मतदाता सूची में नाम जुड़वाने आज अंतिम अवसर
मण्डला 10 सितम्बर 2023
फोटोयुक्त मतदाता सूची के द्वितीय संक्षिप्त पुनरीक्षण 2023 के तहत दावा आपत्ति 11 सितंबर तक लिए जाएंगे। पुनरीक्षण कार्य के लिए मतदान केन्द्र स्तर पर शिविर लगाकर कार्यवाहियां संपादित की जा रही हैं। इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 अक्टूबर 2023 की स्थिति में 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले व्यक्ति फॉर्म भरकर अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं। इसी प्रकार मृत व्यक्तियों के नाम काटने तथा मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन के लिए भी आवेदन किया जा सकता है। फॉर्म भरने के लिए 11 सितंबर 2023 अंतिम तिथि नियत है। आवश्यक फॉर्म सभी बीएलओ के पास निःशुल्क उपलब्ध हैं। ऑनलाइन के माध्यम से भी आवेदन किए जा सकते हैं। जिले के मतदाताओं से अपील की गई है कि 11 सितम्बर तक मतदान केन्द्र में उपस्थित होकर दावा आपत्ति के लिए आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।

छात्रावासों में आयोजित की गई स्वीप गतिविधियाँ
मंडला 10 सितम्बर 2023
आगामी विधानसभा निर्वाचन 2023 के मद्देनजर जिले में स्वीप गतिविधियों का लगातार आयोजन किया जा रहा है। इन आयोजनों के माध्यम से ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्र के मतदाताओं को निष्पक्ष मतदान के लिए प्रेरित कर मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए जागरूकता लाई जा रही है। इसी क्रम में जिले के कस्तूरबा गाँधी बालिका छात्रावास सेकेंडरी एजुकेशन मोहगांव एवं घुघरी की छात्राओं द्वारा चित्रकला, स्लोगन एवं नारे के माध्यम से लोगों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने तथा नैतिक मतदान के लिए प्रेरित किया गया।

नोडल अधिकारियों की बैठक आज
मंडला 10 सितम्बर 2023
विधानसभा आम निर्वाचन 2023 के तहत नियुक्त नोडल अधिकारियों की समीक्षा बैठक 11 सितम्बर 2023 को आयोजित की गई है। यह बैठक जिला योजना भवन में टीएल के बाद होगी। समस्त नोडल अधिकारियों को वांछित जानकारी के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।

पेंशन प्रकरणों के निराकरण के लिए शिविर आज से
मंडला 10 सितम्बर 2023
सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लंबित पेंशन प्रकरणों के निराकरण हेतु 11 सितम्बर से 22 सितंबर 2023 तक जिला पेंशन कार्यालय मंडला में पेंशन शिविर का आयोजन किया गया है। कलेक्टर ने सभी कार्यालयों को निर्देशित किया है कि शिविर में अपने कार्यालय में लंबित प्रकरण अगस्त 2023 तक के एवं पेंशन प्रकरणों में लगाई गई पूर्व आपत्ति का निराकरण कर प्रातः 11 बजे से सायं 4 बजे तक लंबित पेंशन प्रकरण अनिवार्य रूप से जमा करना सुनिश्चित करेंगे।

दीनदयाल स्पर्श छात्रवृति योजना के लिए आवेदन 15 सितम्बर तक
मण्डला 10 सितंबर 2023
भारतीय डाक विभाग फिलैटली छात्रवृति योजना ’दीन दयाल स्पर्श योजना’ वर्ष 2023-24 के अन्तर्गत कक्षा 6 से 9 तक के विद्यार्थियों के लिए छात्रवृति प्रदाय करने हेतु आवेदन पत्र आमंत्रित करता है जिसमें कक्षा 6 से कक्षा 9 तक प्रत्येक कक्षा में चयनित 10-10 विद्यार्थियों को छात्रवृति प्रदान की जाएगी। छात्रवृति की राशि रुपए 6 हजार रूपए एक वर्ष के लिए होगी। विस्तृत जानकारी भारतीय डाक विभाग की वेबसाइट http://www.indiapost.gov.in से अथवा संबंधित प्रवर अधीक्षक डाकघर/अधीक्षक डाकघर कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है। मंडला व डिंडोरी जिले के विद्यार्थी अधीक्षक डाकघर, मंडला संभाग मंडला के कार्यालय से जानकारी प्राप्त कर सकते है।
योजना के लिए पात्रता शर्तें
आवेदक को संबंधित विद्यालय में स्थित फिलैटली क्लब का सदस्य होना चाहिए, यदि किसी विद्यालय में फिलैटली क्लब नहीं है तो विद्यार्थी/प्रीतियोगी का किसी भी डाकघर में सक्रिय फिलैटली जमा खाता होना चाहिए, बिना फिलैटली जमा खाते के आवेदनों पर विचार नहीं किया जायेगा। छात्रवृत्ति की राशि मान्यता प्राप्त विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा 6वीं से 9वीं तक के नियमित छात्रों को वार्षिक आधार पर वितरित की जाती है। प्रतियोगी का विगत परीक्षा का परिणाम 60 प्रतिशत अथवा समांतर ग्रेड से अधिक होना चाहिए।
चयन प्रक्रिया में 2 स्तर होंगे
स्तर 1- लिखित क्विज परीक्षा 24 सितंबर 2023 को आयोजित की जाएगी, जिसमें 50 बहुविकल्पीय प्रशन समसामयिकी, इतिहास, भूगोल, विज्ञान, खेल, संस्कृति प्रत्येक से 5 प्रश्न एवं स्थानीय व राष्ट्रीय फिलैटली से संबंधित क्रमशः 10 एवं 15 प्रश्न रहेंगे, लिखित क्विज की समय अवधि एक घंटा रहेगी। लिखित परीक्षा हेतु प्रवेश पत्र द्वारा स्थान एवं समय की सूचना दी जायेगी। लिखित परीक्षा में उपस्थित होने के लिए कोई भी यात्रा व्यय देय नहीं होगा। स्तर 2- लिखित क्विज में चयनित विद्यार्थियों को स्तर 2 में भाग लेने हेतु फिलैटली प्रोजेक्ट प्रस्तुत करना होगा, फिलैटली प्रोजेक्ट प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 15 नवम्बर 2023 तक रहेगी। फिलैटली प्रोजेक्ट हेतु विषय अलग से सूचित किये जाएंगे।
आवेदन प्रक्रिया
उक्त छात्रवृत्ति योजना में भाग लेने हेतु आवेदन पत्र नजदीकी डाकघर में उपलब्ध होंगे तथा निर्धारित प्रारूप में पूर्ण रूप से भरा हुआ आवेदन पत्र अन्तिम तारीख को 4 बजे तक या उसके पहले अधीक्षक डाकघर, मंडला संभाग मंडला के कार्यालय के पते पर रजिस्टर्ड, स्पीडपोस्ट, साधारण डाक के माध्यम से भेजा जाना है। आवेदन पत्र के लिफाफे पर स्पष्ट रूप से दीनदयाल स्पर्श छात्रवृति योजना वर्ष 2023-24 लिखा हुआ होना आवश्यक है। आवेदन पत्र प्रेषित करने की समय सीमा 15 सितम्बर 2023 को शाम 4 बजे तक है। इसके बाद प्राप्त आवेदनों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा। आवेदन पत्र पर पता निम्नानुसार होगा- (अधीक्षक डाकघर, मंडला संभाग, मंडला पिन- 481661) अधीक्षक डाकघर का पता अपने निकटतम डाकघर से प्राप्त किया जा सकता है।

सघन मिशन इंद्रधनुष 5.0: द्वितीय चरण 11 से 16 सितंबर तक
मण्डला 10 सितंबर 2023
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय नई दिल्ली के निर्देशानुसार नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के सुदृढ़ीकरण तथा मीजल्स-रूबेला वैक्सीन की डोज से छूटे हुए 5 वर्ष तक के बच्चों को टीकाकृत किये जाने हेतु प्रदेश में सघन मिशन इन्द्रधनुष अभियान 5.0 के तीन चरण आयोजित किये जाने हैं। सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान 5.0 का द्वितीय चरण 11 से 16 सितंबर 2023 तथा तृतीय चरण 9 से 14 अक्टूबर 2023 तक आयोजित किया जाएगा। प्रत्येक चरण 6 कार्यदिवसों में आयोजित किया जायेगा, जिसमें नियमित टीकाकरण दिवस (मंगलवार/शुक्रवार) भी सम्मिलित होंगे। अभियान अन्तर्गत टीकाकरण से वंचित 0 से 5 वर्ष आयु के लेफ्ट-आउट/ड्रॉप-आउट बच्चों तथा गर्भवती महिलाओं को, आशा/आंगनवाड़ी कार्यकर्ता द्वारा घर-घर हेडकाउंट सर्वे उपरांत, ड्यूलिस्ट अनुसार चिन्हित कर यू-विन पोर्टल के माध्यम से पंजीयन उपरांत टीकाकृत किया जायेगा।

आज कान्हा के संजय टाईगर रिसोर्ट में होगा संभागीय सम्मेलन
.राष्ट्रीय अध्यक्ष करेंगे समाजसेवियों का सम्मान
मण्डला। श्रमजीवी पत्रकार परिषद का संभागीय सम्मेलन आज 11 सितंबर को कान्हा नेशनल पार्क के ग्राम मोचा के संजय टाईगर रिसोर्ट मे किया गया है। यहां प्रेस क्लब ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट एसोसिएशन के नवीन रिसोर्ट दी संजय टाईगर रिसोर्ट एण्ड रेस्टोरेन्ट का भी शुभारंभ होगा। जिला अध्यक्ष नीरज अग्रवाल ने बताया कि इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष परमानंद तिवारी, राष्ट्रीय संयोजक नलिनकांत बाजपेयी, राष्ट्रीय प्रवक्ता गंगा चरण मिश्रा, प्रदेश अध्यक्ष देवशंकर अवस्थी, प्रदेश महासचिव राजेश दुबे, प्रदेश उपाध्यक्ष विलोप पाठक, संभागीय अध्यक्ष राजीव उपाध्याय मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। वहीं कलेक्टर डॉ सलोनी सिडाना, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, मंडला विधायक देवसिंह सैयाम, बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा, निवास विधायक डॉ. अशोक मर्सकोले, नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, नगर पालिका उपाध्यक्ष अखिलेश कछवाहा, जिला पंचायत सदस्य कौशल्या मरावी सहित जिले के गणमान्य नागरिक और जनप्रतिनिधि इस कार्यक्रम के साक्षी बनेंगे। वहीं प्रदेश महासचिव राजेश दुबे, राजेंद्र मिश्रा, सुनील साहू, अनुशासन समिति के प्रदेश अध्यक्ष मयंक तिवारी, संभागीय अध्यक्ष राजीव उपाध्याय, संभागीय महासचिव चन्द्रशेखर शर्मा सहित कटनी जिलाध्यक्ष गोपाल सिंघानिया, जबलपुर जिला अध्यक्ष रविंद्र शर्मा, रीवा संभागीय अध्यक्ष केजी शर्मा बब्बला भैया, मैहर जिला अध्यक्ष सावन जायसवाल, बालाघाट जिला अध्यक्ष राकेश सिंगारे, नरसिंहपुर जिलाध्यक्ष वारिज वाजपेयी सहित डिंडोरी, छिंदवाड़ा जिले के जिलाअध्यक्ष, जिले के महासचिव सहित पूरे संभाग के पधाधिकारी इस महत्पूर्ण सम्मेलन में उपस्थित रहेंगे। रिसोर्ट क्लब परिवार के प्रभारी सुरेश कांबले एवं कोषाध्यक्ष उत्पलकांत शर्मा, फलक कांबले ने बताया कि 11 सितंबर को प्रेस कलब आफ वर्किंग जर्नलिस्ट एसोसिएशन सादर आमंत्रित किया कार्यक्रम की पूर्ण तैयारी की जा चुकी है। इस दौरान लगभग 200 लोगों का सम्मान होगा जिनमें जिले के पत्रकार, डॉक्टर्स, समाजसेवी, अधिकारी, कर्मचारी और व्यापारी शामिल हैं। पत्रकार परिषद जिला ईकाई मण्डला ने गणमान्य नागरिकों से कार्यक्रम में पहुंचने अपील की है।

