Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 26 जुलाई 2023

लाड़ली बहना के नवीन पंजीयन में प्रगति लाएं – जिला पंचायत सीईओ

मण्डला 26 जुलाई 2023

                जिला पंचायत सीईओ श्रेयान्स कूमट ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के द्वितीय चरण के अंतर्गत 25 जुलाई से प्रारंभ हुए पंजीयन प्रक्रिया की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने सभी जनपदवार एवं निकायवार पंजीयन प्रक्रिया की आंकड़ेवार समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि सभी लाड़ली बहना के नवीन पंजीयन प्रक्रिया में प्रगति लाएं। उन्होंने सभी जनपदों एवं निकायों को पंजीयन के लिए मिले लक्ष्यों एवं उसके विरूद्ध किए गए पंजीयनों की आंकड़ेवार समीक्षा भी की। श्री कूमट ने कहा कि द्वितीय चरण के अंतर्गत किए जा रहे पंजीयन के दौरान नए हितग्राहियों को योजना के तहत जुड़े नए प्रावधानों की जानकारी दें। उन्होंने विगत 3 दिनों में किए गए पंजीयनों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि एसडीएम, सीईओ जनपद, परियोजना अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी समन्वय के साथ लाड़ली बहना योजना के द्वितीय चरण के पंजीयन का कार्य करें। इस दौरान उन्होंने बैंक खातों से आधार लिंक एवं डीबीटी सक्रियता की जानकारी लेते हुए जरूरी निर्देश दिए।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

शांति समिति की बैठक सम्पन्न

मण्डला 26 जुलाई 2023

                जिला पंचायत सीईओ श्रेयान्स कूमट एवं पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने आगामी मोहर्रम त्यौहार के मद्देनज़र जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक ली। बैठक में उन्होंने निर्देशित किया कि सभी सौहार्द्रपूर्ण एवं सामंजस्य के वातावरण में त्यौहार मनाएं। पुलिस अधीक्षक ने मोहर्रम एवं ताजिया विसर्जन के दौरान जुलूष के संबंध में विस्तार से जानकारी ली तथा संबंधितों को सभी ज़रूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला पंचायत सीईओ ने नगरपालिका को निर्धारित स्थानों पर पानी, बिजली एवं साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही होमगार्ड को ताजिया विसर्जन के दौरान घाटों पर जरूरी सुरक्षात्मक उपाय करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार उन्होंने स्वास्थ्य एवं बिजली विभाग को भी ज़रूरी व्यवस्थाओं के निर्देश दिए। बैठक में विधायक निवास डॉ. अशोक मर्सक़ोले, नगरपालिका अध्यक्ष, नगर पालिका उपाध्यक्ष, सांसद प्रतिनिधि, एडिशनल एसपी, एसडीओपी, अलग-अलग संप्रदायों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

 

 

धेनुबाड़ी गौशाला सेमरखापा में वृक्षारोपण

मण्डला 26 जुलाई 2023

मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार जिला एवं सत्र न्यायाधीश मान0 एस0के0 जोशी के निर्देशन में एवं श्री डी0आर0 कुमरे सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मण्डला के कुशल मार्गदर्शन में पंच-ज अभियान के अवसर पर 26 जुलाई 2023 को धेनुबाड़ी गौशाला सेमरखापा मण्डला में श्री डी0आर0 कुमरे जिला न्यायाधीश/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, श्रीमती दीपिका एस ठाकुर जिला विधिक सहायता अधिकारी, श्रीमती किरण ठाकुर सदस्य बाल कल्याण समिति, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणजनों की उपस्थिति में वृक्षारोपण किया गया।

श्री डी0आर0 कुमरे, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मण्डला ने बताया कि वृक्ष लगाना ही हमारी जवाबदारी नहीं है अपितु उनका संरक्षण करना भी आवश्यक है जिससे हमें ऑक्सीजन मिलती है। उन्हांेने कहा कि पर्यावरण एवं वन्य जीव-जन्तुओं की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है, हमें अधिक से अधिक संख्या में वृक्षों का रोपण करना चाहिए ताकि आगे आने वाली पीढ़ी प्रदूषण मुक्त वातावरण में जीवन व्यतीत कर सकें एवं पर्यावरण को संतुलित रखने के लिए हमे वृक्षों को अधिक से अधिक मात्रा में लगाये जाने एवं उनके संरक्षण के प्रयास किये जाने की अपील की।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

सुधार एवं रंग-रोगन से प्रा.शा. खुदराही को मिला आकर्षक स्वरूप

कायाकल्प से बढ़ी दर्ज संख्या एवं बच्चों की उपस्थिति

नक्सल प्रभावित क्षेत्र में बढ़ रहा शिक्षा के प्रति रूझान

मण्डला 26 जुलाई 2023

                मंडला जिले के शाला भवनों में किए जा रहे सुधार एवं रंगरोगन कार्यों के सकारात्मक परिणाम अब सामने आ रहे हैं। शालाओं का नामांकन और बच्‍चों की औसत उपस्थिति बेहतर हो रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मवई विकासखंड के नक्सल प्रभावित ग्राम खुदराही का प्राथमिक शाला भवन अत्यंत जीर्णशीर्ण था। कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने 31 मई 2023 को खुदराही ग्राम के भ्रमण के दौरान पूर्व में स्वीकृत राशि के आधार पर शाला भवन की मरम्मत तथा रंगरोगन के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए थे। शाला भवन की छत, दीवार, दरवाजा, खिड़कियों में सुधार सहित सभी आवश्यक कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं।

प्राथमिक शाला खुदराही में मरम्मत एवं रंगरोगन कार्य होने से शाला अब पहले से बहुत ही आकर्षक हो गई है। दीवारों पर बनाए गए चित्रों एवं सुंदर कलर से विद्यालय अब बच्चों एवं पालकों के मन को भी भाने लगा है। नक्सल प्रभावित क्षेत्र में स्थित इस शाला में अब बच्चों की दर्ज संख्या और उपस्थिति के सकारात्मक परिणाम भी आने लगे हैं। पूर्व में विद्यालय की दर्ज संख्या 18 थी जो अब नवीन शैक्षणिक सत्र 2023-24 में शाला में बढ़कर 28 हो गई है। शाला की उपस्थिति में भी 2 गुनी बढ़ोत्तरी हुई है।

शिक्षकों की नवीन भर्ती में पदस्थ हुए नए शिक्षकों एवं अतिथि शिक्षकों के द्वारा प्रतिदिन बच्चों को मनोरंजक ढंग से पढ़ाया जा रहा है। बच्चों को शैक्षणिक गीत एवं कहानियां सुनाई जा रही हैं। मनोरंजक अध्ययन और रोचक गतिविधियां होने से बच्चे भी पूरी रूचि के साथ स्कूल आते हैं। बच्चों के पालक भी अपने बच्चों को उत्साह के साथ प्रतिदिन स्कूल भेज रहे हैं। उपयंत्री आकाश सनोडिया के तकनीकि मार्गदर्शन में शाला के जीर्णोद्धार कार्य में विकासखण्ड स्त्रोत समन्वयक राजेश महोबिया, पालक शिक्षक संघ के अध्यक्ष गणेश प्रसाद एवं जनशिक्षक का विशेष सहयोग रहा।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

मोहर्रम के दौरान कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए ड्यूटी निर्धारित

मण्डला 26 जुलाई 2023

                अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी ने 28 जुलाई एवं 29 जुलाई 2023 को मोहर्रम के आयोजन के दौरान कानून व्यवस्था, लोक शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए कार्यपालिक दण्डाधिकारियों की कार्यक्रम प्रारंभ से समाप्ति तक ड्यूटी के आदेश जारी कर दिए हैं।

जारी आदेश के तहत् बिछिया अनुविभाग अंतर्गत थाना एवं चौकी के संपूर्ण क्षेत्र के लिए अनुविभागीय दंडाधिकारी बिछिया, तहसीलदार बिछिया, नायब तहसीलदार मवई एवं नायब तहसीलदार अंजनिया की ड्यूटी लगाई गई है। इसी प्रकार मंडला अनुविभाग अंतर्गत थाना एवं चौकी के संपूर्ण क्षेत्र के लिए अनुविभागीय दंडाधिकारी मंडला, तहसीलदार मंडला, नायब तहसीलदार मंडला एवं नायब तहसीलदार बम्हनी की ड्यूटी लगाई गई है। नैनपुर अनुविभाग अंतर्गत थाना एवं चौकी के संपूर्ण क्षेत्र के लिए अनुविभागीय दंडाधिकारी नैनपुर, तहसीलदार नैनपुर, नायब तहसीलदार चिरईडोंगरी की ड्यूटी लगाई गई है। निवास अनुविभाग अंतर्गत थाना एवं चौकी के संपूर्ण क्षेत्र के लिए अनुविभागीय दंडाधिकारी निवास, तहसीलदार निवास, तहसीलदार नारायणगंज एवं नायब तहसीलदार बीजाडांडी तथा नायब तहसीलदार बबलिया की ड्यूटी लगाई गई है। घुघरी अनुविभाग अंतर्गत थाना एवं चौकी के संपूर्ण क्षेत्र के लिए अनुविभागीय दंडाधिकारी घुघरी, तहसीलदार घुघरी एवं नायब तहसीलदार मोहगांव की ड्यूटी लगाई गई है।

सभी को निर्देशित किया गया है कि अपने अनुभाग, तहसील क्षेत्र में स्थानीय स्तर पर पर्व के आयोजन का संज्ञान लेते हुये विहित क्षेत्रों में सतत भ्रमण करें। यहां आयोजित होने वाले पर्व, धार्मिक समागम, अन्य कार्यक्रम के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं, व्यक्तियों व अन्य व्यवस्थाओं को दृष्टिगत रखते हुये भारत सरकार गृह विभाग, मध्यप्रदेश शासन द्वारा समय-समय पर जारी आदेश, निर्देशों के अनुक्रम में समुचित आकलन करें तथा क्षेत्र में समुचित सुरक्षा, शांति एवं कानून व्यवस्था की दृष्टि से क्षेत्रीय आवश्यकतानुसार अधीनस्थ कर्मचारियों की ड्यूटी अपने स्तर से लगाते हुये पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ निरंतर सम्पर्क व समन्वय बनाये रखेगें तथा किसी महत्वपूर्ण अप्रिय घटना की जानकारी यदि हो या जिला स्तर से कोई कार्यवाही अपेक्षित हो तो उसे तत्काल जिला दण्डाधिकारी एवं अतिरिक्त जिलादण्डाधिकारी को अवगत करायेगें।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना का प्रचार

मण्डला 26 जुलाई 2023

                मंगलवार को चिरइडोंगरी हाट-बाजार में नुक्कड़-नाटक के माध्यम से जनसेवा मित्र नारायणगंज टीम के द्वारा सीखो-कमाओ योजना एवं लाड़ली बहना योजना के बारे में विस्तृत रूप से बताया गया। नुक्कड़-नाटक में बताया गया कि 18 से 29 वर्ष के युवाओं को सशक्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना का प्रारम्भ किया गया। साथ ही लाड़ली बहना योजना के बारे में बताया गया कि 21 से 23 वर्ष की जितनी भी नवीन पात्र महिलाएं हैं वे अपना फॉर्म 20 अगस्त 2023 तक भर सकती हैं।

जनसेवा मित्र टीम नारायणगंज में आकाश मरावी ब्लॉक लीडर, दुर्गेश रजक शोशल मीडिया कोडिनेटर, रामविकास बर्मन, अभिषेक, अंकित, पूनम आशीष, राज शर्मा, नंदू, गर्जन, मुकेश, सहंत्री, दिव्या रामदुलारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन यात्रा के आवेदन 31 जुलाई तक

मण्डला 26 जुलाई 2023

                उपसचिव मध्यप्रदेश शासन, धार्मिक न्यास और धर्मस्व विभाग भोपाल के आदेशानुसार मध्यप्रदेश के ज़िलों से 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के व्यक्तियों (महिलाओं हेतु 2 वर्ष की छूट) जो आयकर दाता नहीं है, को मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना अंतर्गत मंडला जिले से 18 अगस्त से 21 अगस्त 2023 तक कुल 4 दिवस काशी (वाराणसी) की तीर्थयात्रा कराई जाएगी।

तीर्थदर्शन काशी (वाराणसी) की यात्रा हेतु नगरपालिका मंडला अंतर्गत इच्छुक व्यक्ति कार्यालय नगरपालिका मंडला की शाखा एनयूएलएम में आवेदन पत्र प्रस्तुत कर सकते हैं। आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2023 है।

 

पात्रता एवं आवश्यक दस्तावेज

 

नगरपालिका के क्षेत्रांतर्गत का निवासी हो। 60 वर्ष या अधिक आयु के व्यक्ति हों (महिलाओं के लिए 2 वर्ष की छूट), आयकर दाता न हो। पंजीयन के लिए आवश्यक दस्तावेजों में आधार कार्ड, कोविड वैक्सीनेसन सर्टिफिकेट, आय प्रमाण पत्र, मूल निवासी प्रमाणपत्र, मोबाइल नंबर एवं दो फोटो आवश्यक है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

निर्वाचन हेतु विशेष पुलिस अधिकारी नियुक्त करने समीक्षा बैठक 29 को

मण्डला 26 जुलाई 2023

                उप जिला निर्वाचन अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक मण्डला के माध्यम से आगामी विधानसभा आम निर्वाचन 2023 के दौरान जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्र के लिए प्रारंभिक रूप से कुल 1778 विशेष पुलिस (एसपीओ) की आवश्यकता होना प्रतिवेदित किया गया है। चुनाव के दौरान जिला पुलिस बल की कमी होने पर विभिन्न विभागों के वर्दीधारी कार्मिकों को विशेष पुलिस अधिकारी नियुक्त कर मतदान केन्द्रों पर तैनात किया जाता है। मुख्य निर्वा.पदा. मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देशानुसार होमगार्ड, वन रक्षक, रेंजर, फॉरेस्टर, आबकारी निरीक्षक, कांस्टेबिल, मंडी निरीक्षक, उप निरीक्षक, कोटवार, एनसीसी, हेण्डपम्प मैकेनिक, गैंगमैन आदि को विशेष पुलिस अधिकारी नियुक्त किया जा सकता है।

जिले में विशेष पुलिस अधिकारी की नियुक्ति के लिए कार्मिकों की उपलब्धता के आंकलन हेतु कलेक्टर द्वारा 29 जुलाई 2023 को अपरान्ह 3 बजे से जिला योजना भवन के सभाकक्ष में एक बैठक रखी गई है। जिला स्तरीय कार्यालय प्रमुख जिले में स्थित अपने सभी अधीनस्थ कार्यालयों की जानकारी सहित तथा सभी अनुविभागीय अधिकारी (रा.) अपने अनुविभाग की सभी तहसीलों के कोटवारों की सूची सहित बैठक में उपस्थित होगें। सभी प्राचार्य बैठक में अपनी संस्था के एनसीसी केडिट्स की सूची लेकर आएंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

विधानसभा आम निर्वाचन: व्हीएम-2 एवं व्हीएम-3 हेतु सेक्टर ऑफिसर्स की बैठक 1 अगस्त को

मण्डला 26 जुलाई 2023

                उपजिला निर्वाचन अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार विधानसभा आम निर्वाचन 2023 की तैयारियों के अंतर्गत सर्व सेक्टर ऑफीसर्स, (पुलिस) को क्रिटिकल मतदान केन्द्र के चिन्हांकन एवं वल्नरविल्टी मैपिंग हेतु विभिन्न प्रपत्र उपलब्ध कराकर अपने सेक्टर के मतदान केन्द्रों का भ्रमण कर व्हीएम-2 एवं व्हीएम-3 की जानकारी संयुक्त हस्ताक्षर से अपने रिटर्निंग ऑफीसर को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर द्वारा व्हीएम-2 एवं व्हीएम-3 की समीक्षा के लिए 1 अगस्त 2023 को जिला योजना भवन के सभाकक्ष में 3 शिफ्ट में बैठक आयोजित की गई है। प्रथम शिफ्ट दोपहर 1:15 बजे से 2 बजे तक जिसमें सर्व सेक्टर ऑफीसर, पुलिस सेक्टर अधिकारी रिजर्व सहित, विधानसभा क्षेत्र 107-मंडला उपस्थित रहेंगे। द्वितीय शिफ्ट दोपहर 2 बजे से 2:45 बजे तक जिसमें सर्व सेक्टर ऑफीसर, पुलिस सेक्टर अधिकारी रिजर्व सहित, विधानसभा क्षेत्र 106-निवास तथा तृतीय शिफ्ट दोपहर 2:45 बजे से 3:30 बजे तक जिसमें सर्व सेक्टर ऑफीसर, पुलिस सेक्टर अधिकारी रिजर्व सहित, विधानसभा क्षेत्र 105-बिछिया उपस्थित रहेंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

विकास पर्व: आज इंद्री, भीमडोंगरी एवं पाठा में होंगे कार्यक्रम

मंडला 26 जुलाई 2023

                16 जुलाई से 14 अगस्त 2023 तक आयोजित होने वाले विकास पर्व के तहत् आज मंडला विधानसभा के इंद्री, बिछिया विधानसभा के भीमडोंगरी एवं निवास विधानसभा के पाठा में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों द्वारा विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया जाएगा।

मंडला विधानसभा के इंद्री में आयोजित कार्यक्रम में इंद्री, बारगी, टाटरी, कामता, धनपुरी रैयत एवं चंदियाजर पंचायतें सम्मिलित होंगी। इस कार्यक्रम के लिए छुन्नालाल उईके पीसीओ को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। बिछिया विधानसभा के भीमडोंगरी में आयोजित कार्यक्रम भीमडोंगरी, इंद्री, भिमौरी, मनौरी, बंदरवाड़ी, हर्राटोला एवं मोतीनाला पंचायतें सम्मिलित होंगी। इस कार्यक्रम के लिए त्रिलोक सिंह मरावी पंचायत समन्वयक अधिकारी एवं राजीव खोब्रागढे उपयंत्री को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार निवास विधानसभा के पाठा में आयोजित कार्यक्रम में पाठा, देवहार, खम्हरिया, मानेगांव एवं सिंगौधा पंचायतें सम्मिलित होंगी। इस कार्यक्रम के लिए चिमनलाल गुर्दे पीसीओ को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

औसत वर्षा की जानकारी

मण्डला 26 जुलाई 2023

                जिले में इस वर्ष 1 जून से 26 जुलाई 2023 के दौरान 568 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 500.3 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 67.7 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 26 जुलाई को बिछिया में 4.2 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 26 जुलाई 2023 को 0.7 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

दस्तक अभियान: 26 को हुई 12852 बच्चों की स्क्रीनिंग

मण्डला 26 जुलाई 2023

                सघन दस्त रोग, नियंत्रण पखवाड़ा एवं दस्तक अभियान का प्रथम चरण 18 जुलाई से शुरूवात हो गया है जो 31 अगस्त 2023 तक चलेगा। इसके अंतर्गत 0 से 5 साल के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण, बीमारियों की पहचान, जांच, उपचार एवं रेफरल सेवाएं दस्तक दल द्वारा प्रदान की जा रही है। इसी तारतम्य में एएनएम एवं आशा कार्यकर्ता के द्वारा घर-घर दस्तक देकर 12852 बच्चों की स्क्रीनिंग की गई।

बाल्यकालीन बीमारियां जैसे- गंभीर एनीमिया बच्चों का इलाज, हीमोग्लोबिन की जांच, गंभीर कुपोषण के बच्चों को एनआरसी में भर्ती एवं एसएनसीयू एवं एनआरसी से छुट्टी से प्राप्त बच्चों की जांच एवं फॉलोअप करना, आयु अनुसार 9 माह से 5 वर्ष के बच्चों को विटामिन ए अनुपूरक देना, रेफरल समस्त 11 प्रकार की सेवायें प्रदान की जायेगी।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

दस्तक दल ने दी जानकारी

मण्डला 26 जुलाई 2023

                मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जानकारी दी कि दस्तक अभियान के अंतर्गत 0 से 5 वर्ष के बच्चों का परीक्षण एवं बीमारियों की पहचान कर आशा एवं ए.एन.एम. की टीम घर-घर जाकर दस्तक दिया जा रहा है।

सिविल अस्पताल नैनपुर के ग्राम बल्लम डुंगरिया में 0-5 वर्ष के 118 बच्चों की स्क्रीनिंग, 0-5 वर्ष के दस्त से पीड़ित 2 बच्चे, ओ.आर.एस. के 120 पैकेट का वितरण, 9 माह से 5 वर्ष विटामिन-ए के 100 एवं आई.एफ.ए. गोली 64 बच्‍चों को दी गई। साथ ही दस्तक दल द्वारा बल्लम डुंगरिया के 10 घरों में महिलाओं की बैठक लेकर ओ.आर.एस. एवं जिंक का महत्व बताया गया तथा हाथों को किस तरह धोना है कब धोना है, प्रदर्शन करके दिखाया एवं आई.वाय.सी.एफ. के संदेश दिये गये।

इसी प्रकार बम्हनी के ग्राम देवगांव में 145 बच्चों की स्क्रीनिंग की गई, दस्त से पीड़ित 4 बच्चे, ओआरएस के 149 पैकेट वितरित एवं 9 माह से 5 वर्ष के 127 बच्चों को विटामिन-ए तथा आईएफए गोली 132 बच्चों को दी गई।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

स्कूलों में बच्चों को कंजेक्टिवाइटिस के लक्षण होने पर चिकित्सक से परमर्श लें

मण्डला 26 जुलाई 2023

                मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जिले के लोगों एवं स्कूलों के शिक्षकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। जारी एडवाईजरी में उन्होंने कहा है कि वर्तमान वर्षा के समय में बच्चों को कंजेक्टिवाइटिस से पीड़ित होने की संख्या बढ़ रही है। इसमें आंखें आना या लालिमा आंखों से जुड़ी एक समान समस्या है। चिकित्सकीय भाषा में इसे कंजेक्टिवाइटिस कहते हैं। आंखों में एक पारदर्शी पतली झिल्ली कंजक्टाइबा होती है इसमें सूजन आ जाती है। यह बैक्टीरिया और वायरस दोनों से होने वाला रोग है। संक्रमित व्यक्ति की आंखों से निकलने वाला डिस्चार्ज के प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष सम्पर्क में आने के द्वारा यह फैलता है। संक्रमण एक या दोनों आंखों में होता है यह काफी संक्रामक है और बहुत तेजी से फैलता है। यह चार से पांच दिनों तक रहता है।

 

लक्षण

 

एक या दोनों आंखों में जलन या खुजली, असामान्य रूप से अधिक आंसू निकलना, आंखों से पानी जैसा या गाढा डिस्चार्ज आना, आंखों में किरकिरी जैसा महसूस होना एवं आंखों सूजन आना।

 

फैलेने से कैसे रोकें

 

साफ-सफाई रखें, आंखों को हांथों से न छुऐं, हांथों को बार-बार धोऐं, निजी उपयोगी की सामाग्री पेन, मोबाईल, रूमाल, तौलिया, तकिया, आई कास्मेटिक आदि को किसी से साझा न करें। वायरल और बैक्टीरियल कंजेक्टिवाइटिस की अलग-अलग उपचार है चार से पांच दिनों तक संक्रमण रहता है चिकित्सकीय सलाह लेवें। यह सात से आठ दिन में स्वतः चला जाता है। संक्रमित छात्रों को चार से पांच दिन स्कूल न जाने दें व अधिक भीड़ वाली जगह न जावें, धूल आदि से आंखों की सुरक्षा करें।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

केन्द्रीय विद्यालय की प्रेसवार्ता आज

मण्डला 26 जुलाई 2023

                न्यू एजूकेशन पॉलीसी (एनईपी) 2020 की तीसरी वर्षगाँठ पर 29 एवं 30 जुलाई 2023 को इंडिया ट्रेड प्रमोशन ओर्गनाईजेशन (आईटीपीओ) प्रगति मैदान नई दिल्ली में अखिल भारतीय शिक्षा समागम का आयोजन किया जा रहा है।

प्राचार्य केन्द्रीय विद्यालय मंडला उपेन्द्र कुमार ने बताया कि आयोजन के सम्बन्ध में देशभर के प्रत्येक जिले में प्रेस वार्ता का आयोजन किया जाना है। यह प्रेसवार्ता 27 जुलाई 2023 को दोपहर 12 बजे केन्द्रीय विद्यालय मंडला के संसाधन कक्ष में होगा।

 

 

 

 

 

 

 

कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग ने किया प्रकाशित खबर का खंडन

 

मण्डला 26 जुलाई 2023

                                कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग शारदा सिंह ठाकुर ने अपने संबंध में प्रकाशित एक समाचार का खंडन करते हुए कहा है कि समाचार पत्र में प्रकाशित खबर दिनांक 23 जून 2023 अनुसार अजीत पटेल ब्यूरो चीफ दैनिक जगसंवाद द्वारा अन्य योजना संबंधी दिनांक 21 जुलाई 2023 को मुझसे जानकारी चाही गई, जिस संबंध में मेरे द्वारा स्पष्ट रूप से बोला गया कि अन्य विभाग के विषय में मुझे किसी प्रकार की जानकारी नहीं है। इस स्थिति को लेकर अजीत पटेल द्वारा मुझसे अभद्रता की गई व किसी अन्य योजना की जानकारी न दिये जाने पर मेरे स्टेटमेंट का स्वरूप बदलकर मेरी याददाश्त खो जाने की खबर अखबार में निरंतर प्रकाशित की जा रही है, जो कि पूर्णतः गलत है। मुझे व्यक्तिगत एवं मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है। कार्यपालन यंत्री ने कहा कि यदि अजीत पटेल, ब्यूरो चीफ दैनिक जग संवाद द्वारा इस प्रकार की खबर पुनः प्रकाशित की जाती है तो मेरे द्वारा उनके इस व्यवहार को लेकर पुलिस संरक्षण की शरण ली जायेगी।

 

 

 

 

 

 

ग्राम पंचायत भलवारा में विकास पर्व आयोजित

 

मण्डला 26 जुलाई 2023

                सीईओ जनपद निवास ने बताया कि विकास पर्व के तहत् जनपद पंचायत निवास के अतंर्गत ग्राम पंचायत भलवारा में कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में पूर्व विधायक रामप्यारे कुलस्ते, अध्यक्ष जनपद पंचायत निवास मंजू कुलस्ते, घनश्याम सूर्यवंशी उपाध्यक्ष जनपद पंचायत निवास द्वारा स्वीकृत कार्यों का भूमिपूजन एवं पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण किया गया।

 

 

बड़ी खैरी, मोचा एवं उमरिया में विकास पर्व आयोजित

 

मण्डला 26 जुलाई 2023

                विकास पर्व के कार्यक्रम अंतर्गत 16 जुलाई से 14 अगस्त तक पर्व का आयोजन सेक्टर ग्राम पंचायतों में किया जा रहा है। इसी परिपेक्ष में 25 जुलाई 2023 को ग्राम पंचायत मोचा में लोकापर्ण एवं भूमिपूजन किया गया।

                जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम एवं नीरज मरकाम द्वारा सी.सी. रोड निर्माण नवल के घर से अवस्थी के घर तक 5.53 लाख, पुलिया निर्माण डुंगरिया से पौड़ी पहुँच मार्ग 4 लाख, पुलिया निर्माण कार्य मानिकपुर 7.21 लाख, पुलिया निर्माण कार्य गोर्वधन के घर पास 8.86 लाख का लोकापर्ण किया गया। इस तरह सी.सी. रोड निर्माण मुख्य मार्ग से हजार सिंह के घर तक 6.79 लाख, पक्की नाली निर्माण बटवार 5.8 लाख, पक्की 3 नाली निर्माण 4.54 लाख रूपए के कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर जनपद सदस्य श्री बाबूलाल कुशराम तथा ग्राम पंचायत मोचा, खटियानारंगी, डुंगरिया, बटवार के सरपंच एवं उपसरपंच उपस्थित थे।

बड़ीखैरी में हुआ 48.34 लाख रूपए का भूमिपूजन एवं लोकार्पण

 

                सीईओ जनपद मंडला ने बताया कि विकास पर्व के तहत् जनपद पंचायत मंडला के अतंर्गत ग्राम पंचायत बड़ीखैरी में कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में बड़ीखैरी में नाली निर्माण के लिए 5.30 लाख, आमनाला में नाली निर्माण के लिए 2.50 लाख, बनियातारा में खेल मैदान के लिए 6 लाख, भपसा में नाली निर्माण के लिए 6 लाख, बिनैका में सीसी रोड निर्माण के लिए 6 लाख, जंतीपुर में नाली निर्माण के लिए 2.12 लाख, खुडिया में सीसी रोड निर्माण के लिए 5.31 लाख, कौरगांव में नाली निर्माण के लिए 2.76 लाख, पीपरपानी में वृक्षारोपण कार्य के लिए 3 लाख, पुरवा में शांतिधाम के पास बाउंड्रीवॉल निर्माण कार्य के लिए 4 लाख एवं बजरंग टोला में रंगमंच निर्माण कार्य के लिए 3 लाख तथा सकवाह में सीसी रोड निर्माण के लिए 2.35 लाख रूपए का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया।

उमरिया में हुआ 40.04 लाख रूपए का भूमिपूजन एवं लोकार्पण

 

                जनपद पंचायत घुघरी में 26 जुलाई को विकास पर्व का आयोजन ग्राम पंचायत भवन उमरिया में किया गया। इस कार्यक्रम में ग्राम पंचायत खोड़ाखुदराएन, नैझर, लाफन, ईमलीटोला एवं डुंडी शामिल थे। कार्यक्रम में 3 निर्माण कार्यों की लागत 18.97 लाख का भूमिपूजन एवं 4 निर्माण कार्यों की लागत 21.07 लाख रूपए का लोकार्पण जनपद सदस्य नीरज मरकाम द्वारा किया गया। इसके साथ ही वनाधिकार पट्टो से लाभांवित 7 हितग्राहियों को वनाधिकार पट्टे वितरित किए गए। अस इवसर पर जनप्रतिनिधीगण, ग्राम पंचायत के वरिष्ठगण एवं महिलाएं उपस्थित रहीं। विकास पर्व कार्यक्रम में सरपंच, उपसरपंच एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

 

 

Related posts

1 से 5 मार्च तक चलाया जाएगा पौधरोपण महाभियान

Reva India News

औद्योगिक क्षेत्र मनेरी के गार्निश होमकेयर प्राईवेट लिमिटेड का कब्जा पीएनबी को सौंपा गया  

Reva India News

सीईओ जिला पंचायत ने किया देवगांव में नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण

Reva India News

Leave a Comment