Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

नैनपुर से पेंचवेली एक्सप्रेस की हुई शुरुआत सांसद और मंत्री ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना रेल सेवाओं के विस्तार से यात्रियों को मिलेगी सुविधाएं  

मंडला 15 जुलाई 2025

छिंदवाड़ा से इंदौर तक जाने वाली गाड़ी संख्या 19344 पेंचवेली एक्सप्रेस के विस्तार के बाद सोमवार को पहली बार ट्रेन मंडला जिले के नैनपुर स्टेशन से इंदौर के लिए रवाना की गई। इस ट्रेन को मध्यप्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके, मंडला सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते, बालाघाट-सिवनी सांसद श्रीमती भारती पारधी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने नैनपुर के प्लेटफॉर्म पर हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष नैनपुर श्रीमती कृष्णा पंजवानी, दक्षिण-पूर्व-मध्य रेलवे मंडल नागपुर के मंडल रेल प्रबंधक श्री दीपक कुमार गुप्ता के साथ रेलवे के अधिकारी, कर्मचारी सहित अन्य विशिष्ट जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

मंत्री श्रीमती उइके ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री और रेल मंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में देश विकास ने नए आयाम स्थापित कर रहा है। उनके 11 साल के कार्यकाल में देश में 813 नई ट्रेनें स्वीकृत हुई है। आज नैनपुर से इंदौर तक चलने वाली इस ट्रेन से क्षेत्र की जनता को यात्रा करने में आसानी होगी, उनका समय बचेगा और सफ़र आसान हो जाएगा। क्षेत्र की जनता को स्वास्थ्य और शिक्षा के लिए महानगर में जाना पड़ता था अब उन्हें इस समस्या से निजात मिलेगी। अमृत भारतीय स्टेशन योजना के अंतर्गत मंडला फ़ोर्ट स्टेशन पर सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। शीघ्र ही इस रेल का परिचालन मंडला फ़ोर्ट से किया जाएगा, इसके लिए केंद्रीय रेल मंत्री से भी चर्चा की गई है। रीवा-इतवारी एक्सप्रेस ट्रेन इसी का उदाहरण है। उन्होंने बताया कि नैनपुर रेल समपार ओवरब्रिज बनाए जाने का प्रस्ताव भी केंद्र सरकार को प्रेषित किया जा चुका है।

सांसद श्री कुलस्ते ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेलवे के कर्मचारियों और क्षेत्र की जनता को बधाई देते हुए कहा कि बहुप्रतीक्षित माँग आज पूरी हुई है। मंडला फोर्ट स्टेशन के विकसित होने का काम अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किया जा रहा है। इस कड़ी में बालाघाट, सिवनी, नैनपुर, मंडला, गोटेगाँव आदि स्टेशन को अमृत स्टेशन से जोड़ा गया है और इनमें द्रुतगति से कार्य किया जा रहा है। यात्रियों को बेहतर सुविधा प्रदान करने के लिए सरकार प्रयासरत है। इसके अंतर्गत दिव्यांगजनों के लिए भी मूलभूत सुविधाएँ प्रदान की जा रही है। क्षेत्र में ट्रेनों के परिचालन होने से बड़े शहरों और राज्यों की राजधानी तक जुड़ाव आसानी से हो जाएगा। इसके अलावा पर्यटन की दृष्टि से हम देखें तो कान्हा नेशनल पार्क, पेंच नेशनल पार्क और बांधवगढ़ नेशनल पार्क भी आपस में जुड़ जायेंगे। उन्होंने आने वाले समय में नैनपुर-मण्डला रेलवे स्टेशनों में सुविधाओं के विस्तार के साथ अन्य यात्री गाड़ियों के विस्तार में रीवा से पुणे और जबलपुर से रायपुर ट्रेन के शुरू होने की बात भी बताई।

सांसद श्रीमती पारधी ने कहा कि रेल लोगों को आपस में जोड़ने का काम करती है। अपने सफ़र में यह कई ज़िलों से होकर अपने गंतव्य तक जाती है जिसमें कई लोग आपस में मेलजोल करते हैं। उन्होंने बताया कि पहले लम्बे समय तक नैरो-गेज का सफ़र किया है, इसके बाद ब्रॉड-गेज की शुरुआत प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी के समय हुई थी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र को महानगरों से जोड़ने की आवश्यकता है। इसके लिए केंद्र सरकार ने लोगों की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करने का प्रयास कर रही है। इस क्षेत्र में रेलवे के विस्तार के प्रति प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय रेल मंत्री का आभार जताया। पेंचवेली एक्सप्रेस में सांसद द्वय श्री फग्गन सिंह कुलस्ते और श्रीमती भारती पारधी ने नैनपुर से सिवनी तक का सफर भी किया।

Related posts

ऑडिट कार्य 100 प्रतिशत कराने पर जिले का प्रदेश में दूसरा स्थान सहकारिता मंत्री श्री विश्वास सारंग ने किया सम्मानित

Reva India News

कलेक्टर ने किया ज्ञानदीप स्कूल के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण बालिकाओं से बंधवाई राखियाँ

Reva India News

कुम्भ स्थल पर आयोजित होगा पारंपरिक खेल उत्सव

Reva India News

Leave a Comment