कलेक्टर श्री मिश्रा ने जनसुनवाई में सुनीं 86 आवेदकों की समस्या
मंडला, 24 फरवरी 2026
जिला योजना भवन में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने आमजनों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आवेदकों ने अपनी समस्याओं और शिकायतों से संबंधित कुल 86 आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने संबंधित विभाग प्रमुखों को इन आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने नगर पालिका और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थानों पर कचरा संग्रहण और निपटान की पुख्ता व्यवस्था हो। कलेक्टर ने मछली मार्केट का सघन निरीक्षण करते हुए उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर
श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, एसडीएम मण्डला श्रीमती सोनल सिडाम सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी भी उपस्थित थे।

जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सभी अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक – कलेक्टर श्री मिश्रा
डिजिटल जनगणना 2027 के सफल क्रियान्वयन के लिए प्रशिक्षण संपन्न
दो चरणों में होगा कार्य, हाउस लिस्टिंग 1 मई 2026 से
मंडला, 24 फरवरी 2026
जिला पंचायत सभाकक्ष में कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री सोमेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला चार्ज स्तर के अधिकारियों को डिजिटल जनगणना 2027 के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना कार्य को पूर्णतः डिजिटल, सटीक, पारदर्शी एवं समयबद्ध रूप से संपन्न कराना है। यह देश की अब तक की सबसे बड़ी डिजिटल जनगणना होगी, जिसमें आधुनिक तकनीक एवं डिजिटल उपकरणों का उपयोग किया जाएगा।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने बताया कि जनगणना का संपूर्ण कार्य डिजिटल माध्यम से किया जाएगा, इसलिए सभी चार्ज अधिकारी प्रशिक्षण को गंभीरता से लें और डिजिटल उपकरणों के उपयोग में दक्षता प्राप्त करें। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे फील्ड अधिकारियों को सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि योजनाओं के निर्माण हेतु प्रमाणिक डाटा एकत्रित किया जा सके। उन्होंने इस कार्य से जुड़े संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि हाउस लिस्टिंग के दौरान कोई भी मकान या भवन छूटना नहीं चाहिए। प्रत्येक प्रविष्टि सावधानीपूर्वक एवं तथ्यात्मक रूप से दर्ज की जाए तथा किसी भी स्थिति में गलत जानकारी न भरी जाए। कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सभी अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी एवं प्रतिबद्धता आवश्यक है।
दो चरणों में होगी जनगणना
प्रथम चरण 1 मई से 30 मई 2026 तक
इस चरण में हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन (एचएलओ) किया जाएगा। मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य पूर्णतः एचएलओ ऐप के माध्यम से डिजिटल रूप से संपन्न होगा। प्रशिक्षण में पीपीटी के माध्यम से हाउस लिस्टिंग की प्रक्रिया, ऐप का उपयोग, प्रगणक एवं पर्यवेक्षक के दायित्वों की विस्तृत जानकारी दी गई।
द्वितीय चरण फरवरी-मार्च 2027
इस चरण में जनसंख्या की गणना की जाएगी
घर-घर जाकर होगा सर्वे
प्रगणक एवं पर्यवेक्षक घर-घर जाकर शासन द्वारा अधिसूचित प्रश्नावली के अनुसार जानकारी एकत्र करेंगे। इसमें आवास की स्थिति, उपलब्ध मूलभूत सुविधाएं, धारित परिसंपत्तियां एवं अन्य आवश्यक विवरण शामिल होंगे। एचएलओ के अंतर्गत केवल सामान्य परिवार एवं संस्थागत परिवारों को शामिल किया जाएगा। प्रत्येक भवन एवं जनगणना मकान को क्रमवार नंबर प्रदान किया जाएगा।
जिला जनगणना प्रशिक्षण प्रभारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनगणना कार्य को पूर्ण गंभीरता, गोपनीयता एवं समन्वय के साथ संपन्न करें। सतत मॉनिटरिंग एवं नियमित समीक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि कार्य समय-सीमा में पूरा हो सके।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों के प्रश्नों का समाधान किया गया एवं सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री राजेंद्र कुमार सिंह, सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, सभी एसडीएम, समस्त तहसीलदार एवं चार्ज अधिकारी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी तथा जनगणना कार्य के लिए नियुक्त संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। जनगणना के नोडल अधिकारी श्री सुधीर कुमार सहायक निदेशक एवं श्री संजय सोनी जिला प्रभारी मंडला ने प्रशिक्षण दिया।
कलेक्टर के निर्देश पर प्रशासन सख्त
बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर मैरिज गार्डनों का औचक निरीक्षण
मंडला, 24 फरवरी 2026
जिले में संचालित हो रही बोर्ड परीक्षाओं को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशन में प्रशासनिक टीम द्वारा मैरिज गार्डनों और विवाह स्थलों का रात्रि कालीन औचक निरीक्षण किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य परीक्षाओं के दौरान विद्यार्थियों को शांत वातावरण उपलब्ध कराना और ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण रखना है।
नायब तहसीलदार श्री राम सिंह उलाड़ी द्वारा बीती रात किए गए निरीक्षण के दौरान कुछ मैरिज गार्डनों में निर्धारित सीमा से अधिक शोर और तेज आवाज में डीजे बजता पाया गया। नायब तहसीलदार श्री उलाड़ी ने तत्परता दिखाते हुए निषादराज भवन और वृंदावन गार्डन में तेज डीजे साउंड को तत्काल बंद कराया। उन्होंने मैरिज लोन के संचालकों को सख्त हिदायत दी कि परीक्षाओं के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधितों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों और मैरिज गार्डन संचालकों से अपील की है कि वे परीक्षाओं के इस महत्वपूर्ण समय में सहयोग करें और देर रात तक तेज संगीत या डीजे बजाने से बचें, ताकि छात्र-छात्राएं बिना किसी व्यवधान के अपनी तैयारी कर सकें।

हेलमेट पहनें, सुरक्षित रहें
मंडला पुलिस की अपील
मंडला, 24 फरवरी 2026
सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मंडला पुलिस द्वारा हेलमेट पहनने के प्रति व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत वाहन चालकों को समझाइश दी जा रही है, हेलमेट का वितरण किया जा रहा है तथा नियमित वाहन चेकिंग के माध्यम से नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है। इसके बावजूद देखा जा रहा है कि कई लोग हेलमेट साथ तो रखते हैं, लेकिन पहनने से बचते नजर आते हैं। कुछ लोग हाथ में हेलमेट पकड़े दिखाई देते हैं तो कुछ केवल चालान से बचने के उद्देश्य से इसका उपयोग करते हैं।
पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि हेलमेट सिर्फ औपचारिकता नहीं, बल्कि जीवन रक्षा का सबसे प्रभावी साधन है। दुर्घटना के समय हेलमेट ही सिर को गंभीर चोट से बचाकर जीवन बचाने में अहम भूमिका निभाता है। याद रखें, हेलमेट संभालना नहीं, पहनना जरूरी है। सुरक्षित रहें, नियमों का पालन करें और दूसरों को भी प्रेरित करें।
अवैध बेसमेंट निर्माण पर कार्रवाई, निर्माण सामग्री जब्त
मंडला, 24 फरवरी 2026
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देश एवं एसडीएम मण्डला श्रीमती सोनल सिडाम के मार्गदर्शन में जिले में अवैध निर्माण कार्यों के विरुद्ध सतत कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को तहसील कार्यालय के समीप अनुमति के विपरीत किए जा रहे निर्माण कार्य पर राजस्व और नगरपालिका की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की है।
तहसील कार्यालय के सामने गीता राय, निशा जायसवाल एवं गीत जायसवाल द्वारा भवन निर्माण का कार्य किया जा रहा था। जांच के दौरान पाया गया कि संबंधित पक्षों द्वारा प्रशासन से प्राप्त अनुमति की शर्तों का उल्लंघन करते हुए अवैध रूप से बेसमेंट का निर्माण किया जा रहा था। शिकायत और जांच की पुष्टि होने पर नायब तहसीलदार श्री राम सिंह उलाड़ी के नेतृत्व में राजस्व विभाग और नगरपालिका की टीम ने मौके पर पहुँचकर नियमों के विरुद्ध हो रहे निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से बंद करवा दिया गया। साथ ही मौके पर मौजूद निर्माण सामग्री को नगरपालिका एवं राजस्व टीम द्वारा संयुक्त रूप से जब्त किया गया। कार्यवाही के दौरान आरआई, नगरपालिका एवं राजस्व का अमला उपस्थित थे।
संकल्प से समाधान अभियान: न्यून प्रगति पर सहायक संचालक उद्यान विभाग को एससीएन जारी
मंडला, 24 फरवरी 2026
संकल्प से समाधान अभियान की विभागवार प्रगति की समीक्षा बैठक में उद्यान विभाग के अंतर्गत संचालित सेवाओं के क्रियान्वयन में प्रगति अत्यंत न्यून है। इसके अंतर्गत खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों के लिए विशिष्ट वित्तीय सहायता एवं व्यवसायिक उद्यानिकी फसलों की संरक्षित खेती प्रोत्साहन योजना के 24 कुल आवेदन, 11 स्वीकृत, 11 निराकृत एवं 13 आवेदन लम्बित, फल पौध रोपणी की अनुज्ञा जारी करना एवं उसका नवीनीकरण करना के कुल 3 आवेदन, 3 स्वीकृत, 3 निराकृत आवेदन हैं। संकल्प से समाधान अभियान को प्रारंभ हुए 20 दिन से अधिक की अवधि के बाद भी निर्धारित सेवाओं का मैदानी स्तर पर क्रियान्वयन की प्रगति अत्यंत न्यून है।
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने उद्यान विभाग के सहायक संचालक श्री मोहन मरावी को इस संबंध में कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया है। आपके विभागीय दायित्वों एवं शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में रुचि नहीं लिया जा रहा है, जो कि अत्यन्त खेदजनक है। आपका उक्त कृत्य कर्तव्य के प्रति लापरवाही एवं उच्चाधिकारियों के आदेशों की अव्हेलना एवं अनुशासनहीनता को प्रदर्शित करता है। आपका उपरोक्त कृत्य मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3(1) उप नियम (एक) (दो) (तीन) के विपरीत होने से दण्डनीय कृत्य है। अतः उक्त संबंध में आप अपना लिखित उत्तर पत्र प्राप्ति के दो दिवस के अन्दर प्रस्तुत करें। निर्धारित समयवाधि में तथा संतोषजनक उत्तर प्राप्त नहीं होने की दशा में आपके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जावेगी। जिसके लिये आप स्वयं जिम्मेदार होंगे।
संकल्प से समाधान अभियान: 26 फरवरी को 4 कलस्टर में शिविर लगाया जायेगा
मंडला, 24 फरवरी 2026
संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत 26 फरवरी को मंडला जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत पटपरा रैयत, जनपद पंचायत नैनपुर के ग्राम पंचायत हीरापुर, घुघरी जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत भैंसवाही एवं निवास जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत पिपरिया में शिविर लगाया जायेगा।

जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक संपन्न
मंडला, 24 फरवरी 2026
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला योजना भवन में जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण के विरुद्ध की जा रही कार्यवाही की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा, अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री शाश्वत सिंह मीना, डीएफओ पूर्व एस प्रीता, डीएफओ पश्चिम श्री एमएस मौर्य, एडिशनल एसपी श्री शिवकुमार वर्मा, एसडीएम मंडला सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
जिला खनिज अधिकारी हितेश बिसेन ने वर्ष के दौरान की गई कार्रवाई से अवगत कराते हुए बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में अवैध खनन, परिवहन एवं भण्डारण के कुल 196 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इनमें खनिज विभाग के 137, राजस्व विभाग के 53 एवं पुलिस विभाग के 6 प्रकरण शामिल हैं। जबकि वित्तीय वर्ष 2024-25 में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण के कुल 173 प्रकरण दर्ज किए गए थे, जिनमें 73.92 लाख रुपये का अर्थदण्ड वसूला गया। वहीं वर्ष 2025-26 में अब तक 196 प्रकरणों में 91.65 लाख रुपये का अर्थदण्ड वसूला जा चुका है।
बैठक में नवीन चिन्हित रेत खदानों के संबंध में वन विभाग से अप्राप्त प्रतिवेदनों पर भी चर्चा की गई तथा आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री मिश्रा ने अवैध खनन पर सख्ती से कार्रवाई जारी रखने तथा संबंधित विभागों के समन्वय से प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
टीएल बैठक में कलेक्टर के सख्त निर्देश, सीएम हेल्पलाइन व योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
मंडला, 24 फरवरी 2026
जिला योजना भवन में आयोजित टीएल बैठक कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में विभिन्न योजनाओं, अभियानों एवं लंबित प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री शाश्वत सिंह मीना, डीएफओ पूर्व एस प्रीता, एसडीएम सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
सीएम हेल्पलाइन पर फोकस, रैंकिंग सुधारने के निर्देश
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि फरवरी माह में जिले की रैंकिंग 9वें स्थान पर है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रतिदिन 1-2 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ शिकायतों के निराकरण का प्रतिशत बढ़ाया जाए। जिन अधिकारियों द्वारा शिकायतें अटेंड नहीं की जा रही हैं, उनके विरुद्ध कार्रवाई करते हुए जुर्माना अधिरोपित कर सात दिवस के भीतर राशि जमा कराने के निर्देश दिए गए। सीएम एवं सीएस मॉनिटरिंग के प्रकरणों का त्वरित एवं गंभीरता से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
रबी विपणन वर्ष 2026-27 गेहूं किसान पंजीयन की समीक्षा
बैठक में कलेक्टर श्री मिश्रा ने रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में अब तक हुए गेहूं किसान पंजीयन की समीक्षा की। जिला आपूर्ति अधिकारी श्री संत भलावी ने बताया गया कि जिले में 36 पंजीयन केंद्रों के माध्यम से 7 मार्च 2026 तक पंजीयन किया जाएगा। कलेक्टर ने सहकारी संस्थाओं के प्रबंधक एवं ऑपरेटरों को शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कृषि कल्याण वर्ष के तहत प्रतिमाह आयोजित गतिविधियों की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश कृषि उप संचालक श्री अश्वनी झारिया को दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में साप्ताहिक लक्ष्य की तुलना में प्रगति धीमी पाए जाने पर जिला समन्वयक आवास को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। स्वच्छता सर्वेक्षण 2026 की तैयारियां सभी नगरीय निकायों में प्रारंभ करने, माहिष्मती घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान, घाटों की सफाई एवं दोनों ओर व्यवस्थित बैरिकेटिंग सुनिश्चित करने को कहा गया।
अन्य महत्वपूर्ण निर्देश
बैठक में कलेक्टर श्री मिश्रा ने उच्च न्यायालय में लंबित जवाबदावों की जानकारी लेते हुए समय-सीमा में जवाब प्रस्तुत करने, संकल्प से समाधान अभियान में गति लाकर शिविरों में प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने, जल जीवन मिशन के पूर्ण कार्यों को शीघ्र हैंडओवर करने, विधायकों के लिए निर्माणाधीन वीसी कक्ष का कार्य शुक्रवार तक पूर्ण करने के निर्देश लोक निर्माण विभाग को दिए। कलेक्टर श्री मिश्रा ने सभी अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस चौपाल: हेलमेट, साइबर अपराध व नशा मुक्ति पर जागरूकता
मंडला, 24 फरवरी 2026
पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक मंडला श्री रजत सकलेचा के मार्गदर्शन में मंडला जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में माइक्रो बीट पुलिस चौपाल आयोजित कर ग्रामीण नागरिकों को हेलमेट अनिवार्यता, यातायात नियमों के पालन, नशा मुक्ति, साइबर अपराध से बचाव तथा महिला एवं बाल सुरक्षा के संबंध में व्यापक रूप से जागरूक किया गया।
अभियान के अंतर्गत थाना कोतवाली (लावर), थाना मोतीनाला (टिकरिया), थाना बिछिया (खमरोटी, भपसा), थाना महाराजपुर (मच्छरिया), थाना मेहगांव (रैयगांव), थाना निवास (बरबटी), थाना मवई (रहटाखेरो), थाना टिकरिया (चकरा), थाना बीजाडांडी (माल) एवं चौकी पांडीवारा (चीजगांव), चौकी मनेरी (लहसर), चौकी पिंडरई (पड़रिया) क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों द्वारा चौपाल लगाकर ग्रामीणों को जागरूक किया गया।
पुलिस की बड़ी सफलता: 253 गुम मोबाइल रिकवर, 38 लाख के मोबाइल लौटाए
मंडला, 24 फरवरी 2026
पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा के निर्देशन में गुम मोबाइल फोन की शीघ्र बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 24 फरवरी 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम मण्डला में रिकवर किए गए मोबाइल उनके वैध धारकों को सुपुर्द किए गए।
मुख्यालय स्तर पर थाना कोतवाली एवं थाना महाराजपुर क्षेत्र के 171 मोबाइल सहित जिले के विभिन्न थानों द्वारा बरामद कुल 253 मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 38 लाख है, हितग्राहियों को लौटाए गए। अपने गुम मोबाइल वापस पाकर नागरिकों ने मंडला पुलिस का आभार व्यक्त किया।
थाना स्तर पर विकेंद्रीकृत वितरण की पहल
आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला मुख्यालय के अलावा थाना स्तर पर भी मोबाइल फोन का डिसेंट्रलाइज्ड वितरण किया जा रहा है। इससे नागरिकों को शीघ्र और सरलता से उनके मोबाइल प्राप्त हो रहे हैं। विशेष रूप से ’’कान्हा राष्ट्रीय उद्यान’’ से लगे दूरस्थ क्षेत्रों में माइक्रोबीट अधिकारी स्वयं फरियादियों के घर पहुंचकर मोबाइल सुपुर्द कर रहे हैं।
दो वर्षों में 4 करोड़ से अधिक के मोबाइल बरामद
उल्लेखनीय है कि सीईआईआर एवं एनसीआरपी पोर्टल के प्रभावी उपयोग, साइबर डेस्क की सक्रियता और थाना स्तर पर गठित प्रशिक्षित टीमों के सतत प्रयासों से पिछले दो वर्षों में मंडला पुलिस द्वारा कुल 2767 मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 4 करोड़ 15 लाख है, रिकवर कर उनके वैध मालिकों को लौटाए जा चुके हैं।
मंडला पुलिस द्वारा आमजन को सीईआईआर पोर्टल के उपयोग और साइबर सुरक्षा के प्रति भी लगातार जागरूक किया जा रहा है, जिससे भविष्य में मोबाइल गुम होने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शफीक खान, थाना प्रभारी महाराजपुर जय सिंह यादव, साइबर सेल के अधिकारी-कर्मचारी, मोबाइल धारक, उनके परिजन एवं पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।

