Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

प्रदेश सरकार दुःखी परिवारों के साथ हर पल खड़ी है – मंत्री श्रीमती संपतिया उइके मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने स्मृति शिविर अनुकंपा नियुक्ति परिवार का संबल कार्यक्रम में नियुक्ति पत्र वितरित किए  

मंडला, 27 मार्च 2025

प्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि आज का दिन गौरव का दिन है, जिला प्रशासन द्वारा अभिनव पहल कर आवेदकों को चिन्हित कर अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार इन दुःखी परिवारों के साथ हर पल खड़ी है। उनके परिवार में जो अपूर्णीय क्षति हुई है उसकी भरपाई करना असंभव है, लेकिन पीड़ित परिवार को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान कर राहत प्रदान की जा रही है। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके गुरूवार को जिला योजना भवन में स्मृति सुमन शिविर अनुकंपा नियुक्ति परिवार का संबल कार्यक्रम को संबोधित कर रही थी। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने दीप प्रज्वलित कर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ किया। 9 आवेदकों को अनुकंपा नियुक्ति पत्र प्रदान किए जिसमें सुभाष कश्यप, सोनम कुमरे, हिमांशु, अर्जुन, गायत्री, अभिमांशु, सत्यम पांडे, विकास सिंह और शैली सिंह प्रमुख हैं। इस अवसर पर कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री श्रेयांश कूमट, सांसद प्रतिनिधि श्री जयदत्त झा, नगर भाजपा अध्यक्ष श्री शिवा रानू राजपूत, एसडीएम मंडला श्रीमती सोनल सिडाम, एसडीएम बिछिया सुश्री सोनाली देव, एसडीएम घुघरी श्री सीके वर्मा, एसडीएम नैनपुर श्री अविनाश ठाकुर सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी मौजूद थे।

मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा है कि प्रदेश के हर व्यक्ति को रोजगार उपलब्ध होता रहे। इसलिए प्रदेश के नागरिक, किसान, युवा, महिला, वृद्ध सहित समस्त हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की गई हैं। जिसका लाभ हर वर्ग के हितग्राही को मिल रहा है।

मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति प्रदान करने वाले आवेदक अपने-अपने शासकीय दायित्वों का निर्वहन ईमानदारीपूर्वक करें, बेहतर काम करें, कार्यों में पारदर्शिता रखें। उन्होंने अनुकंपा नियुक्ति प्राप्त आवेदकों को अपने-अपने शासकीय दायित्वों के साथ-साथ कम्प्यूटर की शिक्षा भी पूर्ण करने की सलाह दी। जिससे भविष्य में आवेदकों को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। उन्होंने अनुकंपा नियुक्ति प्राप्त आवेदकों को कहा कि ग्राम पंचायतों के द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन किया जाता है। ग्राम पंचायत हितग्राहियों को लाभान्वित करने की प्रथम इकाई है, इसलिए ग्राम पंचायतों में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन प्रभावी ढंग से करें और हितग्राहियों को लाभान्वित करें। किसी भी प्रकार की कठिनाई आने पर अपने वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क करें। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने सभी अनुकंपा नियुक्ति प्राप्त आवेदकों को बधाई व शुभकामनाएं भी दी।

Related posts

प्रदेश में 22 लाख से अधिक स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों को वितरित की पाठ्य पुस्तकें

Reva India News

आंगनवाड़ी केन्द्र बोतलबहरा में किया गया जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन

Reva India News

गुरुपूर्णिमा के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित

Reva India News

Leave a Comment