मवई एवं नैनपुर क्षेत्र में हुआ वनाधिकार पट्टों का वितरण
अब तक 935 पट्टों का वितरण
मण्डला 27 जुलाई 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना के निर्देशन में जिलेभर में वनाधिकार पट्टे वितरण का कार्य किया जा रहा है। गुरूवार को नैनपुर क्षेत्र में विधायक मंडला देवसिंह सैयाम की उपस्थिति में हितग्राहियों को वनाधिकार पट्टों का वितरण किया गया। इसी प्रकार मवई विकासखंड के ग्राम पंचायत भीमड़ोंगरी एवं सुरजपुरा में वनाधिकार पट्टों का वितरण किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, पूर्व विधायक पंडित सिंह धुर्वे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित उपस्थित थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में लगातार वनाधिकार पट्टों का वितरण किया जा रहा है। पूर्व में 860 पट्टों का वितरण किया जा चुका है। द्वितीय चरण में 75 पट्टों का वितरण किया गया है। निवास अनुविभाग के अंतर्गत निवास विकासखंड में 1, नारायणगंज में 15 तथा बीजाडांडी में 38 पट्टों का वितरण किया गया। इसी प्रकार नैनपुर में 2, बिछिया में 2, मवई में 16 तथा घुघरी में 1 पट्टों का वितरण किया गया।

दस्तक अभियान: ग्राम ढुढवा में दी गई जानकारी
मण्डला 27 जुलाई 2023
ग्राम ढुढवा उप स्वास्थ्य केंद्र मगरदा सीएचसी बीजाडांडी में दस्तक अभियान अंतर्गत 0 से 5 वर्ष के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन ए घोल के अन्नपूर्णन खुराक एवं 6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को आयरन सीरप दी गई। इसके अलावा ओआरएस घोल बनाने की विधि, हाथ धुलने की विधि, कंजनाइटल कैटरेक्ट, सुनाई ना देना, जनसंख्या स्थिरीकरण, मिशन इंद्रधनुष के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। स्वास्थ्य अमले द्वारा नारे लेखन, घर-घर दस्तक एवं सभी स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं के बारे में समूह बैठक के माध्यम से भी जानकारी दी गई।

मेडिकल टीम ने गुरारखेड़ा ग्राम में आयोजित किया स्वास्थ्य शिविर
मण्डला 27 जुलाई 2023
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जानकारी दी कि 26 जुलाई 2023 को बम्हनी क्षेत्र के ग्राम पंचायत गुरारखेड़ा में बीमार बच्चों की सूचना ग्रामवासियों द्वारा दी गई। सूचना मिलते ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हनी की मेडिकल टीम ग्राम में पहुंचकर स्वास्थ्य शिविर लगाकर जांच व उपचार किया। जांच के दौरान पता चला कि स्कूली बच्चों को चक्कर आना, छाती में भारीपन लगना एवं गले में दर्द होना पाया गया। 6 स्कूली बच्चों को 108 एम्बुलेंस वाहन से जिला चिकित्सालय मण्डला भेजा गया तथा जांच में पाया कि बच्चे पूर्णतः स्वस्थ हैं। साथ ही ग्राम का दौरा कर स्वास्थ्य परीक्षण किया गया एवं शिविर में आए ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी गई।

यूविन पर दर्ज होगी टीकाकरण की जानकारी
देश में कहीं भी करवा सकते हैं टीकाकरण, एसएमएस से मिलेगी जानकारी
मण्डला 27 जुलाई 2023
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जानकारी दी कि गर्भवती महिला एवं पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों के टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा कार्ड बनाये जाते हैं लेकिन अब यूविन पोर्टल शुरू किया गया है। इसमें गर्भवती महिला एवं पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों का पंजीकरण किया जायेगा एवं आई.डी. जनरेट की जायेगी। अभी तक टीकाकरण के लिए कार्ड सुरक्षित रखना पड़ता था, तारीख भी याद रखनी होती थी। अब टीका लगाना होगा तो इसकी जानकारी, दिनांक सहित मोबाइल पर एसएमएस उपलब्ध होगी। इससे बच्चों एवं महिलाओं को टीकाकरण के लिए अस्पताल एवं आरोग्य केन्द्रों में तारीख लेने के लिए भी नहीं जाना पड़ेगा।
जिला टीकाकरण अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य कर्मियों/वैक्सीनेटर आई.डी. बनाई जा रही है, जल्द ही यह सुविधा उपलब्ध होगी। यूविन पोर्टल पर गर्भवती स्वयं भी पंजीकरण कर सकती हैं। कोरोनाकाल में टीकाकरण करने के लिए स्लॉट उपलब्ध होते थे, इसमें भी ऐसे ही स्लॉट उपलब्ध होंगे, जहां तीन माह की जानकारी उपलब्ध होगी। इसमें महिलाओं को पता चल सकता है कि कौन सा टीका लगाना बाकी है और कब स्वयं और बच्चे को लगवाना है।
देश में कहीं भी करवा सकते हैं टीकाकरण
इस संबंध मंे स्वास्थ्य केन्द्रों के कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रवासी महिलायें एक से दूसरे स्थान पर चली जाती हैं, तो कई बार लगने वाले टीके की जानकारी के अभाव में स्वयं एवं बच्चे का टीकाकरण नही करवा पाती हैं। इस स्थिति में टीकाकरण से छूट जाते थे। विभाग को भी खास दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। अब यूविन पोर्टल पर पंजीकरण होने से महिलाएं देश के किसी भी कोने में टीकाकरण करवा सकती हैं।

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री का दौरा कार्यक्रम
मंडला 27 जुलाई 2023
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते का 28 जुलाई को जिला मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित दौरा कार्यक्रम अनुसार श्री कुलस्ते 28 जुलाई को शाम 6:30 बजे जिला नरसिंहपुर से जेवरा के लिए रवाना होंगे एवं रात्रि 10 बजे जेवरा पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे। 29 जुलाई को श्री कुलस्ते प्रातः 9 बजे जेवरा से सेमरखापा के लिए रवाना होंगे तथा प्रातः 10 बजे सेमरखापा पहुंचकर एकलव्य विद्यालय ओडोटोरियम में अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। इसके बाद श्री कुलस्ते प्रातः 11:30 बजे सेमरखापा से जिला डिंडौरी के लिए प्रस्थान करेंगे।

जिला चिकित्सालय में श्रवण बाधित दिव्यांग शिविर 31 को
मण्डला 27 जुलाई 2023
सिविल सर्जन जिला चिकित्सालय मण्डला द्वारा बताया गया है कि 23 जुलाई को क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवायें जबलपुर के आदेश अनुसार डॉ. ज्योति शिल्पा नेल्सन, ईएनटी विशेषज्ञ, जिला चिकित्सालय जबलपुर को श्रवण बाधित दिव्यांगजनों की जांच एवं दिव्यांग प्रमाण पत्र की कार्यवाही हेतु 31 जुलाई 2023 को जिला चिकित्सालय मण्डला में सेवायें देने हेतु आदेशित किया गया है। ईएनटी से संबंधी ऐसे दिव्यांगजन जिनके प्रमाण पत्र का नवीनीकरण किया जाना है अथवा नये प्रमाण पत्र बनना है, वे 31 जुलाई 2023 प्रातः 10 बजे जिला चिकित्सालय मण्डला में उपस्थित होवें ताकि उनकी ऑडियोमेट्री शीघ्र कराई जाकर दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किये जा सकें। इस संबंध में सभी दिव्यांगजन आवश्यक दस्तावेज यथा-आधार कार्ड, समग्र आई.डी., तीन फोटो, पुराना दिव्यांग प्रमाण पत्र (यदि उपलब्ध हो तो) आदि साथ में लेकर आवें।

जिला स्तरीय पेसा प्रशिक्षण 3 अगस्त को
मण्डला 27 जुलाई 2023
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत से प्राप्त जानकारी के अनुसार म.प्र. पंचायत उपबंध (अनुसूचित क्षेत्रों पर विस्तार) नियम 2022 के प्रचार-प्रसार हेतु परिषद् द्वारा मास्टर ट्रेनर राज्य स्तरीय प्रशिक्षण विगत 28 से 30 जून 2023 को बैतूल में सम्पन्न कराया गया था। उसी अनुक्रम में अब जिला स्तरीय एक दिवसीय पेसा प्रशिक्षण 3 अगस्त 2023 को जिला पंचायत सभाकक्ष में प्रातः 9:30 बजे किया जाना है। प्रशिक्षण में प्रातः 9:30 बजे से 3 बजे तक पेसा से संबंधित प्रशिक्षण दिया जायेगा तथा 3 बजे से किसी एक पंचायत में पेसा ग्रामसभा का आयोजन किया जायेगा। प्रशिक्षण हेतु विकासखण्ड समन्वयक जनअभियान परिषद, विकासखण्ड पेसा मोबेलाईजर, ग्रामीण विकास विभाग, नवांकुर समिति प्रस्फुटन समिति सीएमसीएलडीपी के 1-1 प्रतिनिधि तथा 2 समाजसेवी, कुल 8 प्रतिनिधियों को उक्त प्रशिक्षण में सम्मिलित होंगे।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मण्डला किसी एक ग्राम पंचायत में ग्रामसभा का आयोजन 3 बजे से कराना सुनिश्चित करेंगे। उक्त ग्रामसभा में ग्राम के समस्त मतदाता, पंचायत स्तरीय अधिकारी, प्रशिक्षण के सभी प्रतिभागी तथा राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।

मलेरिया मास सर्वेलेंस कार्य व केम्प 31 जुलाई तक जारी रहेगा
जिले में हुई अब तक 16985 लोगों की मलेरिया जांच
मण्डला 27 जुलाई 2023
जिला मलेरिया अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम अंतर्गत प्रत्येक मलेरिया संभावित रोगियों की खोज, जांच एवं पूर्ण उपचार सुनिश्चित कराकर मलेरिया के संक्रमण को समाप्त कर मलेरिया उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त करने हेतु मलेरिया मास सर्वेलेंस कार्य/केम्प आयोजित किया जा रहा है।
जिले के मलेरिया प्रभावित चयनित विकासखण्ड मण्डला के उप स्वास्थ्य केन्द्र बाजा के समस्त ग्राम, विकासखण्ड नैनपुर के उप स्वास्थ्य केन्द्र भड़िया के समस्त ग्राम, विकासखण्ड मोहगांव के उप स्वास्थ्य केन्द्र बड़झर एवं मचला के समस्त ग्राम, विकासखण्ड बिछिया के उप स्वाथ्य केन्द्र खटोला, औरई, खटिया, चरगांव, बटवार, कन्हारीकला, सूरपाठी के समस्त ग्राम एवं विकासखण्ड मवई के उप स्वास्थ्य केन्द्र मानिकपुर के समस्त ग्रामों में 15 जुलाई 2023 से 31 जुलाई 2023 तक मलेरिया मास सर्वेलेंस कार्य/केम्प आयोजित किया किया जा रहा है जिसमें चयनित उपरोक्त उपस्वास्थ्य केन्द्र के समस्त ग्रामों के लोगों का मलेरिया जांच किया जा रहा है। 26 जुलाई 2023 तक मास सर्वेलेंस कार्य/केम्प में कुल 16985 लोगों की मलेरिया जांच की गई। जिले के 9 विकासखण्ड के स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों के साथ कुल 587 ग्रामों के 91110 घरों में लार्वा सर्वे किया गया एवं निर्धारित प्रोटोकाल अनुसार लार्वा विनिष्टीकरण किया गया।
मलेरिया रोकथाम के लिए सलाह
आमजन से यह अपेक्षा है कि मच्छरों की उत्पत्ति को रोकने हेतु भरे हुए पानी को हर 3-4 दिन में बदलना चाहिए। पानी संग्रहण करने वाली टंकी, बाल्टी एवं अन्य, पानी से भरे हुए बर्तन को ढक्कर रखना चाहिए। वॉशबेसिन, बाथरुम में पानी निकासी के स्थान में मच्छररोधी जाली लगवाना चाहिए एवं मच्छर की उत्पत्ति स्थल पर मिट्टी का तेल या जला हुआ ऑइल डालना चाहिए। यह आवश्यक है कि घरों के आस-पास सफाई रखें, अनावश्यक पानी जमा न होने दें। सोने के लिए हम मच्छरदानी का उपयोग करें, घरों में मच्छर निरोधक जालियों, मच्छर निरोधी क्रीम, कॉइल का उपयोग करें। अपने घरों में मच्छर निरोधक पौधे जैसे- लेमन ग्रास, लहसुन, लेवेंडर, गेंदा, तुलसी, सिट्रोनेला इत्यादि लगावें। कोई भी बुखार मलेरिया हो सकता है। अतः बुखार आने पर तुरंत खून की जांच कराऐं और अगर जांच में मलेरिया पॉजिटिव निकलता है तो चिकित्सक/आशा/हेल्थ वर्कर द्वारा दिये गए पूर्ण उपचार लें।

विकास पर्व: आज लफरा एवं गिठारमलपहरी में होंगे कार्यक्रम
मंडला 27 जुलाई 2023
16 जुलाई से 14 अगस्त 2023 तक आयोजित होने वाले विकास पर्व के तहत् आज बिछिया विधानसभा के लफरा एवं निवास विधानसभा के गिठारमलपहरी में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों द्वारा विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया जाएगा।
बिछिया विधानसभा के लफरा में आयोजित कार्यक्रम में लफरा, ककैया, आमाडोंगरी, मांगा एवं बोकर पंचायतें सम्मिलित होंगी। इस कार्यक्रम के लिए बद्रीप्रसाद सैयाम पंचायत समन्वयक अधिकारी को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार निवास विधानसभा के गिठार मलपहरी में आयोजित कार्यक्रम में गिठार मलपहरी, झुरकीपौंड़ी एवं गिठार पंचायतें सम्मिलित होंगी। इस कार्यक्रम के लिए महेन्द्र उईके पंचायत समन्वयक जनपद पंचायत मोहगांव को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।

औसत वर्षा की जानकारी
मण्डला 27 जुलाई 2023
जिले में इस वर्ष 1 जून से 27 जुलाई 2023 के दौरान 568 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 542.8 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 25.2 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

मलेरिया व डेंगू, चिकुनगुनिया से बचाव के लिए रखें सावधानियाँ
मण्डला 27 जुलाई 2023
जिला मलेरिया अधिकारी ने एडवाईजरी कर कहा है कि वर्षाकाल में मच्छरों की उत्पत्ति बढ़ जाता है एवं मच्छरजन्य परिस्थितियां निर्मित होती हैं जिससे मलेरिया, डेंगू, चिकुनगुनिया के प्रसार की भी संभावना होती है। इसलिए मलेरिया, डेंगू एवं चिकुनगुनिया से बचाव हेतु आवश्यक सावधानियां रखा जाना अत्यंत आवश्यक है।
मलेरिया के लक्षण
कोई भी बुखार मलेरिया हो सकता है। कपकपी के साथ तेज बुखार, सिर दर्द, उल्टी होना, बेचैनी, कमजोरी, सुस्ती, रुक रुककर बुखार आना पसीना आकर बुखार उतरना, ठंड गर्मी या तपन का महसूस होना आदि मलेरिया के लक्षण हैं।
बुखार आने पर क्या करें
बुखार आने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र में खून की जांच कराऐं एवं मलेरिया की पुष्टि होने पर पूर्ण उपचार लें। खाली पेट दवा का सेवन कदापि नहीं करना चाहिये। मलेरिया की जांच व उपचार सभी शासकीय अस्पतालों पर निःशुल्क उपलब्ध है।
डेंगू मलेरिया फैलाने वाले मच्छर कहाँ पैदा होते हैं
छत पर खुली टंकियां, खाली बर्तन, मटके, गमले, टायर, कूलर, फ्रिज के पीछे भरा पानी, गार्डन, फूलदान, पात्रों में एक सप्ताह से अधिक भरे साफ पानी में मच्छर अंडे देते हैं। जिससे लार्वा एवं पूर्ण वयस्क मच्छर बनता है।
डेंगू के लक्षण
2-7 दिन तक बुखार, सिर दर्द, मांसपेशियों में दर्द जोड़ों में दर्द, आंख के पीछे दर्द, खसरा जैसे लाल चकत्ते-छाती एवं हाथों पर डेंगू के लक्षण हैं।
डेंगू का उपचार
डेंगू की कोई विशिष्ट दवा नहीं हैं। डेंगू की पुष्टि होने पर चिकित्सक के परामर्श अनुसार उपचार लेना चाहिए। रोगी को पर्याप्त मात्रा में पेय पदार्थ जैसे- फलों का रस, पानी, ओ.आर.एस लेना एवं आराम करना चाहिए। किसी भी दर्द निवारक गोली का सेवन नहीं करना चाहिए।
मच्छरों की उत्पत्ति को रोकने हेतु भरे हुए पानी को हर 3-4 दिन में बदलना चाहिए। पानी संग्रहण करने वाली टंकी, बाल्टी एवं अन्य, पानी से भरे हुए बर्तन को ढक्कर रखना चाहिए। वॉशबेसिन, बाथरुम मे पानी निकासी के स्थान में मच्छररोधी जाली लगवाना चाहिए एवं मच्छर की उत्पत्ति स्थल पर मिट्टी का तेल या जला हुआ ऑइल डालना चाहिए। यह आवश्यक है कि घरों के आस-पास सफाई रखें, अनावश्यक पानी जमा न होने दें। सोने के लिए हम मच्छरदानी का उपयोग करें, घरों में मच्छर निरोधक जालियों, मच्छर निरोधी क्रीम, कॉइल का उपयोग करें। अपने घरों में मच्छर निरोधक पौधे जैसे- लेमनग्रास, लहसुन, लेवेंडर, गेंदा, तुलसी, सिट्रोनेला इत्यादि लगाएं।

स्वयं का रोजगार स्थापित करने ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित
मंडला 27 जुलाई 2023
मध्यप्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा संचालित प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजनान्तर्गत जिले में स्वरोजगार की संभावना एवं स्वयं का रोजगार स्थापित करने के उद्देश्य से मण्डला के लिए 40 हितग्राहियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रबंधक खादी तथा ग्रामोद्योग ने बताया कि बोर्ड द्वारा विभिन्न रोजगारन्मुखी व्यवसायों जैसे- सिलाई, रेडीमेड गारमेंट, बेकरी, फूड प्रोसेसिंग, कम्प्यूटर हार्डवेयर रिपेयरिंग, प्लम्बर, दोनापत्तल, टू-व्हीलर, थ्री-व्हीलर, मरम्मत, ट्रेक्टर रिपेयरिंग, मोबाईल रिपेयरिंग, ढाबा रेस्टोरेन्ट, राईस मिल, फोटोकॉपी, कम्प्यूटर ऑनलाईन सर्विस, आटाचक्की, तेल मिल, टेन्ट हाउस, फर्नीचर निर्माण, एवं रेपेरिंग, निर्माणकार्य से सबंधित आदि ट्रेडों में स्वयं का व्यवसाय किये जाने हेतु ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए प्रबंधक, खादी ग्रामोद्योग जिला पंचायत मण्डला मोबाईल नम्बर- 8959500194 एवं एस.एल. वरकडे मो. 9424361125 पर सम्पर्क कर सकते हैं।

स्वरोजगार प्रशिक्षण प्राप्त करने ऑनलाईन आवेदन आमंत्रित
मंडला 27 जुलाई 2023
प्रबंधक मध्यप्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में स्वरोजगार की संभावना एवं स्वयं का रोजगार स्थापित करने के उद्देश्य से मण्डला के लिए 25 प्रशिक्षणार्थियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रशिक्षणार्थियों को जिला स्तर पर ही प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जायेगा। बोर्ड द्वारा विभिन्न रोजगारन्मुखी व्यवसायों जैसे- फैशन डिजाईनिंग, बेसिक सिलाई गारमेंट, लेदर कम्प्यूटर हार्डवेयर गुड्न, बेकरी, फूड प्रोसेसिंग फल एवं सब्जी (आचार, पापड़, मसाले एवं अन्य), रिपेयरिंग, कम्प्यूटर एकाउण्ट विथ टेली, घरेलू उपकरण मरम्मत, इलेक्ट्रीशियन, प्लम्बर, राज मिस्त्री, दोना पत्तल, टू-व्हीलर, थ्री-व्हीलर, मरम्मत, ट्रेक्टर रिपेयरिंग, कम्प्यूटर ऑपरेटर, कारपेंटर, मोबाईल रिपेयरिंग, जिक-जेक मशीन इम्ब्रोइडरी, जरी जरदोसी, विडियोग्राफी, फोटोग्राफी, मोटर वाइरिंग मेनुअल ज्वेलरी डिजाईन, अगरबत्ती निर्माण, रिटेल सेल एसोसिएट आदि में प्रशिक्षण प्राप्त करने हेतु आवेदन ऑनलाईन 31 जुलाई से 5 अगस्त 2023 तक आमंत्रित किये गए हैं। कौशल विकास प्रशिक्षण प्राप्त करने हेतु ऑनलाईन आवेदन बोर्ड की विभागीय वेबसाईट http://crisponlineservices.com/Services/khadi/User_Registration_khadi.aspx पर किया जा सकता है। अधिक जानकारी के लिए प्रबंधक, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड, जिला पंचायत मण्डला मोबाईल नम्बर- 8959500194 पर सम्पर्क कर सकते हैं।

निर्वाचन हेतु विशेष पुलिस अधिकारी नियुक्त करने समीक्षा बैठक 29 को
मण्डला 27 जुलाई 2023
उप जिला निर्वाचन अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक मण्डला के माध्यम से आगामी विधानसभा आम निर्वाचन 2023 के दौरान जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्र के लिए प्रारंभिक रूप से कुल 1778 विशेष पुलिस (एसपीओ) की आवश्यकता होना प्रतिवेदित किया गया है। चुनाव के दौरान जिला पुलिस बल की कमी होने पर विभिन्न विभागों के वर्दीधारी कार्मिकों को विशेष पुलिस अधिकारी नियुक्त कर मतदान केन्द्रों पर तैनात किया जाता है। मुख्य निर्वा.पदा. मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देशानुसार होमगार्ड, वनरक्षक, रेंजर, फॉरेस्टर, आबकारी निरीक्षक, कांस्टेबिल, मंडी निरीक्षक, उप निरीक्षक, कोटवार, एनसीसी, हेण्डपम्प मैकेनिक, गैंगमैन आदि को विशेष पुलिस अधिकारी नियुक्त किया जा सकता है।
जिले में विशेष पुलिस अधिकारी की नियुक्ति के लिए कार्मिकों की उपलब्धता के आंकलन हेतु कलेक्टर द्वारा 29 जुलाई 2023 को अपरान्ह 3 बजे से जिला योजना भवन के सभाकक्ष में एक बैठक रखी गई है। जिला स्तरीय कार्यालय प्रमुख जिले में स्थित अपने सभी अधीनस्थ कार्यालयों की जानकारी सहित तथा सभी अनुविभागीय अधिकारी (रा.) अपने अनुविभाग की सभी तहसीलों के कोटवारों की सूची सहित बैठक में उपस्थित होंगे। सभी प्राचार्य बैठक में अपनी संस्था के एनसीसी केडिट्स की सूची लेकर आएंगे।

