राजस्व न्यायालयों से जारी होने वाले आदेशों के अमल पर ध्यान दें – डॉ. सिडाना
कलेक्टर ने निवास में किया तहसील न्यायालय तथा स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण
मण्डला 6 मार्च 2024
बुधवार को कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने निवास एवं बबलिया तहसील न्यायालय तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र निवास का निरीक्षण किया। तहसील न्यायालयों के निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेंडम आधार पर नस्तियों की जांच करते हुए फाईलों के संधारण को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि न्यायालय में लंबित प्रकरणों की संख्या अधिक है अतः प्रकरणों के निराकरण पर फोकस करें। अविवादित प्रकरणों को प्राथमिकता से निराकृत करें। राजस्व न्यायालयों से जारी होने वाले आदेशों के अमल पर ध्यान दें। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने तहसील तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के निर्माण कार्य स्थल का भी निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीएम निवास शाहिद खान सहित संबंधित उपस्थित रहे।

समय पर प्रतिवेदन न देने वाले पटवारियों पर कार्यवाही करें
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि विभिन्न प्रकरणों के निराकरण के लिए समय पर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के लिए पटवारी पाबंद हैं। समय पर प्रतिवेदन नहीं देने वाले पटवारियों के विरूद्ध कार्यवाही करें। इसी प्रकार लोकसेवा से प्राप्त होने वाले प्रकरणों का भी निर्धारित समयावधि में निराकरण सुनिश्चित करें, अन्यथा की स्थिति में संबंधितों पर नियमानुसार शास्ति लगाएं। भूमि आवंटन के प्रकरण अधिक संख्या में लंबित होने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विभिन्न शाखाओं में जाकर अभिलेखों का अवलोकन भी किया।

चिकित्सकों को छुट्टी देते समय बीएमओ से अभिमत लें
निवास क्षेत्र के भ्रमण के दौरान कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र निवास का निरीक्षण करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। स्वास्थ्य केन्द्र से एकसाथ 2 चिकित्सकों के अवकाश पर जाने पर उन्होंने अप्रसन्नता व्यक्त की। कलेक्टर ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के चिकित्सकों के अवकाश स्वीकृत करते समय संबंधित बीएमओ से अभिमत अनिवार्य रूप से प्राप्त करें। अवकाश स्वीकृत करते समय सुनिश्चित करें कि चिकित्सालय की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें। दवाईयों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। चिकित्सक नियमित रूप से वार्ड का भ्रमण करें। उन्होंने सिकल सेल एनीमिया के संबंध में की कार्यवाहियों के संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

पिपरिया में नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम में सहभागिता
निवास क्षेत्र के भ्रमण के दौरान कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने ग्राम पंचायत पिपरिया में आयोजित नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने उपस्थित महिलाओं से चर्चा करते हुए शासन की कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में फीडबैक लिया। कलेक्टर ने कार्यक्रम में उपस्थित बैगा महिलाओं से प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाभियान के दौरान संचालित गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली तथा उन्हें जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, आयुष्मान पंजीयन, किसान क्रेडिट कार्ड, समग्र ईकेवाईसी से होने वाले फायदों से अवगत कराया। डॉ. सिडाना ने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन अभियान के तहत जिन बैगा हितग्राहियों के आवास स्वीकृत हुए हैं वे जल्द से जल्द कार्य को पूर्ण कराएं।

शिल्प कौशल को बढ़ावा देने
भारत साड़ी वॉकथॉन का आयोजन आज शाम 5 बजे
मण्डला 6 मार्च 2024
देश में समृद्ध और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक होने के साथ-साथ बड़ी संख्याओं में लोगों विशेषकर महिलाओं को रोजगार प्रदान करने वाले प्रमुख क्षेत्रों में से एक हाथकरघा क्षेत्र है। भारत की विरासत को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से विकास आयुक्त कपड़ा मंत्रालय द्वारा भारत साड़ी वॉकथॉन प्रायोजित किया जा रहा है। इस आयोजन से हाथकरघा समुदाय को साड़ी बुनाई की पुरानी परंपरा पर नए सिरे से ध्यान केन्द्रित कर अधिक से अधिक आय में वृद्धि कराने की संभावनाए हैं। भारत साड़ी वॉकथॉन हमारे बुनकरों के समर्पण को उजागर करते हुए प्रत्येक कृति के पीछे की शिल्प कौशल को बढ़ावा देने का उद्देश्य है। इसी परिप्रेक्ष्य में संत रविदास म.प्र. हस्तशिल्प एवं हाथकरघा विकास निगम द्वारा अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर 7 मार्च 2024 को जिला योजना भवन मण्डला में सायं 5 बजे से भारत साड़ी वॉकथॉन का आयोजन किया जा रहा है। भारत साड़ी वॉकथॉन जिला योजना भवन से प्रारंभ होकर बैगा बैगी चौक, नेहरू स्मारक एलआईसी होते हुए जिला योजना भवन में संपन्न होगी।

विकास आयुक्त कपड़ा मंत्रालय के तहत हाथकरघा विभाग द्वारा आयोजित यह एक पारम्परिक कार्यक्रम से आगे बढ़कर भारत की सांस्कृतिक विविधता का एक भव्य उत्सव बन गया है। भारतीय संस्कृति और मान्यताओं में साड़ी एक संपूर्ण परिधान है, इसे पहनना किसी भी महिला के लिए उन्नति और गौरव का प्रतीक है। साड़ी भारत की महिलाओं को परम्परा से जोड़े रखती है। साड़ी सिर्फ कपडे़ का एक टुकड़ा नहीं है, यह हमारी विरासत का प्रतीक है जो कलात्मकता और कालातीत सुन्दरता का प्रतिनिधित्व करती है। साड़ी वॉकथॉन का उद्देश्य भारत भर के कारीगरों को सम्मानित करना है एक साड़ी बनाने में कई सप्ताह बिताते हैं और पूरे भारत की विभिन्न शैलियों और बुनाई का जश्न मना सकते हैं। हेण्डलूम साड़ी वॉक का प्रमुख उद्देश्य-साड़ी पहनने की पारम्परिक कला को जीवंत रखना, हैण्डलूम क्षेत्र को बढ़ावा देना, एक स्वस्थ्य आदत के रूप में चलने को प्रोत्साहित करना और सामाजिक पूंजी को बढावा देना है। साड़ी वॉक एक अनोखा आयोजन है जिसका उद्देश्य भारत के सभी क्षेत्रों में साड़ी के प्रति उत्साही लोगों को एक साथ लाना है और हमारे सांस्कृतिक विरासत का जश्न मनाना है। वॉक को एक स्वस्थ और मजेदार गतिविधियों के रूप में जोड़ा गया है जो प्रतिभागियों को चलने और एक दूसरे के साथ बातचीत करने के लिए प्रोत्साहित करती है। 7 मार्च 2024 योजना भवन में सायं 5 बजे एक भारत साड़ी वॉकथॉन का आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन में विविध मनोरंजक कार्यक्रमों का समागम है।

कीटनाशकों के सुरक्षित उपयोग पर कृषकों के लिए कार्यशाला का आयोजन
मण्डला 6 मार्च 2024
मंगलायतन विश्वविद्यालय जबलपुर, कीटनाशक निर्माण प्रौद्योगिकी संस्थान, गुड़गांव के सहयोग से प्रयोक्ता एवं पर्यावरण के अनुकूल कीटनाशक सूत्रीकरणों का प्रचार-प्रसार और चिर-स्थाई कृषि उपज की वृद्धि पद्धति पर किसानों के साथ विचारों का आदान-प्रदान विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन 5 मार्च को कृषि विज्ञान केंद्र गाजीपुर में हुआ। कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि केंद्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते उपस्थित थे।

इस अवसर पर श्री कुलस्ते ने किसानों को इस कार्यशाला का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंगलायतन विश्वविद्यालय जबलपुर के कुलपति प्रो. के.आर.एस. सांबा शिवा राव ने की। विषय विशेषज्ञ डॉ. एम मोहना कृष्णा रेड्डी, निदेशक कीटनाशक निर्माण प्रौद्योगिकी संस्थान गुड़गांव ने कीटनाशकों का सुरक्षित उपयोग विषय पर व्याख्यान प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि डॉ. के.वी.सहारे प्रिंसिपल साइंटिस्ट कृषि विज्ञान केंद्र जिला (मंडला) ने अपने वर्क्तव्य में कृषकों को संबोधित करते हुए कहा कि अत्यधिक कीटनाशकों के प्रयोग से मनुष्य और पर्यावरण पर गंभीर स्वास्थ्य प्रभाव पड़ा है। कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में डॉ. एल.के. ठाकुर आईपीएफटी वरिष्ठ वैज्ञानिक द्वारा वनस्पतियों के प्रयोग से जैविक कीटनाशक बनाने की विधि एवं फसलों में उपयोग बताया। वहीं डॉ. दीपक कुमार जायसवाल वरिष्ठ वैज्ञानिक ने रासायनिक कीटनाशकों का सुरक्षित एवं उचित उपयोग विषय पर किसानों को जागरूक किया। साथ ही किसानों के प्रश्नों के उत्तर प्रदान किए गए एवं उन्हें उचित प्रशिक्षण भी दिया गया। साथ ही कीटों के रोकथाम के उपाय भी बताए गए। इस कार्यशाला में 500 किसानों ने पंजीकरण कर प्रतिभागिता दर्ज कराई। इस कार्यक्रम में मंगलायतन विश्वविद्यालय की उप कुलपति प्रो. विनीता कौर सलूजा, विश्वविद्यालय के कुलसचिव बी.नागा किशोर, कृषि संकाय के संकायाध्यक्ष डॉ. एस.पी तिवारी, उप कुलसचिव डॉ वंदना तिवारी, निदेशक प्रशासन डॉ. आशुतोष सक्सेना, आशीष शुक्ला सरपंच बरेला, समस्त संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र एवं छात्राएं उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. जागृति उपाध्याय ने किया। आभार प्रदर्शन डॉ. एल.के ठाकुर द्वारा किया गया।

खनिज रेत के अवैध परिवहन में संलिप्त वाहन जब्त
मण्डला 6 मार्च 2024
खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भण्डारण पर प्रभावी रोकथाम हेतु मध्यप्रदेश शासन खनिज साधन विभाग से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में कलेक्टर के निर्देशानुसार खनिज विभाग मण्डला द्वारा खनिजों के अवैध उत्खनन, अवैध परिवहन तथा अवैध भण्डारण के विरूद्ध सतत् रूप से कार्यवाहियाँ की जा रही हैं। इसी परिपेक्ष्य में 5 मार्च 2024 को खनिज विभाग द्वारा बिछिया तहसील अन्तर्गत सिझौरा में खनिज रेत का एक वाहन ट्रेक्टर न्यू महिन्द्रा एवं 6 मार्च 2024 को खनिज विभाग द्वारा बिछिया तहसील अन्तर्गत बिछिया में खनिज गिट्टी का अवैध परिवहन करते वाहन न्यू पावर ट्रेक्टर को खनिज विभाग द्वारा जब्त किया गया। उक्त वाहनों को शासकीय अभिरक्षा में संबंधित थाना बिछिया की सुपुर्दर्गी में दिया गया। वाहनों के विरूद्ध म०प्र० खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम 2022 के प्रावधानों के तहत् प्रकरण दर्ज कर कलेक्टर न्यायालय प्रेषित किया जा रहा है। उक्त कार्यवाहियाँ सहायक खनि अधिकारी, खनि निरीक्षक, खनिज सिपाही एवं खनिज अमले द्वारा की गई।

वयस्क बीसीजी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ आज
मण्डला 6 मार्च 2024
राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम एवं टीबी हारेगा, देश जीतेगा अभियान अंतर्गत 7 मार्च 2024 से जिला मण्डला अंतर्गत जिला चिकित्सालय एवं समस्त सामु.स्वा. केन्द्र में वयस्क बीसीजी टीकाकरण का शुभारंभ जनप्रतिनिधि (सांसदगण एवं विधायकगण) के विशिष्ठ आतिथ्य एवं कलेक्टर की उपस्थिती में वयस्क बीसीजी टीकाकरण हेतु योग्य लाभार्थियों को बी०सी०जी० का टीका लगाकर किया जाएगा। वयस्क बीसीजी टीकाकरण अभियान वर्ष 2025 तक क्षय उन्मूलन के लक्ष्य प्राप्ति की ओर एक बड़ा कदम है। वयस्क बी.सी.जी. टीकाकरण अध्ययन कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न श्रेणियों में पात्र व्यक्तियों को एडल्ड बीसीजी वेक्सिनेशन किया जाएगा जिसमें टीबी के मरीजों के संपर्क में आये व्यक्ति। पूर्व में टीबी का उपचार ले चुके व्यक्ति। बीएमआईढ<18KG/एम2 के व्यक्ति। 60 वर्ष से अधिक के आयु समूह के व्यक्ति। स्वप्रतिवेदित धूम्रपान कर रहे व्यक्ति तथा स्वप्रतिवेदित मधुमेह के मरीज हैं।

बैठक आज
मण्डला 6 मार्च 2024
आगामी लोकसभा निर्वाचन 2024 हेतु संसदीय निर्वाचन क्षेत्र 14-मण्डला (अजजा) में आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील होते ही संपादित की जाने वाली कार्यवाहियों के संबंध में 7 मार्च 2024 को दोपहर 12:30 बजे से जिला योजना भवन के सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई है। बैठक में संबंधितों की उपस्थिति अनिवार्य है।

सरकार ने महिलाओं को आगे बढ़ने का अवसर दिया है – संजय कुशराम
नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम टाऊनहॉल में किया गया आयोजन
मण्डला 6 मार्च 2024
देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल से महिलाओं के सम्मान, उन्हें आत्म निर्भर बनाने तथा विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की अग्रणी भूमिका सुनिश्चित करने हेतु देश भर की महिलाओं को वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से संबोधित किया। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण विकासखंड तथा ग्राम पंचायत स्तर पर देखा एवं सुना गया। जिला स्तर का कार्यक्रम नगरपालिका सभाकक्ष में आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट सहित संबंधित अधिकारी तथा स्व सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम ने कहा कि आज महिलाएं देश के विकास में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। महिलाओं ने अपनी मेहनत से समाज में अपनी पहचान बनाई है वे आर्थिक सामाजिक रूप से सशक्त हुई है तथा उनमें आत्म विश्वास बढ़ा है। केंद्र एवं प्रदेश सरकार ने महिलाओं को आगे बढने का अवसर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प महिलाओं को लखपति बनाने का है जिसके लिए विभिन्न विभागों के माध्यम से लगातार प्रयास जारी है। नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा ने कहा कि स्व सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़कर सरकार ने सराहनीय कार्य किया है जिसके बेहतर परिणाम सामने आ रहे हैं। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ कन्यापूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के तहत महिलाओं को हितलाभ का वितरण किया गया।

खाद्य पदार्थों के लिए गए नमूने
मण्डला 6 मार्च 2024
मिलावट से मुक्ति अभियान के अर्न्तगत खाद्य सुरक्षा प्रशासन मंडला के द्वारा विभिन्न खाद्य पदार्थ के नमूना जांच हेतु लिए जाने के साथ मिलावट के विरूद्व जन जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के मंडला भ्रमण के दौरान सार्वजनिक स्थलों, स्कूल कॉलेज, हॉट बाजार में लोंगो को जागरूक किया जा रहा है। साथ ही खाद्य पदार्थों की चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के माध्यम से स्पॉट टेस्टिंग भी की जा रही है। चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के माध्यम से आर०डी० कॉलेज मंडला, स्वयं सिद्धा नर्सिंग कॉलेज महाराजपुर, जिला अस्पताल परिसर पड़ाव रोड नारायणगंज हाट बाजार में मिलावट पहचानने के प्राथमिक तरीके बताकर छात्र-छात्राओं एवं सामान्य जनमानस को जागरूक किया गया। आंगनतिराहा महाराजपुर में फेरी दुग्ध विक्रेताओं को रोककर चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के माध्यम से दूध का परीक्षण किया गया एवं शंका के आधार पर दूध के नमूने भी लिए गए। चटोरे रेस्टॉरेंट मंडला, ओम अनाज मंडला, से भी खाद्य पदार्थाें की जांच कर नमूने लिए गए।

सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र निवास में किए गए नसबंदी के 10 ऑपरेशन
मण्डला 6 मार्च 2024
बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र निवास में 10 महिलाओं के नसबंदी ऑपरेशन किए गए। जानकारी के अनुसार कलेक्टर के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र निवास के निरीक्षण के दौरान उपस्थित महिलाओं से चर्चा के दौरान ज्ञात हुआ कि महिलाओं की नसबंदी के लिए 6 मार्च बुधवार निर्धारित था किन्तु महिलाओं की संख्या कम होने के कारण जबलपुर से डॉक्टर शोभा चौपड़ा नहीं आए और महिलाओं को वापस जाने के लिए बोल दिया गया। कलेक्टर ने तत्काल बीएमओ डॉ. विजय पैगवार सहित संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि डॉक्टर से संपर्क कर आज ही महिलाओं का ऑपरेशन कराना सुनिश्चित करें। जिस पर जबलपुर से डॉक्टर शोभा चौपड़ा को बुलाकर महिलाओं का ऑपरेशन कराया गया। इस दौरान महिलाओं को दवाईयों का वितरण तथा आवश्यक समझाईश भी प्रदान की गई।

