’निर्झरणी महोत्सव’ आज
शीला त्रिपाठी देगी भक्ति गीतों की प्रस्तुति
मंडला 15 फरवरी 2024
पवित्र माँ नर्मदा के प्रति धन्यता के उत्सव के रूप में 16 फरवरी 2024 को निर्झरणी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम रपटाघाट मंडला में शाम 6:30 बजे से प्रारंभ होगा जिसमें विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जायेगी।
इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार निर्झरणी महोत्सव का आयोजन संस्कृति विभाग मध्यप्रदेश शासन व जिला प्रशासन द्वारा किया जा रहा है जिसमें शीला त्रिपाठी एवं साथी भोपाल द्वारा भक्ति गीतों की प्रस्तुतियाँ दी जाएंगी। कार्यक्रम में नीता वर्मा एवं साथी छिंदवाड़ा द्वारा हनुमान लीला-नाट्य प्रस्तुत किए जाएंगे।

जिला स्तरीय मीडिया सर्टिफिकेशन एवं मॉनिटरिंग कमेटी गठित
मण्डला 15 फरवरी 2024
लोकसभा निर्वाचन 2024 हेतु पेड न्यूज, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, प्रिंट मीडिया एवं सोशल मीडिया से संबंधित प्रकरणों के निराकरण किए जाने एवं विज्ञापनों के प्रमाणीकरण के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना की अध्यक्षता में जिला स्तरीय मीडिया सर्टिफिकेशन एण्ड मॉनिटरिंग कमेटी का गठन किया गया है। समिति में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र कुमार सिंह, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बिछिया सर्जना यादव, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व निवास मो. शाहिद खान, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मण्डला सोनल सिडाम, सहा.यंत्री ज.पं. मोहगांव राहुल मंडरहा, साइबर सेल पुलिस कंट्रोल रूम सुरेश भटेरे एवं सूर्यचंद बघेल, प्रोग्राम एग्जीक्यूटिव आकाशवाड़ी केन्द्र मण्डला शुभम तिवारी, अधिमान्य पत्रकार राजेश साहू तथा प्रभारी सहायक संचालक जनसंपर्क अनादि वर्मा (सदस्य सचिव) को सम्मिलित किया गया है।

4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत
मंडला 15 फरवरी 2024
रीताबाई ग्राम कोंडरा उर्फ चौकी निवासी की 22 जुलाई 2023 को सर्पदंश से मुत्यु हो जाने के कारण अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) निवास द्वारा मृतक के निकटतम वारसान के रूप में पति राजूलाल को 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।

राजस्व अभियान अन्तर्गत समीक्षा बैठक 17 को
मण्डला 15 फरवरी 2024
राजस्व अभियान की समीक्षा बैठक 17 फरवरी को प्रातः 10:30 बजे से कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना की अध्यक्षता में आयोजित की गई है जिसमें राजस्व अभियान अन्तर्गत समस्त घटकों की समीक्षा की जाएगी। जिला योजना भवन में आयोजित इस बैठक में सभी संबंधित वांछित जानकारी के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।

राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन कार्यशाला 19 फरवरी को
मण्डला 15 फरवरी 2024
जिले में राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन अंतर्गत जिला स्तरीय सिकलसेल पीओसीटी की विधि को समझने एवं जनजागरूकता हेतु कार्यशाला 19 फरवरी को दोपहर 12 बजे हॉटल एसएमजे महाराजपुर में आयोजित किया गया है।

डाक चौपाल संपन्न
मण्डला 15 फरवरी 2024
सामुदायिक विकास कार्यक्रम डाक चौपाल का आयोजन रामनगर में किया गया। इस दौरान डाक विभाग से जुड़े विभिन्न जनहितैषी एवं लाभदायक योजनाएं जैसे- बचत खाता, आवर्ती जमा खाता, सावधि जमा खाता, मासिक आय योजना खाता, वरिष्ठ नागरिक बचत खाता, आई.पी.पी.बी. खाता, डाक जीवन बीमा, ग्रामीण डाक जीवन बीमा इत्यादि की जानकारी दी गई। इस अवसर पर सहायक अधीक्षक डाकघर मंडला उपसंभाग पी.एन. सिंगौर, आईपीपीबी सहायक शाखा प्रबंधक विशाल रिछारिया एवं डाक विभाग के अन्य अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
मंडला संभाग के सहायक अधीक्षक पी.एन. सिंगौर ने बीमा योजनाओं एवं इंडिया पोस्ट पेंमेंट बैंक द्वारा किस प्रकार मात्र 399 रू में 10 लाख का एक्सीडेंटल बीमा योजना कवर किया जा रहा है इत्यादि के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। डाक विभाग के अधिकारी कर्मचारियों ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विभाग की योजनाओं से जुड़ी जानकारी पर विस्तार से चर्चा करते हुए लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

सूर्यकुण्ड धाम में नर्मदा जन्मोत्सव पर कार्यक्रम
मण्डला। संचालक समिति सूर्यकुण्ड धाम श्री हनुमान मंदिर सकवाह में मां नर्मदा जयंती के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। यहां प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी श्री श्री 1008 परम श्रद्धेय प्रणेता ब्रम्हलीन श्री भारती महाराज जी द्वारा प्रशस्त माँ नर्मदा जयंती समारोह एवं माँ नर्मदा जन्मोत्सव पावनी मां रेवा के दक्षिण तट स्थित मंडला से पूर्व पर श्री सूर्यकुण्ड धाम सकवाह के श्री हनुमान मंदिर प्रागंण में आयोजित किया गया है। यह कार्यक्रम माघ कृष्ण मौनी अमावस्या दिनांक 9 फरवरी शुक्रवार से आरंभ हुआ है। जो कि माघ शुक्ल दशमीं 19 फरवरी सोमवार को समाप्त होगा। 9 फरवरी से श्रीरामचरित मानस अखंड पाठ एवं अखंड दीप पं विजय कुमार जी चौबे घुघरी वाले के द्वारा श्री नर्मदा पुराण का मूलपाठ सुबह 8 से 11 बजे तक, प्रवचन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक किया जा रहा है। वहीं आज माँ नर्मदा जन्मोत्सव एवं नर्मदा पूजन किया जाएगा। वहीं 19 फरवरी को पूर्णाहुति, कन्याओं का प्रीतिभोज एवं महाप्रसादी वितरण के साथ समापन होगा। कार्यक्रम में संजीव कुमार अग्निहोत्री, संरक्षक भीष्म द्विवेदी, संरक्षक आकाश दीक्षित, अध्यक्ष श्री मुरलीधर पंडा सर्वकार एवं संचालन समिति के सभी सदस्य श्री सूर्यकुण्ड धाम हनुमान मंदिर सकवाह ने धर्मप्रेमियों से पहुंचने की अपील की है। यहां पर प्रति दिन बम्हमुहूर्त आरती प्रात: 3:45 बजे एवं शयन आरती रात्रि 8:30 बजे की जाती है।

