बिछिया एवं निवास क्षेत्र के सेक्टर अधिकारी मतदान केन्द्रों का गंभीरता से निरीक्षण करें
जिला निर्वाचन अधिकारी ने दिए निर्देश
मंडला 23 जून 2023
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने आगामी विधानसभा निर्वाचन के मद्देनजर बिछिया एवं निवास क्षेत्र के लिए नियुक्त सभी सेक्टर अधिकारियों की वीसी के माध्यम से बैठक ली। बैठक में उन्होंने निर्देशित किया कि सभी सेक्टर अधिकारी अपने क्षेत्र के मतदान केन्द्रों का गंभीरता से निरीक्षण करेंगे तथा निर्धारित प्रारूप में जरूरी जानकारी की रिपोर्ट देंगे। कलेक्टर ने कहा कि सेक्टर अधिकारी अपने भ्रमण के दौरान मतदान केन्द्रों में भवन की स्थिति, दिव्यांगजनों के लिए रैम्प, पानी, बिजली, शौचालय, नेटवर्क, मतदान केन्द्रों तक पहुंच के लिए सड़क आदि जानकारी देंगे। उन्होंने कहा कि मोबाईल नेटवर्क की जांच एवं परीक्षण सभी अनिवार्यतः करेंगे तथा आसपास के क्षेत्रों के लोगों से भी बेहतर नेटवर्क की जानकारी प्राप्त करेंगे। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी मीना मसराम सहित बिछिया एवं निवास क्षेत्र के लिए नियुक्त सेक्टर अधिकारी उपस्थित थे।
उपजिला निर्वाचन अधिकारी मीना मसराम ने दोनों विधानसभा क्षेत्र के लिए नियुक्त सेक्टर अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी 2 दिनों में मतदान केन्द्रों का भ्रमण करते हुए निर्धारित प्रारूप में जानकारी देंगे। सोमवार को प्राप्त जानकारियों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। उन्होंने मतदान केन्द्रों में 2 दरवाजे, शौचालय की स्थिति, मतदान केन्द्रों तक पहुंच के लिए संकेतकों की स्थिति आदि के संबंध में विस्तार से चर्चा करते हुए जरूरी निर्देश दिए।

24 जून को रानी दुर्गावती गौरव यात्रा रूट
गाजीपुर-फूलसागर-बकौरी-खारी-बबलिया-रिपटा-जुझारी-सिंगपुर-पिपरिया बजार-निवास-बिझौली-बिसौरा-मानिकपुर
मंडला 23 जून 2023
वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान एवं उनके शौर्यगाथा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 22 से 27 जून तक गौरव यात्रा निकाली जा रही है। यह यात्रा रानी दुर्गावती के जीवन से जुड़े अलग-अलग रूट से निकलती हुई 27 जून को समाप्त होगी। शनिवार 24 जून को रूट क्रं.-2 के लिए निर्धारित गौरव यात्रा प्रातः 9 बजे गाजीपुर में पहुंचेगी। इसके पश्चात फूलसागर में यात्रा का स्वागत प्रातः 10 बजे किया जाएगा। गौरव यात्रा के अंतर्गत बकौरी में 11 बजे सभा का आयोजन होगा जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। दोपहर 12 बजे वीरांगना रानी दुर्गावती गौरव यात्रा खारी से पहुंचेगी। इसके बाद दोपहर 1 बजे बबलिया में गौरव यात्रा सभा का आयोजन होगा। दोपहर 2 बजे यात्रा रिपटा, दोपहर 2:30 बजे जुझारी, दोपहर 3 बजे सिंगपुर, दोपहर 3:30 बजे पिपरिया बजार एवं शाम 4:30 बजे निवास बस स्टेंड पहुंचेगी। निवास बस स्टेंड में गौरव यात्रा के स्वागत में बड़ी सभा का आयोजन होगा। इसके पश्चात 5:30 बजे बिझौली, 6 बजे बिसौरा तथा 6:30 बजे मानिकपुर यात्रा पहुंचेगी। इसके बाद डिंडौरी जिले में यात्रा का प्रवेश होगा।

कलेक्टर ने ली बीएलओ तथा सुपरवाईजर्स की बैठक
मंडला 23 जून 2023
आगामी विधानसभा निर्वाचन 2023 की तैयारियों के संबंध में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने डाईट सभाकक्ष में बीएलओ तथा सुपरवाईजर्स की बैठक ली। उन्होंने कहा कि कलेक्टर ने निर्देशित किया कि बीएलओ एवं सुपरवाईजर अपने क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए नवीन मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत या बाहर जा चुके मतदाताओं के नाम काटने तथा संशोधन आदि की कार्यवाही निर्धारित समयावधि में पूर्ण करें।
कलेक्टर डॉ. सिडाना ने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान 1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2023 को 18 वर्ष पूर्ण करने वाले नए मतदाता के नाम जोड़ने की कार्यवाही भी करें। सभी बीएलओ तथा सुपरवाईजर प्रत्येक मतदान केन्द्रों का भ्रमण करें तथा उनमें प्रकाश, बिजली, पेयजल आदि मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता के संबंध में जानकारी एकत्र कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। जो मतदान केन्द्र भवन जर्जर हैं, उन्हें बदलने के प्रस्ताव जमा करें। बैठक में एसडीएम पुष्पेन्द्र अहके, तहसीलदार कमल सिंहसार सहित संबंधित उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने किया मतदान केन्द्रों का निरीक्षण
मंडला 23 जून 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने मण्डला विकासखण्ड के अंतर्गत प्राथमिक शाला रसैयादोना, माध्यमिक शाला पटपरा रैयत एवं कन्या माध्यमिक शाला पौण्डीलिंगा के मतदान केन्द्र भवनों का निरीक्षण किया। उन्होंने भवनों में आवश्यक मरम्मत तथा रंगाई-पुताई कराने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने कहा कि शौचालयों की साफ-सफाई कराते हुये उन्हें क्रियाशील रखें। ड्रिंकिंग वाटर यूनिट को क्रियाशील रखें। बिजली की व्यवस्था बेहतर रखें। प्राथमिक शाला रसैयादोना में बिजली कनेक्शन तत्काल चालू करायें। उन्होंने कन्या माध्यमिक शाला पौण्डीलिंगा पर पुस्तकें अव्यवस्थित पाये जाने संबंधितों के विरूद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता का ध्यान रखें
भ्रमण के दौरान कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं कन्या माध्यमिक शाला पौण्डीलिंगा में किये जा रहे मरम्मत कार्यों का निरीक्षण करते हुये कार्य को बेहतर गुणवत्ता के साथ जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि संबंधित शाला के शिक्षक भी मरम्मत कार्यों में सहयोग करें। विद्यालय भवन को अकादमिक रूप से बेहतर बनायें।

शासकीय आईटीआई मंडला में प्रवेश 25 तक
मण्डला 23 जून 2023
25 जून 2023 तक शासकीय आईटीआई जिला मंडला में विभिन्न व्यवसायों के एक वर्षीय एवं द्विवर्षीय पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु ऑनलाईन रजिस्ट्रेशन www.dsd.gov.in पर किया जा सकता है। च्वाईश फिलिंग 12 जून से प्रारंभ हो गई है जिसमें प्रशिक्षणार्थी अपनी पंसद के अनुसार व्यवसाय का चयन कर सकते हैं।

जिले की औसत वर्षा की जानकारी
मण्डला 23 जून 2022
जिले में इस वर्ष 1 जून से 23 जून के दौरान 24.8 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 5.0 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 19.8 मिलीमीटर कम वर्षा दर्ज की गई है।
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 23 जून को मंडला में 1.2 मि.मी., नैनपुर में 7.5 मि.मी., बिछिया में 18.9 एवं नारायणगंज में 67.8 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 23 जून 2023 को 15.9 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

रानी दुर्गावती गौरव यात्रा: रूट क्रं.-1 की यात्रा बिछिया क्षेत्र में हुआ भव्य स्वागत
केन्द्रीय मंत्री श्री कुलस्ते सहित जनप्रतिनिधियों ने की अगवानी
मंडला 23 जून 2023
वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान एवं उनके शौर्यगाथा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 22 से 27 जून तक गौरव यात्रा निकाली जा रही है। यह यात्रा रानी दुर्गावती के जीवन से जुड़े अलग-अलग रूट से निकलती हुई 27 जून को समाप्त होगी। शुक्रवार 23 जून को रूट क्रं.-1 के लिए निर्धारित गौरव यात्रा बालाघाट-बैहर होते हुए मंडला जिले में पहुंची। बिछिया क्षेत्र के अंतर्गत इस यात्रा ने बालाघाट जिले के पांडूतला से मंडला जिले के सिझौरा से जिले में प्रवेश किया। केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते यात्रा के साथ स्वयं उपस्थित रहे तथा जिले में यात्रा की स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ अगवानी की। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, पूर्व विधायक डॉ. शिवराज शाह तथा पंडितसिंह धुर्वे, स्थानीय जनप्रतिनिधि, मातृशक्तियां एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। गौरव यात्रा का स्वागत स्थानीय मातृ शक्तियों ने कलश यात्रा के साथ किया। परंपरागत वाद्ययंत्रों के दल ने भी यात्रा का स्वागत किया। कार्यक्रम का प्रारंभ अतिथियों ने वीरांगना रानी दुर्गावती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर की।
केन्द्रीय मंत्री श्री कुलस्ते ने यात्रा को संबोधित करते हुए कहा कि वीरांगना रानी दुर्गावती भारत के शौर्य एवं स्वाभिमान का प्रतीक है। रानी दुर्गावती ने निश्चित ही हम सभी के सम्मान एवं स्वभिमान के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी। हमें एवं हमारी आने वाली पीढ़ियों को इसकी जानकारी होना आवश्यक है। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने 22 जून को बालाघाट से यात्रा को रवाना किया। कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन पूर्व विधायक डॉ. शिवराज शाह ने किया। इसके पश्चात गौरव यात्रा अपने निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़ी। अनेक जगहों पर स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम हुए।

