मंडला, 21 नवंबर 2025
मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के अंतर्गत निवास तहसील तहत मतदान केंद्र क्रमांक 187-घूरनेर के बीएलओ और उनके सुपरवाइजर को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए तहसीलदार निवास श्री संदीप नागवंशी द्वारा सम्मानित किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीएलओ श्री विजेंद्र झरिया ने एक ही दिन में निर्वाचन संबंधी अपने निर्धारित लक्ष्य का 20 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा किया। इस कार्यकुशलता और प्रतिबद्धता को देखते हुए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सोमेश मिश्रा ने बीएलओ श्री विजेंद्र झरिया और सुपरवाइजर को बधाई दी। इन बीएलओ को तहसीलदार निवास श्री नागवंशी ने विशेष रूप से आमंत्रित कर चाय पर सम्मानित किया।
विदित है कि जिले में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य युद्ध स्तर पर जिले में किया जा रहा है। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र का प्रशासनिक अमला इस कार्य में जुटा हुआ है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मिश्रा ने कहा है कि बेहतर कार्य करने वाले बीएलओ एवं सुपरवाईजर को इसी तरह सम्मानित कर अन्य बीएलओ और सुपरवाईजर का उत्साहवर्धन करते रहें।
