Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज मुख्य समाचार मंडला 27 नवंबर 2024

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने बड़ी खैरी मंडला में उर्वरक गोदामों का निरीक्षण किया

किसानों की रबी फसल हेतु यूरिया,डीएपी,एनपीके पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है

 

मंडला 27 नवंबर 2024

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने बुधवार को बड़ी खैरी मंडला के गोदाम में यूरिया, डीएपी और एनपीके की उपलब्धता का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों को रबी फसल हेतु समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिले के किसानों की मांग के अनुरूप विभिन्न क्षेत्रों में उर्वरक परिवहन करने को कहा। जिससे किसानों को उर्वरक की कमी न हो और उन्हें समय पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध हो सके। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा बुधवार को बड़ी खैरी मंडला में उर्वरक की उपलब्धता, वितरण एवं परिवहन का अवलोकन कर रहे थे। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री श्रेयांश कूमट, तहसीलदार मंडला श्री अजय श्रीवास्तव सहित मार्कफेड, कृषि विभाग और मत्स्य विभाग के अधिकारी मौजूद थे। जिले में विगत वर्ष की तुलना में रबी में एनपीके उर्वरक का उठाव बढ़ा है। कृषि विभाग द्वारा लगातार उर्वरक केंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है और उर्वरक के सैंपल भी लिए जा रहे हैं। जिले में 6043 एमटी यूरिया, 844 एमटी डीएपी, 2204 एमटी एनपीके, 1428 एमटी एसएसपी, 322 एमटी पोटाश उपलब्ध है। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने कहा कि गोदाम और सहकारी समितियों में किसानों को नियमित रूप से उर्वरक उपलब्ध कराया जाए। किसानों के लिए पेयजल और छाया का प्रबंध भी कराया जाए। गोदाम और सहकारी समितियों में साफ-सफाई और सुरक्षा का प्रबंध भी किया जाए। मंडला जिले के किसानों को रबी फसल हेतु यूरिया, डीएपी एवं एनपीके का वितरण लगातार किया जा रहा है। जिले में किसानों की रबी फसल हेतु उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। जिले के किसान की सुविधा को ध्यान में रखते हुए समस्त मार्कफेड गोदाम और सहकारी समितियों में पर्याप्त मात्रा में सभी प्रकार के उर्वरक भंडारित किए गए हैं। मार्कफेड गोदाम मंडला, नैनपुर, बिछिया और निवास में यूरिया, डीएपी, एनपीके उर्वरक उपलब्ध है। सभी सहकारी समितियों में भी पर्याप्त मात्रा में उर्वरक भंडारित है।

 

 

 

 

 

 

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने झालपानी में जन आरोग्यम शिविर का निरीक्षण किया

शिविर में विभागों के द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया गया

 

मंडला 27 नवंबर 2024

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के द्वारा बुधवार को मंडला जिले के ग्राम पंचायत झालपानी में आयोजित आरोग्यम मंडला जन स्वास्थ्य शिविरों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने आयोजित शिविर में सभी विभागों को समन्वय बनाकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। आयोजित शिविर में पहुंचे प्रत्येक नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनका उपचार करते हुए निःशुल्क दवाईयां वितरण करने को कहा। विभागों के द्वारा शिविर में ग्राम पंचायत के 352 नागरिकों का पंजीयन कर उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं तथा स्वास्थ्य सेवाओं से लाभान्वित किया गया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा खून की जांच, टीबी की जांच, सिकलसेल की जांच, गर्भवती महिलाओं की जांच और बच्चे का टीकाकरण किया गया। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने जन आरोग्यम शिविर का व्यापक प्रचार प्रसार करने के निर्देश दिए। जिससे ग्राम के सभी नागरिक इस शिविर का लाभ उठा सकें। उन्होंने शिविर में पहुंचे हितग्राहियों को उनकी पात्रतानुसार आयुष्मान कार्ड, संबल कार्ड तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन और अन्य योजनाओं से लाभान्वित करने को कहा। उन्होंने जन आरोग्यम शिविर में 70 प्लस से अधिक आयु के नागरिकों का अनिवार्य रूप से आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए। जिससे इन्‍हें स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने जन आरोग्यम शिविर में पहुंचे बच्‍चों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं पोषण आहार वितरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने आयोजित जन आरोग्यम शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इस शिविर में अधिक से अधिक नागरिक आकर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं और स्वास्थ्य जांच का लाभ जरूर उठाएं। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री श्रेयांश कूमट, तहसीलदार मंडला श्री अजय श्रीवास्तव सहित जिला, जनपद एवं स्थानीय स्तर के अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने इस अवसर पर विभागों के द्वारा शासन की योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित करते हुए लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया।

 

 

 

 

 

 

 

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने जंतीपुर में मत्स्य बायोफ्लाक इकाई का निरीक्षण किया

किसान श्री धनंजय पटेल मछली पालन कर बनेगा समृद्ध किसान

 

मंडला 27 नवंबर 2024

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने बुधवार को ग्राम पंचायत जंतीपुर विकासखंड मंडला में किसान श्री धनंजय पटेल के मछली उत्पादन हेतु निर्मित बायोफ्लाक इकाई का निरीक्षण किया। किसान श्री धनंजय पटेल को मत्स्य विभाग द्वारा प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना से लाभान्वित किया गया है। वह इस योजना के माध्यम से मछली बीज का उत्पादन और मछली पालन कर रहा है। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने किसान श्री धनंजय पटेल के खेत में जाकर मछली बीज उत्पादन और मछली पालन का अवलोकन किया। उन्होंने इस अवसर पर बायोफ्लाक पोण्ड लाईनर और बागवानी के संबंध में जानकारी प्राप्त की। किसान श्री धनंजय पटेल के लिए मत्स्य पालन को बढ़ावा देने हेतु स्थानीय स्तर पर मार्केटिंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। मत्स्य पालन विभाग को मार्केटिंग के संबंध में कार्यवाही करना होगा। जिससे किसान श्री धनंजय पटेल एक समृद्ध किसान बन सके। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री श्रेयांश कूमट, तहसीलदार मंडला श्री अजय श्रीवास्तव सहित कृषि एवं मत्स्य पालन विभाग के अधिकारी मौजूद थे।

 

 

 

 

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने ग्राम चौगान में होम स्टे निर्माण का अवलोकन किया

पर्यटक होम स्टे कर ग्रामीण संस्कृति और परिवेश से अवगत होंगे

 

मंडला 27 नवंबर 2024

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने बुधवार को ग्राम चौगान जिला मंडला में निर्माण किए जा रहे होम स्टे का अवलोकन किया। उन्होंने होम स्टे का निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्वक ग्रामीण परिवेश में करने के निर्देश दिए। जिससे होम स्टे पर्यटकों के लिए आकर्षण का केन्द्र बन सके। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने पर्यटकों को मुख्य मार्ग से होम स्टे तक जाने के लिए मार्ग निर्माण करने के निर्देश दिए। मार्ग का निर्माण भी ग्रामीण परिवेश में किया जाए। पर्यटकों के लिए होम स्टे में आराम, भोजन, पानी, शौचालय और ग्रामीण पेंटिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। उल्लेखनीय है कि पर्यटन के क्षेत्र में इन दिनों होम स्टे की डिमांड तेजी से बढ़ रही है। अब पर्यटक बड़े-बड़े होटलों को छोड़कर होम स्टे में रहना पसंद कर रहे हैं। जिससे पर्यटक को ग्रामीण संस्कृति और ग्रामीण जीवन को समझने में सरलता होगी। मंडला जिले में विदेशी और भारत देश के पर्यटक लगातार आते रहते हैं, जिसमें मंडला जिले में कान्हा किसली, रामनगर के किले, सहस्त्रधारा, नर्मदा नदी, माहिष्मती घाट, गरम पानी कुंड बबैहा, जिलहरी घाट, काला पहाड़, मनेरी औद्योगिक क्षेत्र, चौगान की मढ़िया, देवगांव संगम सहित विभिन्न क्षेत्र प्रमुख हैं। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने निर्देशित किया है कि मंडला जिले में आने वाले पर्यटकांे के लिए होम स्टे जैसी सुविधा उपलब्ध होनी चाहिए। होम स्टे में जैसी व्यवस्था होगी, वह घर जैसी होगी। पर्यटक को ऐसा महसूस नहीं होगा कि वह किसी होटल में रूका है। होम स्टे में पर्यटक चाहे तो मकान मालिक के साथ भोजन कर सकता है और ग्रामीण संस्कृति के बारे में जानकारी भी ले सकता है। पर्यटक को होम स्टे मालिक को व्यय राशि का भुगतान भी करना होगा।

 

 

 

 

 

 

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने रामनगर में बहुउद्देशीय प्रशिक्षण केन्द्र और बस स्टेंड का निरीक्षण किया

पंचायत द्वारा दुकानदारों को व्यवस्थित दुकानें संचालित करने की अनुमति मिलेगी

 

मंडला 27 नवंबर 2024

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने बुधवार को ग्राम पंचायत रामनगर जिला मंडला में निर्माण किए जा रहे बहुउद्देशीय प्रशिक्षण केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण समय सीमा में करने के निर्देश दिए। विभागीय अधिकारियों को उक्त निर्माण कार्यों का नियमित रूप से निरीक्षण करने को कहा। आवागमन मार्ग में भराव करने के निर्देश दिए, जिससे बहुउद्देशीय प्रशिक्षण केन्द्र आने में कठिनाई न हो। बहुउद्देशीय प्रशिक्षण केन्द्र में टाईल्स, बिजली फिटिंग और पुट्टी पुताई का कार्य गुणवत्तापूर्ण करने को कहा। बहुउद्देशीय प्रशिक्षण केन्द्र के चारों ओर बाउंड्रीवॉल और बैठक व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने इस अवसर पर रामनगर बस स्टेंड का निरीक्षण किया। उन्होंने बस स्टेंड में अव्यवस्थित व अतिक्रमण कर संचालित करने वाले दुकानों को ग्राम पंचायत के माध्यम से व्यवस्थित ढंग से स्थापित करने के निर्देश दिए। जिससे आवागमन में किसी भी प्रकार की कठिनाई न हो। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने इस अवसर पर बस स्टेंड रामनगर की दुकानों का भी निरीक्षण किया। बस स्टेंड के समीप बहने वाली नालियों की मरम्मत करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस अवसर पर कम्प्यूटर प्रशिक्षण केन्द्र का भी निरीक्षण किया। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री श्रेयांश कूमट, एसडीएम सुश्री सोनाली देव, तहसीलदार मंडला श्री अजय श्रीवास्तव सहित कृषि एवं मत्स्य विभाग के अधिकारी मौजूद थे।

 

 

 

 

 

राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल 28 नवंबर को रिपटा जेवरा में विवाह समारोह में शामिल होंगे

 

मंडला 27 नवंबर 2024

राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल 28 नवंबर 2024 को सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते जी के परिवार में आयोजित विवाह समारोह कार्यक्रम में शामिल होंगे। आप 28 नवंबर 2024 को दोपहर 12 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा ढ़ाबा एयरपोर्ट इंदौर से निवास जिला मंडला के लिए प्रस्थान करेंगे। आप दोपहर 2 बजे निवास मंडला आगमन कर कार द्वारा ग्राम जेवरा रिपटा के लिए प्रस्थान करेंगे। दोपहर 2:10 से दोपहर 3:10 तक जेवरा रिपटा में आयोजित विवाह समारोह कार्यक्रम में शामिल होने के बाद दोपहर 3:10 बजे कार द्वारा निवास के लिए प्रस्थान करेंगे। राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल दोपहर 3:15 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा डुमना एयरपोर्ट जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

 

 

 

 

महिला एवं बाल विकास विभाग राज्यमंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर 28 नवंबर को मंडला आयेगी

 

मंडला 27 नवंबर 2024

प्रदेश शासन की महिला एवं बाल विकास विभाग राज्यमंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर 28 नवंबर 2024 को दोपहर 4 बजे सर्किट हाउस जबलपुर से प्रस्थान कर सायंकाल 6 बजे मंडला आगमन कर स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगी। आप रात्रि 9:30 बजे मंडला जिले से जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

 

 

 

 

कलेक्टर ने किया स्टेडियम ग्राउंड का निरीक्षण

 

मंडला 27 नवंबर 2024

कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने स्टेडियम ग्राउंड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैदान को आधुनिक तरीके से सुसज्जित करें। कलेक्टर ने कहा कि आगामी 5 दिसम्बर से खेलो एमपी यूथ गेम्स के अंतर्गत विभिन्न खेलों का आयोजन किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी रविन्द्र ठाकुर, खनिज अधिकारी राहुल शांडिल्य, नगर पालिका सीएमओ गजानंद नाफडे़ सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने मैदान की साफ-सफाई एवं झाड़ियों को हटवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्टेडियम की देख-रेख के लिए एक कर्मचारी नियुक्त करें। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि रोलर और रेजर के माध्यम से मैदान को समतल करना सुनिश्चित करें। उन्होंने सीएमओ नगरपालिका को निर्देशित किया कि मैदान में पानी की आवश्यकता के लिए बोरवेल का संचालन पुनः चालू करें। मैदान में आवश्यकतानुसार मिटटी डालवाएं। कलेक्टर ने कहा कि नमामि सेवा अभियान के तहत शनिवार को श्रमदान के माध्यम से स्टेडियम ग्राउंड की साफ-सफाई की जाएगी।

 

 

 

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सोमेश मिश्रा ने मतपत्रों को मुद्रण हेतु अधिकारी/कर्मचारी नियुक्त किए

 

मंडला 27 नवंबर 2024

      कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सोमेश मिश्रा ने नगरपालिका उप निर्वाचन 2024 (उत्तरार्द्ध) हेतु निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची एवं प्रतीक चिन्ह के आवंटन के पश्चात् मुद्रणालय से समयावधि में ईव्हीएम के फोटोयुक्त मतपत्रों की प्रूफ रीडिंग से लेकर सम्पूर्ण मुद्रण कार्य हेतु शासकीय केन्द्रीय मुद्रणालय भोपाल से मतपत्रों को मुद्रित कराकर संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर को सौंपे जाने हेतु अधिकारी/कर्मचारियों को नियुक्त करने के आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के मुताबिक श्री राहुल चौरसिया सहायक पेंशन अधिकारी, श्री शिवा लोधी मुख्य नगरपालिका अधिकारी और श्री मनोज मिश्रा कम्प्यूटर ऑपरेटर की ड्यूटी लगाई गई है।

 

 

 

आकाशीय बिजली गिरने से घायल होने पर आर्थिक सहायता स्वीकृत

 

मंडला 27 नवंबर 2024

      कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार अनुविभागीय अधिकारी राजस्व घुघरी के द्वारा आवेदक पुन्नूलाल पिता जेठूलाल ग्राम झीना निवासी पर आकाशीय बिजली गिरने से घायल हो जाने के कारण आर्थिक अनुदान सहायता राशि स्वीकृति के आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के मुताबिक आकाशीय बिजली से घायल होने पर 16000 रूपए की आर्थिक सहायता राशि की स्वीकृति प्रदान की गई है।

 

 

 

 

 

28 नवंबर को जनपद पंचायत मंडला में लगेगा अल्पविराम परिचय कार्यशाला

जिले में 22 दिसंबर तक लगेंगे अल्पविराम परिचय कार्यशाला

 

मंडला 27 नवंबर 2024

      जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री श्रेयांश कूमट ने बताया कि राज्य आनंद संस्थान, आनंद विभाग, मध्यप्रदेश शासन द्वारा प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों में आनंद की अनुभूति कराने तथा उनके दैनंदनीय कार्यों में सकारात्मक का भाव बढ़ाने की दृष्टि से प्रदेश के समस्त विकासखंड में माह नवंबर एवं दिसंबर 2024 में अल्पविराम परिचय कार्यशाला किया जाना प्रस्तावित है। जिसके तहत मंडला विकासखंड के सभाकक्ष जनपद पंचायत में 28 नवंबर को, नैनपुर विकासखंड के सभाकक्ष जनपद पंचायत/उत्कृष्ट उ.मा.वि. नैनपुर में 30 नवंबर को, घुघरी विकासखंड के सभाकक्ष जनपद पंचायत/उत्कृष्ट उ.मा.वि. घुघरी में 1 दिसंबर को, मोहगांव विकासखंड के सभाकक्ष जनपद पंचायत/उत्कृष्ट उ.मा.वि. मोहगांव में 7 दिसंबर को, नारायणगंज विकासखंड के सभाकक्ष जनपद पंचायत में 8 दिसंबर को, बीजाडांडी विकासखंड के सभाकक्ष जनपद पंचायत/उत्कृष्ट उ.मा.वि. में 14 दिसंबर को, निवास विकासखंड के सभाकक्ष जनपद पंचायत/उत्कृष्ट उ.मा.वि. में 15 दिसंबर को, बिछिया विकासखंड के सभाकक्ष जनपद पंचायत/उत्कृष्ट उ.मा.वि. में 21 दिसंबर को और मवई विकासखंड के सभाकक्ष जनपद पंचायत/उत्कृष्ट उ.मा.वि. में 22 दिसंबर 2024 को कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा।

 

 

 

 

 

 

 

नगरीय निकाय एवं पंचायत उपनिर्वाचन 2024: एफएलसी 28 से प्रारंभ होगी

 

मण्डला 27 नवंबर 2024

      कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सोमेश मिश्रा ने बताया कि नगरीय निकाय एवं पंचायत उप निर्वाचन 2024 हेतु ईव्हीएम मशीनों को मतदान केन्द्रवार कमिशनिंग कार्य में मशीनांे के लिए स्ट्राँग रूम में मतदान केन्द्रवार ईव्हीएम मशीनों को सुरक्षित रखने एवं संपन्न कराने के लिए ड्यूटी आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के मुताबिक नियुक्त प्रभारी अधिकारी, जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स एवं सहायक अधिकारी तथा कर्मचारियों की ड्यूटी  एफएलसी एवं ईव्हीएम मशीनों के रेंडमाईजेशन के लिए लगाई गई है। जिसके तहत एफएलसी 28 नवंबर से 30 नवंबर 2024 तक प्रातः 11 बजे से पॉलीटेक्निक कॉलेज मंडला में होगा। डीईओ लेवल रेंडमाईजेशन 1 दिसंबर को प्रातः 11 बजे से कार्यालय कलेक्टर में होगा। आरओ लेवल रेंडमाईजेशन 2 दिसंबर को प्रातः 11 बजे से कलेक्टर सभाकक्ष गोलमेज में होगा। कमिशनिंग 3 दिसंबर 2024 को प्रातः 11 बजे से पॉलीटेक्निक कॉलेज मंडला में होगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधितों को उपरोक्त तिथियों को निर्धारित समय एवं स्थान पर ईव्हीएम मशीनों की एफएलसी और रेंडमाईजेशन के दौरान उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।

 

 

 

 

 

 

 

हम होंगे कामयाब जागरूकता अभियान पीएम श्री स्कूल महाराजपुर में संपन्न हुआ

 

मंडला 27 नवंबर 2024

      प्रशासक वन स्टॉप सेंटर ने बताया कि बुधवार को पी.एम. श्री स्कूल शास.क.उ.मा.वि. महाराजपुर मण्डला में हम होंगे कामयाब पखवाड़ा अंतर्गत बाल विवाह निषेध जागरूकता अभियान के तहत बाल विवाह निषेध अधिनियम और इन कानूनों के उल्लंघन करने पर कानूनी परिणामों पर वेबिनार और सत्र का आयोजन किया गया। इस दौरान बाल विवाह मुक्त भारत हेतु शपथ दिलवाई गई। इसके अलावा जेंडर संवेदनशीलता के बारे में भी जागरूक किया गया। जिसमें जेंडर के प्रति सामाजिक सोच में किस प्रकार बदलाव किया जा सकता है और लोगों को निर्धारित संकुचित सोच से हटाकर जागरूक कर घर परिवार और समाज के माहौल को खुशनुमा बनाया जा सकता है। जेंडर आधारित भेदभाव को रोककर लोगों की सोच को वृहद रूप में विस्तारित करने की आवश्यकता है और ये अपने परिवार और आसपास के लोगों के साथ होने वाली गतिविधियों से ही संभव है। उन्होंने बताया कि इसलिये शासन की मंशा को लोगों तक पहुंचाने का कार्य वन स्टॉप सेंटर के द्वारा लगातार किया जा रहा है। इसमें महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिला/विकासखण्ड व ग्राम पंचायत स्तर और आंगनवाड़ी केंद्रों से भी जागरूकता हेतु प्रतिदिन विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही है। कार्यक्रम में प्रशासक वन स्टॉप सेंटर मधुलिका उपाध्याय के द्वारा बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के खास बिन्दुओं पर चर्चा की गई तथा बाल विवाह रोकने के लिये छात्र/छात्राओं और समस्त स्टाफ को अवगत कराया गया। इस अवसर पर वन स्टॉप सेंटर से आशा नंदा केस वर्कर, स्कूल के शिक्षकगण, प्राचार्या एवं छात्र/छात्रायें उपस्थित रहे। कार्यक्रम के पश्चात प्राचार्या श्रीमती विभा मिश्रा के द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया।

 

 

 

 

 

 

हाथकरघा एवं हस्तशिल्प प्रदर्शनी का आयोजन 3 से 8 दिसंबर तक होगा

 

मंडला 27 नवंबर 2024

      जिला ग्रामोद्योग अधिकारी जिला पंचायत ने बताया कि मध्यप्रदेश शासन कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग भोपाल के सौजन्य से जिला मण्डला में शीतकालीन हाथकरघा एवं हस्तशिल्प प्रदर्शनी का आयोजन आदर्श बुनकर स्वसहायता समूह बबैहा जिला मण्डला में 3 दिसंबर से 8 दिसंबर 2024 तक टॉउन हॉल नगरपालिका मण्डला में किया जाएगा। उक्त प्रदर्शनी में प्रदेश व जिले के उत्कृष्ट शिल्प कलाओं का प्रदर्शन सहः विक्रय किया जावेगा। जिससे प्रदेश एवं जिले के शिल्पियों के उत्पादों की मार्केटिंग होगी और उनकी आय में भी वृद्धि होगी। उक्त प्रदर्शनी के आयोजन से प्रदेश के शिल्पी आत्मनिर्भर होंगे। इस प्रदर्शनी में महेश्वर, चंदेरी की डिजाईनर सिल्क साड़ियां, सौसर एवं वारासिवनी की सिल्क एवं कोसा साड़ियां बाघ (धार) भैरागढ के प्रिन्टेड ड्रेस मटेरियल, मण्डला की गोंडी पेंटिग साड़ियां और बांस शिल्प, काष्ठ शिल्प बेलमेटल, माटीशिल्प की कलाकृतियां विक्रय हेतु उपलब्ध रहेगी।

 

 

 

 

 

 

 

 

रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप महासंगम मेला नगरपालिका टाउनहॉल मण्डला में संपन्न हुआ

 

मंडला 27 नवंबर 2024

      महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देशानुसार जिला रोजगार कार्यालय मंडला आईटीआई मंडला और जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के द्वारा संयुक्त रूप से रोजगार महासंगम का आयोजन नगर पालिका टाउनहॉल मंडला में किया गया। जिसमें स्थानीय एवं निजी क्षेत्र की पांच प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। इस मेले में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र मंडला द्वारा मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत 6 हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए, 78 आवेदकों के पंजीयन किये गए और 43 आवेदकों का प्रारंभिक चयन किया गया। आयोजित रोजगार महासंगम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा के द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर किया गया। उन्होंने आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित अभ्यर्थियों को मार्गदर्शन प्रदान करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर प्राचार्य आईटीआई श्री आर एस वरकड़े, श्री बलराम यादव सहायक संचालक/प्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र श्रीमती रेखा चौरसिया श्री प्रदीप कुमार जायसवाल, श्री अनिल दुबे, श्री डी के साहू रोजगार कार्यालय, आईटीआई मंडला से श्री आनंद मरावी ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर कुमारी वैशाली कामडे उद्यमिता अधिकारी एवं समस्त स्टॉफ उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

जिला दंडाधिकारी सोमेश मिश्रा ने रेडजोन/नो फ्लाईंग जोन घोषित किया

 

मंडला 27 नवंबर 2024

      जिला दंडाधिकारी श्री सोमेश मिश्रा ने 28 नवंबर 2024 को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 की उपधारा 3 के अंतर्गत व्हीव्हीआई/व्हीआईपी के प्रस्तावित भ्रमण व उनकी सुरक्षा श्रेणी जेड प्लस एवं संभावित खतरे को दृष्टिगत रखते हुए खिन्हा हेलीपेड, देवरी हेलीपेड एवं संपूर्ण निवास क्षेत्र में 200 मीटर की परिधि में ड्रोन/पैरा ग्लाईडर/हॉट बैलून/अन्य फ्लाईंग ऑब्जेक्ट के उड़ने पर प्रतिबंध लगाकर उक्त स्थान को रेड जोन नो फ्लाईंग जोन घोषित करने के आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के मुताबिक उक्त आदेश व्हीव्हीआई/व्हीआईपी के प्रस्थान होने तक लागू रहेगा। उक्त आदेश के उल्लंघन करने पर दोषी व्यक्ति के विरूद्ध भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 के अंतर्गत दंडनीय होगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव से भोपाल में आईटी हब और अंतर्राष्ट्रीय एयर कनेक्टिविटी को लेकर लंदन में हुई चर्चा

 

मंडला 27 नवंबर 2024

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विदेश प्रवास के दौरान लंदन में अपनी यात्रा के अंतिम दिन फ्रेन्ड्स ऑफ एम.पी चैप्टर के प्रतिनिधियों के साथ संवाद किया और समूह सदस्यों से भेंट कर उन्हें मध्यप्रदेश में निवेश के लिए प्रोत्साहित किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के समक्ष भोपाल में आईटी हब बनाने और अंतर्राष्ट्रीय हवाई सेवा प्रारंभ करने का प्रस्ताव रखा गया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव से मुलाकात में भोपाल के विकास और एयर कनेक्टिविटी को लेकर काम कर रही संस्था एयर कनेक्टिविटी फॉर भोपाल डेवलपमेंट (एएफबीडी) ग्रुप के फाउंडर आबिद फारूकी ने भोपाल में आईटी कंपनी स्टार्ट-अप को लेकर अपना प्रस्ताव रखा। उन्होंने बताया कि भोपाल में आई-टी सेक्टर में रोज़गार, स्किल एंड एडवांस डेवलपमेंट ट्रेनिंग के साथ फ्रेश इंजीनियर ग्रेजुएट्स को कैंपस प्लेसमेंट मुहैया कराएंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आश्वस्त किया कि इस दिशा में सकारात्मक प्रयास किया जाएगा। श्री आबिद फारूकी ने बताया कि लम्बे समय से भोपाल से अंतर्राष्ट्रीय उड़ान शुरू करने की मांग है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि भोपाल से अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने के लिए सभी तैयारियां अंतिम चरण में है। भोपाल शहर को जल्दी ही अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों की सौगात मिलेगी।

शिवपुरी की घटना पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

4 आरोपी हिरासत में, मृतक के परिजन को 4 लाख की सहायता

मंडला 27 नवंबर 2024

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शिवपुरी जिले के ग्राम इंदरगढ़ में जल कनेक्शन को लेकर दो पक्षों में हुए आपसी विवाद में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। घटना में मृतक नारद जाटव के परिजन को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से चार लाख रूपए की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिले के प्रभारी मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर को घटना स्थल पर पहुँच कर पीड़ित परिवार से मुलाकात के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में अशांति फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ सख्ती से निपटा जाएगा। मध्यप्रदेश में क्रूरता एवं अराजकता के लिए कोई स्थान नहीं है।

उल्लेखनीय है कि शिवपुरी जिले के ग्राम इंदरगढ़ में दो पक्षों में जल कलेक्शन को लेकर हुए विवाद में नारद जाटव को गंभीर चोटें आई थीं, जिसकी इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। पुलिस द्वारा 8 आरोपियों के विरूद्ध प्रकरण दर्ज किया गया है, जिसमें से 4 आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है।

निवेश के लिए विभिन्न सेक्टर्स में उद्योगपतियों ने दिखाई रूचि : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

औद्योगिक प्रगति के पथ पर अग्रसर मध्यप्रदेश में है निवेश के हैं सुनहरे अवसर

मंडला 27 नवंबर 2024

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि हम विदेशी निवेश को मध्यप्रदेश की धरती पर आमंत्रित करने के लिए यहां आए हैं। अनेक उद्योगपतियों ने विभिन्न सेक्टर्स में निवेश के लिए रूचि दर्शायी है। आईटी सेक्टर, शिक्षा, रिन्यूएबल एनर्जी, उद्योग, माइनिंग, फूड प्रोसेसिंग, हेल्थ और सेमी कंडक्टर के क्षेत्र में निवेश के लिए उद्योगपति आगे आए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसी भी देश की प्रगति का मुख्य आधार वहां के उद्योग धंधे हैं। औद्योगिक दृष्टि से कौन कितना अधिक संपन्न है। यह उनकी इंडस्ट्रियल ग्रोथ बताती है, जितने अधिक उद्योग धंधे होंगे उतने अधिक रोजगार के अवसर प्राप्त होते हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में डबल इंजन की सरकार प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने निवेशकों को प्रदेश में आमंत्रित किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि चाहे अमेरिका हो या जर्मनी हो उद्योग धंधे विकास का मूल आधार है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव लंदन में स्थानीय मीडिया से संवाद कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लंदन आकर अच्छा लगा यहां हमारे कई सारे भारतवंशी मित्रों के साथ मुलाकात हुई, जो कई साल पहले भारत से इंग्लैंड में आकर बस गए थे और यहां विभिन्न क्षेत्रों में बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। उनके साथ निवेश संबंधी संभावनाओं पर भी विचार किया गया। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के आहवान पर प्रवासी भारतीय भाई अपनी जड़ों से जुड़ने की ओर आगे बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी यूके यात्रा निवेश की दृष्टि से बहुत सार्थक रही है। इसके परिणाम हमें फरवरी-2025 में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में देखने को मिलेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार की ओर से सभी निवेशकों का मध्यप्रदेश में आत्मीय स्वागत है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव का निवेश को लेकर गंभीर दृष्टिकोण: यूके में निवेशकों को किया आमंत्रित

राउंड-टेबल और वन-ऑन-वन बैठकों में निवेश पर हुई विस्तृत चर्चा

मंडला 27 नवंबर 2024

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यूके यात्रा में मध्यप्रदेश में निवेश बढ़ाने के लिए लंदन के प्रमुख उद्योगपतियों के साथ वन-ऑन-वन मीटिंग कर व्यक्तिगत तौर पर निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने सेक्टर केंद्रित राउंड-टेबल मीटिंग कर निवेश संबंधी विस्तृत चर्चा की।

मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने वन-ऑन-वन बैठकों में प्रत्येक निवेशक की परियोजना और आवश्यकताओं को ध्यानपूर्वक सुना और मध्यप्रदेश में निवेश के लिए बेहतर अवसर और नीतिगत समर्थन का भरोसा दिलाया। राउंड-टेबल चर्चाओं में इलेक्ट्रिक वाहन, नवकरणीय ऊर्जा, शिक्षा और खाद्य प्रसंस्करण जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर विशेषज्ञों और सरकारी अधिकारियों के साथ विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इंडोरामा ग्रुप, एसआरएएम एंड एमआरएएम ग्रुप, सायनकॉननोड, हाइब्रिड एयर व्हीकल्स लिमिटेड, क्लिनीसप्लाईज, औरोरा एनर्जी रिसर्च, एल्सेवियर, वीडिलीवर, कैपरो, वेवसाइट, द मोंटकैल्म लग्ज़री होटल्स, फाइला अर्थ, एम्पर्जिया लिमिटेड, अयाना कंसल्टिंग, पैंजिया डेटा लिमिटेड, इनवर्जी, बीईएम ग्रुप लिमिटेड, डैक्स फर्स्ट, रैनसैट ग्रुप, कोगो इकोटेक सॉल्यूशंस, एम्पैटी.एआई, मनी फॉर बिजनेस लिमिटेड, डीएएम हेल्थकेयर लिमिटेड और हेलियन जैसी कंपनियों के प्रतिनिधियों से चर्चा की। बैठक में औद्योगिक विकास को गति देने और संभावित सहयोग के अवसरों पर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने निवेशकों को मध्यप्रदेश में अनुकूल व्यावसायिक माहौल और निवेश के लिए उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी दी।

मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने विभिन्न क्षेत्रों पर केंद्रित राउंड-टेबल परिचर्चाओं में भाग लिया। इन परिचर्चाओं में इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी), ऑटोमोबाइल और नवीकरणीय ऊर्जा, शिक्षा और फूड प्रोसेसिंग जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव की यह पहल राज्य को एक वैश्विक निवेश स्थल बनाने और उद्योगपतियों के साथ मजबूत साझेदारी विकसित करने में परिणामोन्मुखी साबित होगी। साथ ही ये बैठकें औद्योगिक विशेषज्ञों और निवेशकों के साथ मध्यप्रदेश के विकास के लिए नई संभावनाओं को आकार देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगी।

मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने 26/11 के शहीदों को दी श्रद्धांजलि

यूके के इंडिया हाउस में स्मृति समारोह में हुए शामिल

 

मंडला 27 नवंबर 2024

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुंबई आतंकी हमले 26/11 की बरसी पर लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग द्वारा इंडिया हाउस में आयोजित स्मृति समारोह में देश के इतिहास की सबसे दुखद आतंकी घटना निरूपित किया। उन्होंने 26/11में शहीद हुए वीरों को याद कर श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने अपने मर्मस्पर्शी संबोधन में उस भयावह घटना की पीड़ा और स्मृतियों को बयाँ किया, जिसने न केवल प्रत्यक्ष पीड़ितों को बल्कि पूरे देश को अन्त:मन तक झकझोर दिया था। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस तरह की घटनाओं को भूलने के बजाय उनसे सबक लेना और भविष्य में ऐसी त्रासदियों को रोकने का प्रयास करना हमारा कर्तव्य है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हमले में प्राणोत्सर्ग करने वालों शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं और एक शांतिपूर्ण भविष्य की कामना की। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने शहीदों की वीरता को सैल्यूट किया साथ ही उन जिंदगियों की दृढ़ता को भी सराहा जो इस त्रासदी से उबरकर आगे बढ़े।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इंडिया हाउस में 26/11 दुर्घटना पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस प्रदर्शनी में हमले से संबंधित दुर्लभ फोटोग्राफ्स और अन्य जानकारी विजुअली प्रदर्शित की गई, जो उस दुखद घटना की स्याह सच्चाई को बयान कर रही थी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यूके के विदेश दौरे पर इंडिया हाउस का भ्रमण कर उसकी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को और करीब से जाना।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निवेशकों के साथ की वन-ऑन-वन मीटिंग्स

प्रदेश के विकास के लिए रखी ठोस नींव

 

मंडला 27 नवंबर 2024

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लंदन में निवेशकों और उद्योग जगत के अग्रणी लीडर्स के साथ वन-ऑन-वन मीटिंग्स कर प्रदेश में निवेश की व्यापक संभावनाओं पर चर्चा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नवकरणीय ऊर्जा, कृषि व्यवसाय, अधोसंरचना, स्वास्थ्य सेवा और आईटी जैसे विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी के अवसरों के संबंध में विस्तार से अवगत कराया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निवेशकों को राज्य की व्यापार अनुकूल नीतियों और प्रोत्साहनों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में उद्योग और नवाचार के लिए उपयुक्त वातावरण प्रदान करने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने राज्य की औद्योगिक क्षमता और इसके माध्यम से सतत विकास एवं नवाचार को बढ़ावा देने की अपनी दूरदर्शी सोच साझा की, जिसकी निवेशकों ने सराहना की।

मुख्यमंत्री. डॉ. यादव ने कहा “मध्यप्रदेश, निवेशकों के लिए न केवल अवसरों का केंद्र है, बल्कि एक ऐसा साझेदार है, जो उनके व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में मदद करेगा।” उन्होंने प्रदेश में उद्योगों को सुगमता से स्थापित करने और संचालन के लिए सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही अधोसंरचना, कुशल कार्यबल और अन्य संसाधनों पर विशेष जोर दिया।

 

 

 

 

 

 

Related posts

एमपी हाउसिंग को भूमि आवंटन के संबंध में आपत्ति/दावा 15 दिवस के भीतर आमंत्रित

Reva India News

13 मार्च को 2406 व्यक्तियों का होगा कोविड वैक्सीनेशन

Reva India News

अवकाश के दिनों में भी खुलेंगे पंजीयक एवं उप पंजीयक कार्यालय

Reva India News

Leave a Comment