रानी दुर्गावती गौरव यात्रा: रूट क्रं.-2 देर रात पहुँची मंडला
निर्धारित रूट पर स्थानीय लोगों एवं जनप्रतिनिधियों ने किया आत्मीय स्वागत
मंडला 24 जून 2023
वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान एवं उनके शौर्यगाथा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 22 से 27 जून तक गौरव यात्रा निकाली जा रही है। यह यात्रा रानी दुर्गावती के जीवन से जुड़े अलग-अलग रूट से निकलती हुई 27 जून को समाप्त होगी। शुक्रवार 23 जून को रूट क्रं.-2 के लिए निर्धारित गौरव यात्रा छिंदवाड़ा, सिवनी होते हुए मंडला पहुंची। मंडला जनपद के अंतर्गत इस यात्रा ने जारगा-जारगी से जिले में प्रवेश किया। विधायक मंडला देवसिंह सैयाम यात्रा की अगवानी के लिए पहुंचे। उन्होंने यात्रा का स्वागत किया। इसके बाद यात्रा खुर्सीपार पहुंची जहां स्थानीय जनसमूह ने गौरव यात्रा का स्वागत किया। 23 जून की रात्रि लगभग 10:30 बजे गौरव यात्रा मंडला मुख्यालय पहुंची। उदयचौक में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने यात्रा के उद्देश्य एवं रानी दुर्गावती के गौरव से जुड़े संबोधन दिए। मंडला में रात्रि विश्राम के पश्चात वीरांगना रानी दुर्गावती गौरव यात्रा 24 जून को प्रातः 9:30 बजे से अपने निर्धारित रूट पर गाजीपुर-फूलसागर-बकौरी-बबलिया होते हुए निवास पहुंची। निवास में यात्रा के स्वागत में जनसभा का आयोजन हुआ। गौरव यात्रा का जगह-जगह पर सांस्कृतिक दलों ने स्वागत किया।

रानी दुर्गावती बलिदान दिवस का हुआ आयोजन
मण्डला 24 जून 2023
वीरांगना रानी दुर्गावती का 24 जून को बलिदान दिवस था। सर्किटहाउस के सामने वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बैतूल सांसद दुर्गा प्रसाद उईके, मंडला विधायक देवसिंह सैयाम, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, अपर कलेक्टर मीना मसराम, सांसद प्रतिनिधि जयदत्त झा, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी एवं स्कूली बच्चे उपस्थित थे। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने वीरांगना रानी दुर्गावती की मूर्ति पर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा रानी दुर्गावती के शौर्य एवं बलिदान पर आधारित संबोधन दिए।

27 को शहडोल में प्रधानमंत्री करेंगे आयुष्मान कार्डों का वितरण
मंडला 24 जून 2023
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ० श्रीनाथ सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 27 जून को जिला शहडोल में प्रधानमंत्री द्वारा आयुष्मान कार्डों का वितरण एवं राष्ट्रीय सिकिल सेल एनीमिया उनमूलन मिशन 2047 का शुभारम्भ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस दिन सभी नगरीय निकायों, ग्राम पंचायतों में विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। जिले की समस्त स्वास्थ्य संस्थाएँ, जिला अस्पताल मण्डला, सिविल अस्पताल नैनपुर, समस्त सामुदायिक स्वाथ्य केन्द्र, हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर एवं ग्राम पंचायत स्तरों में यह कार्यक्रम समारोहपूर्वक आयोजित किया जाएगा। जनसमुदाय से अपील की गई है कि ई-केवाइसी कराकर आयुष्मान पी.वी.सी. कार्ड प्राप्त करने तथा अपना एवं अपने परिजनों का सिकल सेल स्क्रीनिंग कराएं।

आर्थिक सहायता स्वीकृत
मंडला 24 जून 2023
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक किशोर तेकाम ग्राम मलारा निवासी की पानी में डूबने से मृत्यु होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व निवास द्वारा मृतक के निकटतम वारसान को कुल 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। मृतक के निकटतम वारसान आवेदक राजेन्द्र तेकाम को कुल 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।

जिले की औसत वर्षा की जानकारी
मण्डला 24 जून 2023
जिले में इस वर्ष एक जून से 24 जून के दौरान 44.9 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 5.2 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 39.7 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 जून को मंडला में 19.6 मि.मी., नैनपुर में 62.3 मि.मी., बिछिया में 8 मि.मी., निवास में 10.2 मि.मी., घुघरी में 7.3 मि.मी. एवं नारायणगंज में 13.7 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 24 जून को 20.1 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

16 जून से मत्स्याखेट पूर्णतया प्रतिबंधित
मण्डला 24 जून 2023
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी ने अधिसूचना जारी कर कहा है कि वर्षाऋतु में मछलियों की वंशवृद्धि के दृष्टिकोण से उन्हें संरक्षण देने के लिए म.प्र. नदीय मत्स्योद्योग अधिनियम 1972 के अंतर्गत 16 जून से 15 अगस्त 2023 तक की अवधि को बंद ऋतु के रूप में अधिघोषित किया गया है। म.प्र. शासन मछली पालन विभाग के अनुसार छोटे तालाब या अन्य स्त्रोत जिनका संबंध किसी नदी व नाले से नही है और जिन्हें निर्दिष्ट जल की परिभाषा के अंतर्गत नहीं लाया गया है, को छोड़कर समस्त नदियों, जलाशयों में बंद ऋतु में मत्स्याखेट पूर्णतया प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही मत्स्य विक्रय या मत्स्य विनिमय अथवा परिवहन करना भी प्रतिबंधित हैं। इन नियमों के उल्लंघन पर म.प्र. राज्य मत्स्य क्षेत्र अधिनियम 1981 की धारा 5 के तहत उल्लंघनकर्ता को एक वर्ष का कारावास या 5 हजार रूपये तक का जुर्माना या दोनों से दण्डित किये जाने का प्रावधान है। मत्स्य समितियों, मत्स्य समूहों, निजी मत्स्यपालकों एवं जन साधारण को सूचित किया जाता है, कि वे 16 जून 2023 से 15 अगस्त 2023 तक किसी भी प्रकार का मत्स्याखेट, मत्स्य विनिमय, परिवहन न तो स्वयं करें, न ही इसमें किसी अन्य को सहयोग दें अन्यथा उल्लंघन करने पर उपरोक्त नियमों के तहत कानूनी कार्यवाही की जायेगी।

विशेष आमसभा 26 को
मण्डला 24 जून 2023
प्रशासक आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित हिरदेनगर से प्राप्त जानकारी के अनुसार आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित हिरदेनगर में शासन द्वारा प्रस्तावित समिति पुनर्गठन एवं मॉडल बायलॉल लागू करने हेतु समिति द्वारा विशेष आमसभा का आयोजन किया गया है। विशेष आमसभा सोमवार 26 जून 2023 को दोपहर 12:30 बजे से समिति कार्यालय हिरदेनगर के प्रांगण में आयोजित की गई है। सभी कृषक/सदस्य समिति की विशेष आमसभा में उपस्थित हों। विशेष आमसभा में शासन के निर्देशानुसार समिति द्वारा प्रस्तावित पुनर्गठन समिति के संबंध में एवं शासन के निर्देशानुसार समिति के मॉडल बायलॉज लागू करने के संबंध में चर्चा की जाएगी।

