एनएसव्ही हितग्राही को 3 हजार रूपये एवं प्रेरक को 400 रूपये दिये जाते हैं। महिला नसबंदी सीटीटी हितग्राही को 3 हजार रूपये एवं प्रेरक को 400 रूपये दिये जाते हैं। महिला दूरवीन पद्धति एलटीटी हितग्राही को 2 हजार एवं प्रेरक को 300 रूपये दिये जाते हैं। अस्थाई साधनों में पीपीआईयूसीडी हितग्राही को 300 एवं प्रेरक को 150 लगाने वाली नर्स को 150 रूपये दिये जाते हैं। अंतरा इंजेक्शन हितग्राही 100 रूपये, प्रेरक, आशा 100 रूपये एवं लगाने वाली नर्स को प्रति डोज 100 रूपये दिये जाते हैं।


1 comment
Good day! I just want to offer you a big thumbs up for your excellent information you have got here on this post. Ill be coming back to your blog for more soon.