Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

1 मई से शुरू होगा ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर

मंडला, 28 अप्रैल 2026

जिले में युवाओं और बच्चों को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से 1 मई से 31 मई तक ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर “आरोह-2026 (मस्ती की पाठशाला)” का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर जिला मुख्यालय सहित मण्डला के सभी ब्लॉकों में संचालित होगा, जिसमें 20 खेलों में 2000 से अधिक खिलाड़ियों को 50 प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इस संबंध में योजना भवन मण्डला में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा ने की। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, अपर कलेक्टर श्री राजेंद्र सिंह, एसडीएम, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं खेल संघों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

पुलिस अधीक्षक श्री सकलेचा ने कहा कि यह शिविर खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर देगा और जिले में नई खेल प्रतिभाओं की पहचान होगी। शिविर के दौरान खिलाड़ियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाएगा तथा चिकित्सा व्यवस्था भी अलर्ट मोड पर रहेगी।

सीईओ जिला पंचायत श्री मीना ने इसे बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस शिविर से समाज में सामंजस्य बढ़ेगा और अभिभावकों की सहभागिता भी सुनिश्चित होगी।

जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी श्री विकास खराड़कर ने जानकारी दी कि शिविर प्रतिदिन शाम 4:30 से 6:30 बजे तक मण्डला, नैनपुर, नारायणगंज, बीजाडांडी, मोहगांव, घुघरी, बिछिया, निवास और मवई ब्लॉकों में आयोजित किया जाएगा। शिविर में फिट इंडिया मूवमेंट, व्यक्तित्व विकास, संस्कृति एवं मनोरंजन, खेल गतिविधियां, फैमिली और सोसायटी एंगेजमेंट तथा सामाजिक जागरूकता जैसी गतिविधियां भी शामिल होंगी।

शिविर में भाग लेने वाले खिलाड़ियों का ऑनलाइन पंजीयन किया जाएगा और उन्हें ई-प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। शिविर के अंतर्गत बैडमिंटन, खो-खो, हैंडबॉल, आर्चरी, फुटबॉल, तैराकी, वेटलिफ्टिंग, वुशु, कराते, एरोबिक्स, योग, एथलेटिक्स, कुश्ती, थांगता, वॉलीबॉल, स्केटिंग, सेपकटेकरा, क्रिकेट, हॉकी और कबड्डी जैसे 20 खेलों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिला मुख्यालय मण्डला में 17 खेल और प्रत्येक ब्लॉक में 2 खेलों का प्रशिक्षण होगा।

ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 11 रुपये और जिला मुख्यालय के लिए 511 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। इस राशि से खिलाड़ियों को टी-शर्ट, प्रशिक्षकों को खेल किट एवं मानदेय उपलब्ध कराया जाएगा।

“मस्ती की पाठशाला” के तहत शिविर की शुरुआत प्रतिदिन एरोबिक्स से होगी, जिसमें खिलाड़ियों को वार्मअप के साथ बेसिक, इंटरमीडिएट और एडवांस स्तर का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रतिभावान खिलाड़ियों को मध्यप्रदेश खेल अकादमी से जोड़ने का भी प्रयास किया जाएगा। साथ ही शिविर के दौरान इंटरम्यूरल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।

Related posts

गोंडवाना स्टूडेंट्स यूनियन के राष्ट्रीय संचालक प्रताप सिंह कुलस्ते ने  रानी दुर्गा वती विश्वविद्यालय जबलपुर में हो रहे परीक्षा परिणामों के गड़बड़ी को संज्ञान में लेकर कुलपति को लिखा पत्र।

Reva India News

*50 हजार की ओनलाइन ठगी*पत्रकार संजय तिवारी ने सुनाई आपबीती

Reva India News

16 दिसम्बर को द्वितीय डोज के लिए आयोजित होगा विशेष महाभियान कलेक्टर ने वैक्सीनेशन के नोडल अधिकारियों की ली बैठक

Reva India News

Leave a Comment