पेंशन प्रकरणों का निपटारा सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ करें – कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने जिला पेंशन फोरम की बैठक में दिए निर्देश
मंडला 22 अगस्त 2024
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने कहा कि जिले में सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी और कर्मचारियों के स्वत्वों का भुगतान और पेंशन पेमेंट ऑर्डर समय पर जारी किया जाए। उन्होंने सभी विभाग प्रमुख अधिकारियों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पेंशन प्रकरणों का निपटारा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा गुरूवार को जिला योजना भवन में जिला पेंशन फोरम की बैठक में पेंशन प्रकरणों की समीक्षा कर रहे थे। इस अवसर पर प्रोग्रेसिव पेंशनर्स एसोसिएशन अध्यक्ष श्री सुरेन्द्र कुमार जैन, वरिष्ठ नागरिक पेंशनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री बीके राय, जिला पेंशन अधिकारी दिलीप सिंह मरकाम, सहायक पेंशन अधिकारी मंगल सिंह करचाम, श्री राहुल चौरसिया, नोखेलाल मर्सकोले, श्री तीतुष कुमार, श्रीमती श्वेता उइके सहित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी मौजूद थे। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने बैठक में निर्देश दिए कि सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी और कर्मचारियों को चिन्हित कर उनके प्रकरण पूर्ण करने की कार्यवाही तीन माह पूर्व करना सुनिश्चित करें। जिससे सेवानिवृत्त होने वाले शासकीय सेवक को उनके स्वत्वों का भुगतान की कार्यवाही समय सीमा पर पूरा किया जा सके। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने विभागीय जाँच, वसूली एवं न्यायालयीन प्रकरणों में लम्बित प्रकरणों की कार्यवाही भी शीघ्रता से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग प्रमुख अपने अधीनस्थ अमले को निर्देशित करें कि सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों की जानकारी निर्धारित समय में जिला कार्यालय प्रमुख या जिला कोषालय को प्रस्तुत करें। जिससे उनके प्रकरणों पर कार्यवाही प्रारंभ कर उन्हें सेवानिवृत्त के समय ही उनकी संपूर्ण कार्यवाही पूर्ण की जा सके। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने कहा कि लम्बित पेंशन प्रकरणों का निपटारा करने के लिए पेंशन शिविर का आयोजन किया जाए। इन पेंशन शिविरों में समस्त विभाग अपने लम्बित पेंशन प्रकरणों का निपटारा करें। उन्होंने कहा कि समय सीमा की बैठक में विभागों में लम्बित पेंशन प्रकरणों की भी समीक्षा की जाएगी। समीक्षा के दौरान पेंशन प्रकरणों के निपटारा में लापरवाही बरतने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों के विरूद्ध कार्यवाही भी की जाएगी।
कोई भी पशु मालिक अपने पशुओं को खुले में या आवारा न छोड़ें – कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा
समिति में निर्णय पारित पशुओं को खुला छोड़ने पर लगेगा जुर्माना और होगी एफआईआर
कलेक्टर ने जिला गौपालन एवं पशुधन संवर्धन समिति तथा पशुपालन एवं डेयरी विभाग की बैठक ली
मंडला 22 अगस्त 2024
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने जिले की सड़कों और नेशनल हाईवे में घूमने वाले आवारा पशुओं की रोकथाम और व्यवस्थापन के लिए गुरूवार को जिला योजना भवन में जिला गौपालन एवं पशुधन संवर्धन समिति तथा पशुपालन एवं डेयरी विभाग की बैठक ली। आयोजित बैठक में समिति द्वारा निर्णय लिया गया कि ऐसे पशुपालक जो अपने मवेशियों को खुला छोड़ देते हैं उन्हें प्रथम बार में 500 रूपए का जुर्माना लगाया जाएगा। द्वितीय बार में 2000 रूपए का जुर्माना लगाया जाएगा तथा तीसरी बार में 5000 रूपए का जुर्माना और एफआईआर दर्ज की जाएगी। जिससे शहरों के मुख्य मार्गों पर झुंड बनाकर घूमने वाले आवारा पशुओं के कारण राहगीरों एवं वाहनचालकों के लिए होने वाली परेशानी को समाप्त किया जा सके। इससे जनधन एवं पशुधन की हानि नहीं होगी। आयोजित बैठक में नगरपालिका मंडला के अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, जिला पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा, अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित वर्मा, संयुक्त कलेक्टर श्री ऋषभ जैन, मुख्य नगरपालिका अधिकारी मंडला, नैनपुर, निवास, बिछिया, बम्हनी सहित गौ संवर्धन समिति, गौ संरक्षण संवर्धन संस्थान, दयोदय पशु सेवा सदन के पदाधिकारी मौजूद थे। कलेक्टर ने पशुओं के लिए संचालित 10 एम्बुलेंस वाहन में से 2 एम्बुलेंस वाहन रात्रि कालीन सेवा के लिए संचालित करने का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। रात्रि कालीन सेवा के लिए डॉक्टर और वाहन चालकों की भी नियमित रूप से ड्यूटी लगाने को कहा गया। जिससे रात्रिकालीन पशुओं की दुर्घटना होने पर उनका उपचार किया जा सके।
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने कहा कि समिति द्वारा पारित निर्णय का सभी शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी कर लोगों को सूचना दी जाएगी कि सभी पशुपालक अपने पशुधन को अपने घरों में सुरक्षित रखें। कोई भी पशु मालिक अपने पशुओं को खुले में या आवारा न छोड़ें। यह सूचना देने का कार्य शहरी क्षेत्रों के लिए मुख्य नगरपालिका अधिकारी और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी की होगी। उन्होंने कहा कि मुख्य मार्ग में बैठने वाले पशुओं की सुरक्षा के लिए हॉकर रखे जाएंगे जो कि मुख्य सड़क मार्ग से हटाकर पशुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाएंगे। जिससे मुख्य सड़क मार्ग में किसी भी प्रकार की दुर्घटना न घटे। आवारा पशुओं को सुरक्षित रखने के लिए पंचायतों में पशु शेड का भी निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पशु दुर्घटना होने पर इसकी सूचना तत्काल पशु चिकित्सा विभाग या हेल्पलाईन नंबर 1962 में दी जा सकेगी। पशु दुर्घटना की सूचना मिलने पर पशु चिकित्सा विभाग को तत्काल घटना स्थल में पहुंचकर उपचार करना होगा।
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने पशुओं के ट्रेकिंग की भी समीक्षा की। गौ संवर्धन समीति के सदस्यों की मांग पर ट्रेकिंग में पशुपालक के पता के साथ-साथ उनका मोबाईल नंबर भी दर्ज करने के निर्देश दिए। जिससे सड़कों में बैठे पशुओं के मालिक से संपर्क कर उन्हें पशु सौंपा जा सके। उन्होंने कहा कि जिन पशुओं में ट्रेकिंग नहीं है उन पशुओं पर तत्काल ट्रेकिंग लगाई जाए। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने निर्देश दिए कि आवारा पशुओं को गौशाला या कांजीहाउस में रखा जाए। जिससे सड़कों में आवारा पशुओं को रोका जा सके। उन्होंने कांजीहाउस में पशुओं की खुराक के लिए भूसा एवं चारा की व्यवस्था जन सहयोग और शासकीय मद से करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने गौ संवर्धन समीति के सदस्यों की मांग पर आवारा घूमने वाले सभी पशुओं को चिन्हित कर उनके सीगों में रेडियम लगाने के निर्देश दिए। जिससे रात्रिकालीन में किसी भी प्रकार की दुर्घटना न घटे और पशुओं की सुरक्षा हो सके। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने गौ संवर्धन समिति के सदस्यों की मांग पर सब्जीमंडी में पत्तेदार सब्जी और कचरे का संग्रहण अलग-अलग करने के निर्देश दिए। जिससे सब्जी मंडी की पत्तेदार सब्जी को कांजीहाउस या गौशाला भेजकर पशुओं को आहार उपलब्ध कराया जा सके। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने गौ संवर्धन समिति की सदस्यों की मांग पर दुर्घटनाग्रस्त होने वाले पशुओं की सर्जरी भी समय पर कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने गौ संवर्धन समिति के सदस्यों की मांग पर गौशालाओं में कंड्डे, खाद और गौमूत्र का संग्रहण कर गौशाला के लिए एक अतिरिक्त आमदनी बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने मनरेगा योजना अंतर्गत गौशालाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने पंजीकृत शासकीय/अशासकीय गौशालाओं में गौरक्षा वर्ष 2024-25 में गौवंश रक्षा वर्ष के रूप में मनाने के संबंध में कार्यवाही की समीक्षा की। जिन गांवों में गौशाला नहीं है वहां ग्राम पंचायतों द्वारा ग्राम स्तरीय गौथानों की स्थापना करने के निर्देश दिए। उन्होंने गौशालाओं हेतु चरनोई भूमि का चिन्हांकन एवं आवश्यकता अनुरूप अतिक्रमण मुक्त कर चरनोई भूमि आरक्षित करने के निर्देश दिए। जिले में संचालित गौशालाओं में उनकी क्षमता अनुसार पशुधन उपलब्ध कराने को कहा।
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने छोटी खैरी कांजीहाउस का निरीक्षण किया
मंडला 22 अगस्त 2024
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने गुरूवार को छोटी खैरी नगरपालिका मंडला में स्थित कांजीहाउस का निरीक्षण किया। उन्होंने कांजीहाउस में नेमप्लेट लगाने तथा संपर्क नंबर अंकित करने के निर्देश दिए। जिससे कांजीहाउस में रखे गए पशुओं के मालिक संपर्क कर सकें। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने कांजीहाउस में पशुओं के लिए चारा, भूसा और पेयजल का समुचित प्रबंध करने को कहा। कांजीहाउस की नियमित रूप से साफ सफाई और देखरेख करने के निर्देश दिए। उन्होंने कांजीहाउस में रखे गए पशुओं के लिए सुरक्षा का समुचित प्रबंध करने तथा पशुओं की संख्या दर्ज करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर नगरपालिका मंडला अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा, मुख्य नगरपालिका अधिकारी और तहसीलदार मंडला उपस्थित थे।
रेडक्रॉस वृद्धाश्रम में जागरूकता एवं नामांकन शिविर का आयोजन हुआ
मंडला 22 अगस्त 2024
प्रशासक वन स्टॉप सेंटर ने बताया कि संकल्प 100 दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान अंतर्गत वन स्टाप सेन्टर द्वारा रेडक्रॉस वृद्धाश्रम मण्डला में जागरूकता एवं नामांकन शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें उपस्थित वृद्धों को शासन की योजनाओं से जुड़ने हेतु मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही हब एवं वन स्टॉप सेंटर में दी जाने वाली सहायताओं एवं बाल संरक्षण से संबंधित जानकारी दी गई।
प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही नगरपालिका परिषद मंडला से संपर्क करें
मंडला 22 अगस्त 2024
मुख्य नगरपालिका अधिकारी मंडला ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (बीएलसी) घटक अंतर्गत ऐसे हितग्राही जिन्हें प्रथम किश्त की राशि प्रदाय की गई थी। परन्तु उन हितग्राहियों के द्वारा प्रधानमंत्री आवास का निर्माण कार्य प्रारंभ नही करने के कारण राशि प्रदाय उपरांत प्रकरण सरेंडर कर दिये गये थे। उन्होंने नगर पालिका मण्डला क्षेत्रांतर्गत ऐसे हितग्राहियों को सूचित किया है कि हितग्राही द्वारा सरेंडर उपरांत प्रधानमंत्री आवास निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया हो या 31 दिसंबर 2024 के पूर्व आवास निर्माण पूर्ण कर लेंगे, ऐसे हितग्राही 3 दिवस के अंदर नगरपालिका परिषद मंडला से संपर्क करें।
जिले में 1182.1 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई
मण्डला 22 अगस्त 2024
जिले में इस वर्ष 1 जून से 22 अगस्त 2024 के दौरान 1182.1 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 958.5 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 223.6 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 अगस्त 2024 को मंडला में 14.4 मि.मी., बिछिया में 21.4, घुघरी में 10 एवं नारायणगंज में 13.7 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 22 अगस्त 2024 को 9.9 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।
माह की अंतिम तारीख के पूर्व खाद्यान्न प्राप्त करें
मंडला 22 अगस्त 2024
जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि एनएफएसए अनुसार 2013 अंतर्गत सम्मिलित पात्र परिवारों को उसी माह की 30 अथवा 31 तारीख तक खाद्यान्न वितरण करने हेतु आदेशित किया गया है। पात्रता पर्चीधारी आम उपभोक्ताओं से अपील है कि माह की अंतिम तारीख के पूर्व अपनी पात्रता अनुसार अपने नजदीकी शासकीय उचित मूल्य दुकान से खाद्यान्न प्राप्त कर लें। पूर्व की भांति अगले माह में पुराने माह का खाद्यान्न प्राप्त नहीं होगा।
चंद्रयान 3 की सफलता के ऐतिहासिक क्षण की स्मृति में रंगोली, प्रश्नोत्तरी एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित
मंडला 22 अगस्त 2024
प्राचार्य शासकीय महाविद्यालय अंजनिया ने बताया कि 23 अगस्त 2024 को चंद्रमा की सतह पर विक्रम लैंडर के अवतरण एवं प्रज्ञान रोवर के परियोजन से चंद्रयान 3 की सफलता के ऐतिहासिक क्षण की स्मृति में मध्यप्रदेश उच्च शिक्षा विभाग भोपाल के परिपालन में शासकीय महाविद्यालय अंजनिया मंडला में 21 एवं 22 अगस्त 2024 को विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिसमें रंगोली, प्रश्नोत्तरी एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रभारी प्राचार्य डॉ. नवीन कुमार हरदहा ने बताया कि कार्यक्रम में डॉ. प्रशांत कुमार यादव, डॉ. विजय मौर्य, डॉ. शोभना पटेल, डॉ. घनश्याम झारिया, डॉ. गरिमा छाबड़ा, श्री संदीप चौरसिया, श्री संतोष नंदा एवं छात्र-छात्रायें उपस्थित रहे।
सफलता की कहानी
अन्नू भारतीया प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के मकान में रहकर बहुत प्रसन्न है
मंडला, 22 अगस्त 2024
श्रीमती अन्नू भारतीया निवासी ग्राम पंचायत जंतीपुर जनपद पंचायत व जिला मंडला प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना से बने पक्के मकान में रहकर बहुत प्रसन्न है। उसके लिए पक्के आवास भवन में रहना एक सपने के समान था, लेकिन प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना ने इस सपने को साकार कर दिया है। उन्होंने बताया कि उसका परिवार पहले कच्चे मकान में रहता था, उनके पास इतने रूपए-पैसे भी नहीं थे, कि वे खुद का पक्का मकान बना सकें। वह अपने पति के साथ मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करती थी। उनका परिवार मजदूरी पर निर्भर था। उन्होंने बताया कि मजदूरी से इतने रूपए-पैसे नहीं मिलते थे कि वे अपना पक्का मकान बना सके। कच्चे मकान में रहने में उन्हें बहुत परेशानी होती थी। कच्चे मकान में प्रतिवर्ष कवेलू बदलना पड़ता था। कच्चे मकान की छत में प्रतिवर्ष लकड़ियां भी बदलनी पड़ती थी। कच्चे घर की नियमित रूप से लिपाई और छपाई करनी पड़ती थी। कच्चे मकान में बरसात के दिनों में पानी टपकता रहता था, ठंड के मौसम में ठंडी हवाएं घर के अंदर प्रवेश करती थी, गर्मी के मौसम में भी अधिक गर्मी पड़ती थी। जिसके कारण उसका परिवार कच्चे मकान में बहुत परेशान रहता था। उनके पास रूपए पैसे नहीं होने के कारण पक्का मकान बनाना सपनों के समान था।
श्रीमती अन्नू भारतीया ने बताया कि एक दिन उसे ग्राम पंचायत से सूचना मिली कि उसका नाम प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के लिए स्वीकृत कर लिया गया है। इस योजना से उसके लिए पक्का आवास भवन बनाया जायेगा यह सुनकर वह बहुत प्रसन्न हुई। ग्राम पंचायत द्वारा उसके लिए प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना से पक्का भवन बनाने के लिए आवास की राशि स्वीकृत की गई। मनरेगा से 95 दिवस की मजदूरी का लाभ मिला। इससे ग्राम पंचायत जंतीपुर में उसका प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना से पक्का भवन बन गया है। श्रीमती अन्नू भारतीया अपने परिवार के साथ प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना से बने पक्के मकान में रहने लगी है। उन्होंने बताया कि अब उसका पक्के मकान में रहने का सपना साकार हो गया है। पक्के मकान में रहने के कारण बरसात, ठंड और गर्मी के मौसम में होने वाली कठिनाइयों से उसे मुक्ति मिल गई है। अब वह प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना से बने पक्के भवन में रहकर बहुत प्रसन्न है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया है।
ज्ञान के स्रोत पुस्तकालय को समाज का अभिन्न हिस्सा बनाएं- मुख्यमंत्री डॉ. यादव
सूचना प्रौद्योगिकी के कारण बदलते परिवेश में पुस्तकालयों का आधुनिकीकरण, स्वचालन और डिजिटलीकरण जरूरी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन में अंतर्राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस का वर्चुअली किया शुभारंभ
“बदलते शैक्षणिक एवं सामाजिक परिवेश में लाइब्रेरी की भूमिका और चुनौतियां” विषय पर हुई कॉन्फ्रेंस
मण्डला 22 अगस्त 2024
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि पुस्तकालयों के आधुनिकीकरण, स्वचालन, नेटवर्किंग, डिजिटलीकरण, ग्रीन लाइब्रेरी और नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति में पुस्तकालय के महत्व जैसे विषयों पर चिंतन और विचार विमर्श जरूरी है। इससे पुस्तकालयों के आधुनिकीकरण और समसामयिक शिक्षा प्रणाली में उनकी उपयोगिता बनाए रखने का मार्ग प्रशस्त होगा। सूचना प्रौद्योगिकी के कारण बदलते परिवेश में पुस्तकालय समाज में ज्ञान के स्रोत की भूमिका निरंतर निभाते रहें, इसके लिए जरूरी है कि हम सभी पुस्तकालयों को समाज का अभिन्न हिस्सा बनाएं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन द्वारा “बदलते शैक्षणिक एवं सामाजिक परिवेश में लाइब्रेरी की भूमिका और चुनौतियां” विषय पर आयोजित दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय कांफ्रेंस के शुभारंभ सत्र को मंत्रालय से वर्चुअली संबोधित कर रहे थे।
बैंक धन का और पुस्तकालय ज्ञान का संरक्षण और प्रसार करते हैं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पुस्तकालय मानव इतिहास की बड़ी संपदा है। पुस्तकालय ज्ञान का संरक्षण, संवर्धन और प्रसार ठीक उसी तरह से करते हैं, जैसे बैंक समाज और राष्ट्र की धन संपदा के संरक्षण और संवर्धन की भूमिका निभाते हैं। भारतीय इतिहास में पुस्तकालयों का विशेष महत्व रहा है। नालंदा, विक्रमशिला, तक्षशिला के पुस्तकालय विद्या के केन्द्र और ज्ञान के भंडार थे, दुर्भाग्यवश यह महान केन्द्र विदेशी आक्रांताओं के निशाना बनें। उज्जैन धर्म, आध्यात्म एवं ज्ञान-विज्ञान का संगम रहा है। बाबा महाकाल, काल गणना के केन्द्र बिन्दु में विराजित हैं और उज्जैन का सांदीपनी आश्रम भगवान श्रीकृष्ण और बलराम का गुरूकुल रहा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जिस प्रकार से शोध अनुसंधान और अध्ययन की गतिविधियां जारी हैं, निश्चित ही उज्जैन भविष्य का ग्रीनविच बनकर भारत का गौरव बढ़ाता रहेगा।
विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन पुस्तकालय विज्ञान में प्रशिक्षण देने वाला प्रदेश का पहला विश्वविद्यालय
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सम्राट विक्रमादित्य के नाम पर स्थापित उज्जैन का विक्रम विश्वविद्यालय पुस्तकालय विज्ञान में प्रशिक्षण देने वाला प्रदेश का पहला विश्वविद्यालय था। उज्जैन का सिंधिया ओरिएंटल रिसर्च इंस्टीट्यूट अपने विशाल और दुर्लभ पाण्डुलिपियों के संग्रह के लिए जाना जाता है। भारत में पुस्तकालय विज्ञान के पितामाह पद्मश्री डॉ. रंगनाथन इस विश्वविद्यालय के पहले विजिटिंग प्रोफेसर रह चुके हैं। मध्यप्रदेश में पुस्तकालय विज्ञान का शिक्षा आरंभ करने का श्रेय डॉ. रंगनाथन को ही जाता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संगोष्ठी में भाग ले रहे सभी विषय-विशेषज्ञों, छात्रों आदि को संगोष्ठी के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
झाबुआ की बहनों का स्नेह मेरी अमिट पूंजी है : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री को मंत्री सुश्री भूरिया ने बांधी राखी एवं भीली टोकरी में भेंट किए रक्षा-सूत्र
मुख्यमंत्री डॉ. यादव के लिए झाबुआ की बहनों ने बनाए दो लाख रक्षा-सूत्र
मण्डला 22 अगस्त 2024
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने झाबुआ की दो लाख बहनों द्वारा भेजे गए रक्षा-सूत्र भेंट किए। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को राखी भी बांधी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने झाबुआ की बहनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके द्वारा राखी स्वरूप में जताया गया स्नेह मेरी अमिट पूंजी है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा लाड़ली बहनों को 1250 रुपए के अतिरिक्त, रक्षाबंधन के उपहार के रूप में 250 रूपए की शगुन राशि भी प्रदान की गई थी। झाबुआ क्षेत्र की लगभग 2 लाख लाड़ली बहनों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आभार व्यक्त करने के लिए रक्षा सूत्र बनाएं। महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री भूरिया यह रक्षा-सूत्र, परंपरागत भीली टोकरी (डलिया) में लेकर समत्व भवन पहुंची और प्रतीक स्वरूप यह रक्षा-सूत्र मुख्यमंत्री डॉ. यादव को भेंट करने के साथ झाबुआ की बहनों की भावना को अभिव्यक्त करते हुए राखी बांधी।
राज्य निर्वाचन आयोग में ई-फाइल सिस्टम लागू
मण्डला 22 अगस्त 2024
राज्य निर्वाचन आयोग में अब किसी अधिकारी के टेबल पर फाइल नहीं नजर आती। कर्मचारी भी फाइल लिये इधर-उधर अधिकारियों के कक्ष में नहीं दिखते। यह सब हुआ है पूरे आफिस में ई-फाइल सिस्टम लागू होने से। राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री बसंत प्रताप सिंह ने बताया है कि इस सिस्टम को लागू करने से फाइलों के निराकरण में तेजी आई है और उनके संधारण की समस्या भी खत्म हो गयी है।
सचिव राज्य निर्वाचन आयोग श्री अभिषेक सिंह ने बताया है कि पेपर लेस ऑफिस बनाने के संकल्प को पूरा करने के लिये पूरी टीम ने तन्मयता से कार्य कर ई-फाइल सिस्टम को मूर्त रूप दिया है। उन्होंने बताया कि कार्यालयीन सुविधा के लिये अलग-अलग पोर्टल बनाये गए हैं। अधिकारी- कर्मचारियों के लिये इलेक्ट्रानिक ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट सिस्टम और न्यायालयीन प्रकरणों के लिये कोर्ट केस मैनेजमेंट सिस्टम बनाया गया है। आयोग ई-पोलिंग बूथ मैनेजमेंट सिस्टम पर भी कार्य कर रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रो. विशाल राय एवं प्रो. आर. महालक्ष्मी को दी बधाई
राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु ने किया सम्मानित
मण्डला 22 अगस्त 2024
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्यप्रदेश के प्रो. विशाल राय एवं प्रो. आर. महालक्ष्मी को रसायन एवं जैविक विज्ञान के क्षेत्र में अभूतपूर्व योगदान के लिए प्रतिष्ठित राष्ट्रीय विज्ञान पुरस्कार-2024 “विज्ञान युवा-शांतिस्वरूप भटनागर पुरस्कार” से सम्मानित होने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विज्ञान के क्षेत्र में इन दोनों वैज्ञानिकों ने अभूतपूर्व योगदान दिया है। दोनों वैज्ञानिकों को मिले इस सम्मान से सम्पूर्ण मध्यप्रदेश गौरवान्वित हुआ है। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने गुरूवार को एक समारोह में नई दिल्ली में प्रदेश के दोनों वैज्ञानिकों को सम्मानित किया।
जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास से मनाया जायेगा
शासन ने जारी किए दिशा-निर्देश
मण्डला 22 अगस्त 2024
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर प्रदेश में आगामी 26 अगस्त 2024 को जन्माष्टमी पर्व हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। सामान्य प्रशासन विभाग ने इसके लिये आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिये है। निर्देश में जन्माष्टमी पर्व पर भगवान श्रीकृष्ण के मंदिरों और उनसे जुड़े स्थलों पर आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जन्माष्टमी पर्व पर प्रत्येक जिले में भगवान श्रीकृष्ण के मंदिरों की साफ-सफाई कार्य एवं सांस्कृतिक कार्यकमों का आयोजन किया जाएगा। भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षा एवं मित्रता के प्रसंग तथा जीवन दर्शन के साथ भारतीय सांस्कृतिक परम्पराओं, योग आदि पर आधारित विभिन्न विषयों पर विद्वानों के व्याख्यान एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम सभी शासकीय/अशासकीय स्कूल/कॉलेज में आयोजित कराये जाएंगे। प्रदेश के ऐसे स्थल जहाँ भगवान श्रीकृष्ण के जीवन में जुड़े विशेष प्रसंग स्थलों जैसे कि जानापाव, अमझेरा, नारायणा एवं सांदीपनी आश्रम उज्जैन में जन्माष्टमी के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे।
जन्माष्टमी पर्व को दृष्टिगत रखते हुए शास्त्र सम्मत मंदिर निर्माण के स्थापत्य एवं उनकी विशेषताओं से अधिक से अधिक लोगो को अवगत कराया जाएगा। इसके साथ ही हमारे गौरवशाली इतिहास के प्रसंगो, कथानकों, आख्यानों से सभी वर्गों को अवगत कराने के लिये भी समुचित कार्यवाही की जाएगी।
पंचायत स्तर पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की योजना तैयार करें – श्री सोमेश मिश्रा
स्वास्थ्य समिति की बैठक में कलेक्टर के निर्देश
मंडला 22 अगस्त 2024
जिला स्तरीय स्वास्थ्य समिति की बैठक में कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने निर्देशित किया कि प्रत्येक व्यक्ति को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित करने की योजना तैयार करें। इन शिविरों में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण करते हुए उन्हें आवश्यक उपचार एवं दवाईयाँ वितरण करें। टीकाकरण से छूटे हुए बच्चे एवं गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण करें। इन शिविरों में सिकलसेल एनीमिया, टीबी सहित अन्य बीमारियों की भी जाँच करें तथा दस्तक अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष के बच्चों की स्क्रीनिंग भी करें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य शिविरों में अन्य विभागों का भी सहयोग प्राप्त करें। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में सीएमएचओ डॉ. केसी सरौते, सिविल सर्जन डॉ. विजय धुर्वे सहित संबंधित उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में त्वरित सेवाएं आवश्यक होती हैं। चिकित्सालय में रेपिड रिस्पोंस टीम तैयार रखें जो हर समय उपचार के लिए तैयार रहे। आकस्मिक सेवाओं के संबंध में मॉकड्रिल करें। जिन स्वास्थ्य केन्द्रों में संसाधन उपलब्ध हैं वहां पर रोस्टर बनाकर विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराएं। रक्त की उपलब्धता के लिए रक्तदान शिविर आयोजित करें। सिकलसेल एनीमिया की जांच के लिए आगामी एक सप्ताह में योजना तैयार कर प्रस्तुत करें। श्री मिश्रा ने कहा कि सभी चिकित्सक अपना सर्वश्रेष्ठ देते हुए प्रत्येक जिंदगी को बचाने का प्रयास करें। मातृ एवं शिशु मृत्यु दर पर प्रभावी नियंत्रण करें। सभी गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण समय पर सुनिश्चित करें। प्रथम तिमाही में ही गर्भवती महिला के दस्तावेज प्राप्त करें जिससे उन्हें समय पर योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा सके। उन्होंने कहा कि संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहित करें। बंद प्रसूतिका केन्द्रों को पुनः संचालित करें। सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में कलेक्टर, एसपी एवं एसडीएम के मोबाईल नंबर अंकित कराएं। कलेक्टर ने कहा कि टीकाकरण का शतप्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करें। इस संबंध में स्वास्थ्य केन्द्रों में भी जानकारी संधारित करें। उन्होंने ग्राम स्वास्थ्य रजिस्टर संधारित करने के भी निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने दवाईयों की उपलब्धता, सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों के निराकरण आदि के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए।
अनावश्यक रेफर न करें
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने निर्देशित किया कि स्वास्थ्य केन्द्र में उपलब्ध संसाधनों के आधार पर प्रत्येक मरीज को बेहतर उपचार प्रदान करें। संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। अनावश्यक रूप से रेफर न करें। आवश्यक होने पर रेफर करते समय मरीज एवं परिजनों को कारण बतलाएं। साथ ही रेफर केस को अतिरिक्त केयर के साथ भेजें।
एनआरसी में लर्निंग बेस गतिविधियाँ संचालित करें
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने निर्देशित किया कि रोस्टर बनाकर कुपोषित बच्चों को एनआरसी में भर्ती करें। एनआरसी में कोई भी बिस्तर खाली न रहे। एनआरसी सेंटर में लर्निंग बेस गतिविधियाँ संचालित करें। परिवारजनों की काउंसलिंग करें। श्री मिश्रा ने निर्देशित किया कि एनआरसी में बच्चों की रूचि को ध्यान में रखते हुए आकर्षक पैंटिंग करवाएं। खेलकूद की सामग्री, आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करें।
इनटेक एवं गोंड़ी पब्लिक ट्रस्ट के प्रतिनिधियों ने की कलेक्टर से चर्चा
मंडला 22 अगस्त 2024
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा से इनटेक के संयोजक श्री अरुण अग्रवाल एवं गोंड़ी पब्लिक ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी श्री विजय अग्रवाल एवं पुरातत्व संघ के सदस्य श्री राजेश क्षत्री ने मुलाकात कर जिले के गोंड़कालीन साम्राज्य की रानी दुर्गावती, रानी अवंती बाई के इतिहास की पुस्तकों से परिचय कराते हुए संस्कृति एवं हमारी विरासती धरोहरों के संरक्षण के लिए चर्चा की गई। उन्होंने कलेक्टर को मां नर्मदा के परिक्रमावासियों के ठहरने हेतु नर्मदा परिक्रमा पथ का मानचित्र भेंट किया तथा मंडला में रामपथ एवं कृष्ण पथ के बारे में चर्चा की।
सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों के संतुष्टिपूर्वक निराकरण में खाद्य विभाग प्रदेश में प्रथम
मंडला 22 अगस्त 2024
जुलाई 2024 माह के सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों के संतुष्टिपूर्वक निराकरण में खाद्य विभाग मंडला ने 99.20 प्रतिशत वेटेज स्कोर के साथ मध्यप्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया गया है। जिला आपूर्ति अधिकारी मनोज पुराविया ने बताया कि विभाग में जुलाई माह में 227 शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण किया गया है। सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों के निराकरण में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने खाद्य विभाग के अमले को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह प्रदर्शन करने का आव्हान किया है।
