जनसेवा के भाव से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें
नवनियुक्त शासकीयकर्मियों को प्रदाय किए गए नियुक्ति पत्र
नगरपालिका सभाकक्ष में आयोजित किया गया स्वच्छता प्रेरणा समारोह
मण्डला 5 मार्च 2024
स्वच्छता प्रेरणा समारोह के अंतर्गत नगरपालिका टाऊनहॉल में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मंचाधीन अतिथियों ने नवनियुक्त शासकीयकर्मियों को नियुक्ति पत्र वितरित कर शुभकामनाएँ दीं। साथ ही स्वच्छता सर्वेक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले नगरपालिका की टीम, इनरवाईश को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, जिला पंचायत सदस्य शैलेष मिश्रा, नगरपालिका उपाध्यक्ष अखिलेश कछवाहा, पार्षदगण, कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना, जिला पंचायत सीईओ श्रेयांश कूमट, संयुक्त कलेक्टर हुनेन्द्र घोरमारे सहित संबंधित उपस्थित थे। कार्यक्रम में लालपरेड मैदान भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा व सुना गया।

जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम ने नवनियुक्त कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनसे पूरी क्षमता से कार्य करने का आव्हान किया। नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति जिला एवं नगर को स्वच्छ बनाए रखने में अपनी महती भूमिका अदा करें। अपने घर और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखें, प्लास्टिक का उपयोग न करें, कचरा वाहनों में ही कचरा फेकें। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने कहा कि नवनियुक्त कर्मचारी जनसेवा और जनकल्याण के भाव से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। ईमानदारी और संवेदनशीलता से कार्य करते हुए एक अच्छे लोकसेवक होने का परिचय दें। स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर परिणाम प्राप्त करने के लिए एक टीम के रूप में कार्य करें।

कलेक्टर ने जनसुनवाई में सुनी 109 आवेदकों की समस्याएँ
मण्डला 5 मार्च 2024
प्रत्येक मंगलवार को आयोजित की जाने वाली जनसुनवाई में 109 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने योजना भवन में लोगों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके जल्द निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान सीइओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, संयुक्त कलेक्टर अरविंद सिंह तथा संबंधित जिला अधिकारी उपस्थित थे।

सम्पन्न हुई जनसुनवाई में बूढ़ीमाई वार्ड महाराजपुर निवासी खुशीराम ठाकुर ने बीपीएल कार्ड बनवाने के संबंध में, ग्राम कूम्हा निवासी ग्यारसी बाई ने लाड़ली बहना, आवास एवं शौचालय बनवाने के संबंध में, डॉ. अम्बेडकर वार्ड मंडला निवासी भोलाराम ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, बम्हनी बंजर के वार्ड नंबर 8 निवासी नर्मदा प्रसाद ने किसान सम्मान निधि का पुनः लाभ दिलाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। साथ ही जनसुनवाई में सीमांकन, अतिक्रमण, खाद्यान्न पर्ची, श्रवण यंत्र, अनुकंपा नियुक्ति, राजस्व अभिलेखों में फौती, विकलांगता प्रमाण पत्र, आर्थिक सहायता आदि के आवेदन भी प्राप्त हुए।

कान्हा टाईगर रिजर्व के सिझौरा क्षेत्र में किया गया बाघ का रेस्क्यू
राजस्व, कान्हा टाईगर रिजर्व एवं पुलिस विभाग द्वारा चलाया गया संयुक्त अभियान
मण्डला 5 मार्च 2024
कान्हा टाईगर रिजर्व के अंतर्गत परिक्षेत्र सिझौरा के ग्राम सिझौरा रैयत में मंगलवार की सुबह आबादी क्षेत्र में एक बाघ की उपस्थिति देखी गई जिसकी सूचना ग्रामीणों द्वारा दिए जाने पर एसडीएम बिछिया सर्जना यादव, परिक्षेत्र अधिकारी सिझौरा तथा टीआई धर्मेन्द्र धुर्वे सहित अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थितियों का जायजा लेते हुए स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई।

घटना स्थल पर क्षेत्र संचालक कान्हा टाईगर रिजर्व, एस.के. सिंह एवं रेस्क्यू दल पहुँचकर बाघ का अवलोकन किया। उक्त बाघ कान्हा टाइगर रिजर्व के टी 67 के रूप में चिन्हित किया गया जिसकी उम्र लगभग 12 से 13 वर्ष है। बाघ की स्थिति कमजोर पाई गई। बाघ के पैर में चोट होने के कारण वह काफी कमजोर हो गया था तथा चलने में कठिनाई महसूस कर रहा था। ग्रामीणों की भीड़ के कारण वह निकटवर्ती जंगल की ओर जाने का प्रयास कर रहा था किन्तु व्यवधान होने से घर की बाड़ी के समीप बैठ गया। बाघ की स्थिति के बारे में मुख्य वन्यप्राणी अभिरक्षक एवं प्रधान मुख्य वन संरक्षक, वन्यप्राणी, मध्य प्रदेश, भोपाल को फोन पर सूचना दी गई घायल बाघ के रेस्क्यू हेतु अनुमति प्राप्त की गई। औपचारिक अनुमति प्राप्त होने के उपरांत कान्हा टाइगर रिजर्व की रेस्क्यू टीम ने एन.एस. यादव उप संचालक बफरजोन वनमण्डल मण्डला एवं डॉ. संदीप अग्रवाल वन्यप्राणी चिकित्सक की उपस्थिति में घायल बाघ का रेस्क्यू किया गया। निश्चेतन उपरांत बाघ के निरीक्षण में पाया गया कि बाघ के चारों केनाइन दांत टूटे हुए हैं एवं उसके पैरों में गहरी चोट लगी हुई थी। बाघ की कमजोरी को देखते हुये ऐसा प्रतीत होता है कि निकट भूत में शिकार नहीं कर पाया होगा, जिसके कारण वह कमजोर हो गया था। घायल बाघ का अग्रिम परीक्षण एवं स्वास्थ्य उपचार हेतु कान्हा टाइगर रिजर्व के मुक्की स्थित क्वॉरेंटाइन सेंटर ले जाया गया जहां पर आगामी तीन से चार दिन में उसके स्वास्थ्य पर विशेष रूप से ध्यान रखा जाएगा एवं इसके पश्चात उसकी स्थिति का आकलन कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। इस रेस्क्यू कार्य में पूर्व सामान्य वनमण्डल मण्डला के अंतर्गत परिक्षेत्र बिछिया का वन अमला, केन्द्रीय पुलिस बल का अमला एवं राजस्व विभाग के अमले द्वारा प्रशासनिक व्यवस्था बनाये रखने में विशेष सहयोग किया गया।

मलेरिया विभाग द्वारा ग्रामों में किया जा रहा दवायुक्त मच्छरदानी का वितरण
मण्डला 5 मार्च 2024
दवायुक्त मच्छरदानी का स्वास्थ्य विभाग के स्थानीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, आँगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं अन्य सहयोगी कर्मचारियों द्वारा जिले के चिन्हांकित हाईरिस्क 460 ग्रामों में वितरण किया जा रहा है। 5 मार्च को मण्डला के भैंसादाह, बक्छेरादोना, धनगांवमाल, तिंदनी, मानादेई, नैनपुर के धनौरा, इन्द्री, केरेगांव, मोहगांव के मचला, हर्राटीकुर, पातादेई, मुंगवानी, पंछीपानी, सालीवाड़ा माल, खर्राछापर माल, उमरडीह, घुघरी के बनेहरी, नाहरवेली, जुनवानी, ईश्वरपुर, सुरेहली तथा निवास के भीखमपुर, मसूरघुघरी माल, मसूरघुघरी रैयत, खम्हरिया माल, कुसमी, कटंगसिवनी, थानमगांव, सुखरसंग्रामपुर, गढ़बिसौरा में मच्छरदानी का वितरण किया गया।
6 मार्च को बम्हनी के मानादेई, मालीमोहगांव, किन्द्री, बकछेरागोंदी, बकौरी, सलैया, सूरजपुरा, अहमदपुर, घाघा, बकछेरादोना, धनगांव माल, तिंदनी, आमानाल, पटपरसिंगारपुर, खैरी, दाढ़ी, पौंड़ीमाल, कठौतिया, निरदगढ़, खगुआ, जयन्तीपुर, कटगी, ढेंकों, गूढ़ाअंजनिया, सिलगी, रमपुरादेवदरा, हिरदेनगर, पद्मी, खड़देवरी, फूलसागर, ग्वारी तथा नैनपुर के टाटरीमाल, रमपुरी, भालीवाड़ा माल, सर्री, कजरवाड़ा, गौंझी, बीजेगांव, धनौरा, गौराछापर, वल्लभडुंगरिया, जैदेपुर, बिचुआ, डिठौरी, डोभी, झिरिया, बंधा, चीचगांव, करेगांव, जामगांव, ईश्वरपुर, इन्द्री, सिलवानी, जहरमउ, भोंगाद्वार, सिमरिया, सुरखी, सारा, मोहगांव के मोहगांव, रमपुरी, गिठार, मुंगवानी, पंछीपानी, पातादेई, बोड़ासिल्ली, मचला, मिर्चाखेड़ा, पिपरिया, गोहदर, खर्राछापरमाल, खर्राछापर रैयत, बिलगांव निधानी, बिलगढ़ा रैयत, उढ़ारी, दुपटा, रमपुरी रैयत, घुघरी के घुघरी, छतरपुर, गजराज, बनेहरी, नाहरवेली, जुनवानी, गोरखपुर, लाटो, महली, लाफन, ईश्वरपुर, सुरेहली, बिछिया के हर्राभाट, केवलारी, मवई के दाड़ी, भानपुर, करेली, टिकरिया, खलौड़ी, मोतीनाला, खुदराही, पनारीखेड़ा, नेवसा, नवनादर, मंगली, खुर्सीपार, मुरकुटा, भीमडोंगरी, मनोरी, परसाटोला, बरई, रुसा तथा बीजाडांडी के सोधनपिपरिया, जमुनिया, उदयपुर, जेबरा, डुंगरिया, पौड़ी में मच्छरदानी का वितरण किया जाएगा।
मच्छरदानी वितरण के समय आवश्यक है कि हितग्राही अपने समग्र आई.डी. या अन्य परिवार पहचान आई.डी. वितरण कर्मचारियों को उपलब्ध कराएं, ताकि वास्तविक संख्या के आधार पर मच्छरदानी वितरित किया जा सके। दवायुक्त मच्छरदानी हमें वाहक जनित रोग जैसे मलेरिया, डेंगू, चिकुनगुनिया आदि से सुरक्षा प्रदान करने के साथ मच्छरों एवं अन्य जहरीले कीटों से सुरक्षा प्रदान करती है। साधारण मच्छरदानी की तुलना में दवायुक्त मच्छरदानी शरीर में स्पर्ष होने पर कुछ समय के लिए जलन हो सकती है लेकिन यह किसी भी तरह से मनुष्य के लिए हानिकारक नहीं है और न ही इससे छोटे बच्चे को कोई नुकसान होता है। परिवार में छोटे बच्चे, गर्भवती महिलाएं, वृद्धजनों को यह मच्छरदानी आवश्यक रुप से उपयोग करने की सलाह दी जाती है।
वाहक जनित रोग जैसे मलेरिया, डेंगू, चिकुनगुनिया, जापानीज एनसेफेलाइटिस संक्रमित मच्छर के काटने से फैलाया जाता है। इस हेतु यह आवश्यक है कि संक्रमित मच्छर और मनुष्य के बीच के संपर्क को रोकने एवं बीमारी के फैलाव को कम करने के लिए वितरण किए जा रहे दवायुक्त मच्छरदानी (एल.एल.आई.एन.) का उपयोग निर्देशानुसार किया जाए। समस्त हितग्राहियों से अपील की गई है कि सोते समय दवायुक्त मच्छरदानी का उपयोग आवश्यक रुप से करें एवं मच्छरदानी वितरण कार्य में सहयोग प्रदान करें।
क्या करें
घर के अन्दर अथवा बाहर सोते समय हमेशा कीटनाशक उपचारित (दवा वाली) मच्छरदानी का इस्तेमाल करें। मच्छरदानी के चारों कोनों की रस्सी को अच्छी तरह से बांध कर रखें और इसके निचले हिस्से को गद्दे या चटाई के नीचे दबा दें। लगाते समय इसे अधिक खिचाव से न लगावें। इस्तेमाल के बाद कीटनाशक उपचारित मच्छरदानी को ठीक से तह लगाकर साफ स्थान पर रखें। अत्यधिक गंदा होने पर कीटनाशक उपचारित मच्छरदानी को सादे और साफ पानी में हल्के से रगड़कर धोयें। हल्का धोने के बाद इसे छांव में सुखाएं। आग से दूर रखें एवं कटने, फटने व जलने से बचावें।
क्या न करें
कीटनाशक उपचारित मच्छरदानी को धूप में न सुखाएं। इसे धोने के लिए गर्म पानी अथवा ब्रश का इस्तेमाल न करें। इसे धोने के लिए पत्थर पर न पटकें। धोने के बाद न निचोंडें। कीटनाशक उपचारित मच्छरदानी का उपयोग मछली पकड़ने के लिए न करें। कीटनाशक उपचारित मच्छरदानी को न बेंचे और न की उपहार में दें। मच्छरदानी का उपयोग खाद्य सामग्री ढकने, सुखाने जैसे अन्य कार्य में नहीं किया जावे।

नेशनल लोक अदालत 9 मार्च को
मण्डला 5 मार्च 2024
जिला न्यायालय परिसर में नेशनल लोक अदालत का 9 मार्च को प्रातः 10:30 बजे आयोजन किया जाएगा। नेशनल लोक अदालत का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के द्वारा किया जाएगा।

बैठक 7 मार्च को
मण्डला 5 मार्च 2024
आगामी लोकसभा निर्वाचन 2024 हेतु संसदीय निर्वाचन क्षेत्र 14-मण्डला (अजजा) में आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील होते ही संपादित की जाने वाली कार्यवाहियों के संबंध में 7 मार्च को दोपहर 12:30 बजे से जिला योजना भवन के सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई है। बैठक में संबंधितों की उपस्थिति अनिवार्य है।

समर्थन मूल्य पर गेहूं विक्रय पंजीयन की अंतिम तिथि आज
मण्डला 5 मार्च 2024
रबी विपणन वर्ष 2024-25 के लिए समर्थन मूल्य पर गेहूं विक्रय करने हेतु किसान पंजीयन की अवधि 1 मार्च 2024 तक निर्धारित की गई थी। उत्पादक किसानों को समर्थन मूल्य पर गेहूं विक्रय का अवसर प्रदान करने एवं किसानों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए किसान पंजीयन की अवधि शासन द्वारा 6 मार्च 2024 तक वृद्धि की गई है। गेहूं विक्रय हेतु निर्धारित सहकारी पंजीयन केन्द्रों एवं अधिकृत कॉमन सर्विस सेन्टर एवं एम.पी. ऑनलाईन एवं किसान ऐप के माध्यम से गेहूं का पंजीयन कराएं।

