मंडला 4 सितंबर 2025
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने कहा कि शिक्षक बच्चों की नींव गढ़ता है, विद्यार्थी की सफलता में शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। शिक्षक केवल एक जाब नहीं है, यह जिम्मेदारी है विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण की। अच्छे शिक्षक स्वयं सीखते हैं और बच्चों को सिखाते हैं। कलेक्टर श्री मिश्रा ज्ञानदीप इंग्लिश मीडियम स्कूल में आयोजित हुआ शिक्षक सम्मान समारोह में उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे।

कलेक्टर ने श्री मिश्रा ने ज्ञानदीप स्कूल के उन्नयन की चर्चा करते हुए कहा कि स्कूल की एक बिल्डिंग निर्माणाधीन है। आगे दूसरी विंग की पुरानी बिल्डिंग के स्थान पर नयी बिल्डिंग बनाने का प्रयास किया जाएगा। यहाँ आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ पाठ्येतर गतिविधियों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के प्रबंधन से जुड़ें प्रबंधक नैनपुर के स्कूल का विजिट करें और वहाँ की लर्निंग को यहाँ पर भी एप्लाई करें ताकि हमारे स्कूल के बच्चे भी बोर्ड परीक्षाओं में मेरिट में अपना स्थान बना सकें। उन्होंने विद्यालय में बच्चों की बैठक व्यवस्था में बदलाव का भी सुझाव दिया।

सम्मान समारोह के दौरान ज्ञानदीप स्कूल के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को गिफ्ट हैंपर देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधन समिति के सचिव श्री संजय तिवारी, कार्यकारिणी समिति के सदस्य श्री अजय खोत, श्री मनोज फागवानी, श्री विनोद अग्रवाल, श्री संजय मिश्रा, वरिष्ठ शिक्षिका श्रीमती अनीता श्रीवास्तव सहित विद्यालय स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।

