जनसुनवाई में सुनी गई 97 आवेदकों की समस्याएँ
मंडला 18 जुलाई 2023
जिला योजना भवन में आयोजित जनसुनवाई में अपर कलेक्टर मीना मसराम ने आवेदकों की समस्याएं सुनी। 97 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किए। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर हुरेन्द्र घोरमारे, तहसीलदार मण्डला ने भी जनसुनवाई में पहुंचे आवेदकों की समस्याएं सुनी। अपर कलेक्टर ने सभी आवेदकों की समस्याओं को सुनते हुए उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
आज सम्पन्न हुई जनसुनवाई में गूड़ाअंजनिया निवासी कमला बाई ने परिवार पेंशन के संबंध में, ग्राम भीमडोंगरी निवासी ममता झारिया ने अनुकम्पा नियुक्ति ने संबंध में, ग्राम सिलपुरा निवासी कज्जूलाल ने शौचालय निर्माण के भुगतान के संबंध में, ग्राम ग्वारा निवासी अमरसिंह ने पीएम आवास के संबंध में, साथ ही जनसुनवाई में अगल-अलग विषयों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए गए।

नगरपालिका अध्यक्ष ने किया दस्तक अभियान का शुभारंभ
मंडला 18 जुलाई 2023
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जानकारी दी कि सघन दस्त रोग पखवाड़ा एवं दस्तक अभियान का प्रथम चरण 18 जुलाई से 31 अगस्त 2023 तक जिले में अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत 0 से 5 साल के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण, बीमारियों की पहचान, जांच, उपचार एवं रेफरल सेवाएं दस्तक दल द्वारा प्रदान की जाएगी। इसी तारतम्य मे 18 जुलाई 2023 को दस्तक अभियान का शुभारंभ नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा के कर कमलों के द्वारा बच्चे को विटामिन-ए की दवा पिलाकर शुभारंभ किया गया। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. यतींद्र झारिया के द्वारा उपस्थित मुख्य अतिथि एवं एनआरसी में उपस्थित महिलाओं को दस्तक अभियान में दी जाने वाली सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
दस्तक दल द्वारा घर-घर जाकर दी जाएगी 11 प्रकार की सेवाएं
सर्वे कर डयूटी लिस्ट लाईन लिस्टिंग कर दस्तक दल घर-घर जाकर सेवायें 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों में बाल्यकालीन बीमारियां जैसे गंभीर एनीमिया बच्चों का इलाज, हीमोग्लोबिन की जांच, गंभीर कुपोषण के बच्चों को एनआरसी में भर्ती एवं एसएनसीयू एवं एनआरसी से छुट्टी से प्राप्त बच्चों की जांच एवं फालोअप करना, आयु अनुसार 9 माह से 5 वर्ष के बच्चों को विटामिन ए अनुपूरक देना, रेफरल समस्त 11 प्रकार की सेवायें प्रदान की जाएगी। दस्तक दल घर-घर जाकर चैकलिस्ट अनुसार जानकारी सुपरवाईजर के पर्यवेक्षण रिपोर्टिंग समय सीमा में करना।
डयूटी लिस्ट अनुसार सेवायें एवं प्रचार-प्रसार
0 से 5 साल तक के बच्चों की डयूटी लिस्ट लाईन लिस्टिंग कर दस्तक दल घर-घर जाकर सेवाएं प्रदान करेंगें और गेरू से निशान लगाएंगें। सामुदायिक बैठक नारे लेखन, पोस्टर पंपलेट, बैनर, रैली, मुनादी, प्रभावीशाली व्यक्ति, सहयोगी विभागों का सहयोग लेकर समस्त संस्थाओं में ओआरएस कार्नर बनाना, प्रचार-प्रसार सामग्री का प्रदर्शन करेंगें व अभियान के प्रति वातावरण निर्मित भी करेंगें।
समुदाय एवं संस्थाओं में होगी अनेक गतिविधियां
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि सघन दस्त रोग नियंत्रण पखवाड़ा की समुदायिक आधारित, संस्थागत आधारित गतिविधि आयोजित कि जाएगी। सभी संस्थाओं में ओआरएस कार्नर बनाना, जिंक की गोली आयु अनुसार वितरण भी किया जाएगा। जिले की सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, सिविल अस्पताल एवं स्वास्थ्य संस्थाओं में दस्तक अभियान का शुभारंभ 18 जुलाई को किया गया।

विकास पर्व के तहत आज ठरका, रामनगर एवं चंदेहरा में होंगे कार्यक्रम
मंडला 18 जुलाई 2023
16 जुलाई से 14 अगस्त 2023 तक आयोजित होने वाले विकास पर्व के तहत् आज मंडला विधानसभा के ठरका, बिछिया विधानसभा के रामनगर एवं निवास विधानसभा के चंदेहरा में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों द्वारा विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया जाएगा।
मंडला विधानसभा के ठरका में आयोजित कार्यक्रम सुन्हेरामाल, ढेकों, देवगांव, लिमरूआ, बोरिया, हिरदेनगर, सिलगी, भवरदा, ग्वारा, धौरगांव, ठरका एवं टिकरवारा पंचायतें सम्मिलित होंगी। इस कार्यक्रम के लिए रमई लाल उईके को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। बिछिया विधानसभा के रामनगर में आयोजित कार्यक्रम रामनगर, खिरहनी, नकावल, डुडका, भावामाल, अहमदपुर एवं बंजी पंचायतें सम्मिलित होंगी। इस कार्यक्रम के लिए उमेश झारिया को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार निवास विधानसभा के चाबी में आयोजित कार्यक्रम चाबी, खाल्हेगिठौरी, अंडियामाल, करेगांव, ठेभा एवं खैरीमाल पंचायतें सम्मिलित होंगी। इस कार्यक्रम के लिए महेन्द्र उईके पंचायत समन्वयक एवं हेमंत माथनकर उपयंत्री को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।

जिले में हुई औसत वर्षा की जानकारी
मण्डला 18 जुलाई 2023
जिले में इस वर्ष 1 जून से 18 जुलाई 2023 के दौरान 512.6 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 382 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 130.6 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 जुलाई को मंडला में 37.2 मि.मी., बिछिया में 11.6 मि.मी., निवास में 12.2 मि.मी., घुघरी में 3.6 मि.मी. तथा नारायणगंज में 21.6 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 18 जुलाई 2023 को 14.3 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते का दौरा कार्यक्रम
मंडला 18 जुलाई 2023
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते के निर्धारित दौरा कार्यक्रम अनुसार 19 जुलाई को प्रातः 8 बजे वे जबलपुर से मंडला के लिए रवाना होकर प्रातः 9 बजे मंडला सर्किटहाउस पहुचेंगे। इसके बाद प्रातः 9:30 बजे मंडला से रामनगर के लिए रवाना होकर प्रातः 10 बजे रामनगर पहुंचकर विकास पर्व अंतर्गत लोकार्पण, भूमिपूजन कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। श्री कुलस्ते प्रातः 11 बजे रामनगर से ठरका के लिए रवाना होंगे एवं दोपहर 12 बजे ठरका में विकास पर्व अंतर्गत लोकार्पण, भूमिपूजन कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे।
इसके बाद वे दोपहर 1 बजे ठरका से जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

21 गोंड कलाकारों के चित्रों की प्रदर्शनी से रज़ा स्मृति का शुभारंभ आज
19 से 23 जुलाई तक रज़ा कला वीथिका व झंकार भवन में होंगे विभिन्न आयोजन
मंडला – विश्व विख्यात चित्रकार मरहूम सैयद हैदर रज़ा की पुण्य तिथि पर इस वर्ष भी रज़ा स्मृति का आयोजन किया जा रहा है। बुधवार से रजा स्मृति की शुरुआत रज़ा कला वीथिका में होने जा रही है। रज़ा स्मृति का आयोजन रजा फाउंडेशन नई दिल्ली द्वारा 19 से 23 जुलाई 2023 तक किया जा रहा है। रज़ा स्मृति के अंतर्गत पहले दिन शाम 6:00 बजे 21 गोंड कलाकारों के चित्रों की प्रदर्शनी का शुभारंभ कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना के कर कमलों से होगा। इसमें चंपाबाई श्याम, लोकेश्वरी उर्वेती, गीता कुशराम, अनीता कुशराम, जयंती कुशराम, सुषमा श्याम, जयंती उइके, मंदाकिनी, निशा श्याम, दुर्गेश्वरी श्याम, रामकुमार श्याम, राहुल श्याम, सुनील श्याम, चित्रकांत श्याम, मनोज तेकाम, अनुज तेकाम, रोशनी श्याम, निलेश कुशराम, फूलचंद धुर्वे, मिथलेश श्याम व छत्रवति कुशराम के चित्र प्रदर्शित किए जाएंगे। इस दौरान 5 से 12 जुलाई तक होटल विट्ठल इन में आयोजित युवा मूर्तिकारों के रज़ा शिविर में तैयार की गई मूर्तियों को भी प्रदर्शित किया जायेगा। इस शिविर में इस शिविर में बस्तर के धरम नेता, नई दिल्ली की दीपिका गौतम, रायपुर के जितेंद्र साहू, मालभोग के अशोक भामा, अमरकंटक के जयपाल सिंह टेकाम, खोही के रामेश्वर प्रजापति, खैरागढ़ के उमेश कुमार नेताम, सारंगढ़ की करुणा सिदार, खैरागढ़ से दिनु घाट और विजय नगर से सब्बवरपु वी एस राव ने ग्रेनाइट के पत्थरों को तराश कर मूर्तियों को साकार रूप दिया है।
रज़ा स्मृति के अंतर्गत 20 से 23 जुलाई तक रज़ा कला वीथिका में सुबह 11:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक चित्रकला कार्यशाला, माटी पर रंग और छातों पर रंग का आयोजन किया गया है। इसमें कला प्रेमियों को अपनी पसंद के मुताबिक कला में हाथ आज़माने का मौका मिलेगा। 20 जुलाई 2023 की शाम 6:00 बजे रज़ा कला वीथिका में कथक नृत्यांगना रानू चंद्रौल के द्वारा कथक की प्रस्तुति दी जाएगी। 22 जुलाई की शाम 6:00 बजे झंकार भवन में अनवेषा महंत द्वारा सत्रिय नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा। 23 जुलाई 2023 की सुबह 10:00 बजे बिंझिया कब्रिस्तान में सैयद हैदर रज़ा व उनके पिता की कब्र पर पुष्पांजलि के साथ ही स्मृति का समापन होगा। रज़ा फाउंडेशन के सदस्य सचिव संजीव चौबे ने सभी कला प्रेमियों से उक्त सभी आयोजन में सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

