मंडला 23 सितंबर 2025
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने ज्ञानदीप इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल मण्डला की छात्राओं को एलबेन्डाजोल की गोली खिलाकर कृमि मुक्ति दिवस का शुभारंभ किया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि अच्छी शिक्षा के लिए अच्छा स्वास्थ्य आवश्यक है। विद्यार्थियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति अधिक सचेत रहने की जरूरत है। कलेक्टर ने छात्राओं से आत्मीय चर्चा करते हुए उन्हें एलबेन्डाजोल से होने वाले लाभ के संबंध में जानकारी दी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के अनुसार राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर मैदानी कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर भी 1 से 19 वर्ष की आयु वर्ग के बच्चों तथा प्रजनन आयु वर्ग की 49 वर्ष तक की महिलाओं को कृमिनाशक टेबलेट एलबेंडाजोल खिलाई जाएगी। अभियान में छूट गए बच्चों को मॉप-अप राउंड में 26 सितंबर को दवा दी जाएगी। उन्होंने बताया कि 20 से 49 वर्ष प्रजनन आयु वर्ग की महिलाओं में आशा द्वारा घर-घर प्रदायगी।

बच्चों को उनकी आयु के अनुसार गोली की खुराक दी जाएगी। एक से दो वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को 400 मिलीग्राम की आधी गोली दी जाएगी। इसके ऊपर की आयु वर्ग के बच्चों व महिलाओं को पूरी गोली खिलाई जानी है।
निर्माणाधीन भवन का लिया जायजा
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने ज्ञानदीप इंग्लिश मीडियम हाई सेकेंडरी स्कूल के नवीन निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण करते हुए कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शौचालय, क्लास रूम, पेंटिग आदि की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शेष बचे हुए कार्यों को समय-सीमा में पूरा करें। इस दौरान श्री संजय तिवारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मोहंती सहित स्कूल प्राचार्य तथा शिक्षक उपस्थित थे।

