शिक्षकविहीन शालाओं में लें अतिशेष शिक्षकों की सेवाएँ – श्री कुलस्ते
समीक्षा बैठक में केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री ने दिए निर्देश
मंडला 5 जुलाई 2023
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान उन्हांेने निर्देशित किया कि शैक्षणिक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाएं। शाला भवनों की मरम्मत पर विशेष ध्यान दें। भवनविहीन स्कूलों में भवन स्वीकृति के लिए प्रस्ताव शासन को भेजें। श्री कुलस्ते ने निर्देशित किया कि अतिशेष शिक्षकों की सेवाएं शिक्षकविहीन एवं एक शिक्षकीय शालाओं में लेना सुनिश्चित करें।
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री कुलस्ते ने कहा कि जल-जीवन मिशन के कार्यों को जल्द पूरा करें। संबंधित विभाग आपस में समन्वय कर सुनिश्चित करें कि कोई भी ग्राम योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि जल-जीवन मिशन के कार्यों के दौरान सड़कों में हुई टूट-फूट की समुचित गुणवत्ता के साथ मरम्मत कराएं। केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री ने हालोन परियोजना की कमजोर प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। निर्माण कार्यों से संबंधित विभागों की समीक्षा के दौरान श्री कुलस्ते ने निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान उन्हांेने कहा कि ट्राँसफार्मर, खम्भे एवं तार आदि की जांच कराएं तथा आवश्यकतानुसार उन्हें सुधारने अथवा बदलने की कार्यवाही करें। कार्यों में स्थानीय श्रमिकों का भी नियोजन सुनिश्चित करें। श्री कुलस्ते ने निर्देशित किया कि स्वामित्व योजना के हितग्राहियों को शासन की अन्य योजनाओं का भी लाभ दिलाएं। प्रधानमंत्री कृषक सम्मान निधि के तहत असफल खातों को जल्द ठीक कराएं। बैठक में केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार, धारणाधिकार, खनिज, जनजातीय कार्यविभाग आदि से संबंधित संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, अपर कलेक्टर मीना मसराम, सांसद प्रतिनिधि जयदत्त झा सहित संबंधित उपस्थित रहे।

स्व-सहायता समूह बैंक लिंकेज कार्यक्रम संपन्न
मंडला 5 जुलाई 2023
’बैंक ऑफ इंडिया’ के जबलपुर अंचल के तत्वाधान में ग्राम बीजाडांडी के मंगल भवन कार्यस्थल पर स्व-सहायता समूह बैंक लिंकेज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बैंक के कार्यपालक निदेशक स्वरुप दासगुप्ता, एनबीजी (म.प्र. एवं छ.ग.) के महाप्रबंधक लोकेश कृष्ण एवं जबलपुर अंचल के आंचलिक प्रबंधक राजेश रंजन के उद्बोधन एवं मार्गदर्शन में हमारे बैंक की बीजाडांडी शाखा के द्वारा 100 स्व-सहायता समूह का बैंक लिंकेज 2 करोड़ 55 लाख किया गया एवं स्टार सखी योजना के अंतर्गत 3 महिलाओं को मुद्रा ऋण भी प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में बैंक के कार्यपालक निदेशक स्वरुप दासगुप्ता एवं महाप्रबंधक लोकेश कृष्ण द्वारा स्व-सहायता समूह की महिलाओं को प्रदत्त ऋण राशि के चैक एवं स्वीकृति पत्र वितरित किये गए। उक्त कार्यक्रम में स्व-सहायता समूह की लगभग 300 महिलाओं सहित राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला परियोजना प्रबंधक बी.डी. भैसारे, जिला प्रबंधक (सूक्ष्म वित्त) सीमा झारिया, विकासखंड प्रबंधक आजीविका मिशन साहेबलाल सूर्यवंशी, बैंक के शाखा प्रबंधक हर्षित सिंह और बैंक तथा आजीविका मिशन के अन्य कर्मचारी भी उपस्थित थे। कार्यक्रम में बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं के अलावा अन्य लाभकारी योजनाओं के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई।

म.प्र. राज्य सफाई कर्मचारी आयोग म.प्र. अध्यक्ष का दौरा कार्यक्रम
प्रातः 11 बजे लेंगे बैठक
मंडला 5 जुलाई 2023
म.प्र. राज्य सफाई कर्मचारी आयोग म.प्र. शासन (केबीनेट मंत्री दर्जा) अध्यक्ष प्रताप करोसिया का 5 जुलाई 2023 को मंडला आगमन हो गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री करोसिया 5 जुलाई 2023 को शाम 5 बजे बालाघाट से मंडला विश्रामगृह पहुुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे। श्री करोसिया 6 जुलाई को प्रातः 10 बजे मंडला सर्किटहाउस में सफाई कर्मचारियों के संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों की बैठक लेंगे। इसके बाद प्रातः 11 बजे जिला कलेक्टर कार्यालय में बैठक लेंगे। वे दोपहर 1 बजे मंडला से डिंडौरी के लिए प्रस्थान करेंगे।

जिले की औसत वर्षा की जानकारी
मण्डला 5 जुलाई 2023
जिले में इस वर्ष 1 जून से 5 जुलाई 2023 के दौरान 306.1 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 220.1 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 86 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 5 जुलाई को मंडला में 1 मि.मी., निवास में 2 मि.मी., घुघरी में 6 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 5 जुलाई 2023 को 1.5 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

दस्तक अभियान प्रथम चरण का आयोजन 18 जुलाई से
मंडला 5 जुलाई 2023
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीनाथ सिंह ने जानकारी दी कि प्रदेश में बाल स्वास्थ्य एवं पोषण वृद्धि हेतु शासन द्वारा सतत् प्रयास किये जा रहे हैं। इसी कड़ी में दस्तक अभियान प्रदेश की एक महत्वपूर्ण गतिविधि है, जिसका आयोजन स्वास्थ्य विभाग द्वारा महिला बाल विकास विभाग के सहयोग से वर्ष 2017 से प्रतिवर्ष लगातार किया जा रहा है। अभियान अंतर्गत 5 वर्ष उम्र तक के बच्चों में प्रमुख बाल्यकालीन बीमारियों की सक्रिय पहचान एवं प्रबंधन किया जाता है, ताकि बाल मृत्यु दर में कमी लाई जा सके। वर्ष 2023-24 में दस्तक अभियान के प्रथम चरण का आयोजन स्वास्थ्य विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग के सहयोग से 18 जुलाई से 31 अगस्त 2023 तक किया जाना है। स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग के मैदानी कार्यकर्ताओं के संयुक्त दल द्वारा 5 वर्ष तक के बच्चों के घर-घर जाकर उनकी चिकित्सीय जांच एवं आवश्यक उपचार सुनिश्चित करने हेतु समुदाय में बीमार नवजातों और बच्चों की पहचान, प्रबंधन एवं रेफरल किया जाएगा।
इसी प्रकार 5 वर्ष से कम उम्र के गंभीर कुपोषित बच्चों की सक्रिय पहचान रेफरल एवं प्रबंधन, 6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों में गंभीर एनीमिया की सक्रिय स्क्रीनिंग एवं प्रबंधन, 5 वर्ष से कम उम्र के बच्चों में बाल्यकालीन दस्त रोग की पहचान एवं नियंत्रण हेतु ओ.आर.एस. एवं जिंक उपयोग संबंधी सामुदायिक जागरूकता एवं प्रत्येक घर में गृहभेट के दौरान ओ.आर.एस. पहुँचाना, (सघन दस्त रोग पखवाड़ा-आई.डी.सी.एफ. गतिविधि का आयोजन) 5 वर्ष से कम उम्र के बच्चों में शैशव एवं बाल्यकालीन निमोनिया की त्वरित पहचान, प्रबंधन एवं रेफरल, 9 माह से 5 वर्ष तक के समस्त बच्चों को विटामिन ए अनुपूरण, बच्चों में दिखाई देने वाली जन्मजात विकृतियों एवं वृद्धि विलंब की पहचान, 5 वर्ष तक की आयु वाले बच्चों में श्रवणबाधिता एवं दृष्टिकोण की पहचान/पुष्टि कर आरबीएसके के कार्यक्रम में पंजीयन कर उपचारित करना, समुचित शिशु एवं बाल आहारपूर्ति संबंधी समझाईश समुदाय को देना, एस.एन.सी.यू. एवं एन.आर.सी. से छुट्टी प्राप्त बच्चों में बीमारी की स्क्रीनिंग तथा फॉलोअप को प्रोत्साहन तथा गृहभेंट के दौरान आंशिक रूप से टीकाकृत एवं छूटे हुये बच्चों की टीकाकरण की स्थिति की जानकारी लेना शामिल हैं।

11 अगस्त तक जनसंख्या स्थिरीयकरण विशेष अभियान
मंडला 5 जुलाई 2023
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जानकारी दी है कि भारत सरकार के निर्देशन में प्रतिवर्ष 11 जुलाई को विश्व जनसंख्या दिवस मनाया जाएगा। विश्व जनसंख्या दिवस प्रजनन स्वास्थ्य का महत्व एवं समग्र विकास योजनाएं व कार्यक्रम पर केंद्रित हैं। जनसंख्या स्थिरीकरण को साकार करने के लिए प्रत्येक योग्य हितग्राही तक परिवार नियोजन का महत्व संदेशों एवं साधनों को पहुचाने की आवश्यकता है जो कि दो भागों में विभाजित है। 27 जून 2023 से 10 जुलाई 2023 तक संपर्क एवं 11 जुलाई 2023 से 11 अगस्त 2023 सेवाएं दी जाएंगी।
सिविल अस्पताल नैनपुर में 27 जून 2023 से 5 जुलाई 2023 तक दंपत्ति से संपर्क कर परिवार नियोजन के अस्थाई/स्थाई साधनों के बारें में परामर्श देकर सूचीबद्ध की गई कुल लक्ष्य दम्पत्ति से सम्पर्क-6800, इन्जेक्शन अंतरा परामर्श परामर्श-50, पी.पी.आई यू.सी.डी परामर्श-102, आई यू.सी.डी परामर्श 150, एल.टी.टी. परामर्श-20 एन.एस.व्ही.टी. परामर्श-5, ओरल पिल्स परामर्श 200 तथा कंडोम परामर्श -300 है। इसी प्रकार विकासखण्ड बीजाडांडी में 27 जून 2023 से 5 जुलाई 2023 तक दंपत्ति से संपर्क कर परिवार नियोजन के अस्थाई/स्थाई साधनों के बारें में परामर्श देकर सूचीबद्ध की गई कुल लक्ष्य दम्पत्ति से सम्पर्क-124, आई यू.सी.डी परामर्श 15, एल.टी.टी. परामर्श-19, एन.एस.व्ही. टी. परामर्श-20, ओरल पिल्स परामर्श-28, छाया टेबलेट परामर्श-17 तथा कंडोम परामर्श-25 है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने आगे बताया कि 11 जुलाई 2023 से 11 अगस्त 2023 सूचीबद्ध हितग्राही दंपत्तियों को सेवाएं प्रदान की जाएंगी।

मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना
मण्डला 5 जुलाई 2023
महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र ने बताया कि मध्यप्रदेश शासन के कौशल विकास विभाग के माध्यम से मुख्यमंत्री कौशल कमाओ योजना (सीखो कमाओ योजना) प्रारंभ की गई है। राज्य शासन द्वारा औपचारिक शिक्षा प्राप्त युवाओं को पंजीकृत औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में ऑन-द-जॉब-ट्रेनिंग की सुविधा देने हेतु मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना प्रारंभ की गई है। योजना का मुख्य उद्देश्य युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाकर उन्हे शासन की ओर से स्टायफण्ड उपलब्ध कराना तथा उन्हें भविष्य के लिए प्रशिक्षण दिलाकर बेहतर कमाई हेतु तैयार करना है। योजना हेतु आवेदक की आयु कम से कम 18 तथा अधिकतम 29 वर्ष होनी चाहिए तथा आवेदक मध्यप्रदेश का मूल निवासी हो एवं आवेदक की शैक्षणिक योग्यता 12वीं उत्तीर्ण, आईटीआई उत्तीर्ण, उच्च रहेगी। 4 जुलाई से युवाओं का पंजीयन प्रारंभ हो गया है।
योजना के अंतर्गत भाग लेने हेतु प्रतिष्ठानों, उद्योगों के संबंध में अवगत कराया कि उनके पास पेन एवं जीएसटी पंजीयन उपलब्ध होना चाहिए। प्रतिष्ठान अपने कुल कार्यबल का 15 प्रतिशत युवाओं को प्रशिक्षण दे सकते हैं। योजना अंतर्गत स्टायफंड की राशि 8000 से 10000 के बीच होगी। (कोर्स के हिसाब से) जिसमें 25 प्रतिशत राशि प्रतिष्ठान द्वारा तथा 75 प्रतिशत राशि शासन द्वारा खाते में डाली जाएगी। प्रशिक्षण के उपरांत मध्यप्रदेश राज्य कौशल विकास एवं रोजगार निर्माण बोर्ड द्वारा प्रमाण पत्र दिया जाएगा। जीएमडीआईसी ने बताया कि योजना के संबंध में किसी प्रकार की कठिनाई, समस्या आने पर वे महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र एन.के. वास्कले के मोबाईल नंबर 9826210115 अथवा प्राचार्य आईटीआई बार0एस0 वरकड़े से मोबाईल नंबर 9407494351 पर संपर्क कर सकते हैं।

