Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज मुख्य समाचार मण्डला 25 नवंबर 2024

प्रेक्षक श्री अरूण पांडे मंडला पहुँचे

 

मण्डला 25 नवंबर 2024

नगर परिषद निवास एवं पंचायतों के उप निर्वाचन 2024 (उत्तरार्द्ध) हेतु निर्वाचन के संचालन के प्रेक्षण हेतु नियुक्त प्रेक्षक श्री अरूण पाण्डे भाप्रसे (सेवानिवृत्त) सोमवार को मंडला पहुँचे। श्री पाण्डे 24 से 28 नवंबर 2024 तक सर्किटहाउस मंडला के नर्मदा कक्ष में रूके हुए हैं जिनका मोबाईल नंबर 9425036003 है। निर्वाचन संबंधी विषयों के लिए आमजन प्रेक्षक से सर्किटहाउस के हॉल में मिल सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

कलेक्टर ने किया ईवीएम वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण

 

मंडला 25 नवंबर 2024

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सोमेश मिश्रा द्वारा पॉलिटेक्निक कॉलेज मंडला स्थित ईवीएम एवं वीवीपेट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाऊस की सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र कुमार सिंह, निर्वाचन अधीक्षक अरूण, सीके तिवारी आदि उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाईन के निराकरण में बेहतर प्रदर्शन करने पर अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर किया सम्मानित

 

मंडला 25 नवंबर 2024

कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने सीएम हेल्पलाईन के अक्टूबर माह में हुए 90 प्रतिशत से अधिक निराकरण के लिए 21 विभागों के अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी लगातार शिकायत निराकरण में संतुष्टि स्तर को बेहतर रखें। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, अपर कलेक्टर अरविंद सिंह, सहायक कलेक्टर आपिक खान, समस्त एसडीएम सहित संबंधित उपस्थिति थे।

अक्टूबर माह में सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों में हुए 90 प्रतिशत से अधिक निराकरण में सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, जिला आयुष अधिकारी डॉ. गायत्री आहके, जिला आपूर्ति अधिकारी मनोज पुराविया, जिला खेल अधिकारी रविन्द्र ठाकुर, सहायक संचालक मत्स्योद्योग एलएस सैयाम, जिला प्रबंधक लोकसेवा कविता गुप्ता, अधीक्षण अभियंता, ऊर्जा विभाग अयुब खान, जिला योजना अधिकारी क्षमा सराफ, ग्रामोद्योग विस्तार अधिकारी एसके डेकाटे, अग्रणी शाखा प्रबंधक सुजय कुमार, जिला परिवहन अधिकारी रमा दुबे, कार्यपालन यंत्री मनोज भास्कर, प्रभारी खनिज अधिकारी राहुल शांडिल्य, जेल अधीक्षक संजय सहलाम, उप संचालक पशु चिकित्सा उग्रसेन तिवारी, मुख्य नगरपालिका अधिकारी निवास शिवासिंह लोधी,  मुख्य नगरपालिका अधिकारी बिछिया लक्ष्मण सिंह सारस, मुख्य कार्यपालन अधिकारी मंडला एवं नैनपुर विनोद कुमार मरावी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी बिछिया आरके मंडावी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी मवई भागचंद टिमरिया को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

 

 

 

 

 

70 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाने के अभियान को मिशन मोड में चलाएं –  कलेक्टर श्री मिश्रा

 

मंडला 25 नवंबर 2024

70 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाने के संबंध में समीक्षा करते हुए कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने निर्देशित किया कि जिले में 70 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाने के अभियान को मिशन मोड में चलाएं। उन्होने कहा कि चिन्हांकन करते हुए 70 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों का शत प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाएं। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में आयुष्मान कैंप आयोजित करें। साथ ही मुनादी के माध्यम से कैंप की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं। कलेक्टर ने लक्ष्य निर्धारित करते हुए प्रतिदिन प्रत्येक आईडी में लगभग 10 लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाकर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। योजना भवन में सम्पन्न हुई इस बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, अपर कलेक्टर अरविंद सिंह, सहायक कलेक्टर आपिक खान, समस्त एसडीएम सहित संबंधित उपस्थित थे।

 

 

 

आजादी की लड़ाई में गढ़ मंडला के क्रांतिवीरों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है – मंत्री श्रीमती संपतिया उइके

गढ़ मंडला के क्रांतिवीरों की वीरगाथाओं को पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा

बड़ चौराहा मंडला में क्रांतिवीरों के लिए दीप प्रज्वलित कर विनम्र श्रद्धांजली दी गई

 

मंडला 25 नवंबर 2024

      प्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि गढ़ मंडला के क्रांतिवीरों ने 1857 स्वतंत्रता संग्राम की लड़ाई में आजादी के लिए अंग्रेज सरकार से कड़ा संघर्ष किया था। अंग्रेज सरकार के द्वारा इन क्रांतिवीरों को बड़ चौराहा मंडला में फांसी पर चढ़ाया गया। जिससे इन क्रांतिवीरों की आजादी की चिंगारी को दबाया जा सके। इसके बावजूद भी गढ़ मंडला के क्रांतिवीर अंग्रेजों से अंतिम सांस तक युद्ध करते रहे। उन्होंने कहा कि इन क्रांतिवीरों को स्मरण करते हुए लालीपुर चौराहा से बस स्टेंड, चिलमन चौक से बड़ चौराहा तक मशाल यात्रा निकाली गई है। जिससे गढ़ मंडला में शहीद हुए क्रांतिवीरों को श्रद्धांजली दी जा सके। इस मशाल यात्रा में जिले के जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, समाजसेवी, पत्रकार सहित नागरिकगण शामिल हुए हैं। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके रविवार को बड़ चौराहा मंडला में स्वाधीनता संग्राम 1857 गढ़ मंडला के क्रांतिवीर पुण्य तिथि के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रही थी। इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष श्री भीष्म द्विवेदी, सांसद प्रतिनिधि श्री जयदत्त झा, प्रफुल्ल मिश्रा, नगर अध्यक्ष नितिन चौरसिया, पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री श्रेयांश कूमट, एसडीएम मंडला श्रीमती सोनल सिडाम सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, समाजसेवी, पत्रकारगण और गणमान्य नागरिक मौजूद थे। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने स्वतंत्रता संग्राम 1857 गढ़ मंडला के क्रांतिवीर पुण्य तिथि के अवसर पर बड़ चौराहा में क्रांतिवीरों के लिए दीप जलाए। उनकी वीरगाथाओं को स्मरण करते हुए 2 मिनट का मौन धारण किया गया। उनकी स्मृति में स्थानीय कलाकारों के द्वारा देशभक्ति के गीत गाए गए। भारत माता की जय, शहीद क्रांतिवीर अमर रहे और वंदे मातरम के नारे लगाए गए। इस अवसर पर बड़ चौराहा में शहीद क्रांतिवीरों को स्मरण करते हुए दीप प्रज्वलित व मौन धारण कर श्रद्धांजली दी गई है। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि गढ़ मंडला के क्रांतिवीरों ने हमेशा आजादी के लिए लड़ाईयाँ लड़ी हैं। उन्होंने बताया कि रानी मां दुर्गावती ने मुगलों के साथ युद्ध किया। राजा शंकरशाह, कुंवर रघुनाथशाह, रानी अवंती बाई और रानी फूलकुंवर बाई ने अंग्रेजों से आजादी की लड़ाईयां लड़ी हैं। उनकी वीरगाथाओं को आने वाली पीढ़ी हमेशा स्मरण करेगी।

      मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम 1857 की लड़ाई में गढ़ मंडला के क्रांतिवीरों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने आजादी के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। अंग्रेज सरकार ने गढ़ मंडला के क्रांतिवीरों को बड़ के पेड़ में फांसी पर चढ़ाया। जिससे आजादी की इस लड़ाई को समाप्त किया जा सके। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद भी गढ़ मंडला के क्रांतिवीर आजादी की लड़ाई के लिए अंग्रेजों से लड़ते रहे और वीर गति को प्राप्त होते रहे। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि इस बड़ के पेड़ को जिला प्रशासन और उद्यानिकी विभाग के माध्यम से संरक्षित किया जाए। उन्होंने इस स्थान को सुरक्षित रखने के लिए एक चबूतरा का निर्माण करने को कहा। इन क्रांतिवीरों की वीरगाथाओं को पाठ्यपुस्तक में शामिल करने को कहा, जिससे 1857 की लड़ाई में भागीदारी करने वाले क्रांतिवीरों के बारे में आने वाली भावी पीढ़ी को जानकारी हो सके। उन्होंने कहा कि गढ़ मंडला के क्रांतिवीरों की इस वीरगाथा को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है, जो कि गढ़ मंडला के क्रांतिवीरों की सजीवता को प्रदर्शित करता है।

आकाशीय बिजली गिरने से घायल हुए व्यक्तियों को आर्थिक सहायता स्वीकृत

 

मंडला 25 नवंबर 2024

      कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार अनुविभागीय अधिकारी राजस्व घुघरी द्वारा आवेदिका फुन्दीबाई पति गंगाराम ग्राम डूडादेह निवासी पर आकाशीय बिजली गिरने से घायल हो जाने के कारण आर्थिक अनुदान सहायता राशि स्वीकृत की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार खेत में काम करते समय अचानक आकाशीय बिजली गिरने से फुन्दी बाई घायल हो गई थी। पीड़ित व्यक्ति को 5400 रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।

 

 

 

 

रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेला 27 नवंबर को होगा

 

मंडला 25 नवंबर 2024

      प्राचार्य औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था मंडला ने बताया कि जिला रोजगार कार्यालय, जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था मंडला द्वारा संयुक्त तत्वाधान में 27 नवंबर 2024 को प्रातः 11 बजे से नगर पालिका टाउन हाल मंडला में रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेला का आयोजन किया जा रहा है। मेले में जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों को प्रतिष्ठित कंपनियों के द्वारा रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के अवसर प्रदान किये जायेंगे। साथ ही उद्योग विभाग द्वारा स्वरोगार के अवसर भी प्रदाय किये जायेंगे। मेले में 8वी, 10वी, 12वी, आईटीआई पास, डिग्री/डिप्लोमाधारी अभ्यर्थी सम्मिलित हो सकते हैं। मेले में शामिल होने के लिए अपने मूल दस्तावेज एवं शैक्षणिक बायोडाटा के साथ उक्त दिनांक को उपस्थित होवें।

 

 

 

 

दस्तावेजों का परीक्षण 25 से 29 नवंबर तक

 

मंडला 25 नवंबर 2024

      मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि उच्च न्यायालय जबलपुर द्वारा तथा संबंधित अन्य याचिकाओं में पारित आदेश 5.11.2024 एवं 21.11.2024 के परिपालन में समस्त याचिकाकर्ताओं जिन्होने कर्मचारी चयन मंडल भोपाल द्वारा वर्ष 2023 में आयोजित समूह-5 के अंतर्गत ए.एन.एम. (महिला बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता) की सीधी भर्ती हेतु आयोजित संयुक्त परीक्षा उत्तीर्ण की है और उनका नाम मेरिट में है। उन्होंने इस नियुक्ति संबंधी नियमानुसार निर्णय लिये जाने हेतु दस्तावेजों के परीक्षण के संबंध में 25 नवंबर 2024 से 29 नवंबर 2024 के बीच कार्यालयीन समय में मण्डला जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के समक्ष समस्त यथोचित दस्तावजों एवं न्यायालय निर्णय के सर्टिफाईड कॉपी के साथ उपस्थित होने को कहा है।

 

 

 

 

 

 

 

 

26 नवंबर को मनाया जाएगा संविधान दिवस

 

मंडला 25 नवंबर 2024

      अपर कलेक्टर ने बताया कि भारतीय संविधान को 26 नवंबर 1949 को अंगीकृत किया गया था, जैसा कि अवगत है, संविधान को अपनाने के दिन को संविधान दिवस के रूप में मनाया जाता है। भारत सरकार ने संविधान को अपनाने के 75 वर्ष पूरे होने के महत्व को देखते हुये साल भर चलने वाले उत्सव को हमारा संविधान हमारा स्वाभिमान अभियान की टैगलाइन के तहत चलाने का निर्णय लिया है। कार्यक्रमों का आयोजन सुनिश्चित करने हेतु सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, संस्थाओं, स्वशासी संस्थाओं, सार्वजनिक उपक्रमों को भी कार्यक्रमों के आयोजन के संबंध में निर्देश प्राप्त हुये हैं।

 

 

 

 

 

 

27 नवंबर को सोलह पंचायतों में लगेंगे आरोग्यम मंडलाजन स्वास्थ्य शिविर

 

मंडला 25 नवंबर 2024

      कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशन में 27 नवंबर 2024 दिन बुधवार को 16 ग्राम पंचायतों में आरोग्यम मण्डलाजन स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिसके तहत आमजन को ग्राम पंचायत स्तर पर ही प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराया जाएगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार 27 नवंबर को 7 विकासखंडों के चिन्हित ग्राम पंचायतों में आरोग्यम मंडला जन स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। विकासखंड मंडला में ग्राम पंचायत झालपानी, घुघरा और मानादेई में शिविर लगाए जाएंगे। विकासखंड नैनपुर में ग्राम पंचायत खिरखिरी, पौंड़ी और रामदेवरी, विकासखंड बिछिया में ग्राम पंचायत करंजिया माल, तिलरी और करियागांव, विकासखंड बीजाडांडी में ग्राम पंचायत कालपी और रमतिला, विकासखंड घुघरी में ग्राम पंचायत सहजर और पाड़कला, विकासखंड मवई में ग्राम पंचायत अंजनी माल और भीमडोंगरी, विकासखंड नारायणगंज में ग्राम पंचायत मानेगाँव में शिविर लगाए जाएंगे।

 

 

 

 

 

 

हम होंगे कामयाब जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया

 

मंडला 25 नवंबर 2024

      कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशन में जिले में जेंडर आधारित हिंसा उन्मूलन हेतु हम होंगे कामयाब जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया है। जेंडर आधारित हिंसा की रोकथाम हेतु जागरूकता अभियान हम होंगे कामयाब पखवाड़ा शुभारम्भ महिला सुरक्षा संवाद अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन केन्द्र स्तर से भोपाल में किया। जिसमें जिले एवं आंगनबाड़ी स्तरों में गूगल लिंक के माध्यम से कार्यक्रम में लोगों को जोड़ा गया। जिसमें जन समुदाय भी शामिल हुआ। साथ ही जिले में जनपद पंचायत मण्डला में वन स्टॉप सेंटर (सखी) महिला एवं बाल विकास विभाग मण्डला द्वारा ऑनलाईन लिंक द्वारा नई चेतना 3.0 राष्ट्रीय लिंग संवेदीकरण कार्यक्रम का प्रसारण जनपद पंचायत मण्डला के सभाकक्ष में सीईओ विनोद कुमार मरावी द्वारा जनपद के समस्त स्टाफ एवं वन स्टॉप के अधिकारी कर्मचारियों के बीच में करवाया गया। जेंडर संवेदनशीलता एवं हम होंगे कामयाब जागरूकता अभियान के बारे में सभा में उपस्थित लोगों को प्रशासक मधुलिका उपाध्याय वन स्टॉप सेंटर द्वारा अवगत कराया गया। साथ ही उपस्थित लोगों को बाल विवाह के खिलाफ शपथ दिलवाई गई। बाल विवाह एक सामाजिक बुराई और कानून का उल्लंघन है, जो बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य और विकास में बाधा है तथा उनके सपनों को साकार होने से रोकता है। इसलिए मैं शपथ लेता/लेती हूँ कि मैं बाल विवाह के खिलाफ हर संभव प्रयास करूँगा/करूँगी। मैं सुनिश्चित करूँगा/करूँगी कि मेरे परिवार, पड़ोस और समुदाय में किसी बालिका का बाल विवाह न हो। मैं बाल विवाह के किसी भी प्रयास की सूचना पंचायत और सरकार को दूँगा/दूँगी। मैं सभी बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा के लिए भी अपनी आवाज बुलंद करूँगा/करूँगी और बाल विवाह मुक्त भारत का निर्माण करूँगा/करूँगी। उक्त कार्यक्रम में बाल संरक्षण इकाई के अधिकारी एवं कर्मचारी, राजाराम मरावी ब्लॉक पंचायत अधिकारी और समस्त पी.सी.ओ. जनपद पंचायत मण्डला, महिला सुरक्षा शाखा से उपनिरीक्षक मधु मरावी, आरक्षक इंदर यादव एवं वन स्टॉप सेंटर के समस्त अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

मंडला जिले में रबी फसल हेतु किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में यूरिया, डीएपी, एनपीके उपलब्ध है

 

मंडला 25 नवंबर 2024

      कृषि विभाग मंडला के द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के किसानों के लिए रबी फसल हेतु 4644 एमटी यूरिया, 1886 एमटी डीएपी एवं 1306 एमटी एनपीके का वितरण हुआ है। जिले में रबी फसल हेतु उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। किसान की सुविधा को ध्यान में रखते हुए समस्त मार्कफेड गोदाम एवं सहकारी समितियों में पर्याप्त मात्रा में सभी प्रकार के उर्वरक भंडारित किए गए हैं। मार्कफेड गोदाम मंडला, नैनपुर, बिछिया और निवास में अभी 2962 एमटी यूरिया, 533 एमटी डीएपी, 1134 एमटी एनपीके उर्वरक उपलब्ध है। सभी सहकारी समितियों में भी पर्याप्त मात्रा में उर्वरक भंडारित है। सहकारी समितियों में 1104 एमटी यूरिया, 245 एमटी डीएपी एवं 956 एमटी एनपीके उपलब्ध है। इस रबी सीजन में जिले में 4644 एमटी यूरिया, 1886 एमटी डीएपी एवं 1306 एमटी एनपीके का वितरण हुआ है। विगत वर्ष की तुलना में विगत दो माह में ही 30 प्रतिशत खाद का उठाव ज्यादा हुआ है। विगत वर्ष नवंबर माह तक 6285 एमटी उर्वरक का उठाव किया गया था जो इस वर्ष 8222 एमटी का उठाव हुआ। किसानों को डीएपी के विकल्प के रूप में एनपीके उठाव करने हेतु प्रेरित किया जा रहा है। विगत वर्ष की तुलना में रबी में एनपीके उर्वरक का उठाव 333 प्रतिशत बढ़ा है। कृषि विभाग द्वारा लगातार उर्वरक केंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है और उर्वरक के सैंपल भी लिए जा रहे हैं। जिले में 6043 एमटी यूरिया, 844 एमटी डीएपी, 2204 एमटी एनपीके, 1428 एमटी एसएसपी, 322 एमटी पोटाश उपलब्ध है।

 

 

 

राजस्व अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरता से करें – कलेक्टर श्री मिश्रा

कलेक्टर ने राजस्व महाअभियान 3.0 की समीक्षा

 

मंडला 25 नवंबर 2024

      कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने राजस्व महा अभियान 3.0 प्रगति और राजस्व प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राजस्व महाभियान 3.0 मप्र शासन की अति महत्वपूर्ण अभियान है। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि बंटवारा, सीमांकन, नामांतरण, नक्शा तरमीम एवं अभिलेख दुरूस्ती आदि के प्रकरणों को मिशन मोड पर निराकृत किया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी प्रकरण लंबित न रहे। राजस्व अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरता से करें। जिला योजन भवन में सम्पन्न हुई इस बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, अपर कलेक्टर अरविंद सिंह, सहायक कलेक्टर आपिक खान, समस्त एसडीएम सहित संबंधित उपस्थित थे।

राज्यपाल श्री पटेल की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित होगा राज्य-स्तरीय “संविधान दिवस” कार्यक्रम

समस्त शासकीय, सार्वजनिक, स्वशासी उपक्रमों एवं शैक्षणिक संस्थाओं में भी होंगे “संविधान दिवस” कार्यक्रम
“हमारा संविधान-हमारा स्वाभिमान” अभियान के अन्तर्गत, उत्सवपूर्वक मनाया जाएगा “संविधान दिवस”
मुख्य सचिव श्री जैन की अध्यक्षता में हुई “संविधान दिवस” आयोजन सम्बंधी बैठक

 

मंडला 25 नवंबर 2024

मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन की अध्यक्षता में सोमवार को मंत्रालय में “संविधान दिवस” आयोजन सम्बंधी बैठक हुई। बैठक में अवगत कराया गया कि राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल की गरिमामयी उपस्थिति में 26 नवम्बर को रवीन्द्र भवन भोपाल के हंसध्वनि सभागृह में प्रात: 11 बजे राज्य-स्तरीय “संविधान दिवस” कार्यक्रम आयोजित होगा। कार्यक्रम में प्रदेश की विविध विभूतियों का स्मरण किया जाएगा। इसमें संविधान निर्माण सम्बंधी प्रदर्शनी लगाई जाएगी और संविधान संबंधी लघु फिल्म भी प्रदर्शित की जाएगी। मुख्य सचिव श्री जैन ने संबंधित विभागों के साथ कार्यक्रम तैयारियों को लेकर समीक्षा की।

भारत सरकार द्वारा जारी निर्देशों के अनुपालन में, संविधान को अंगीकृत करने के 75 वर्ष पूर्ण होने के महत्व को देखते हुए वर्ष भर चलने वाले उत्सव को “हमारा संविधान – हमारा स्वाभिमान” अभियान के अन्तर्गत चलाया जाएगा। “संविधान दिवस” को सम्पूर्ण नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में उत्सवपूर्वक मनाया जाएगा। प्रदेश के सभी शासकीय कार्यालयों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, संस्थाओं, स्वशासी संस्थाओं एवं सार्वजनिक उपक्रमों में 26 नवम्बर को “संविधान दिवस” के उपलक्ष्य पर कार्यक्रम आयोजित होंगे। संविधान दिवस पर भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन भी होगा, इसमें अधिकाधिक संख्या में शासकीय सेवकों के साथ आम नागरिकों की भी सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सहभागी, सामूहिक वाचन की तस्वीर (सेल्फी अथवा अन्य फोटो) पोर्टल https://www.constitution75.com/ पर अपलोड कर सकते हैं। तस्वीर अपलोड करने के उपरांत वेबसाइट पर एक प्रमाण-पत्र तैयार हो जाएगा, इसे डाउनलोड कर सोशल मीडिया में साझा किया जा सकता है।

ज्ञातव्य है कि भारतीय संविधान को 26 नवम्बर 1949 को अंगीकृत किया गया था और संविधान को अपनाने के इस दिन को ‘संविधान दिवस’ के रूप में मनाया जाता है।

बैठक में अपर मुख्य सचिव संसदीय कार्य श्री के.सी. गुप्ता, प्रमुख सचिव पर्यटन श्री शिव शेखर शुक्ला, सचिव सामान्य प्रशासन श्री अनिल सुचारी, आयुक्त उच्च शिक्षा श्री निशांत बरबड़े, कलेक्टर भोपाल श्री कौशलेंद्र विक्रम सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री हरेंद्र नारायण सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

पीड़ित जनों के लिए आरोग्य भारती का सेवा भाव अनुकरणीय: राज्यपाल श्री पटेल

राज्यपाल राष्ट्रीय फिजियोथैरेपी कार्यक्रम में हुए शामिल

 

मंडला 25 नवंबर 2024

राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा है कि पीड़ित जनों के लिए आरोग्य भारती का सेवा भाव अनुकरणीय है। फिजियोथैरेपी से जुड़े विद्यार्थी और सेवार्थी आरोग्य भारती के सेवा भावी कार्यों से प्रेरणा ले। गरीब, वंचित और पीड़ितों की सेवा के लिए हमेशा सक्रिय सहभागिता करें। राज्यपाल श्री पटेल रवीन्द्र भवन भोपाल में आयोजित राष्ट्रीय फिजियोथैरेपी कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

राज्यपाल श्री पटेल ने फिजियोथैरेपी से जुड़े विशेषज्ञ और चिकित्सकों से कहा कि सिकल सेल एनीमिया के उपचार और शोध में फिजियोथैरेपी के उपयोग और संभावना पर मंथन करे। उन्होंने कहा कि शरीर और मन की तंदुरूस्ती के लिए युवा स्वस्थ जीवन शैली अपनाएं। पौष्टिक खान-पान, नियमित योग, व्यायाम, भरपूर पानी और नींद को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनायें।

राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि हम सभी खराब खान-पान और अनियमित जीवनशैली से स्वास्थ्य में गिरावट, परेशानी और कष्ट का अनुभव करते हैं। ऐसे समय में फिजियोथैरेपी के माध्यम से बिना किसी दवा, मरहम और सर्जरी के संपूर्ण स्वास्थ्य को समग्र रूप से ठीक किया जाना सम्भव है। उन्होंने कहा कि फिजिकल थैरेपी, व्यक्ति की जीवन चर्या, खान-पान और शरीर की प्रभावी देखभाल से चमत्कारी परिणाम दे सकती है।

राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के “सबके लिए स्वास्थ्य” के लक्ष्य को प्राप्त करने में फिजियोथैरेपी का प्रसार महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। इसके लिए जरूरी है कि फिजियोथैरेपी पद्धति का प्रभावी अभिलेखन हो। शोध और अनुसंधान के प्रयासों को और अधिक प्रोत्साहन दिया जाए। उन्होंने कहा कि फिजियोथैरेपी चिकित्सा प्रणाली तक वंचित और गरीब जन की पहुंच बढ़ाने के प्रयासों में आरोग्य भारती जैसी संस्थाऐं समाज का नेतृत्व कर सकती हैं। उन्होंने देशभर में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता के प्रचार और सहयोग प्रयासों के लिए संस्था की सराहना की।

राज्यपाल श्री पटेल ने कार्यक्रम का शुभारम्भ भगवान धनवन्तरी और भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। श्री पटेल का आरोग्य भारती संस्था भोपाल के कार्यकारी अध्यक्ष ने श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया। राष्ट्रीय फिजियोथैरेपी कार्यक्रम में स्वागत भाषण डॉ. अभिजीत देशमुख ने दिया। आरोग्य भारती के राष्ट्रीय संगठन सचिव डॉ. अशोक कुमार वार्ष्णेय ने संस्था के कार्यों और प्रयासों की विस्तार से जानकारी दी। राज्य निजी विश्वविद्यालय विनिमायक आयोग के अध्यक्ष डॉ. भरत शरण सिंह और चिरायु मेडिकल यूनिवर्सिटी के चेयरमैन डॉ. अजय गोयनका ने अपने विचार रखे। आभार डॉ. पी.आर. सुरेश ने माना। कार्यक्रम में फिजियोथैरेपी से जुड़े चिकित्सक, विशेषज्ञ, विद्यार्थी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारतीय उच्चायोग के साथ निवेश और विकास के संकल्पों पर चर्चा की

 

मंडला 25 नवंबर 2024

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने यूके दौरे के पहले दिन भारतीय उच्चायोग, लंदन के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने औद्योगिक विकास, तकनीकी सहयोग और वैश्विक निवेश को लेकर प्रदेश की योजनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपनी पहली अंतरराष्ट्रीय यात्रा ब्रिटेन से शुरू करने पर खुशी व्यक्त करते हुए भारतीय उच्चायोग के सहयोग की सराहना की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह मेरे लिए गौरव का क्षण है कि मैं अपनी इस महत्वपूर्ण यात्रा की शुरुआत यूके से कर रहा हूं। इस यात्रा की तैयारी में उच्चायोग टीम द्वारा प्रदान किए गए मार्गदर्शन और सहयोग के लिए मैं हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।

औद्योगिक विकास को प्राथमिकता

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि औद्योगिक विकास प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। उन्होंने बताया कि उज्जैन, रीवा, ग्वालियर, जबलपुर और सागर जैसे शहरों में आयोजित रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव से प्रदेश में निवेश को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रियाएं मिली हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हम अब राष्ट्रीय स्तर से आगे बढ़कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निवेशकों को प्रदेश के विकास से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं, जिसकी शुरुआत लंदन से हो रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कृषि, ऑटोमोबाइल, ऑटो कंपोनेंट्स, फार्मास्यूटिकल्स और आईटी जैसे क्षेत्रों में मध्यप्रदेश की अपार संभावनाओं को रेखांकित किया। उन्होंने विशेष रूप से ब्रिटेन के साथ प्रौद्योगिकी हस्तांतरण, कौशल विकास और अनुसंधान के क्षेत्र में साझेदारी की बात कही।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने फरवरी 2025 में भोपाल में आयोजित होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए भारतीय उच्चायोग से विशेष सहयोग का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मेरा विशेष आग्रह है कि उच्चायोग की टीम मध्यप्रदेश को ब्रिटिश निवेशकों के लिए आदर्श स्थल के रूप में स्थापित करने में हमारा सहयोग करें।

बैठक में भारतीय उच्चायुक्त श्री विक्रम के दोराईस्वामी, उप उच्चायुक्त श्री सुजीत घोष, मंत्री (आर्थिक) श्रीमती निधि मणि त्रिपाठी और प्रथम सचिव (व्यापार) श्री जसप्रीत सिंह सुक्खीजा उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव और भारतीय उच्चायोग, लंदन के बीच हुई यह चर्चा प्रदेश और यूके के बीच औद्योगिक और तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देने में एक नए अध्याय की शुरुआत के रूप में देखी जा रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों को दी संविधान दिवस की बधाई

संविधान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का केंद्र सरकार का अभियान महत्वपूर्ण

 

मंडला 25 नवंबर 2024

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संविधान दिवस, 26 नवम्बर के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई दी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार ने संविधान के सभी अनुच्छेदों के महत्व के दृष्टिगत नागरिकों में जागरूकता लाने की पहल की है। भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने जो संविधान हमें दिया है, उसे जनता तक पहुंचाने के लिए संविधान प्रदत्त अधिकारों का उपयोग करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिये संविधान दिवस को इस वर्ष निमित्त बनाया गया है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह विशेष रूप से बधाई के पात्र हैं, जिन्होंने समाज में संविधान की महत्ता को स्थापित करने के लिए यह महत्वपूर्ण अभियान चलाने के लिए सभी राज्य सरकारों को निर्देश दिए। इसके परिपालन में मध्यप्रदेश में अनेक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार, केंद्र सरकार के इस जन-जागरूकता अभियान का सम्मान करती है और इसके दृष्टिगत पूरे मध्यप्रदेश में संविधान की ताकत से सबको परिचित करवाने के लिए विविध प्रकार के आयोजन किए जा रहे हैं। विशेष रूप से मध्यप्रदेश में इन आयोजनों का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है क्योंकि संविधान निर्माण सभा के अध्यक्ष बाबा साहेब अम्बेडकर प्रदेश के महू में जन्मे हैं। संयोग से संविधान सभा के सदस्य शिक्षाविद और दानवीर डॉ. सर हरिसिंह गौर जो सागर के रहने वाले थे, 26 नवम्बर को उनकी जयंती भी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अनूठे संयोग पर सभी नागरिकों को संविधान दिवस की बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव का लंदन में भारतीय उच्चायुक्त एवं प्रवासी भारतीयों ने किया आत्मीय स्वागत

विदेशी निवेशकों को आमंत्रित करने मुख्यमंत्री यूके और जर्मनी की विदेश यात्रा पर

 

मंडला 25 नवंबर 2024

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का लंदन पहुंचने पर यूनाइटेड किंगडम में भारत के उच्चायुक्त श्री विक्रम के दोराईस्वामी और प्रवासी भारतीयों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव फरवरी में होने जा रहे ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में विदेशी निवेशकों को मध्यप्रदेश में उद्योगों की स्थापना के लिए आमंत्रित करने के लिए इंग्लैंड और जर्मनी प्रवास पर हैं। अपने 6 दिवसीय विदेशी प्रवास के दौरान वे उद्योगपतियों से मुलाकात कर उन्हें मध्यप्रदेश आने का न्यौता देंगे। मुख्यमंत्री के साथ अधिकारियों का उच्च स्तरीय दल भी विदेश प्रवास पर है।

वैश्विक निवेश को मिलेगा प्रोत्साहन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव की यात्रा का मुख्य उद्देश्य मध्यप्रदेश को औद्योगिक हब बनाने के साथ ही हर प्रकार के उद्योग को आमंत्रण के साथ मध्यप्रदेश में औद्योगिक विकास को नई ऊंचाईयां देने और वैश्विक निवेश को आकर्षित करना है। साथ ही अंतर्राष्ट्रीय निवेश के अवसरों को प्रभावी रूप से क्रियान्वित करने का अभूतपूर्व प्रयास है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव आगामी फरवरी माह में भोपाल में आयोजित हो जा रही ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में निवेशकों को आमंत्रित करने के उद्देश्य से 6 दिवसीय विदेश यात्रा पर लंदन और बर्मिंघम तथा जर्मनी के म्यूनिख और स्टटगार्ट का दौरा करेंगे। इस दौरान वे उद्योगपतियों और औद्योगिक संगठन के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को वेस्टमिंस्टर स्थित ब्रिटिश संसद और किंग्स क्रॉस तथा पुनर्विकास स्थलों का भ्रमण भी करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव लंदन में ‘फ्रेंड्स ऑफ मध्यप्रदेश’ प्रवासी भारतीयों द्वारा आयोजित रात्रि भोज कार्यक्रम में शामिल होंगे। लगभग 400 प्रवासी भारतीय इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।

विश्व पटल पर होगा मध्यप्रदेश

मुख्यमंत्री डॉ. यादव की यह निवेश यात्रा राज्य की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने तथा विश्व पटल पर उद्योग के क्षेत्र में मध्यप्रदेश को पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएगी। यह यात्रा निवेशकों के लिए एक सकारात्मक संकेत के रूप में देखी जा रही है, जो प्रदेश में निवेशकों का विश्वास को मजबूती और औद्योगिक विकास को गति प्रदान करेगी। इससे प्रदेश में एक समृद्ध औद्योगिक वातावरण का निर्माण होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देश के महानगरों से औद्योगिक निवेश को आमंत्रित करने के लिए उन्होंने कलकत्ता, बेंगलोर, मुम्बई और कोयम्बटूर में रोड शो आयोजित कर उद्योगपतियों से मुलाकात की थी। विदेश यात्रा का उद्देश्य भारतीय निवेशकों के साथ ही विदेशी निवेशकों को आमंत्रित करना भी है।

हर युवा के लिए होगा रोजगार

मुख्यमंत्री डॉ. यादव की मंशा के अनुरूप प्रदेश के युवाओं को उनकी शिक्षा और काबिलियत के अनुसार काम देने के उद्देश्य से हर प्रकार के उद्योगों को स्थापित करना है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव विदेश यात्रा में विभिन्न क्षेत्रों यथा आई.टी, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रिक व्हीकल, एजुकेशन, रिन्युएबल एनर्जी और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर्स में निवेश पर चर्चा और उद्योगपतियों से वन-टू-वन मुलाकात करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को ब्रेक-फास्ट पर उद्योगपतियों एवं भारत के उच्चायुक्त श्री विक्रम के दोरईस्वामी से संवाद करेंगे। इसके बाद “इन्वेस्टमेंट अपॉर्चुनिटीज इन मध्यप्रदेश”, “इंटरैक्टिव सेशन” में लगभग 120 प्रतिभागियों से चर्चा करेंगे।

 

 

 

जिले में हम होंगे कामयाब पखवाड़ा के अंतर्गत होंगे विभिन्न कार्यक्रम एवं गतिविधियाँ

 

मंडला 25 नवंबर 2024

      कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने जेंडर आधारित हिंसा की रोकथाम हेतु 25 नवंबर से 10 दिसंबर तक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री जी के निर्देशानुसार जिसके तहत जिले में इस जनजागरूकता अभियान को हम होंगे कामयाब पखवाड़ा विशेष जागरूकता अभियान के नाम से संचालित किया जाएगा। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। जिसके तहत जिला, विकासखंड व ग्राम स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। 26 नवंबर को फ्रंटलाईन कार्यकर्ताओं के लिए जेंडर संवेदीकरण, 27 नवंबर को बाल विवाह निषेध जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। 28 नवंबर को सोशल मीडिया अभियान, 29 नवंबर को घरेलू हिंसा रोकथाम, 30 नवंबर को कानूनी जागरूकता कार्यशालाएं जिला, विकासखंड और ग्राम स्तर पर आयोजित की जाएंगी। 2 दिसंबर को पीसी और पीएनडीटी अधिनियम के संबंध में जागरूकता, 3 दिसंबर को समुदाय में जेंडर उन्मुखीकरण, 4 दिसंबर को संस्थागत संबंधों को मजबूत करना, 5 दिसंबर को सकारात्मक मर्दानगी/पुरूषत्व विषय पर संवेदीकरण, 6 दिसंबर को आपातकालीन हेल्पलाईन एवं साइबर सुरक्षा पर जागरूकता, 7 दिसंबर को कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न से सुरक्षा, 9 दिसंबर को साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल साक्षरता और 10 दिसंबर को अभियान का समापन कार्यक्रम संपन्न होगा।

 

 

 

राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल 28 नवंबर को रिपटा जेवरा में विवाह समारोह में शामिल होंगे

 

मंडला 25 नवंबर 2024

      राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल 28 नवंबर 2024 को सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते जी के परिवार में आयोजित विवाह समारोह कार्यक्रम में शामिल होंगे। आप 28 नवंबर को दोपहर 12 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा ढ़ाबा एयरपोर्ट इंदौर से निवास जिला मंडला के लिए प्रस्थान करेंगे। आप दोपहर 2 बजे निवास मंडला आगमन कर कार द्वारा ग्राम जेवरा रिपटा के लिए प्रस्थान करेंगे। दोपहर 2:10 से दोपहर 3:10 तक जेवरा रिपटा में आयोजित विवाह समारोह कार्यक्रम में शामिल होने के बाद दोपहर 3:10 बजे कार द्वारा निवास के लिए प्रस्थान करेंगे। राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल दोपहर 3:15 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा डुमना एयरपोर्ट जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

 

 

 

 

 

मंत्री श्रीमती संपतिया उइके 26 नवंबर को संविधान दिवस कार्यक्रम में सहभागिता करेंगी

 

मंडला 25 नवंबर 2024

      प्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके 26 नवंबर 2024 को प्रातः 11 बजे मंडला से सूर्यकुंड के लिए प्रस्थान करेंगी। आप प्रातः 11:15 बजे सूर्यकुंड आगमन कर रंगमंच का भूमिपूजन कर प्रातः 11:45 बजे मंडला के लिए प्रस्थान करेंगी। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके दोपहर 1:30 बजे जिला योजना भवन में प्रस्थान एवं संविधान दिवस के कार्यक्रम में सहभागिता करेंगी। दोपहर 2 बजे जिला योजना भवन से प्रस्थान कर निज निवास मंडला आगमन कर आम जनता से मुलाकात करेंगी। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके सायंकाल 7 बजे सांसद जी के पुत्र के विवाह समारोह में सहभागिता कर रात्रि 9 बजे मंडला आगमन कर रात्रि विश्राम करेंगी।

 

 

 

 

सीएम हेल्पलाईन के लंबित प्रकरणों का संतुष्टि के साथ निराकरण कर जिले की रैंकिंग बेहतर करें – सोमेश मिश्रा

समय-सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न

 

मंडला 25 नवंबर 2024

      समय-सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक में कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाईन के लंबित प्रकरणों का संतुष्टि के साथ निराकरण कर जिले की रैंकिंग बेहतर करें। उन्होंने कहा कि 50 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों को गंभीरतापूर्वक निराकृत करें। कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग और श्रम विभाग सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों के निराकरण को अपनी प्राथमिकता में शामिल करें। जिला योजना भवन में सम्पन्न हुई इस बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, अपर कलेक्टर अरविंद सिंह, सहायक कलेक्टर आकिप खान, डिप्टी कलेक्टर क्षमा सराफ सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

      कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने सीएम हेल्पलाईन के 90 प्रतिशत से अधिक निराकरण करने वाले अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि शिकायत निराकरण में संतुष्टि स्तर को बेहतर रखें। उन्होने कहा कि जिन विभागों ने सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण नहीं किया है उन विभागों पर जुर्माना की कार्यवाही करते हुए नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उच्च न्यायालयीन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री मिश्रा ने प्रत्येक प्रकरणों पर निर्धारित समयावधि में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने उर्वरक उपलब्धता एवं उपार्जन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने अनुकम्पा नियुक्ति शिविर, धरती आभा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, अंतर्विभागीय बिन्दुओं पर चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

 

 

Related posts

मत्स्य पालन एवं व्यवसाय के लिए एनएफडीपी पोर्टल पर पंजीयन आवश्यक

Reva India News

*​गणेश उत्सव की तैयारियों को लेकर पुलिस कंट्रोल रूम मंडला में बैठक*

Reva India News

आदिवासी लोक संस्कृति और संगोष्ठी पर आदि उत्सव का कार्यक्रम रामनगर में होगा मंत्री श्रीमती संपतिया उइके और सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने आदि उत्सव 2025 की तैयारियों पर चर्चा की  

Reva India News

Leave a Comment