रैंकिंग नहीं संतुष्टिपूर्वक समाधान पर फोकस करें – डॉ. सिडाना
समय-सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक संपन्न
मण्डला 10 जुलाई 2023
समय-सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी सीएम हेल्पलाईन, जनसुनवाई सहित अन्य मंचों पर प्राप्त होने वाले प्रकरणों का सकारात्मक रूप से निराकरण सुनिश्चित करें। सीएम हेल्पलाईन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कहा कि संबंधित अधिकारी प्रत्येक शिकायत का गंभीरतापूर्वक अध्ययन कर उनके समुचित निराकरण की कार्यवाही करें। अधिकारी रैंकिंग के स्थान पर संतुष्टिपूर्वक समाधान पर फोकस करें। बैठक में सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, अपर कलेक्टर मीना मसराम, संयुक्त कलेक्टर हुरेन्द्र घोरमारे सहित संबंधित उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाईन में जिन क्षेत्रों से अधिक शिकायतें आ रही हैं ऐसे क्षेत्रों में संबंधित जनपद सीईओ स्वयं भ्रमण कर आवश्यक कार्यवाही करें। उन्होंने जनपद पंचायत घुघरी, मंडला, मोहगांव एवं मवई में शिकायतों के निराकरण की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि स्वास्थ्य केन्द्रों और स्कूलों को बेहतर बनाएं। उनमें साफ-सफाई का विशेष ध्यान दें तथा मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें। उन्होंने विभिन्न विभागों के तहत प्रदाय की जाने वाली सेवाओं में गुणवत्ता का ध्यान रखने के निर्देश दिए। डॉ. सिडाना ने कहा कि मध्यान्ह भोजन एवं पोषण आहार वितरण की सघन मॉनिटरिंग करें। लापरवाही पाए जाने पर संबंधितों पर कार्यवाही करें। उन्होंने मध्यान्ह भोजन के खाद्यान्न उठाव की समीक्षा करते हुए 3 दिवस में शतप्रतिशत उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सड़क सहित अन्य सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का ध्यान रखें। कलेक्टर ने टीएल प्रकरणों की भी विस्तार से समीक्षा की। बैठक में आहार अनुदान, मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना, युवा इंटर्नशिप योजना, वनाधिकार पत्र वितरण आदि की भी विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए।

शासकीय भूमि की सुरक्षा राजस्व विभाग की जिम्मेदारी
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने समस्त एसडीएम एवं तहसीलदारों को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य केन्द्रों एवं स्कूल परिसरों से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि शासकीय भूमि की सुरक्षा राजस्व विभाग की जिम्मेदारी है। विभिन्न राजस्व न्यायालयों में लंबित अतिक्रमण एवं सीमांकन के मामलों को भी जल्द निराकृत करें। कलेक्टर ने प्राकृतिक आपदा के प्रकरणों पर समय-सीमा में राहत राशि स्वीकृत करने के निर्देश दिए।
पहली तारीख को मिले कर्मचारियों का वेतन

कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक माह की पहली तारीख को अपने अधीनस्थ समस्त कर्मचारियों का वेतन अनिवार्य रूप से जारी करें। इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही समयपूर्व पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि किसी भी कर्मचारी का वेतन रोके नहीं। लापरवाह कर्मचारियों का वेतन रोकने के बजाय काटना सुनिश्चित करें। इसी प्रकार सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सभी स्वत्वों का भुगतान समय पर करें। सेवानिवृत्त कर्मचारी को सेवानिवृत्ति के अगले माह से ही पेंशन प्रारंभ हो जाने का गंभीर प्रयास करे।
कलेक्टर ने किया ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण
प्रशिक्षण एवं जागरूकता के लिए ईव्हीएम का चिन्हांकन
मंडला 10 जुलाई 2023
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना द्वारा मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में पॉलिटेक्निक कॉलेज मंडला स्थित ईवीएम एवं वीवीपेट वेयरहाउस का निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं मतदाता जागरूकता अभियान के लिए 94 ईव्हीएम मशीनों का चिन्हांकन किया गया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने वेयरहाऊस की सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी मीना मसराम, निर्वाचन अधीक्षक अरूण कुशवाहा, सीके तिवारी तथा विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने ली नोडल अधिकारियांे की बैठक
मंडला 10 जुलाई 2023
विधानसभा निर्वाचन 2023 की तैयारियों के तहत कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने विभिन्न कार्यों के लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों की बैठक ली। उन्हांेने निर्देशित किया कि सभी नोडल अधिकारी निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का गंभीरतापूर्वक अध्ययन करते हुए अपने दायित्वों के निर्वहन के लिए अपनी कार्ययोजना तैयार करें तथा इन्हीं कार्यों के लिए राज्य स्तर से नियुक्त नोडल अधिकारी से समन्वय करें। सभी नोडल अधिकारी अपनी टीम का गठन करें। कलेक्टर ने नोडल अधिकारियों से उन्हें प्रदाय किए गए कार्यों के संबंध में विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान नवीन मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम काटने तथा संशोधन आदि की कार्यवाही समय में पूर्ण करें। मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाएं। प्रत्येक मतदान केन्द्र में प्रकाश, बिजली, पानी, शौचालय, रैंप आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करें। रूटचार्ट एवं सेक्टर निर्धारण में मापदंडों का पालन करें। बैठक में कलेक्टर ने मतदान सामग्री की व्यवस्था, सामग्री वितरण एवं प्राप्ति, स्वीप गतिविधियां, कानून व्यवस्था, आईटी प्रबंधन, मीडिया सर्टिफिकेशन एवं मॉनिटरिंग, आदर्श आचरण संहिता का पालन, प्रशिक्षण, प्रेक्षक व्यवस्था, संचार व्यवस्था, मतपत्र मुद्रण, यातायात प्रबंधन, वेलफेयर मैनेजमेंट, विद्युत व्यवस्था आदि के संबंध में विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी मीना मसराम, संयुक्त कलेक्टर हुरेन्द्र घोरमारे सहित संबंधित उपस्थित रहे।

महिलाओं को मिली मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की दूसरी किस्त
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने सिंगल क्लिक के माध्यम से की राशि अंतरित
मण्डला 10 जुलाई 2023
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत 1 हजार रूपए की दूसरी किस्त का अंरतण एवं लाड़ली सेना शपथ ग्रहण जिला स्तरीय कार्यक्रम नगरपालिका टाउनहाल में आयोजित किया गया। इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, शशि पटेल, सहायक संचालक महिला बाल विकास रोहित बड़कुल सहित पार्षदगण तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। टाउनहाल में एलईडी के माध्यम से इंदौर के सुपर कॉरिडोर ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह का सीधा प्रसारण देखा गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा ने कहा कि लाड़ली बहना योजना के तहत पात्र बहनों को प्रतिमाह मिलने वाली एक हजार तक सीमित नहीं रहेगी। उन्होने कहा कि प्रतिमाह मिलने वाली इस सहायता का अपने जीवन को बेहतर बनाने में अधिक से अधिक उपयोग करें। नगरपालिका अध्यक्ष ने कहा कि गरीबों के लिए कल्याण के लिए प्रदेश सरकार द्वारा अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं चला रही है। प्रदेश महामंत्री शशि पटेल ने लाड़ली बहना योजना का मुख्य उदेश्य है कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सतत बनाना है। अतिथियों द्वारा लाड़़ली बहना सेना को शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाड़ली बहना योजना की हितग्राही महिलाएं उपस्थित रही। कार्यक्रम का संचालन परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास अनूप नामदेव ने किया।

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना अंतर्गत मिली राशि से वर्षा ने खरीदी पुस्तक-कॉपी
मण्डला 10 जुलाई 2023
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना अंतर्गत महिलाओं के खाते में एक हजार रुपये की राशि आने से महिलाओं में नये आत्मविश्वास का संचार हुआ है। महिलाओं ने इस राशि का उपयोग अपनी जरूरत के अनुसार खर्च करना प्रारंभ कर दिया है। ऐसी ही मण्डला जिले के जवाहर वार्ड निवासी लाड़ली बहन वर्षा नंदा ने लाड़ली बहना योजना अंतर्गत खाते में प्राप्त राशि से अपने बच्चों की पढाई के लिए पुस्तक, कॉपी और जरूरत का सामान खरीदा है।
वर्षा कहती है कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने एक हजार रुपये की राशि देकर हम बहनों की बड़ी मदद की है। हम महिलाएं अपनी जमा पूंजी से अपने लिए कुछ ना लेकर सारे पैसे घर खर्च में लगा देती हैं स्वयं के लिए कुछ ले ही नहीं पाती हैं। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना अंतर्गत खाते में एक हजार रुपये आने से अपनी जरूरत के अनुसार खर्च कर सकती हैं। उसने लाड़ली बहना योजना शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री श्री शिवराज भैया के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया है।

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की राशि से पार्लर के काम को आगे बढ़ाएगी शिवा
मण्डला 10 जुलाई 2023
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना जरूरतमंद महिलाओं के लिये वरदान साबित हो रही है। लाभान्वित महिलाओं का कहना है कि प्राप्त राशि को वे विभिन्न कामों में लगायेंगी, जिससे वे आर्थिक रूप से आत्म-निर्भर हो सकें।
मण्डला जिले की सरदार पटेल वार्ड निवासी शिवा कछवाहा भी उन महिलाओं में शामिल हैं, जो आत्मनिर्भर बनना चाहती हैं। शिवा बताती हैं कि प्रथम किस्त 10 जून तथा 10 जुलाई के द्वितीय किस्त बैंक खाते में आई लाड़ली बहना योजना की राशि से मैं पार्लर के कार्य को आगे बढ़ाउंगी। इससे उन्हें आमदनी में इजाफा होगी और उनके परिवार को आर्थिक मदद मिलेगी। महिलाओं के आर्थिक उत्थान के लिए मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना संचालित करने के लिए शिवा कछवाहा ने मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के प्रति आभार व्यक्त किया है।

युवा मूर्तिकारों के रज़ा शिविर में आकार लेने लगी मूर्ति
12 जुलाई तक चलेगा यह शिविर
मंडला – 5 जुलाई से जबलपुर रोड स्थित होटल विट्ठल इन में युवा मूर्तिकारों का रज़ा शिविर चल रहा है। इस शिविर में मूर्तिकार अपनी कल्पना को साकार रूप देते नज़र आ रहे है। रज़ा फाउंडेशन नई दिल्ली द्वारा आयोजित इस शिविर का शुभारम्भ 5 जुलाई को केंद्रीय इस्पात व ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने किया था जो 12 जुलाई तक चलेगा। शिविर शुरू होने के 5 दिन बाद अब कलाकारों द्वारा तैयार की जा रही मूर्तियां आकार लेती नज़र आ रही है। इस शिविर कलाकार अपने अपने तरीके से पत्थर को तराश रहे है। धरम नेताम (बस्तर) मण्डला की जनजाती को लेकर आधुनिक तरीके से बैगा दंपत्ति को प्रदर्शित कर रहे है। अशोक भामा (असम) बचपन की अपनी यादों को अपनी कलाकारी के जरिये प्रदर्शित कर रहे है। सब्बवरपु वी एस राव (केरल) मेटा वर्जन डिजिटल दुनिया को दिखाने की कोशिश कर रहे है। दीपिका गौतम (दिल्ली) शहरी क्षेत्रों का नजरिया दिखा रही है। उमेश नेताम (खैरागढ़) यह बताना चाह रहे है कि जिस प्रकार एक खंभा (पिल्लर) पूरे घर को संभालता है उसी प्रकार रज़ा फाउण्डेशन कला के लिए एक पिल्लर की भूमिका निभा रहा है। जयपाल सिंह टेकाम (अमरकंटक) – हैदर रज़ा की मूर्ति बना रहे है। रामेश्वर प्रजापति (चित्रकूट) जनसंख्या वृद्धि से प्रकृति पर पड़ने वाले प्रभाव को प्रदर्शित कर रहे है। दीनु घाटा (महाराष्ट्र) – मातृत्व की झलक दिखा रहे है। करुणा सिदार (सारंगढ़) कवि को प्रदर्शित कर रहे है। जितेन्द्र साहू( रायपुर) – रज़ा साहब की जिंदगी को अपनी कला के जरिए पत्थर में प्रदर्शित कर रहे है। इस शिविर में मूर्तिकारों को कलाकारी देखने कला प्रेमी भी पहुँच रहे है। मृदुकिशोर ग्रुप के डायरेक्टर किशोर काल्पीवार भी शिविर में पहुंचे और कलाकारों से बात कर उनकी कला को जाना और उसकी भूरी भूरी प्रशंसा की। इसके साथ ही गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर मरकाम, जिला पंचायत मंडला के उपाध्यक्ष कमलेश तेकाम उपाध्यक्ष, गोंगपा के राष्ट्रीय महासचिव श्याम सिंह मरकाम सहित बड़ी संख्या में कला प्रेमी लगातार शिविर में कलाकारों की मूर्ति कला को देखने पहुँच रहे है।

बीजाडांडी ब्लॉक का समनापुर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जिले में अव्वल
मंडला 10 जुलाई 2023
प्रदेश सरकार द्वारा उपस्वास्थ्य केन्द्र से लेकर जिला स्तर तक के सभी स्वास्थ्य केन्द्रों को सर्व सुविधायुक्त बनाने एवं उनकी गुणवत्ता को विकसित करने के उद्देश्य से संपूर्ण कायाकल्प अभियान चलाया जा रहा है जिसके अंतर्गत प्रतिवर्ष उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्वास्थ्य संस्थाओं को सम्मानित किया जाता है। इसी कायाकल्प अभियान के तहत आदिवासी बाहुल्य जिला मण्डला के विकासखण्ड बीजाडांडी की प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र समनापुर को जिले में प्रथम स्थान मिला है।
जानकारी अनुसार लोक स्वास्थ्य परिवार कल्याण मंत्री डॉ० प्रभुराम चौधरी द्वारा प्रदेश में कायाकल्प अभियान के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्थाओं को सम्मानित करने की घोषणा 10 जुलाई को वार्चुअल माध्यम से की है जिसमें मंडला जिला का नाम भी शामिल हैं। इस आवार्ड के लिए जिले की 18 स्वास्थ्य संस्थाएं चिन्हित की गई हैं। इन 18 स्वास्थ्य संस्थाओं में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र समनापुर बीजाडांडी को जिले में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ हैं। इसमें इन्हें 2 लाख रूपये के पुरूस्कार से सम्मानित किया जायेगा। इसके साथ ही अन्य स्वास्थ्य संस्थाओं ने 70 प्रतिशत से अधिक स्कोर प्राप्त करके अपना स्थान बनाया है।
इन स्वास्थ्य संस्थाओं को किया जाएगा सम्मानित –
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ० श्रीनाथ ने जानकारी दी कि कायाकल्प अभियान के तहत प्रदेश स्तर पर सभी जिलों की आयोजित वर्चुअल मीट में लोक स्वास्थ्य परिवार कल्याण मंत्री डॉ० प्रभुराम चौधरी ने कायाकल्प अभियान के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्वास्थ्य संस्थाओं को सम्मानित करने की बात कहीं हैं जिसमें मंडला जिले का नाम भी शामिल है। जिले से 18 स्वास्थ्य संस्थाओं को चयनित किया गया है जिसमें विकासखण्ड बीजाडांडी की प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र समनापुर जिले में अव्वल रही। वहीं जिले की 17 अन्य स्वास्थ्य संस्थाओं को सात्वना पुरूस्कार से सम्मानित किया जायेगा जिसमें जिला चिकित्सालय मण्डला को 3 लाख रूपये का पुरूस्कार, सिविल अस्पताल नैनपुर, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बम्हनी, बीजाडांडी, नारायणगंज, निवास, मवई, बिछिया, इन 7 स्वास्थ्य संस्थाओं को 1 लाख रूपये का पुरूस्कार प्रत्येक संस्था को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र चंदवारा, चिरईडोंगरी, रामनगर, मोचा, राम्हेपुर, अंजनियां, अंजनी, बकोरी, सिझौरा 9 स्वास्थ्य संस्थाओं को 50 हजार रूपये प्रत्येक संस्थाओं को कायाकल्प के तहत सम्मानित किया जायेगा।

नैनपुर में आयोजित हुए लाड़ली बहना शपथ कार्यक्रम
मंडला 10 जुलाई 2023
महिला बाल विकास परियोजना नैनपुर अन्तर्गत समस्त ग्राम/वार्डों में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना 2023 अंतर्गत माह जुलाई 2023 की मासिक आर्थिक सहायता राशि के अंतरण का राज्यस्तरीय कार्यक्रम सोमवार को जिला इंदौर में आयोजित किया गया जिसका वेबकास्ट एवं दूरदर्शन पर सजीव प्रसारण लाड़ली बहना योजना अंतर्गत हितग्राहियों को दिखाते हुए और शपथ कार्यक्रम करवाते हुए। कार्यक्रम में समस्त स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी, कर्मचारीगण एवं लाड़ली बहना सेना की सदस्य, सेना प्रभारी, सह सेना प्रभारी एवं योजना के हितग्राही उपस्थित रहे।

राज्य पोषित योजनान्तर्गत राज्य के बाहर उद्यानिकी कृषक प्रशिक्षण सह भ्रमण दल रवाना
मण्डला 10 जुलाई 2023
उद्यानिकी विभाग मण्डला अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2023-24 में राज्य पोषित योजना अंतर्गत राज्य के बाहर कृषक प्रशिक्षण सह भ्रमण हेतु दल को जिला कार्यालय मण्डला से रवाना किया गया। प्रशिक्षण दल को कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा द्वारा हरी झण्डी दिखाकर उद्यानिकी के उच्च तकनीकों का अवलोकन करने एवं प्रशिक्षण प्राप्त करने हेतु 36 कृषकों के दल को रवाना किया गया। राज्य के बाहर 5 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम अंतर्गत कृषकों का दल पंकज मरकाम, ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी के नेतृत्व में 10 जुलाई 2023 से 14 जुलाई 2023 तक के लिए नेशनल इन्स्टीट्यूट ऑफ पोस्ट हार्वेस्ट टेक्नालॉजी तलेगांव, पुणे (महाराष्ट्र) में प्रशिक्षण कराया जाकर तकनीकी ज्ञानवर्धन कराया जाएगा।

’सांसद रोजगार मेला’ 15 को
मण्डला 10 जुलाई 2023
मण्डला लोकसभा क्षेत्र में फग्गनसिंह कुलस्ते इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री भारत सरकार नई दिल्ली के निर्देशन में भव्य सांसद रोजगार मेला का आयोजन 15 जुलाई 2023 को प्रातः 10 बजे सरदार पटेल कॉलेज खैरी मण्डला में किया जा रहा है। इस रोजगार मेले में देश की प्रतिष्ठित कम्पनियां सहभागी होंगी जिनके माध्यम से क्षेत्र के शिक्षित युवक-युवतियों को योग्तानुसार रोजगार उपलब्ध कराया जायेगा। ऐसे सभी शिक्षित युवक-युवतियों जो रोजगार की तलाश में वे अपना बायोडाटा, अंक सूची, आधार कार्ड, अनुभव एंव योग्यता के अन्य प्रमाण पत्र साथ लेकर आ सकते हैं।

राष्ट्रीय मछुआ दिवस कार्यक्रम संपन्न
मंडला 10 जुलाई 2023
मछली पालन विभाग मण्डला एवं कृषि विज्ञान केन्द्र मण्डला के द्वारा संयुक्त रूप से राष्ट्रीय मछुआरा दिवस कृषि विज्ञान केन्द्र मण्डला में मनाया गया। वैज्ञानिक डॉ. के.एच. एलिकुन्ही और डॉ. एच.एल. चौधरी की याद में हर साल 10 जुलाई को राष्ट्रीय मत्स्य किसान दिवस मनाया जाता है। इन वैज्ञानिकों ने 10 जुलाई 1957 को ओडिशा के कटक में सी.आई.एफ.आर.आई. के पूर्ववर्ती पोंड कल्चर डिविजन में इंडियन मेजर कार्प में प्रेरित एक्वाकल्चर, सीआईएफए, भुवनेश्वर में इंडियन मेजर कार्प में प्रेरित प्रजनन तकनीक का सफतापूर्वक प्रदर्शन किया था।
प्रति वर्ष की भाति इस दिन मछलीपालन के क्षेत्र में उत्कृष्ट किसानों एक्वाप्रेनर्स और मछुआरों की उपलब्धियों के लिए उनका अभिनंदन करने और देश में मत्स्य पालन क्षेत्र के विकास में उनके योगदान को मान्यता देने के लिए मनाया जाता है, उक्त आयोजित कार्यक्रमों में मछलीपालन विभाग के अधिकारियों, कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिकों, पेशेवरों उद्यमियों और जिले के मछुआरें और मछुआ सहकारी समिति के सदस्यों की गरिमामय उपस्थिति में उक्त कार्यक्रम आयोजित हुई जिसमें शासन द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाएं एवं मत्स्य पालन की नवीन तकनीकी की जानकारी तथा मार्गदर्शन मत्स्य कृषकों को प्रदाय किया गया। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाएं जैसे- स्वयं की भूमि में तालाब निर्माण, मत्स्यबीज संवर्धन, बॉयोफ्लाक, किसान क्रेडिट कार्ड आदि तथा कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिकों द्वारा कृषि के क्षेत्र में हुए नवीन तकनीकी के विषय में विस्तृत रूप से जिले के मत्स्य कृषकों एवं मछुआ सहकारी समिति के सदस्यों को प्रदान की गई। मछुआ दिवस के कार्यक्रम में मुख्य रूप से कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक अहिरवार एवं भारती तथा मछलीपालन विभाग के सहायक संचालक मत्स्योद्योग एल.एस. शैयाम, एच.के. भगत सहायक मत्स्य अधिकारी, पी.आर. वैद्य मत्स्य निरीक्षक, एस.के. भारद्वाज, मत्स्य निरीक्षक, एस.के. उइके मत्स्य निरीक्षक तथा जिले के मछुआ सहकारी समितियों के सदस्य तथा प्रगतिशील मत्स्य कृषक ब्रजेश ठाकुर रामनगर, धनंजय पटैल जंतीपुर एवं मंयक मर्सकोले गौंझी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

शासन द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के लिए संचालित नवीन योजनाएँ
मण्डला 10 जुलाई 2023
म.प्र. राज्य सहकारी अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम भोपाल द्वारा वर्ष 2023-24 के लिए नवीन योजनाएँ संचालित जिले की लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
संत रविदास स्वरोजगार योजना लक्ष्य 8, राशि रू 1 लाख से 50 लाख तक की योजनाएँ, पात्रता 18 से 40 वर्ष आयु, न्यूनतम 8 वी कक्षा उतीर्ण, परिवार की वार्षिक आय 12 लाख से अधिक न हो। डॉ. भीमराव अम्बेडकर आर्थिक कल्याण योजना लक्ष्य 22, राशि रू. 10 हजार से 1 लाख तक की स्वरोजगार की योजनाएँ, 18 से 55 वर्ष की आयु, हितग्राही आयकर दाता न हो। सावित्री बाई फुले स्व-सहायता समूह योजना लक्ष्य 2, 5 से 10 महिलाओं का समूह 18 से 55 वर्ष की आयु ऋण राशि 20 लाख।
जिले के अनुसूचित जाति वर्ग के पात्र हितग्राही उक्त योजनाओं का लाभ लेने हेतु samast.mponline.gov.in पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति मर्यादित (टीसीपीसी) मण्डला में सम्पर्क कर सकते हैं।

सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों का प्रशिक्षण 12 को
मण्डला 10 जुलाई 2023
आगामी विधानसभा आम निर्वाचन 2023 को दृष्टिगत रखते हुए सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों का प्रशिक्षण 12 जुलाई 2023 को आयोजित किया गया है। यह प्रशिक्षण जिला योजना भवन मण्डला के सभाकक्ष में दोपहर 12 बजे से होगा। अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधितों को प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।

जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आज
मंडला 10 जुलाई 2023
जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक 11 जुलाई 2023 को जिला योजना भवन में दोपहर 3ः30 बजे से आयोजित की जाएगी। बैठक में मातृ स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत अनमोल पोर्टल रैंकिंग, विकासखंडवार 5 खराब प्रदर्शन वाले उपस्वास्थ्य केन्द्र में की गई कार्यवाही की जानकारी, मातृ मृत्यु की समीक्षा, प्रसव केन्द्रों की क्रियाशीलता तथा रेफरल ऑडिट की समीक्षा की जाएगी। इसी प्रकार शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत शिशु स्वास्थ्य रैंकिंग, एसएनसीयू एवं एनबीएसयू, शिशु मृत्यु तथा टीकाकरण की समीक्षा की जाएगी। सिकलसेल एनीमिया, एनसीडी कार्यक्रम, 108 वाहन पिकअप एवं ड्रॉपबैक, सीएम हेल्पलाईन, स्वास्थ्य संस्थाओं का उन्नयन, कायाकल्प अभियान, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम, मलेरिया नियंत्रण कार्यक्रम, व्हीबीडीसीपी, कृष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम, अधत्व निवारण कार्यक्रम, आईडीएसपी एवं अन्य स्वीकृतियों की समीक्षा की जाएगी।

सेक्टर अधिकारियों की बैठक आज
मंडला 10 जुलाई 2023
विधानसभा आम निर्वाचन 2023 के तहत नियुक्त सेक्टर अधिकारियों की बैठक 11 जुलाई को योजना भवन में आयोजित की गई है। अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार बिछिया एवं निवास विधानसभा के सेक्टर अधिकारियों की बैठक 11 जुलाई की शाम 4 बजे से 5 बजे तक तथा मंडला विधानसभा के सेक्टर अधिकारियों की बैठक शाम 5 बजे से 6 बजे तक होगी।

