जनसुनवाई में 105 आवेदन प्राप्त, 4 का मौके पर ही निराकरण
कलेक्टर ने सुनी आमजनों की समस्याएं
मण्डला 20 फरवरी 2024
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में आमजन की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में 105 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किये। कलेक्टर ने लोगों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवेदन का समय सीमा में निराकरण करनेे निर्देश दिये। चार आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, एसडीएम सोनल सिडाम सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

3 आवेदकों को मिली आर्थिक सहायता
जनसुनवाई में पहुंचे 3 आवेदकों को कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से आर्थिक सहायता प्रदान की। जानकारी के अनुसार हनुमान जी वार्ड महाराजपुर निवासी रमोती यादव, राजीव कॉलोनी निवासी गीता श्रेंगी तथा अहमदपुर निवासी सौम्या प्रजापति ने आवेदन देकर अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुये आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की। आवेदनों के परीक्षण के उपरांत कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से तीनों आवेदकों को 5-5 हजार रूपए की सहायता तत्काल उपलब्ध कराई।

निरंजन को मिले आवश्यक दस्तावेज
ग्वारा निवासी निरंजन जंधेला ने आवेदन देते हुये कलेक्टर को बताया कि पशुधन की मृत्यु होने का दावा विद्युत मंडल में लम्बित है, जिसके लिये उसे पशु चिकित्सा विभाग से दस्तावेजों की आवश्यकता है। कलेक्टर के निर्देश पर संबंधित को मौके पर आवश्यक दस्तावेज प्रदान किये गये, जिससे उसके दावा का निराकरण संभव हो सकेगा। आज संपन्न हुई जनसुनवाई में स्वामी सीताराम वार्ड निवासी फूलवती बैरागी ने आधार कार्ड बनवाने के संबंध में, ग्राम भंवरदा के समस्त ग्रामवासियों ने खेल मैदान से अतिक्रमण हटाने के संबंध मे, ग्राम बिनेका निवासी राजेश रजक ने खपत से अधिक बिजली बिल आने के संबंध में आवेदन दिए। साथ ही जनसुनवाई में अनेक अलग-अलग विषयों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए गए।

रबी विपणन वर्ष 2024-25 के उपार्जन हेतु किसान पंजीयन 1 मार्च तक
मण्डला 20 फरवरी 2024
रबी विपणन वर्ष 2024-25 में समर्थन मूल्य पर उपार्जित गेहूं का उपार्जन केन्द्र पर विक्रय करने के लिए किसान पंजीयन 5 फरवरी 2024 से 1 मार्च 2024 तक नियत की गई है। जिले में अभी तक 2369 कृषकों ने पंजीयन कराया है। विगत वर्ष 2023-24 में 20262 कृषकों ने गेहूं विक्रय करने के लिए पंजीयन कराया था, जिन किसानों मे पिछले वर्ष पंजीयन कराया गया था, उनके लिए पिछले पंजीयन का नवीनीकरण कराना अनिवार्य है। किसान उपार्जन केन्द्र पर जाकर फसल बेचने के लिए अपने परिवार के किसी सदस्य (पिता, भाई, पति, पुत्र आदि) को किसान पंजीयन पर नामित कर सकेंगे। वे किसान, एमपी किसान ऐप (निःशुल्क), अधिकृत कियोस्क सेन्टर (कॉमन सर्विस सेन्टर, एमपी ऑनलाईन (शुल्क प्रति पंजीयन 50 रूपये) के माध्यम से ई-उपार्जन पोर्टल पर पंजीयन का नवीनीकरण करा सकते है। सिकमी कृषक, बटाईदार, कोटवार एवं वन पट्टाधारी किसान के पंजीयन की सुविधा केवल सहकारी समिति स्तर पर स्थापित पंजीयन केन्द्रों पर ही उपलब्ध है। जिले के शेष किसानों से आग्रह है कि नियत 1 मार्च 2024 तक वे आधार कार्ड, बैंक पासबुक, समग्र सदस्य आई.डी. एवं खसरा आदि की प्रति के साथ समर्थन मूल्य पर गेहूं विक्रय हेतु किसान पंजीयन केन्द्र में उपस्थित होकर अपना पंजीयन व नवीनीकरण शीघ्र करा लेवें।

एक दिवसीय उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम आज
मण्डला 20 फरवरी 2024
सूक्ष्म लघु और मध्यम उद्यम विभाग एवं जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के संयुक्त तत्वाधान में 21 फरवरी 2024 को आईटीआई मण्डला में एक दिवसीय उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में जिले के बेरोजगार युवक, युवतियों को मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, प्रधानमंत्री स्वनिधी योजना, ग्रामीण आजिविका स्व सहायता समूह, शहरी आजिविका स्व सहायता समूह, एनयूएलएम स्वरोजगार एवं प्रधानमंत्री मुद्रा योजना संबंधी जानकारी प्रदाय की जायेगी।

नगरीय विकास एवं आवास, संसदीय कार्य विभाग मंत्री का आगमन आज
मंडला 20 फरवरी 2024
नगरीय विकास एवं आवास, संसदीय कार्य विभाग मंत्री कैलाश विजयवर्गीय 21 फरवरी को दोपहर 2 बजे जबलपुर से रवाना होकर दोपहर 3ः30 बजे मण्डला पहुंचे तथा स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। वे रात्रि विश्राम कान्हा में करेंगे। श्री विजयवर्गीय 22 फरवरी को प्रातः 9ः30 बजे कान्हा (मण्डला) से बैहर बालाघाट के लिए रवाना होगे।

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते का दौरा कार्यक्रम
मंडला 19 फरवरी 2024
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते 21 फरवरी को प्रातः 10 बजे जेवरा से रवाना होकर प्रातः 11 बजे मण्डला पहुंचेंगे तथा स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगें। श्री कुलस्ते रात्रि 9 बजे मंडला से प्रस्थान कर रात्रि 10 बजे जेवरा पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे।

