एनकोर डेटा एंट्री में पर्याप्त सावधानी बरतें – डॉ. सिडाना
जिला निर्वाचन अधिकारी ने की मतगणना की तैयारियों की समीक्षा
मंडला 1 दिसम्बर 2023
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने रिटर्निंग तथा सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की बैठक में 3 दिसंबर को होने वाली मतगणना की तैयारियों की समीक्षा की। उन्हांेने निर्देशित किया कि मतगणना से संबंधित सभी तैयारियां जल्द पूर्ण करें। तैयारियों को त्रुटिरहित बनाएं। कलेक्ट्रेट के गोलमेज सभाकक्ष में संपन्न हुई इस बैठक में पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देशित किया कि मतगणना कार्य में संलग्न सभी अधिकारी, कर्मचारी, अभिकर्ता आदि के पात्रतानुसार प्रवेश पत्र जारी करें। सुनिश्चित करें कि बिना प्रवेश पत्र के किसी भी व्यक्ति को प्रवेश न दिया जाए। गणना कक्ष में कम्प्यूटर, फोटोकॉपी मशीन, स्केनर सहित अन्य सामग्रियों की उपलब्धता जल्द सुनिश्चित करें। डॉ. सिडाना ने कहा कि मतगणना के संबंध में सौंपे गए सभी कार्यों को गंभीरतापूर्वक संपादित करें। निर्वाचन से संबंधित कार्यों में गलती के लिए कोई स्थान नहीं होता। एनकोर डेटा की एंट्री में पर्याप्त सावधानी बरतें। उन्हांेने कहा कि अधिकारी, कर्मचारियों को गेट क्रं. 2 से प्रवेश मिलेगा जो पॉलीटेक्निक भवन में सामग्री वितरण स्थल पर बनाए गए गेट से आवंटित गणना कक्ष तक पहुंचेंगे। अभ्यर्थी, अभिकर्ता एवं मीडियाकर्मियों को गेट क्रं. 1 से प्रवेश दिया जाएगा। कलेक्टर ने सुरक्षा व्यवस्था, ईव्हीएम लाने ले जाने का मार्ग, स्ट्राँग रूम, रेंडमाईजेशन, डाक मतपत्र की गिनती, मतगणना के पश्चात सीलिंग, पेयजल, प्रसाधन आदि के संबंध में भी विस्तृत निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन की आदर्श आचरण संहिता तथा धारा 144 के तहत प्रतिबंध प्रभावशील हैं जिनका पालन सुनिश्चित कराएं।

गणनाकर्मियों के लिए चाय, नाश्ता एवं भोजन की व्यवस्था
मतगणना कार्य में संलग्न अधिकारी, कर्मचारियों के लिए मतगणना स्थल पर चाय, नाश्ता एवं भोजन की व्यवस्था की गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देशित किया कि प्रदाय की जा रही सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखें। गणना अधिकारियों को प्रवेश द्वार के निकट आदेश वितरण स्थल पर ही नाश्ता एवं चाय का वितरण करें। भोजन का वितरण गणना स्थल पर किया जाएगा। उन्होंने अभिकर्ताओं के लिए चाय, नाश्ता, भोजन लाने के लिए संबंधितों को प्रवेश पत्र जारी करने के निर्देश दिए।

जिला जनसंपर्क कार्यालय मंडला (म.प्र.)
समाचार
मतगणना दल का द्वितीय रेंडमाईजेशन आज
मंडला 1 दिसम्बर 2023
विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के अंतर्गत बिछिया, निवास एवं मंडला विधानसभा क्षेत्रों के मतों की गणना 3 दिसंबर को प्रातः 8 बजे से शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय मंडला में की जाएगी। इस हेतु मतगणना दल के गठन के लिए द्वितीय रेंडमाईजेशन की कार्यवाही 2 दिसंबर को प्रातः 8 बजे से एनआईसी कक्ष मंडला में की जाएगी।

समाचार
मतगणना दल एवं माईक्रोऑब्जर्वर का प्रशिक्षण आज
मंडला 1 दिसम्बर 2023
विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के अंतर्गत बिछिया, निवास एवं मंडला विधानसभा क्षेत्रों के मतों की गणना 3 दिसंबर को प्रातः 8 बजे से शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय मंडला में की जाएगी। मतगणना हेतु गठित दल एवं माईक्रोऑब्जर्वर का प्रशिक्षण 2 दिसंबर को प्रातः 10ः30 बजे से 11ः30 बजे तक पॉलीटेक्निक महाविद्यालय मंडला के छात्रावास भवन में आयोजित किया जा रहा है।

जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार ईव्हीएम से मतगणना के संबंध में ईव्हीएम गणना सुपरवाईजर, गणना सहायक एवं माईक्रोऑब्जर्वर का प्रशिक्षण पॉलीटेक्निक महाविद्यालय मंडला के छात्रावास भवन क्रं. 2 में तथा पोस्टल बैलेट की गणना के संबंध में पोस्टल बैलेट गणना सुपरवाईजर, गणना सहायक एवं माईक्रोऑब्जर्वर का प्रशिक्षण पॉलीटेक्निक महाविद्यालय मंडला के छात्रावास भवन क्रं. 3 में संपन्न होगा।

समाचार
मतगणना की मॉकड्रिल आज
मंडला 1 दिसम्बर 2023
विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के अंतर्गत बिछिया, निवास एवं मंडला विधानसभा क्षेत्रों के मतों की गणना 3 दिसंबर को प्रातः 8 बजे से की जाएगी। मतगणना की मॉकड्रिल 2 दिसंबर को 12 बजे से 1 बजे के मध्य मतगणना स्थल शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय मंडला में की जाएगी। मॉकड्रिल में ईव्हीएम ट्रांसपोटेशन स्टॉफ एवं रनर्स सम्मिलित होंगे। संबंधितों को निर्धारित समय पर उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

समाचार
अभ्यर्थी एवं अभिकर्ता आज करेंगे मतगणना स्थल का भ्रमण
मंडला 1 दिसम्बर 2023
विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के अंतर्गत बिछिया, निवास एवं मंडला विधानसभा क्षेत्रों के मतों की गणना 3 दिसंबर को प्रातः 8 बजे से शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय मंडला में की जाएगी। अभ्यर्थी एवं निर्वाचन अभिकर्ताओं को 2 दिसंबर को दोपहर 1 बजे से 1ः30 बजे तक मतगणना स्थल का भ्रमण कराया जाएगा। इस दौरान उन्हें मतगणना की प्रक्रिया से अवगत कराया जाएगा।

समाचार
3 दिसम्बर को शुष्क दिवस घोषित
मंडला 1 दिसम्बर 2023
विधानसभा निर्वाचन 2023 के तहत कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मण्डला द्वारा सम्पूर्ण जिले में मतगणना दिवस 3 दिसंबर 2023 को संपूर्ण दिवस के लिये शुष्क दिवस घोषित किया गया है। जारी आदेश अनुसार शुष्क दिवस, अवधि में जिले की समस्त कम्पोजिट मदिरा दुकानें, रिसोर्ट तथा बार से किसी भी मदिरा का विक्रय अथवा सेवा प्रतिबन्धित किया गया है। इसके अतिरिक्त जिले के सम्पूर्ण विधानसभा मतदान क्षेत्र में किसी भी होटल, आहार गृह, गैर मालिकाना क्लब मधुशाला में अथवा अन्य किसी सार्वजनिक तथा निजी स्थान में कोई भी स्प्रिटयुक्त किण्वित या मादक लिकर या वैसी ही प्रकृति या अन्य पदार्थ का भी विक्रय, वितरण प्रतिबन्धित रहेगा।

समाचार
कलेक्टर एवं एसपी ने लिया मतगणना की तैयारियों का जायजा
मंडला 1 दिसंबर 2023
विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के तहत जिले की बिछिया, निवास एवं मंडला विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना 3 दिसंबर 2023 को शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय मंडला में होगी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना एवं पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने मतगणना स्थल का निरीक्षण करते हुए तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र कुमार सिंह, संयुक्त कलेक्टर अरविंद सिंह, सीएल वर्मा एवं हुनेन्द्र घोरमारे, ईईपीआईयू जीपी पटले, ईईपीडब्ल्यूडी शारदा सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देशित किया कि प्रवेश पत्रधारकों को ही मतगणना स्थल में प्रवेश दिया जाए। मुख्य द्वार से प्रत्याशी, अभिकर्ता तथा मीडियाकर्मियों को प्रवेश दिया जाए इसी प्रकार पॉलीटेक्निक भवन के पीछे सामग्री वितरण स्थल पर बने गेट से शासकीय अधिकारी, कर्मचारियों को प्रवेश दिया जाए। मतगणना स्थल पर मोबाइल प्रतिबंधित रहेगा। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि ईव्हीएम लाने-ले-जाने के लिए मार्ग में विधानसभावार चिन्हांकन का कार्य पूर्ण करें। इस संबंध में संबंधित अधिकारी, कर्मचारियों की ब्रीफिंग करें। 2 दिसंबर को मॉकड्रिल करें। पूरे केंपस को सीसीटीव्ही कैमरा से कवर करें। गणना कक्ष में अभिकर्ताओं की संख्या के आधार पर बैठक व्यवस्था रखें। समूचे परिसर में विद्युत की आपूर्ति लगातार बनाए रखें। विद्युत की वैकल्पिक व्यवस्था के इंतजाम करें। कलेक्टर ने एनकोर एंट्री, मीडिया सेंटर, उद्घोषणा, प्रसाधन, चिकित्सा, पेयजल, भोजन वितरण आदि के संबंध में भी विस्तृत निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने मतगणना स्थल पॉलीटेक्निक परिसर के गेट, गणना कक्ष, ईव्हीएम, पार्किंग सहित अन्य स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

काशी विश्वनाथ वैदिक गुरुकुल में सनातन धर्म परिचय सम्मेलन का आयोजन
मंडला – काशी विश्वनाथ वैदिक गुरुकुल जिलहरी घाट गयाजीपुर मंडला में गुरुकुल के संचालक आचार्य भीमदेव नैष्ठिक जी द्वारा 15, 16, 17 दिसंबर को तीन दिवसीय सनातन धर्म परिचय शिविर का आयोजन किया गया है इस सनातन धर्म परिचय शिविर के मुख्य वक्ता के रूप में अंतर्राष्ट्रीय प्रवक्ता आचार्य योगेश भारद्वाज जी (कुलपति – आर्ष विद्याकुलम) मुजफ्फरनगर उत्तरप्रदेश से पधार रहे हैं इस शिविर का मुख्य उद्देश्य यह है कि हम धर्म को जान पाए क्योंकि हम सभी को धर्म की जानकारी न होने की वजह से हम अपने जीवन में गलत कार्यों को भी व पाखंड – ढोंग को भी धर्म मानकर के करते रहते हैं और जीवन में खूब पाप करते रहते हैं, ऐसे कर्म हम सभी से ना हो जाए जिसको हम धर्म मानकर के कर रहे हैं जो की पूर्ण तरीके से अधर्म है इसलिए हमें धर्म की जानकारी अवश्य होनी चाहिए कि क्या धर्म है और क्या अधर्म है और हमें पता होना चाहिए कि हमारे जीवन का क्या उद्देश्य है इस शिविर में 16 वर्ष के ऊपर की आयु के सभी व्यक्ति भाग ले सकते हैं जिसमें जुड़कर वे जान पाएंगे कि धर्म क्या है अधर्म क्या है, जीवन क्या है जीवन का क्या उद्देश्य है, ईश्वर का अस्तित्व है या नहीं, पाखंड व व्यसनों से बचने का उपाय, सुखी जीवन, उन्नत समाज व वैभवशाली राष्ट्र बनाने के उपाय आदि विषयों पर इस तीन दिवसीय शिविर में प्रशिक्षण दिया जाएगा ऐसे इन सारे विषयों के बारे में हम सभी को जानकारी होनी चाहिए जिससे कि आज का युवा अपने जीवन को एक नई दिशा दे सके व अपनी संतानों को भी उज्जवल भविष्य के लिए प्रेरणा कर सके।

नोट – शिविर शुल्क मात्र ₹500 रखा गया है, आप सभी 10 दिसंबर तक रजिस्ट्रेशन करा ले।
भोजन व रहने की व्यवस्था गुरुकुल की ओर से की जाएगी, इस कार्यक्रम में आप सब का सहयोग अपेक्षित है।
शिविर की दिनचर्या इस प्रकार रहेगी –
प्रथम दिवस की दिनचर्या –
प्रात: जागरण – 5:00 बजे
स्नान आदि नृत्य कर्म – 5:05 से 6:30 तक
संध्या – 6:45 से 7:15 तक
यज्ञ – 7:30 से 8:30 तक
प्रातःराश – 8:30 से 9:00 तक
भजन – 9:00 से 9:15 तक
विषय (प्रस्तावना एवं ईश्वर) – 9:30 से 10:45 तक
विषय (वेद) – 11:00 से 12:45 तक
भोजन एवं विश्राम – 1:00 से 2:30 तक
भजन – 2:30 से 2:45 तक
विषय (धर्म) – 2:45 से 4:15 तक
भ्रमण, मुक्त समय – 4:30 से 5:00 तक
यज्ञ एवं संध्या – 5:00 से 6:00 तक
भोजन – 6:00 से 7:00 तक
भजन एवं भ्रमण – 7:15 से 7:45 तक
विषय (भूत, प्रेत, देव) – 7:45 से 9:15 तक
रात्रि कालीन मंत्रपाठ – 9:20
द्वितीय व तृतीय दिवस की भी दिनचर्या इसी प्रकार होगी बस विषय बदल जाएंगे जो की निम्नानुसार होंगे –
द्वितीय दिवस के विषय –
– उपासना
– अर्थ
– व्यसन
– शंका समाधान
तृतीय दिवस के विषय –
– राष्ट्र की वर्तमान स्थिति एवं समाधान
– पंच कुंडीय यज्ञ व यज्ञोपवीत धारण, सभी आगंतुक अतिथियों एवं दानी सज्जनों का धन्यवाद् व भोजन (प्रसाद)

