Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज मुख्य समाचार मंडला 21 अगस्त 2024

 

ग्राम पंचायतें की आय बढ़ाने से पंचायतें आत्मनिर्भर बनेगी-मंत्री श्रीमती संपतिया उईके

मंत्री श्रीमती संपतिया उइके बुधवार को टिकरवारा में आयोजित विशेष ग्रामसभा में शामिल हुई

मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने टिकरवारा में सामुदायिक भवन निर्माण, कचरा वाहन देने, तालाब सौन्दर्यीकरण, हाईमास्ट लाईट, सतबहनी तक सड़क चौंड़ीकरण और डिवाईडर निर्माण की घोषणा की

 

मंडला 21 अगस्त 2024

प्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उईके ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का संकल्प है कि देश के सभी नागरिकों का कल्याण करने के लिए सबका साथ सबका विकास करना जरूरी है। यह मानव कल्याण का काम सबसे बड़ा पुण्य का काम है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के हितग्राहियों के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की है। हमें इन जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए। जिससे हमारे जीवन स्तर में सुधार हो सके। मंत्री श्रीमती संपतिया उईके ग्राम पंचायत टिकरवारा में आयोजित विशेष ग्रामसभा को संबोधित कर रही थी। इस अवसर पर सरपंच श्रीमती श्रद्धा उईके करवेती, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मंडला श्री आर.के. मांडवी सहित जनपद स्तरीय अधिकारी और ग्राम पंचायत के पदाधिकारी मौजूद थे। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने ग्राम पंचायत टिकरवारा में नवनिर्मित पुल से सतबहनी मंदिर तक सड़क का चौड़ीकरण एवं डिवाईडर तथा प्रकाश व्यवस्था करने की घोषणा की। उन्होंने ग्राम पंचायत टिकरवारा के तालाब का सौन्दर्यीकरण, बेंच स्थापना एवं हाईमास्ट लाईट लगाने की घोषणा की। धोरेगांव तिराहे में हाईमास्ट लाईट लगाने, स्व सहायता समूहों के लिए सामुदायिक भवन का निर्माण तथा ग्राम पंचायत को साफ एवं स्वच्छ रखने के लिए एक कचरा संग्रहण वाहन देने की घोषणा की।

मंत्री श्रीमती संपतिया उईके ने कहा कि शासन द्वारा पंचायतों को विशेष अधिकार प्रदान किए गए है। गांव के विकास और उत्थान के लिए पंचायतें महत्वपूर्ण निर्णय ले रही हैं। उन्होंने कहा कि पंचायतें अपनी आय बढ़ाने के लिए भी काम कर सकती है। पंचायतों की आय बढ़ने पर पंचायतें आत्मनिर्भर बनेगी। मंत्री श्रीमती संपतिया उईके ने कहा कि पंचायतें को साफ व स्वच्छ रखना और पंचायत के सभी नागरिकों को साक्षर करने का भी निर्णय लिया गया है। इससे ग्राम पंचायतों के सभी नागरिकों के जीवन में बदलाव आएगा। ग्राम पंचायत के कार्यों में सभी नागरिकों के अंगूठे नही बल्कि हस्ताक्षर होंगे। पंचायतों के मस्टर रोल में भी काम करने वाले मजदूर भी हस्ताक्षर करेंगे। उन्होंने कहा कि पंचायतें गांव के लोगों को शासन की योजनाओं से भी लाभान्वित करने का काम करती है। गांव में साफ सफाई का काम करने की जिम्मेदारी का निर्णय लेना भी पंचायत का प्रमुख दायित्व है। मंत्री श्रीमती संपतिया उईके ने ग्राम पंचायत में सभी हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभान्वित करने के निर्णय की प्रसंशा की। उन्होंने आयोजित विशेष ग्राम सभा में शासन के एजेंडे के अनुसार कार्यों के लिए निर्णय लेने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम पंचायत के सभी हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से लाभान्वित करने को कहा। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने आयोजित विशेष ग्रामसभा में हितग्राहियों को भू अधिकार के पट्टों का वितरण किया।

 

विशेष ग्रामसभा द्वारा लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय-

 

ग्राम पंचायत टिकरवारा द्वारा विशेष ग्रामसभा में आत्मनिर्भर पंचायत बनाने, शुद्ध पेयजल, हर घर जल, ओडीएफ मॉडल पर चर्चा, अमृत सरोवर एवं वृक्षारोपण के रख रखाव एवं उपयोग पर चर्चा की गई। ग्राम पंचायत द्वारा मंत्री श्रीमती संपतिया उइके के जन्मदिन 4 सितंबर को प्रतिवर्ष ग्राम गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया। इसी प्रकार से 15वे वित्त आयोग की कार्ययोजना टाईड फंड से नाली निर्माण एवं अनटाईड फंड से सीसी रोड निर्माण तथा ग्राम पंचायत को राष्ट्रीय पुरूस्कार के विषय पर चर्चा की गई। विशेष ग्रामसभा में जन सहयोग से वनों की सुरक्षा एवं वृक्षारोपण, जल रोकने की कार्ययोजना, सघन मिशन इंद्रधनुष 5.0 पर चर्चा, जन आरोग्य की चर्चा की गई। बाल एवं महिला सशक्तिकरण विजन पर चर्चा, घरों, स्कूलों और आंगनवाड़ी केन्द्रों में शुद्ध पेयजल उपयोग को बढ़ावा, आंगनवाड़ी केन्द्रों मंे बच्चों का जन्मदिन मनाने, ग्राम पंचायत में नशा नियंत्रण पर चर्चा की गई।

 

 

 

 

 

 

 

 

रानी अवंती बाई वार्ड मण्डला में जागरूकता एवं नामांकन शिविर का आयोजन किया गया

 

मंडला 21 अगस्त 2024

प्रशासक वन स्टॉप सेंटर ने बताया कि वन स्टॉप सेंटर मण्डला द्वारा संकल्प 100 दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान अंतर्गत 19 अगस्त से 23 अगस्त 2024 तक अन्य संबंधित मंत्रालयों/विभागों की योजनाओं का नामांकन सप्ताह (दसवा सप्ताह) चल रहा है। इसके अंतर्गत वन स्टाप सेन्टर द्वारा बुधवार को क्षैत्रीय दौरे के दौरान रानी अवंती बाई वार्ड मण्डला में जागरूकता एवं नामांकन शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें उपस्थित महिलाओं को शासन की योजनाओं से जुड़ने हेतु मार्गदर्शन प्रदान किया गया। अध्ययनरत बालिकाओं को अपने स्किल अनुसार प्रशिक्षण लेने हेतु प्रोत्साहित किया गया। साथ ही हब एवं वन स्टॉप सेंटर में दी जाने वाली सहायताओं से अवगत करवाया गया।

 

 

 

 

 

 

प्रमुख मार्गों पर आवारा मवेशियों के विचरण के संबंध में बैठक का आयोजन आज

 

मंडला 21 अगस्त 2024

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा की अध्यक्षता में 22 अगस्त 2024 को दोपहर 12 बजे जिला योजना भवन मण्डला में बैठक आयोजित की गई है। आयोजित बैठक में जिले में संचालित गौशालाओं के बेहतर प्रबंधन एवं प्रमुख मार्गों पर आवारा मवेशियों के विचरण के संबंध में चर्चा की जाएगी। उपसंचालक पशु एवं डेयरी विभाग के द्वारा बैठक में सभी पदाधिकारियों को उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। आयोजित बैठक में एजेंडावार चर्चा की जाएगी।

 

 

 

 

 

 

 

 

जिले में 21 अगस्त तक 1172.2 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई

 

मण्डला 21 अगस्त 2024

जिले में इस वर्ष 1 जून से 21 अगस्त 2024 के दौरान 1172.2 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 946.6 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 225.6 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 अगस्त 2024 को मंडला में 11.2 मि.मी., निवास में 10.4 एवं नारायणगंज में 4.1 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 21 अगस्त 2024 को 4.2 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

 

 

 

 

 

जिला पेंशन फोरम की बैठक आज

 

मंडला 21 अगस्त 2024

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला पेंशन फोरम की बैठक 22 अगस्त 2024 को जिला योजना भवन में प्रातः 11 बजे आयोजित की गई है। बैठक में विभागों को पेंशन प्रकरणों से संबंधित विभागीय जानकारी तथा पूर्व की बैठक की कार्यवाही विवरण सहित उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

 

 

 

 

लोकसेवा केन्द्रों के दावा आपत्तियों का निराकरण 22 अगस्त को होगा

 

मंडला 21 अगस्त 2024

अपर कलेक्टर मंडला ने बताया कि समस्त लोक सेवा केन्द्रों की प्राप्त निविदाओं के तकनीकी परीक्षण में पात्र/अपात्र सूची के संबंध में प्राप्त दावा/आपत्तियों की जांच/परीक्षण एवं निराकरण की अग्रिम कार्यवाही के लिए समिति के सदस्यों श्री जीपी पटले कार्यपालन यंत्री पीआईयू मंडला, श्री तफीम अहमद खान लेखा अधिकारी जिला पंचायत मंडला, श्री अखिलेश नेटी जिला कोषालय अधिकारी मंडला, श्रीमती कविता गुप्ता जिला प्रबंधक लोक सेवा प्रबंधन मंडला और श्रीमती पुष्पा तेकाम प्रभारी जिला ई गवर्नेंस प्रबंधक मंडला को 22 अगस्त 2024 को अपरान्ह 12 बजे कलेक्टर कार्यालय के गोलमेज सभाकक्ष में आयोजित बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

जिला निर्वाचन अधिकारी ने पंचायत निर्वाचन के लिए रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किए

 

मंडला 21 अगस्त 2024

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सोमेश मिश्रा ने म.प्र. पंचायतों के उप निर्वाचन 2024 हेतु नियम 1995 के नियम 20 तथा 21 (1) के द्वारा प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए ग्राम पंचायतों के अंतर्गत पंचायत उपनिर्वाचन 2024 के लिए रिटर्निंग ऑफिसर एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त करने के आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के मुताबिक जनपद पंचायत मंडला के ग्राम पंचायतों के लिए रिटर्निंग ऑफिसर श्री अजय श्रीवास्तव प्रभारी तहसीलदार मंडला और सहायक रिटर्निंग ऑफिसर राजाराम मरावी खण्ड पंचायत अधिकारी जनपद पंचायत मंडला होंगे। इसी प्रकार से जनपद पंचायत नैनपुर के ग्राम पंचायतों के लिए रिटर्निंग ऑफिसर श्री विजय कुमार त्यागी प्रभारी तहसीलदार नैनपुर एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर श्री केएल उइके खण्ड पंचायत अधिकारी जनपद पंचायत नैनपुर, जनपद पंचायत बिछिया के लिए रिटर्निंग ऑफिसर श्री दिनेश कुमार वरकड़े प्रभारी तहसीलदार बिछिया एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर कमलेश ठाकुर प्रभारी खंड पंचायत अधिकारी बिछिया होंगे। जनपद पंचायत मवई के ग्राम पंचायतों के लिए रिटर्निंग ऑफिसर श्री संदीप नागोशे नायब तहसीलदार मवई एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर श्री त्रिलोक मरावी खंड पंचायत अधिकारी मवई होंगे। जनपद पंचायत मोहगांव के ग्राम पंचायतों के लिए रिटर्निंग ऑफिसर श्री धर्मेन्द्र साहू नायब तहसीलदार मोहगांव एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर राकेश कुमार उइके खंड पंचायत अधिकारी मोहगांव होंगे। जनपद पंचायत निवास के पंचायतांे के लिए रिटर्निंग ऑफिसर श्री शंकरलाल मरावी तहसीलदार निवास एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर श्री दानसिंह धुर्वे पंचायत समन्वयक होंगे। जनपद पंचायत नारायणगंज के पंचायतांे के लिए रिटर्निंग ऑफिसर सुश्री रैना तामिया प्रभारी तहसीलदार नारायणगंज एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर रम्मू सिंह मरावी खंड पंचायत अधिकारी नारायणगंज होंगे। इसी प्रकार से जनपद पंचायत घुघरी के लिए रिटर्निंग ऑफिसर चंद्रकुमार वट्टे प्रभारी तहसीलदार घुघरी एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर अमृतलाल उइके खंड पंचायत अधिकारी होंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने पाटन में प्रधानमंत्री जनमन आवास के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया

 

मंडला 21 अगस्त 2024

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार सीईओ जनपद पंचायत घुघरी ने ग्राम पंचायत पाटन का भ्रमण किया गया। उन्होंने भ्रमण के दौरान पी.एम. जनमन आवासों का निरीक्षण किया गया। ग्राम पंचायत पाटन में बैगा परिवारों को पी.एम. जनमन आवास योजना के तहत कुल 65 आवास स्वीकृत किये गये थे। जिसमें से अब तक 22 आवास पूर्ण हो गये हैं, इसके अतिरिक्त 12 आवास ऐसे हैं जिसकी छत ढल चुकी है, केवल छपाई शेष है। 44 हितग्राहियों को तृतीय किश्त दे दी गई है। उन्होंने बताया कि ग्राम रोजगार सहायक को निर्देशित किया गया कि शेष आवासों को शीघ्र पूर्ण कराया जाए। बैगा हितग्राहियों को भी अपने आवास में शीघ्र छत ढालने और पूर्ण करने की समझाईश दी गई। ग्राम पंचायत पाटन में बैगा जाति के 14 व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनना शेष है तथा 7 व्यक्तियों के आधार ई.के.वाई.सी. शेष है। ग्राम रोजगार सहायक को निर्देशित किया गया कि 1 सप्ताह में शेष बचे हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाना तथा आधार ई.के.वाई.सी. पूर्ण किया जाना सुनिश्चित करें। भ्रमण के दौरान ग्राम पंचायत पाटन का सचिव श्री मान सिंह उइके अनुपस्थित पाया गया। उसका एक दिन का अवैतनिक किया गया तथा कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया।

वरिष्ठ नागरिकों को तीर्थ दर्शन कराने 14 सितम्बर से शुरू होंगी ट्रेनें

काशी, अयोध्या, द्वारका, रामेश्वरम जैसे तीर्थ स्थलों का मिलेगा लाभ

 

मण्डला 21 अगस्त 2024

मध्यप्रदेश सरकार की अनूठी “मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन” योजना का आगामी शयड्यूल जारी कर दिया गया है। आगामी 14 सितम्बर से 26 फरवरी 2025 तक प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों को विभिन्न शहरों में धार्मिक यात्रा कराई जाएगी। धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग द्वारा तीर्थ दर्शन योजना में इस बार नागरिकों को वाराणसी (काशी), रामेश्वरम, मथुरा-वृंदावन, कामाख्या, अमृतसर, अयोध्या, द्वारका, जगन्नाथपुरी, शिर्डी और नागपुर जैसे धार्मिक स्थल निर्धारित किये गये हैं। उक्त अवधि में 15 हजार से ज्यादा तीर्थ यात्री विभिन्न तीर्थ-स्थलों की यात्रा करेंगे। योजना का लाभ प्रदेश के ऐसे वरिष्ठ नागरिक जो आयकरदाता नहीं है और 60 वर्ष या इससे अधिक आयु के हैं। योजना का लाभ ले सकेंगे। महिला तीर्थ-यात्रियों के मामले में आयु वर्ग में 2 वर्ष की छूट दी गई है।

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना में पहली ट्रेन 14 सितम्बर को उज्जैन से वाराणसी (काशी)- अयोध्या के लिये रवाना होगी। इसमें उज्जैन जिले के 300, सीहोर के 200 और विदिशा के 279 श्रद्धालु यात्रा करेंगे। यह ट्रेन 19 सितम्बर को लौटेगी। दूसरी ट्रेन 21 सितम्बर को रामेश्वरम के लिये रवाना होगी। इसमें इंदौर से 300, उज्जैन 200 और सीहोर से 279 तीर्थ यात्री रवाना होंगे। यह ट्रेन 26 सितम्बर को लौटेगी। मथुरा-वृदावन तीर्थ के लिये 19 सितम्बर को मेघनगर से तीसरी ट्रेन रवाना होगी और 2 अक्टूबर को वापस लौटेगी। इसमें झाबुआ से 200, रतलाम से 279 और उज्जैन से 300 दर्शनार्थी यात्रा करेंगे। तीर्थ दर्शन के लिये जाने वाली चौथी ट्रेन उज्जैन से 13 अक्टूबर को कामाख्या तीर्थदर्शन के लिये रवाना होगी। इसमें उज्जैन से 300, शाजापुर से 200 और सीहोर से 279 यात्री रवाना होगें। यह ट्रेन 18 अक्टूबर को वापस लौटेगी।

योजना के तहत 5वीं ट्रेन इंदौर से अमृतसर के लिये 21 अक्टूबर को रवाना होगी। इसमें इंदौर से 200, धार से 100, उज्जैन से 200 और शिवपुरी से 279 यात्री रवाना होगें। यह ट्रेन 24 अक्टूबर को वापस लौटेगी। वाराणसी (काशी)-अयोध्या तीर्थ स्थल के लिये 5 नवम्बर को विदिशा से छटवी ट्रेन 300 यात्रियों के साथ रवाना होगी। इसमें सागर से 279 और दमोह से 200 यात्री शामिल होगें। यह ट्रेन 10 नवम्बर को लौटेगी। सातवीं ट्रेन से भोपाल से 13 नवम्बर को रामेश्वरम के लिये 300 यात्री, सीहोर से 200 और नर्मदापुरम से 279 तीर्थ यात्री रवाना होगें। यह ट्रेन 18 नवम्बर को वापस लौटेगी।

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत 21 नवम्बर को आठवीं ट्रेन रीवा से द्वारका के लिये रवाना होगी। इसमें रीवा से 279, सतना से 300 और दमोह से 200 यात्री रवाना होगें जो 26 नवम्बर को वापस लौटेगे। दमोह से 29 नवम्बर को नौवीं ट्रेन वाराणसी (काशी)-अयोध्या तीर्थ स्थल के लिये यात्री रवाना होगी। जिसमें दमोह से 279, मैहर से 200 और सतना से 300 यात्री जायेंगे। यह ट्रेन 4 दिसम्बर को लौटेगी। दसवीं ट्रेन कटनी से 7 दिसम्बर को द्वारका तीर्थ स्थल के लिये 200 तीर्थ यात्री के साथ रवाना होगी। इसमें दमोह से 279 और सागर से 300 यात्री शामिल रहेंगे। यह ट्रेन 12 दिसम्बर को लौटेगी।

योजना के तहत 15 दिसम्बर को सतना से ग्यारहवीं ट्रेन में रामेश्वरम तीर्थ स्थल के लिये 279 यात्री रवाना होगें। इसमें कटनी से 200 और जबलपुर से 300 यात्री शामिल होगें। यह ट्रेन 30 दिसम्बर को वापस लौटेगी। बारहवीं ट्रेन में उडीसा स्थित जगन्नाथपूरी तीर्थ स्थल की यात्रा 23 दिसम्बर को खण्डवा से रवाना होगी जो 28 दिसम्बर को लौटेगी इसमें खंडवा से 279, नरसिंहपुर से 200 और जबलपुर से 300 यात्री रवाना होगी। तेहरवीं ट्रेन 31 दिसम्बर को बैतूल से 279 यात्री कामाख्या तीर्थ स्थल के लिये ट्रेन रवाना होगी। इसमें विदिशा से 300 और दमोह से 200 तीर्थ यात्री रवाना होगें। यह ट्रेन 5 जनवरी को वापस लौटेगी। वाराणसी (काशी)-अयोध्या तीर्थ स्थल के लिये चौदवीं ट्रेन सिवनी से 8 जनवरी को रवाना होगी। जिसमें सिवनी से 279, छिंदवाड़ा से 300 और बैतूल से 200 यात्री रवाना होगें। यह ट्रेन 13 जनवरी को वापस लौटेगी। छिंदवाड़ा से 16 जनवरी को 200 यात्री के साथ रामेश्वरम के लिये पंद्रहवीं ट्रेन रवाना होगी । जिसमें सिवनी-बैतूल से 200 और पंढुर्णा से 179 तीर्थ यात्री रवाना होगें। यह ट्रेन 21 जनवरी को वापस लौटेगी। वाराणसी (काशी)-अयोध्या तीर्थ स्थल के लिये अनूपपुर से सोलहवीं ट्रेन 279 यात्रियों के साथ 24 जनवरी को रवाना होगी। जिसमें शहडोल से 300 और उमरिया से 200 यात्री रवाना होगें। यह ट्रेन 29 जनवरी को वापस लौटेगी।

सत्रवीं ट्रेन उमरिया से शिर्डी के लिये 279 तीर्थ यात्री को लेकर 1 फरवरी को रवाना होगी। जिसमें कटनी से 200 और जबलपुर से 300 तीर्थ यात्री रवाना होगें। यह ट्रेन 4 फरवरी को वापस लौटेगी। रामेश्वरम तीर्थ स्थल के लिये 7 फरवरी को अठ्ठारवीं ट्रेन मुरैना से रवाना होगी, जिसमें मुरैना से 279, ग्वालियर से 300 और दतिया से 200 तीर्थ यात्री रवाना होगें। यह ट्रेन 12 फरवरी को लौटेगी। छतरपुर से द्वारका के लिये 15 फरवरी को उन्नीसवीं ट्रेन रवाना होगी। जिसमें छतरपुर से 279, टीकमगढ़ से 200 और उज्जैन से 300 तीर्थ यात्री रवाना होगें। यह ट्रेन 20 फरवरी को वापस लौटेगी। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना की 20वीं ट्रेन नागपुर के लिये भिंड से 279 तीर्थ यात्रियों के साथ 23 फरवरी को रवाना होगी। जिसमें ग्वालियर से 300 और दतिया से 200 तीर्थ यात्री शामिल होगें। यह ट्रेन 26 फरवरी को लौटेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव का पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्रीमती सिंह ने माना आभार

 

मण्डला 21 अगस्त 2024

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा सिंगरौली जिले की चितरंगी विधानसभा क्षेत्र को अनेक सौगाते दी हैं। सिंगरौली जिले के चितरंगी विधानसभा क्षेत्र के देवसर तहसील के 142 ग्रामों में दावयुक्त सूक्ष्म सिंचाई परियोजना जिसकी लागत 1320.14 करोड़ रूपये, जिससे 32,125 हेक्टेयर सिंचित क्षेत्र की स्वीकृति प्रदान की है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त किया है।

श्रीमती सिंह ने कहा कि इस ऐतिहासिक, महत्वपूर्ण निर्णय से क्षेत्र में सिंचाई का रकबा बड़ेगा। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के किसानों को इसका लाभ मिलेगा। उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। जिससे सिंगरौली जिले का विकास होगा।

 

 

 

चुटका परियोजना से प्रभावित परिवारों को राहत एवं पुनर्वास के संबंध में बैठक सम्पन्न

 

मंडला 21 अगस्त 2024

            चुटका मध्यप्रदेश परमाणु विद्युत परियोजना से प्रभावित परिवारों को राहत एवं उनके पुनर्वास के संबंध में कलेेक्ट्रेट के गोलमेज सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई जिसमें र्प्रदेश सरकार की लोक स्वास्थ्य एवं यांत्रिकी मंत्री सम्पतिया उइके, सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते विधायक निवास चैनसिंह वरकड़े, कलेक्टर सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह एवं अरविंद सिंह, सांसद प्रतिनिधिगण प्रफुल्ल मिश्रा एवं रतन ठाकुर तथा संबंधित उपस्थित रहे।

            बैठक में लोक स्वास्थ्य एवं यांत्रिकी मंत्री सम्पतिया उइके ने कहा कि प्रभावित परिवारों को समुचित राहत प्रदान करने तथा उनके बेहतर पुनर्वास की व्यवस्था करने के लिये सरकार संकल्पित है। उन्होंने प्रभावित परिवारों के हितों को ध्यान में रखते हुये राहत एवं पुनर्वास के प्रस्ताव तैयार करने तथा आवश्यकतानुसार परिसम्पत्तियों का पुनः मूल्यांकन कराने के निर्देश दिये। वीडियो कॉफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुये सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि नवीन प्रस्तावों में प्रभावित परिवारों के लिये राहत, पुनर्वास के साथ-साथ रोजगार संबंधी गतिविधियों को भी सम्मिलित करें। कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने बताया कि चुटका परियोजना से प्रभावित परिवारों के राहत तथा उनके पुनर्वास के लिये प्रस्ताव तैयार कर भेजे जा रहे हैं। बैठक में आर एंड आर कालोनी में बनाये गये मकान में अतिरिक्त निर्माण तथा दोहरे विस्थापन वाले परिवारों को अतिरिक्त प्रतिकर आदि विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

 

Related posts

मंडला पुलिस की पहल: युवाओं को मिलेगा निःशुल्क ट्रेनिंग और रोजगार के अवसर

Reva India News

गौतम खट्टर के आगमन को लेकर तैयारियां

Reva India News

रबी उपार्जन के लिए जिले में कुल 49 पंजीयन केन्द्र स्थापित पंजीयन की अंतिम तिथि 5 मार्च

Reva India News

Leave a Comment