नारायणगंज क्षेत्र दौरा: जल-जीवन मिशन, सीएम राईज स्कूल का निरीक्षण
कलेक्टर ने लाड़ली बहना योजना में विशेष प्रगति लाने के दिए निर्देश
मंडला 13 अप्रैल 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने नारायणगंज क्षेत्र का सघन भ्रमण किया। इस दौरान उन्हांेने लाड़ली बहना योजना के पंजीयन तथा जल जीवन मिशन के कार्यों का जायजा लिया। भ्रमण के दौरान सीएमएचओ, एसी ट्राईबल, एसडीएम निवास सहित संबंधित उपस्थित रहे।
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने ग्राम कोबरीकला तथा माड़ोगढ़ में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के पंजीयन प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने पंजीयन केन्द्रों में महिलाओं के बैठने के लिए छायादार व्यवस्था, पेयजल एवं अन्य जरूरी उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डॉ. सिडाना ने निर्देशित किया कि क्षेत्र में दीवार लेखन, मुनादी आदि के माध्यम से योजना का व्यापक रूप से प्रचार-प्रसार करें। उन्हांेने पंजीयन केन्द्रों में उपस्थित महिलाओं को लाड़ली बहना योजना के संबंध में पात्रता-अपात्रता, पंजीयन की कार्यवाही, आवश्यक दस्तावेज तथा योजना से मिलने वाले लाभ के संबंध में सरल भाषा में जानकारी दी।
कमजोर प्रगति पर नाराजगी, कार्यवाही के निर्देश
कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना शासन की महत्वपूर्ण योजना है जिसका लगातार व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। जिन पंचायतों में पंजीयन की गति कम है वहां पर जनसेवा मित्रों का भी सहयोग प्राप्त करें। ऐसे क्षेत्रों में अधिकारी स्वयं भ्रमण कर प्रगति लाएं। योजना के संबंध में अपर्याप्त जानकारी होने तथा पंजीयन की कमजोर प्रगति को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने कोबरीकला में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता का एक दिन का वेतन काटने एवं पंचायत सचिव, महिला बाल विकास सुपरवाईजर तथा पंचायत समन्वयक अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

दामिनी के सपने को पूरा करने हरसंभव मदद
ग्राम कोबरीकला में भ्रमण के दौरान कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना अचानक छात्रा दामिनी परिहार के घर पहुँचकर उसके शिक्षा के संबंध में जानकारी ली। दामिनी ने बताया कि वह इस वर्ष बायोलॉजी विषय से कक्षा बारहवी की परीक्षा में सम्मिलित हुई है। वह बड़ी होकर डॉक्टर बनना चाहती है। अंग्रेजी एवं विज्ञान सहित अन्य विषयों पर दामिनी के ज्ञान तथा उसके आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कलेक्टर ने दामिनी के सपने को पूरा करने के लिए अध्ययन सामग्री सहित अन्य मदद मुहैया कराने की बात कही। उसके परिवारजनों ने बताया कि वर्तमान में दामिनी का स्वास्थ्य ठीक नहीं है जिस पर कलेक्टर ने मेडीकल कॉलेज जबलपुर में उपचार की व्यवस्था कराने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया।

ग्रामीणों को बताया पानी का महत्व
भ्रमण के दौरान कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने जल जीवन मिशन के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्हांेने अनेक घरों में जाकर ग्रामीणों से जल आपूर्ति के संबंध में जानकारी लेते हुए उन्हें पानी का सदुपयोग करने की समझाईश दी। उन्होंने कहा कि जल की प्रत्येक बूंद महत्वपूर्ण है अतः इसे सहेजकर रखें। नलों में टोंटी अनिवार्य रूप से लगाएं। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जल आपूर्ति के लिए समय तय करें तथा मुनादी के माध्यम से ग्रामीणजनों को इसकी सूचना दें। भ्रमण के दौरान उन्होंने ग्राम टिकरिया में बनाई गई पानी टंकी का भी निरीक्षण किया।

सीएम राईज स्कूल में लापरवाही, प्राचार्य को नोटिस
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने सीएम राईज स्कूल नारायणगंज का निरीक्षण किया। परिसर की मरम्मत तथा पुताई कार्य में विलंब, वैकल्पिक व्यवस्था होने के बाद भी पुस्तकालय का संचालन न होना, शौचालय में समुचित सफाई का अभाव तथा यू डाईस पोर्टल में विद्यार्थियों की प्रविष्टि पूर्ण न होने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि सीएम राईज स्कूल में तय मानकों का कड़ाई से पालन करें।

नारायणगंज क्षेत्र दौरा: सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण
मंडला 13 अप्रैल 2023
नारायणगंज क्षेत्र के भ्रमण के दौरान कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज का निरीक्षण किया तथा केन्द्र द्वारा प्रदाय की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी ली तथा बेहतर कार्य के लिए पूरे स्टॉफ के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि मौसम को ध्यान में रखते हुए आमजनों को उल्टी एवं दस्त जैसी बीमारियों से बचने के संबंध में जागरूक करें। आवश्यकतानुसार ओआरएस का वितरण करें। जिन क्षेत्र से अधिक मरीज आते हैं वहां पर तुरंत फोकस करें। ग्रामीणजनों को परिवार नियोजन तथा नवजात शिशु की देखभाल के संबंध में जानकारी प्रदान करें। भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने आयुष्मान पंजीयन, अनमोल पोर्टल पर एंट्री, वैक्सीनेशन, पेथोलॉजी में होने वाले टेस्ट, दवाओं की उपलब्धता आदि के संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

नारायणगंज सीएचसी को क्वालिटी सर्टिफिकेट
ज्ञात हो कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय भारत सरकार के अंतर्गत एनक्यूएएस प्रोग्राम के तहत नारायणगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र को बेहतर स्वास्थ्य सेवा के लिए क्वालिटी सर्टिफिकेट प्रदान किया गया है। संस्था के असेसमेंट ओपीडी, आईपीडी, फार्मेसी, आकस्मिक चिकित्सा, लेबर रूम, पेथोलॉजी, ब्लडबैंक, जनरल एडमिन सहित 9 विभागों का 8 अलग-अलग विषयों पर असेसमेंट किया गया। कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने भ्रमण के दौरान स्वास्थ्य केन्द्र के कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।

लाड़ली बहना योजना का सघन रूप से सतत् प्रचार-प्रसार करें
समीक्षा बैठक में कलेक्टर के निर्देश
मंडला 13 अप्रैल 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने योजना के प्रचार-प्रसार की गतिविधियों को सघन रूप से जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना का प्रचार-प्रसार सटीक रूप में एवं सतत रूप से जारी रहे। डॉ. सिडाना ने संबंधित क्षेत्र के एसडीएम, सीडीपीओ, सीईओ जनपद एवं संबंधितों को निर्देशित किया कि समुचित रणनीति एवं समन्वय के साथ योजना का प्रचार-प्रसार करें। उन्होंने कहा कि योजना के लिए पात्रता एवं अपात्रता की जानकारी स्पष्ट रूप से दें। पात्र बहनों को जानकारी के संबंध में किसी भी प्रकार की शंका न रहे। हर पात्र महिला तक योजना की पात्रता, अपात्रता, जरूरी दस्तावेज, पंजीयन एवं अन्य गतिविधियों की समय-सीमाओं की सटीक जानकारी रहे। बैठक में सभी एसडीएम, जिला कार्यक्रम अधिकारी, सीडीपीओ, सीईओ जनपद, एईजीएम तथा संबंधित उपस्थित थे।

31 मई तक लाड़ली बहना योजना एवं पेयजल प्राथमिकता
कलेक्टर डॉ. सिडाना ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिला प्रशासन के लिए मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस योजना से जुड़े सभी कार्यों को 31 मई तक पूरा करें। इसी प्रकार ग्रीष्म ऋतु के मद्देनजर पेयजल एवं इससे जुड़ी समस्याएं भी विशेष रूप से प्राथमिक हों। उन्हांेने कहा कि मैदानी भ्रमण के दौरान लाड़ली बहना के पंजीयन कार्य, ई-केवाईसी के साथ-साथ पीएचई से जुड़े कार्यों का भी निरीक्षण किया जाएगा।

निम्न 5 पंचायतों की हुई समीक्षा
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने बैठक में सभी जनपदों की निम्न 5 प्रगति वाले पंचायतों की समीक्षा की। उन्होंने एसडीएम तथा सीईओ जनपदों से निम्न प्रगति के कारण पूछे। उन्होंने निर्देशित किया कि पंजीयन एवं ई-केवाईसी की गति बढ़ाने के लिए सुबह से कार्य प्रारंभ करें। उन्होंने कहा कि निम्न प्रगति वाली पंचायतों में जनसेवा मित्रों का विशेष सहयोग लें। इस दौरान कलेक्टर ने उपलब्ध मानव संसाधन, जरूरी मटेरियल, नेटवर्क समस्या एवं जागरूकता से जुड़ी गतिविधियों पर निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी मैदानी भ्रमण के दौरान लगातार मॉनिटरिंग करें एवं कमियों को पूरा करते हुए प्रगति लाएं।

सीडीपीओ को अप्रसन्नता पत्र जारी करें
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने समीक्षा के दौरान सभी सीडीपीओ को बेहतर कार्य करने के निर्देश दिए तथा निम्न प्रगति पर नाराजगी जाहिर करते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी को अप्रसन्नता पत्र जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंजीयन के लिए आवश्यक होने पर पात्र महिलाओं के लिए परिवहन की व्यवस्था करें। किसी भी व्यक्ति या महिला से पंजीयन या परिवहन के संबंध में पैसे न लें। उन्हांेने कहा कि समस्याओं का सटीक आंकलन करें। उन्होंने घुघरी जनपद में सघन मुनादी एवं दीवार लेखन के माध्यम से प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। साथ ही निर्देशित किया कि दीवारलेखन एवं मुनादी के दौरान योजना के लिए पात्रता-अपात्रता, दीवारलेखन-नारेलेखन, समय-सीमा की जानकारी स्पष्ट एवं सटीक रूप से दें।

महिला सम्मान बचत पत्र योजना अतंर्गत समस्त आयुवर्ग की बालिकाओं एवं महिलाओं के लिए सेविंग स्कीम, मिलेगा 7.5 प्रतिशत ब्याज
मंडला 13 अप्रैल 2023
अधीक्षक डाकघर से प्राप्त जानकारी के अनुसार भारत सरकार ने समस्त आयुवर्ग की बालिकाओं एवं महिलाओं के वित्तीय समावेशन और महिला सशक्तीकरण के लिए चालू वित्तीय वर्ष में महिला सम्मान बचत पत्र योजना शुरू की है। महिला सम्मान बचत प्रमाणपत्र दो साल की अवधि के लिए न्यूतम एक हजार रूपए और 2 लाख रूपये की अधिकतम सीमा के साथ त्रैमासिक चक्रवृद्धि पर एक निश्चित ब्याज प्रदान करता है। (2 लाख पर 2 साल बाद 232044 रूपये वापस मिलेंगे)
खाता खोलने के लिए पैन, आधार कार्ड और फोटो की जरूरत होगी। मण्डला संभाग डाकघर के अधीक्षक डी.एस. चौहान ने योजना के शुभारंभ के अवसर पर कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को निवेश करने के लिए प्रोत्साहन देने के साथ-साथ उन्हें बचत करने का मौका देना तथा वित्तीय रूप से सक्षम बनाना है। उन्होने कहा कि इस स्कीम में महिलाओं को अधिकतम ब्याज के साथ बचत करने का सुनहरा अवसर प्रदाय किया गया है।
प्रधान डाकघर मण्डला में योजना शुभारंभ के दौरान डॉ. राधाकृष्ण वार्ड मण्डला निवासी रीति तिवारी एवं आजाद वार्ड मण्डला निवासी सुशीला कुशराम द्वारा महिला सम्मान बचत पत्र खाता खोला गया जिन्हें अधीक्षक चौहान द्वारा पासबुक प्रदान किया गया।

खनिज रेत के 2 ट्रेक्टर वाहन जब्त
मंडला 13 अप्रैल 2023
खनिज विभाग मण्डला द्वारा ग्राम हिरदेनगर एवं पुरवा तहसील मण्डला जिला मण्डला अन्तर्गत खनिज रेत के 2 ट्रेक्टर वाहन क्रमांक क्रमशः एमपी51एबी3355, एमपी51जी0832 को खनिज विभाग द्वारा अवैध परिवहन करते जब्त किया गया। अवैध परिवहन में संलिप्त उक्त दोनों वाहनों को शासकीय अभिरक्षा में चौकी हिरदेनगर एवं थाना महाराजपुर की सुपुर्दगी में दिया गया। दोनों वाहनों के विरूध म0प्र0 खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम 2022 के प्रावधानों के तहत् प्रकरण दर्ज कर कलेक्टर न्यायालय प्रेषित किया जा रहा है।

ग्रामसभाओं का चरणबद्ध आयोजन 14 से 18 अप्रैल तक होगा
मंडला 13 अप्रैल 2023
14 अप्रैल 2023 डॉ० भीमराव जयंती के अवसर पर ग्रामसभाओं का आयोजन किया जाएगा। 14 अप्रैल 2023 से 18 अप्रैल तक आयोजित होने वाली ग्रामसभाओं के संबंध में नियमित एजेण्डा बिन्दुओं के साथ स्थानीय कार्य सूची (विषय) को शामिल करते हुए ग्रामसभाएं आयोजित किए जाएंगे। ग्रामसभाओं में लाड़ली बहना योजना, बाल विवाह, प्रतिषेध अधिनियम 2006, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना, स्कूलों और आंगनवाड़ी केन्द्रों में स्वच्छ जल की उपलब्धता, ग्राम गौरव दिवस कार्यक्रम, शुद्ध पेयजल की नियमित उपलब्धता तथा नल-जल योजना के रख-रखाव की व्यवस्था, कुपोषण मुक्त ग्राम, शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजना की जानकारी, विभिन्न प्रकार की पेंशन योजनाओं में लाभ लेने वाले हितग्राहियों की सूचियों का वाचन, अन्त्योदय सर्वे, हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर (आरोग्यम) में प्रदाय की जाने वाली एवं स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं तथा करारोपण की वसूली एवं पोर्टल पर ऑनलाईन प्रविष्टी पर चर्चा की जाएगी।

सहकारी समितियों के पुर्नगठन हेतु बैठक संपन्न
मंडला 13 अप्रैल 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना की अध्यक्षता में आदिम जाति सहकारी समितियों के निर्धारित मापदण्डों के अनुरूप उनके पुर्नगठन हेतु बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की 43 पैक्स समितियों में से 9 समितियां निर्धारित मापदण्डों के अनुरूप पाई गई जिनका म.प्र. सहकारी अधिनियम 16(3) के अंतर्गत पुर्नगठन किया जाएगा। प्रदेश स्तर पर प्राथमिक कृषि सहकारी संस्थाओं के पुनर्गठन हेतु 3 मापदण्ड निर्धारित किये हैं। पैक्स का 3 करोड़ का ऋण व्यवसाय हो, 1000 सदस्य संख्या हो तथा 10 कि.मी. परिधि से अधिक का कार्यक्षेत्र हो। बैठक में जिला सहकारी बैंक के महाप्रबंधक, उपसंचालक कृषि, नाबार्ड जीएम एवं सहायक आयुक्त सहकारिता उपस्थित रहे।


1 comment
Good day! I just want to offer you a big thumbs up for your excellent information you have got here on this post. Ill be coming back to your blog for more soon.