Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

सामुदायिक भवन बनेगा सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक विकास का मजबूत केन्द्र – सांसद श्री कुलस्ते सांसद ने ग्राम थानमगांव में किया सामुदायिक भवन का लोकार्पण

मंडला, 21 नवंबर 2025

अध्यक्ष एससी, एसटी कल्याण संबंधी समिति एवं लोकसभा सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने जनपद पंचायत निवास की ग्राम पंचायत थानमगांव के घुघरा में प्राथमिक वनोपज सहकारी समिति के सामुदायिक भवन के लोकार्पण अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि यह भवन क्षेत्र के सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक विकास का मजबूत केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में ऐसे बहुउद्देशीय भवन अत्यंत आवश्यक हैं, क्योंकि यहाँ सामाजिक कार्यक्रम, जनसभाएं, प्रशिक्षण, महिला स्व-सहायता समूहों की बैठकें और विभिन्न शासकीय गतिविधियाँ सुचारू रूप से संचालित हो सकेंगी।

सांसद श्री कुलस्ते ने कहा कि वन विभाग द्वारा 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित यह भवन स्थानीय लोगों की आवश्यकताओं को पूरा करेगा। उन्होंने लघु वन उपज संगठनों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि संगठनों के सशक्त होने से वनाश्रित समुदायों को आर्थिक स्थिरता मिलती है और आजीविका के नए साधन विकसित होते हैं।

अपने उद्बोधन में उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा जनजातीय क्षेत्रों में विकास को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जा रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल, संचार और वनाधिकार जैसे सभी क्षेत्रों में तेजी से कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता अद्वितीय है और इसे पर्यटन की दृष्टि से और अधिक विकसित किया जा सकता है। इसी संदर्भ में उन्होंने घोषणा की कि घुघरा जल प्रपात में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अतिरिक्त सुविधाएँ विकसित की जाएँगी

इन सुविधाओं के विकसित होने से घुघरा जल प्रपात क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, जिससे आसपास के ग्रामीणों को रोजगार व आय के नए साधन मिलेंगे। उन्होंने स्थानीय जनता से अपील की कि वे विकास कार्यों में सहयोग करें और सामुदायिक भवन का उपयोग क्षेत्र की एकता और प्रगति के लिए करें। उन्होंने वन विभाग, जनप्रतिनिधियों, लघु वन उपज संघ के सदस्यों तथा स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया और आश्वस्त किया कि क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकता में है और आने वाले समय में और भी जनहितकारी कार्य पूरे किए जाएंगे। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक श्री चैनसिंह वरकड़े ने कहा कि क्षेत्र अपनी प्राकृतिक सौन्दर्यता के लिए विख्यात है। यह पर्यटन की गतिविधियों को बढ़ावा देने से स्थानीय रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू कुलस्ते, जनपद उपाध्यक्ष, जनपद पंचायत सदस्य, सरपंच, एसडीएम श्री सीएल वर्मा, प्राथमिक लघु वनोपज सह समिति के सदस्य एवं ग्रामवासी सहित संबंधित विभाग के अधिकारी, कर्मचारी मौजूद थे।

Related posts

बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत के विरूद्ध आदिवासियों को किया था एकजुट गोंगपा ने दी शहीद बिरसा मुंडा को किया याद, दी गई श्रद्धांजलि आंगनतिराहा में बिरसा मुंडा की प्रतिमा लगाने के साथ, बिरसा मुंडा तिराहा घोषित करने की मांग

Reva India News

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सप्ताह भर होंगे विविध आयोजन

Reva India News

मकर संक्रांति पर्व के दौरान यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था

Reva India News

Leave a Comment