मंडला 30 सितंबर 2024
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने कहा कि पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों को पढ़ाई-लिखाई के साथ-साथ, खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम और शासन के कार्यक्रमों में सहभागिता हेतु प्रेरित करें। अध्यापन कार्य और खेलकूद सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करें। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा सोमवार को पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय मंडला में व्हीएमसी मीटिंग को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर प्राचार्य श्री आरएस उलाड़ी, डॉ. सीमा धुर्वे, डॉ. प्रवीण उइके, प्रोफेसर जीपी पटले, अनिल गुप्ता, मुक्ति गौर सहित अन्य अधिकारी व प्रोफेसर मौजूद थे। कलेक्टर श्री मिश्रा के आगमन पर पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय के प्राचार्य और स्टॉफ ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के द्वारा स्वागत गीत गाए गए। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शिक्षा देने के निर्देश दिए। जिससे विद्यालय का वार्षिक परीक्षाफल अन्य विद्यालयों की अपेक्षा उत्कृष्ट रहे। उन्होंने इस अवसर पर विद्यालय में उच्चतम अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के बारे में जानकारी ली। केन्द्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों के अध्यापन कार्य को उत्कृष्ट बनाने के लिए स्मार्ट क्लास लगाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने बताया कि जिले में 14 एवं 15 नवंबर को मंडला जिले का गौरव दिवस मनाया जा रहा है। गौरव दिवस के कार्यक्रम में महाविद्यालय/विद्यालयों के विद्यार्थियों को शामिल किया जाएगा। गौरव दिवस के कार्यक्रम में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिसमें सभी विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि मंडला जिले के गौरव दिवस के अवसर पर पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय में भी कार्यक्रमों का आयोजन करें। आयोजित कार्यक्रम में लोकगीत और लोकनृत्य, करमा व सैला या अपनी रूचि अनुसार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करें। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने इस अवसर पर पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय परिसर, खेल का मैदान और प्रयोगशाला कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने इस अवसर पर विद्यालय के लिए उपयोगी सामग्री जेम पोर्टल के माध्यम से क्रय करने के निर्देश दिए।
प्राचार्य पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय ने आयोजित बैठक में विद्यार्थियों के अनुसार शिक्षकों की उपलब्धता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कक्षा बारहवी और कक्षा दसवी की वार्षिक बोर्ड परीक्षा में विद्यालय का परीक्षाफल उत्कृष्ट रहा है। विद्यार्थियों ने गणित, विज्ञान, भौतिकी, रसायन, कॉमर्स सहित समस्त विषयों में उच्चतर अंक प्राप्त किए हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय के विद्यार्थियों को विशेष अवसर पर भ्रमण भी कराया जाता है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों की सहभागिता रहती है। विद्यार्थियों को स्वास्थ्य सेवा, कृषि विभाग, कानूनी ज्ञान सहित अन्य विषयों में ज्ञान वृद्धि के लिए विभागों का भ्रमण कराया जाता है। विद्यार्थियों को आत्मरक्षा के गुण बताए जाते हैं। पीएमश्री विद्यालय में विद्यार्थियों के ज्ञान अर्जन के लिए लायब्रेरी सुविधा उपलब्ध है। विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार की कलाएं भी सिखाई जाती है। विद्यार्थियों के लिए खेलकूद की गतिविधियाँ संपन्न कराई जाती है।
प्राचार्य पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय ने बताया कि विद्यालय में विद्यार्थियों और शिक्षक-शिक्षिकाओं के द्वारा शासन द्वारा संचालित कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत स्वच्छता पखवाड़ा प्रारंभ है। इस अभियान में विद्यालय में विभिन्न गतिविधियाँ और कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। विद्यार्थियों को हमेशा साफ व स्वच्छ रहने तथा अपने वातावरण को भी साफ व स्वच्छ रखने की समझाईश दी जा रही है। विद्यालय में पोषण माह कार्यक्रम का भी आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसी प्रकार से विद्यालय में एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत वृक्षारोपण कर उसकी सुरक्षा का भी संकल्प लिया गया है।
