Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

भुआ बिछिया में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, दुकानदारों पर जुर्माना

मंडला, 12 मार्च 2026

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा एवं अनुविभागीय अधिकारी बिछिया श्रीमती सोनाली देव के निर्देशानुसार नगर परिषद भुआ बिछिया द्वारा नगर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। मुख्य नगर पालिका अधिकारी (डिप्टी कलेक्टर) श्री संस्कार बावरिया के नेतृत्व में नेशनल हाईवे-30 एवं बस स्टैंड क्षेत्र में फुटपाथ और सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया गया।

कार्रवाई के दौरान पाया गया कि हाईवे मार्ग एवं फुटपाथ पर कई व्यापारी अवैध रूप से दुकानें संचालित कर रहे थे, जिससे यातायात बाधित हो रहा था और दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई थी। इस पर नगर परिषद, राजस्व विभाग एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर थाना परिसर के सामने, बस स्टैंड तथा विनोद रंगमंच के आसपास अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की तथा संबंधित दुकानदारों पर जुर्माना भी लगाया।

बस स्टैंड क्षेत्र में दुकानों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाते हुए पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए निर्धारित स्थानों पर चूना लाइन डालकर वाहन पार्किंग के लिए स्थान चिन्हित किए गए। नागरिकों को निर्देश दिए गए कि वाहन निर्धारित स्थान पर ही पार्क करें, अन्यथा जुर्माना एवं वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इसके साथ ही फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले व्यापारियों को श्री गांधी मेला स्थल स्थित सब्जी मंडी के पास निर्धारित स्थान पर दुकान संचालित करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि हाईवे मार्ग एवं फुटपाथ पर दोबारा दुकान लगाने पर सख्त कार्रवाई करते हुए जुर्माना और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान में थाना प्रभारी बिछिया श्री रंजीत सैयाम, उपयंत्री एच.आर. कुरैशी, राजस्व विभाग के कर्मचारी नारायण परते, मनोज निगम, मयंक घाटोडे सहित पुलिस एवं नगर परिषद के अन्य कर्मचारियों का सहयोग रहा।

Related posts

युवाओं की योग्यता और कौशल के अनुसार अवसर दिलाने का प्रयास है रोजगार मेला- कलेक्टर

Reva India News

बस स्टेण्ड मण्डला में जागरूकता कार्यक्रम

Reva India News

राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2025 की वीडियो कॉन्फ्रेसिंग 14 को  

Reva India News

Leave a Comment