मुख्यमंत्री द्वारा मुख्यमंत्री लाड़ली बहना आवास योजना का शुभारंभ
मंडला 17 सितम्बर 2023
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना आवास योजना का शुभारंभ किया। विभिन्न आवास योजनाओं में आवास सुविधा का लाभ मिलने से छूटे परिवारों को इस योजना में आवास उपलब्ध कराया जाएगा। कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में हुए राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायतों में देखा एवं सुना गया। कार्यक्रम में एनआईसी कक्ष मंडला से जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, पूर्व राज्यसभा सांसद संपतिया उईके, जिला पंचायत सदस्य संदीप सिंह, सावित्री धूमकेती, सांसद प्रतिनिधि जयदत्त झा, जिला पंचायत सीईओ श्रेयांश कूमट तथा लाड़ली बहनों ने भी सहभागिता की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री लाड़ली बहना आवास योजना के लिए लाड़ली बहनों के फॉर्म भी भरे गए।

उचित मूल्य दुकानों के लिए आवेदन आमंत्रित
मंडला 17 सितम्बर 2023
म.प्र. सार्वजनिक वितरण प्रणाली नियंत्रण आदेश 2015 में दिये गये प्रावधान अनुसार प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक उचित मूल्य दुकान संचालित की जाना है। विकासखण्ड घुघरी अन्तर्गत 20 ग्राम पंचायत तथा मोहगांव अंतर्गत 3 में उचित मूल्य दुकानें पूर्व संचालक संस्था के समर्पित करने के कारण रिक्त हैं।
खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की वेबसाइट https://rationmitra.nic.in पोर्टल पर पात्र संस्थाऐं 15 अक्टूबर 2023 तक ऑनलाईन आवेदन कर सकते हैं। नियत तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर कोई विचार नहीं किया जायेगा। दुकान आवंटन की कार्यवाही संबंधित अनुभाग के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) द्वारा की जायेगी।

प्रशिक्षण 18 सितंबर को
मंडला 17 सितम्बर 2023
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी म.प्र. द्वारा दिए गए निर्देशानुसार बीएलओ ऐप में एच 2 एच सर्वे का कार्य 20 से 30 सितंबर 2023 के मध्य पूर्ण कराया जाना है। इस संबंध में चिन्हित बीएलओ का प्रशिक्षण 18 सितंबर को अपरान्ह 1 बजे से कलेक्ट्रेट मंडला के वीडियो कॉन्फ्रेसिंग कक्ष में आयोजित किया गया है। सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को प्रशिक्षण में अपने विधानसभा क्षेत्र से 6-6 बीएलओ की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

नोडल अधिकारियों की बैठक आज
मंडला 17 सितम्बर 2023
विधानसभा आम निर्वाचन 2023 के तहत निर्वाचन से संबंधित कार्यों के मूल्यांकन एवं ईव्हीएम मशीन के संचालन के संबंध में नियुक्त नोडल अधिकारियों की बैठक 18 सितम्बर 2023 को आयोजित की गई है। यह बैठक जिला योजना भवन में टीएल के बाद होगी। समस्त नोडल अधिकारियों को वांछित जानकारी के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।

आत्मा गवर्निंग बोर्ड की बैठक आज
मंडला 17 सितम्बर 2023
आत्मा गवर्निंग बोर्ड की बैठक एवं कृषक वैज्ञानिक परिचर्चा 18 सितंबर 2023, दिन सोमवार को कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला योजना भवन में आयोजित होगी। बैठक में सभी अधिकारियों को विभागीय जानकारी के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

मेडीकल कॉलेज के लिए भूमि आवंटन के लिए सैद्धांतिक स्वीकृति
मंडला 17 सितम्बर 2023
मंडला में स्वीकृत 150 सीटर मेडीकल कॉलेज के भवन निर्माण के लिए भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा भूमि आवंटन के लिए सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की गई है। मेडीकल कॉलेज के लिए भवन निर्माण के लिए नोडल संस्था शिक्षा चिकित्सा विभाग तथा क्रियान्वयन एजेंसी बिल्डिंग डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन होगी। मेडीकल कॉलेज भवन के लिए स्वीकृत यह भूमि ग्राम आमानाला में है।

