Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

समय-सीमा बैठक में कलेक्टर का सख्त संदेश त्यौहारों के मद्देनजर कानून व्यवस्था सर्वोपरि, सभी अधिकारी रहें अलर्ट

मंडला, 2 मार्च 2026

जिला योजना भवन में आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने आगामी त्यौहारों को ध्यान में रखते हुए कानून व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले में शांति, सुरक्षा और समन्वय बनाए रखना प्रशासन की पहली जिम्मेदारी है। कलेक्टर श्री मिश्रा ने सभी एसडीएम एवं एसडीओपी को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश देते हुए आवश्यकतानुसार फ्लैग मार्च करने को कहा। साथ ही, शांति समिति की बैठकें आयोजित कर नागरिकों को आपसी सौहार्द बनाए रखने के लिए अवगत कराने के निर्देश दिए। आगामी दिनों में त्यौहारों को देखते हुए जिला अस्पताल में आपातकालीन वार्ड पूरी तरह तैयार रखने तथा आवश्यकतानुसार ड्यूटी रोस्टर लगाने के निर्देश भी दिए गए। इसी तरह की व्यवस्था अन्य शासकीय चिकित्सा संस्थानों पर करने के भी निर्देश दिए। साथ ही, पेयजल आपूर्ति व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई।

बैठक में विकास कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर श्री मिश्रा ने निर्माण कार्यों में उच्च गुणवत्ता के साथ निश्चित समय सीमा अवधि में पूरा करने के निर्देश दिए। रबी विपणन वर्ष के तहत जिले में किसानों का गेहूं पंजीयन अधिक से अधिक कराने के लिए जिला आपूर्ति अधिकारी को इस कार्य में तेज़ी लाने को कहा। उन्होंने पीएम विश्वकर्मा एवं टंट्या मामा योजना में प्रगति लाने तथा पीएम आवास योजना की तीसरी किश्त वितरण में किसी भी प्रकार की देरी न होने देने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य विभाग सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती को एचपीवी वैक्सीन अभियान के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा गया। 14 से 15 वर्ष की उम्र की बालिकाओं को समय पर वैक्सीन लगाने के लिए स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग की संयुक्त टीम द्वारा समुचित प्लानिंग करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि त्यौहारों के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो और विकास कार्यों की गति भी निरंतर बनी रहे। बैठक के अंत में उन्होंने सभी को होली की शुभकामनाएं दी। इस बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री शाश्वत सिंह मीना, संयुक्त कलेक्टर श्री हुनेन्द्र घोरमारे सहित समस्त एसडीएम एवं जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।

Related posts

जनजातीय वर्ग के युवाओं को स्व-रोजगार एवं वित्त पोषण के रूप में 43.39 करोड़ रूपये वितरित

Reva India News

5 जनवरी से प्रारंभ होंगी प्रीबोर्ड की परीक्षायें

Reva India News

गणतंत्र दिवस शुभकामना संदेश वरिष्ठ पत्रकार मंडला सावंत सिंह

Reva India News

Leave a Comment